लॉकडाउन में सख्ती बढ़ने के बाद 20 अप्रैल को रात नौ बजे जब पूरा लखनऊ शहर बेहद सन्नाटे में था तब विधान भवन के सामने लोकभवन के सी ब्लाक का पांचवें तल में थोड़ी बहुत हरकत दिखाई दे रही थी. यह गृह विभाग का दफ्तर है. यहां बड़ी-बड़ी छह टीवी स्क्रीन के सामने बैठे अपर मुख्य सचिव, गृह एवं सूचना जनसंपर्क, अवनीश कुमार अवस्थी एक बड़े से पॉवरबैंक से ऊर्जा ले रहे अपने मोबाइल फोन से एक-एक छात्र को फोन मिलाकर उसका हालचाल ले रहे थे. ये वे छात्र थे जिन्हें एक दिन पहले राजस्थान के कोटा से यूपी लाया गया था.
असल में केंद्रीय कैबिनेट सेक्रेटरी 10 अप्रैल को सभी प्रदेश के मुख्य सचिव, गृह सचिव के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग कर रहे थे. तभी राजस्थान के मुख्य सचिव ने कोटा में बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्रों के लॉकडाउन में फंसे होने का मुद्दा उठाया. उस वक्त बैठक में लॉकडाउन की स्थिति में इन छात्रों को कोटा से निकालने के लिए प्रदेशों के बीच सहमति नहीं बनी. बैठक के कुछ दिन बाद राजस्थान के अधिकारियों ने यूपी के अपर मुख्य सचिव, गृह, अवनीश अवस्थी से संपर्क कर कोटा में बड़ी संख्या में रह रहे छात्रों को निकालने का निवेदन किया. अवस्थी ने फौरन इस प्रकरण की जानकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी. लॉकडाउन की स्थिति में मुख्यमंत्री पहले तो थोड़ा हिचके लेकिन कुछ ही देर बाद उन्होंने विशेष परिस्थिति देखते हुए सभी एहतियात बरतते हुए प्रयास शुरू करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री की सहमति मिलते ही अवस्थी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय में संपर्क कर उनको भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार की गाइडलाइन को पूरी तरह से मानते हुए कोटा में फंसे यूपी के छात्रों को बाहर निकाला जाएगा.
गृह मंत्रालय के राजी होते ही यूपी का गृह विभाग हरकत में आ गया. राजस्थान के मुख्य सचिव, लॉकडाउन में व्यवस्था के लिए तैनात नोडल अधिकारी और कोटा के जिलाधिकारी ओम कसेरा से संपर्क कर छात्रों को लाने की तैयारी शुरू हो गई. यह तय किया गया कि छात्रों को दो जगहों झांसी और आगरा से होते हुए यूपी की सीमा में लाया जाएगा. राजस्थान सरकार अपनी बसों से इन छात्रों को भेजने की तैयारी कर रही थी. अवस्थी ने छात्रों को लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी मुख्यमंत्री योगी को दी तो उन्होंने राजस्थान की बस की जगह यूपी की बसों से छात्रों को लाने का निर्देश दिया. तुरंत ‘उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम’ के एमडी राजशेखर बुलाए गए. बसों का इंतजाम करने के लिए कहा गया. कुछ घंटों में यूपी परिवहन निगम की कुल 392 बसें कूच करने को तैयार हो गई. इन बसों के जरिए यूपी के कुल 10,970 छात्रों को लाने की रणनीति बनी. यूपी से मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को फौरन कोटा के लिए रवाना कर दिया गया. सभी छात्रों की जिलावार सूची तैयार की गई. सबसे मोबाइल नंबर और पारिवारिक ब्योरा एकत्र किया गया. हर जिले के छात्रों को लाने के लिए जिलावार बसें लगाई गईं. बड़ी संख्या में बसों के शहर में पहुंचने से कोई हड़कंप न मचे इसके लिए कोटा शहर के बाहर एक कॉलेज को खाली करवाकर बसों की पार्किंग में तब्दील कर दिया गया.
स्थानीय जनता के बीच किसी प्रकार की अफरातफरी न मचे इसलिए इस ऑपरेशन की जानकारी मीडिया को भी नहीं दी गई थी. यूपी की बसें 18 अप्रैल की रात कोटा शहर के बाहर एक कालेज में खड़ी हो गईं. लॉकडाउन में कोई कानून व्यवस्था की स्थिति पैदा न हो इसके लिए बसों के साथ पुलिस के जवान कोटा भेजे गए. छात्रों के मूवमेंट पर नजर रखने के लिए झांसी और लखनऊ में कंट्रोल रूम बनाया गया. उन सभी जिलों के जिलाधिकारी को अलर्ट किया गया जिनके जिले में ये छात्र आने वाले थे. इन जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि छात्रों के जिले की सीमा में पहुंचते ही इनके सैंपल ले लिए जाएं. सारी तैयारियां पूरी हो जाने के बाद 18-19 अप्रैल की रात इन छात्रों को बसों के जरिए यूपी में लाने का काम शुरू हुआ. बसों में बैठने से पहले सभी छात्रों की स्क्रीनिंग की गई. सोशल डिस्टेंसिंग की गाइडलाइन के अनुरूप इन छात्रों को बस में एक सीट पर बिठाया गया. बसों से आने वाली छात्राओं के साथ यूपी से भेजी गईं महिला पुलिस कांस्टेबल बिठाई गईं.
अप्रैल 19 की तड़के 270 बसों के जरिए 7,560 छात्र आगरा और 122 बसों से छात्र झांसी पहुंच गए थे. इस दौरान अवनीश अवस्थी पूरी रात गृह विभाग के अपने दफ्तर में बने कंट्रोल रूम में बैठे रहे और छात्रों के पल-पल मूवमेंट की जानकारी फोन के जरिए पांच कालीदास मार्ग स्थित सीएम आवास में रात भर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देते रहे. 19 अप्रैल को सुबह पांच बजे जब यूपी की सीमा में कोटा से आने वाली अंतिम बस छात्रों को लेकर संबंधित जिले को चली गई तब गृह विभाग का आपरेशन पूरा हुआ. जिलों में पहुंचने वाले हर छात्र का रैपिड टेस्ट के साथ उनकी मेडिकल जांच कराई गई. इन छात्रों को होम क्वारंटीन में रखने का निर्देश जिला प्रशासन ने उनके अभिभावको को दिया. सीएम हेल्पलाइन-1076 से रोज इन छात्रों को फोन करके इनका हालचाल लिया जाता है.
इस पूरे आपरेशन की सबसे अहम बात यह थी कि छात्रों को लाने की सारी प्रक्रिया लॉकडाउन की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करते हुए संपन्न कराई गई. खास बात यह भी कि यूपी के साथ कोटा में रह रहे उत्तराखंड के छात्र भी लाए गए. ऐसे 90 छात्रों को यूपी की 19 बसें लेकर मथुरा आईं और यहां से ये हल्दवानी, ऋषिकेश जैसे जिलों में भेजे गए. लॉकडाउन में जब सभी जिलों में बड़ी संख्या में प्रवासी आबादी अपने गृह जिले जाने की राह तक रही हो उसके बीच से छात्रों को ले आना अवस्थी के प्रशासनिक कौशल का ही उदाहरण है. असल में लॉकडाउन लागू होने के बाद मार्च के अंतिम हफ्ते में यूपी की सीमाओं पर उमड़ी प्रवासी मजदूरों की भीड़ को चार हजार बसों के जरिए दो दिन के भीतर उन्हें उनके जिलों में पहुंचाकर अवनीश कुमार अवस्थी ने अपनी प्रशासनिक क्षमता दिखा दी थी. कोटा से छात्रों को यूपी लाने में अवस्थी को इस पूर्व अनुभव का लाभ भी मिला था.
लॉकडाउन लागू होते ही गृह विभाग की जिम्मेदारी अचानक बढ़ गई थी. सबसे बड़ी चुनौती कई जिलों नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में चल रहे धरना-प्रदर्शन थे. अवस्थी ने फौरन संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को प्रदर्शनकारियों के बीच जाकर उन्हें कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव में सहयोग देने की अपील करने को कहा. इसका असर हुआ और लॉकडाउन लागू होने के चौबीस घंटे के भीतर प्रदेश के हर जिले से धरना-प्रदर्शन समाप्त हो गया.
पुश्तैनी रूप से कानपुर के रहने वाले अवनीश कुमार अवस्थी के पिता उड़ीसा के राउरकेला के स्टील प्लांट में नौकरी करते थे. अवनीश राउरकेला में पैदा हुए. इनकी शुरुआती शिक्षा राउरकेला, भिलाई, बोकारो में हुई. तीन भाईयों में सबसे बड़े अवनीश ने वर्ष 1980-85 में इंडियन इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी (आइआइटी) कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया. इनके दोनों छोटे भाइयों ने भी आइआइटी कानपुर से इंजीनियरिंग की है. अवनीश के बीच के भाई इस वक्त अमेरिकी नागरिक के तौर पर वाशिंगटन में एक बड़ी कंपनी के टेक्नॉलाजी विभाग के प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. सबसे छोटा भाई भी यूएस नागरिक है. यह आइआइटी के बाद आइआइएम कोलकाता पढ़ाई कर आइबीएम में ऊंचे पद पर तैनात हैं. वर्ष 1987 में अवनीश कुमार अवस्थी ने भारतीय इंजीनियरिंग सेवा में पहला स्थान प्राप्त किया. इसके नौ दिन बाद आए सिविल सेवा परीक्षा में चौथी रैंक हासिल करके अवनीश भारतीय प्रशासनिक सेवा में आ गए. अवनीश ललितपुर, आजमगढ़, बदायूं, फैजाबाद (अब अयोध्या), वाराणसी, मेरठ में जिलाधिकारी रहे. आजादी के बाद अवनीश सबसे ज्यादा समय पौने तीन साल तक मेरठ के जिलाधिकारी रहे हैं. जिलाधिकारी के तौर पर इनकी अंतिम तैनाती गोरखपुर में थी. इसी समय वह समय था जब यह गोरखपुर के तत्कालीन सांसद और अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संपर्क में आए. सितंबर, 2005 से जनवरी 2009 तक यह उत्तर प्रदेश पॉवर कार्पोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन रहे. पर्यटन विभाग के सचिव रहे. वर्ष 2013 में अवनीश प्रतिनियुक्ति पर केंद्र सरकार चले गए. यहां सोशल जस्टिस ऐंड एम्पावरमेंट मंत्रालय के “डिपार्टमेंट आफ डिसएबिलिटी अफेयर” में ज्वाइंट सेक्रेटरी के पद पर तैनात हुए. वर्ष 2017 में प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद अवनीश कुमार अवस्थी यूपी लौट आए. योगी आदित्यानाथ ने इन्हें सूचना एवं जनसंपर्क, पर्यटन विभाग का प्रमुख सचिव और उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रियल एक्सप्रेसवेज ऑथारिटी (यूपीडा) का सीईओ बनाकर एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी. वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लिए आसपास के भवनों का अधिग्रहण और उन्हें गिराकर कॉरिडोर के लिए जगह बनाने में अवनीश अवस्थी की बड़ी भूमिका रही. यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवनीश कुमार अवस्थी को गृह विभाग की कमान भी सौंप दी. अपर मुख्य सचिव गृह के रूप में आजादी के बाद पहली बार अवनीश कुमार अवस्थी ने एक वर्ष के भीतर 1,700 करोड़ रुपए से अधिक की योजनाएं पुलिस विभाग के लिए शुरू कराई हैं. नोएडा और लखनऊ में पुलिस कमिश्नर सिस्टम लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अवनीश यूपी में पुलिस विभाग के आधारभूत ढांचे में सुधार लाने की कोशिश में लगे हुए हैं. प्रदेश में एक्सप्रेसवे का जाल बिछाने की प्रदेश सरकार की मंशा को जमीन में उतारने की मुख्य जिम्मेदारी यूपीडा के चेयरमैन के तौर पर अवनीश अवस्थी के पास ही है.
फोटोग्राफी शौकीन अवनीश कुमार अवस्थी के ऊपर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सपने को आकार महती जिम्मेदारी है.

