बात सोमवार 25 जून की शाम यानी केंद्रीय वित्त मंत्री पद से इस्तीफा देने से ठीक एक दिन पहले की है प्रणब मुखर्जी ने नॉर्थ ब्लॉक के गलियारों में आखिरी चक्कर लगाया. पहले वे ग्राउंड फ्लोर पर कमेटी रूम में अफ सरों से विदा लेने पहुंचे. उन्होंने कहा, ''आम तौर पर मैं तब इस्तीफा देता हूं जब हमारी सरकार चली जाती है. इस बार सरकार नहीं गई है, लेकिन मुझे ज्यादा सम्मानित पद मिल रहा है.''
उन्होंने याद करते हुए बताया कि कांग्रेस की विभिन्न सरकारों में उन्होंने 22 साल का वक्त बतौर मंत्री बिताया, उसमें करीब आधा समय नॉर्थ ब्लॉक में ही बीता. आंखों में कुछ नमी लिए हुए वे पहली मंजिल पर अपने कमरे में पहुंचे.
रास्ते में उन्होंने इंडिया टुडे से कहा, ''1984 में यह दफ्तर छोड़ने के बाद (वित्त मंत्री के रूप में) मैं 29 साल बाद नॉर्थ ब्लॉक पहुंचा था.'' फिर उन्होंने तुरंत अपनी बात को दुरुस्त किया, ''अरे नहीं, 29 नहीं. मुझे वित्त मंत्री 24 जनवरी, 2009 को बनाया गया था, यानी 25 साल बाद मैं यहां लौटा.'' इसके बाद वे ठहरे और मुस्कराए, ''मैं लौट आया, यह मेरी किस्मत थी.''
इस बार किस्मत ने मुखर्जी को और ऊंचाई दे दी है, वे राष्ट्रपति भवन जाने की तैयारी कर रहे हैं. प्रधानमंत्री को 26 जून को अपना इस्तीफा सौंपने जाते वक्त नॉर्थ ब्लॉक के बाहर उन्होंने पत्रकारों को बताया, ''आज मैं एक नए सफ र की शुरुआत कर रहा हूं.'' आखिरी बाइट के लिए जब मीडिया ने उनसे गुजारिश की, तो उन्होंने कहा, ''मैं यही चीज मिस करूंगा. अब वित्त मंत्रालय के बाहर कार में बैठते वक्त आप लोग मुझे नहीं रोकेंगे.'' फिर उन्होंने कहा, ''कभी-कभार मैंने आप लोगों को झिड़का है, लेकिन आपने हमेशा मेरा सहयोग किया.''
दरअसल, कांग्रेस और यूपीए को यही चीज अखरेगीः एक ऐसा नेता जो आहत किए बगैर झ्ड़िकने की हैसियत रखता हो. मुखर्जी की विदाई ने कांग्रेस और सरकार दोनों के दिल में सुराख कर दिया है. तकनीकी रूप से देखें तो एक नहीं कई सुराख हो गए हैं: एक वित्त मंत्री, लोकसभा के नेता, एक बेहतरीन संकटमोचन जो पल भर के नोटिस पर मौजूद होता था, एक राजनैतिक रणनीतिकार जिसे तारीखें, उदाहरण और किस्से सिलसिलेवार ढंग से याद हों, और एक वरिष्ठ मंत्री जिसे मंत्रीसमूह (जीओएम) के क्रियाकलापों के दौरान अपने सहयोगियों का ध्यानाकर्षण और सम्मान अपनी विश्वसनीयता के कारण हासिल हो.
नॉर्थ ब्लॉक में 25 जून को राहुल गांधी ने मुखर्जी से भेंट की, उनकी बैठक दो घंटे चली. मुखर्जी ने उन्हें उनकी दादी की कहानियां सुनाईं. शायद राहुल भी अब मनमोहन की पिछले दिनों कही एक बात को महसूस कर रहे होंगे, ''प्रणब मुखर्जी की जगह को भरना बहुत मुश्किल होगा.'' वे और वीरभद्र सिंह ही ऐसे मंत्री थे जिनका राजनैतिक इतिहास इंदिरा गांधी की कैबिनेट तक जाता है. (गुलाम नबी आजाद 1982 में राज्यमंत्री बने थे). विडंबना देखिए कि जिस दिन मुखर्जी ने इस्तीफा दिया, उसी दिन वीरभद्र सिंह ने भी किसी और वजह से इस्तीफा दे दिया (इसी अंक में देखें: सीडी की आग में झुलसे राजा).
फिलहाल मनमोहन सिंह ने वित्त मंत्रालय अपने पास रखा है, लेकिन जैसा कि मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया, ''हमें पूर्णकालिक वित्त मंत्री चाहिए. इस मंत्रालय के पांच विभाग हैं और इसे अन्य मंत्रालयों के साथ समन्वय से चलना होता है.'' मनमोहन ने जल्द ही कैबिनेट में फेरबदल के संकेत दिए हैं. कुछ कांग्रेसी नेताओं के मुताबिक, यह काम मानसून सत्र से पहले कर लिया जाएगा. पीएमओ के सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री की पसंद या तो मुख्य आर्थिक सलाहकार सी. रंगराजन होंगे या फिर योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलुवालिया. एक कैबिनेट मंत्री ने बताया, ''सोनिया गांधी चाहती हैं कि कोई नेता वित्त मंत्रालय को देखे, खासकर इसलिए कि चुनाव नजदीक हैं.''
अब भी पसंदीदा प्रत्याशी गृह मंत्री पी. चिदंबरम ही होंगे, हालांकि उनके कंधों पर अदालती मुकदमों का बोझ है. 2जी मामले में निचली अदालत से दोषमुक्त किए जाने के खिलाफ सुब्रह्मण्यम स्वामी की अपील के अलावा 2009 चुनाव का एक मामला चिदंबरम के खिलाफ मदुरै की अदालत में चल रहा है. इस बीच कुछ अपेक्षाकृत युवा मंत्री ज्यादा उम्मीद लगा बैठे हैं और वे सार्वजनिक तौर पर अपने प्रचार में जुट गए हैं. वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा और ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश एक-दूसरे को नीचा दिखाने की मुहिम में जुट गए हैं.
इससे पहले कभी भी कांग्रेस के भीतर प्रतिभाओं का इतना अकाल सामने नहीं आया जैसा मुखर्जी के जाने पर हुआ है. आखिर लोकसभा में सरकार का प्रतिनिधित्व करने का कद किसके पास है?
सोनिया गांधी ने हाल ही में एक कांग्रेसी सांसद से कहा था, ''अब हमारे पास क्या बचा? हमारे सबसे वरिष्ठ व्यक्ति (मुखर्जी के बाद) कमलनाथ हैं.'' कमलनाथ आठ बार सांसद रह चुके हैं, लेकिन एक कांग्रेसी सांसद के मुताबिक, वे इस पद को संभालने के इच्छुक नहीं क्योंकि वे अच्छी तरह जानते हैं कि इस मोर्चे पर नाकामी की कितनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ती है.
कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी ने शायद ऊर्जा मंत्री सुशील कु मार शिंदे के नाम पर सहमति जता दी है, जो परिवार के वफादार हैं. हालांकि कांग्रेस के एक महासचिव का कहना है कि शिंदे को लाने का मतलब लोकसभा में दो दलितों को जगह देना होगा, क्योंकि लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार खुद दलित हैं.
सोनिया के सामने जयपाल रेड्डी का विकल्प है लेकिन विपक्ष को तो छोड़ दें, खुद अपने सहयोगियों से अपनी बात मनवाने में रेड्डी मात खा जाएंगे. मौजूदा संसदीय कार्यमंत्री पवन बंसल का कद छोटा है, सदन में मुखर्जी की मौजूदगी उन्हें ढक लेती थी. लोकपाल पर छिड़ी जंग हो या महिला आरक्षण विधेयक का विवाद, सारी संसदीय दिक्कतें संसद में मुखर्जी के कमरा नंबर 13 में निबटाई जाती थीं, संसदीय कार्यमंत्री बंसल के चैंबर में नहीं.
हल्के-फुल्के कद के नेताओं की इस सरकार में अकेले मुखर्जी थे जो सत्ता के जहाज को आगे ले जा सकने में सक्षम थे. रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी मेहनती हैं लेकिन वे अपनी कछुआ चाल के लिए मशहूर हैं न कि राजनैतिक रणनीति के लिए. गुलाम नबी आजाद के पास तजुर्बा है, लेकिन लगता है कि वे अपना जादू खो रहे हैं.
आंध्र प्रदेश में जिस तरह तेलंगाना और जगन मोहन रेड्डी के मामले में उन्होंने गड़बड़ झला किया, उस प्रक्रिया में पार्टी का एक पुराना गढ़ हाथ से निकल गया. कपिल सिब्बल और सलमान खुर्शीद राजनीति के मैदान में अब भी नौसिखिया ही माने जाते हैं जो सेंट स्टीफेंस की अभिजात्य बौद्धिक जकड़ से बाहर नहीं आ सके हैं.
मनमोहन को अपने बाद मंत्रिमंडल में नंबर 2 की भी खोज है जो उनकी गैर-मौजूदगी में कैबिनेट की बैठकें ले सके. मुखर्जी सनातन नंबर 2 रहे हैं. 1980 में इंदिरा गांधी ने आर. वेंकटरमण, एन.डी. तिवारी, ज्ञानी जैल सिंह और पी.वी. नरसिंह राव जैसे दिग्गजों को नकार कर के उन्हें यह भूमिका दी थी.
मनमोहन के पास चुनने के लिए सीमित विकल्प हैं-या तो एंटनी या फि र चिदंबरम, और स्थितियां एंटनी के पक्ष में हैं. लेकिन कांग्रेसी बताते हैं कि 22 अक्तूबर, 2011 को मनमोहन सिंह की फ्रांस, मालदीव और सिंगापुर की नवंबर में होने वाली यात्रा से पहले कैबिनेट सचिव अजित सेठ ने एक नोट भेजा था जिसमें कहा गया था कि ''प्रधानमंत्री की गैर-मौजूदगी में या तो वित्त मंत्री या फिर गृह मंत्री को दिल्ली में मौजूद रहना होगा.'' एक कैबिनेट मंत्री के मुताबिक, इस नोट के कारण ''प्रधानमंत्री की गैर-मौजूदगी में चिंदबरम को एंटनी के ऊपर स्थापित कर दिया गया.''
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता मुखर्जी की जगह भरने के लिए अपने मुखिया शरद पवार का मुंह देख रहे हैं. मुखर्जी के बाद पवार ही सबसे वरिष्ठ हैं, लेकिन दिक्कत यह है कि वे गलत पार्टी में हैं. यह जरूर है कि गठबंधन सहयोगियों से निबटने में मनमोहन पवार पर भरोसा कर सकते हैं. मनमोहन का पवार से रिश्ता 1991 के दिनों का है जब पवार ने तत्काल वित्त मंत्री की उदारीकरण की नीतियों का समर्थन किया था. वैसे भी मनमोहन को अपने तमाम कांग्रेसी कैबिनेट सहयोगियों के मुकाबले शरद पवार से ज्यादा राहत मिलती है.
पार्टी के एक प्रवक्ता कहते हैं, ''कोई एक व्यक्ति संकटमोचन की भूमिका में प्रणब की जगह नहीं ले पाएगा. संकट के हिसाब से तय होगा कि अलग-अलग लोग कैसे काम आएंगे.'' वे ममता बनर्जी और करुणानिधि जैसे सहयोगियों के साथ कमलनाथ के समीकरण की ओर इशारा करते हैं. वामदलों से निबटना संभवतः वायलार रवि का काम होगा जबकि राजीव शुक्ला संसदीय कार्य के प्रबंधन में बड़ी भूमिका में हो सकते हैं. लेकिन संकट साफ दिख रहा है कि जो काम दो हाथ करते थे, वही अब 10 हाथ करेंगे. जाहिर है, इससे भ्रम और असंतुलन पैदा होगा.
इनमें से किसी भी नेता के पास असंभव को संभव कर दिखाने का 'नर नहीं है. बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा याद करते हैं कि कैसे मुखर्जी ने संसद के शीत सत्र में पिछले साल पीएफ आरडीए (पेंशन) विधेयक पारित करवाने के लिए उनकी पार्टी को साथ लिया था. पीएफ आरडीए पर चर्चा करने के लिए मुखर्जी ने अपने दफ्तर में आडवाणी, सुषमा स्वराज, जेटली और सिन्हा को आमंत्रित किया.
सिन्हा कहते हैं, ''हमने उन्हें बताया कि यदि सरकार निश्चित रिटर्न और पेंशन फंड प्रबंधन कंपनियों में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश पर 26 फीसदी की सीमा निर्धारित करने के हमारे प्रस्ताव को मान लेती है तो हम मौजूदा प्रारूप का विरोध छोड़ देंगे.
उन्होंने न सिर्फ हमारे प्रस्तावों को मंजूर कर लिया बल्कि तुरंत एक संयुक्त सचिव को बुलाकर मेरे साथ बैठने को कहा ताकि विधेयक में अनिवार्य बदलाव किए जा सकें.'' सिन्हा यह भी कहते हैं, ''निर्णायक मसलों पर आम राय कायम करवाने की उनकी क्षमता दरअसल इस वजह से थी कि वे योग्यता के आधार पर चीजों को देखते थे.''
अपने कुछ मंत्रिपरिषद सहयोगियों के उलट मुखर्जी टकराव में विश्वास नहीं रखते थे. राज्यसभा सांसद और एनसीपी नेता डी.पी. त्रिपाठी कहते हैं, ''उनका सबसे कारगर औजार दूसरे को मनाना है. यदि उन्हें सामने वाले का तर्क ठीक लगता था, तो वे तुरंत पीछे हट जाते. इसी से पता चलता है कि मनमोहन सिंह ने संसद के भीतर या बाहर अधिकतर मौकों पर गतिरोध तोड़ने के लिए उन्हें ही क्यों सामने किया.''
बीजेपी के नेता दबी जबान में कहते हैं कि यदि कांग्रेस ने मुखर्जी के नाम की घोषणा करने से पहले उन पर आम राय बनाने की कोशिश की होती, तो शायद वे उनका समर्थन करने पर गंभीरता से विचार करते. शायद तमाम पार्टियों के बीच मुखर्जी की यह अच्छी छवि ही है जो सोनिया की चिंता की वजह है. जब मुखर्जी राष्ट्रपति होंगे तब उन्हें 10 जनपथ के अलावा दूसरी आवाजें भी सुनाई देंगी.
पवार, करुणानिधि, अजित सिंह और यहां तक कि मुलायम सिंह यादव ने भी कांग्रेस पर दबाव डाला था कि वह मुखर्जी के रूप में एक कद्दावर नेता का नाम आगे बढ़ाए. बंगाल से युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वित्त मंत्रालय में मुखर्जी के अतिरिक्त निजी सचिव और अब उनके प्रचार की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रद्युत गुहा कहते हैं, ''आप देखिएगा कि जब वे राष्ट्रपति बनेंगे, तो जनता के राष्ट्रपति के रूप में एपीजे अब्दुल कलाम को भी पीछे छोड़ देंगे.''
मुखर्जी का सबसे दिलचस्प समीकरण वाम दलों के साथ बनता है. यूपीए-1 के दौरान उनकी जिम्मेदारी थी कि वे वाम दलों को रिझए रखें लेकिन साथ में परमाणु सौदे के लिए जरूरी विधेयक को भी पारित करवाएं क्योंकि वाम दलों को इस पर सैद्धांतिक आपत्ति थी, हालांकि वह जनभावना के अनुकूल नहीं थी. इसके बाद रिश्तों में खटास आ गई.
सीपीआइ के पूर्व महासचिव ए.बी. बर्धन कहते हैं, ''परमाणु सौदे पर चर्चा के दौरान यूपीए-वाम समन्वय समिति के संयोजक के तौर पर प्रणब मुखर्जी ने भारत के लिए विशिष्ठ निगरानी समझैते पर दस्तखत करने के संबंध में अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी में जाने पर हमारी सहमति मांगी. उन्होंने हमें विश्वास दिलाया कि बगैर हमारी सहमति के परमाणु सौदे पर कोई और कदम आगे नहीं उठाया जाएगा. लेकिन एक बार सरकार जब आइएईए में चली गई, फि र तो परमाणु सौदे के लिए राह अपने आप ही बन गई.'' उन्होंने काफ ी तल्ख अंदाज में कहा, ''मुखर्जी हमें लगातार झूठे आश्वासन देते रहे.''
यह तल्खी तब साफ दिखी जब सीपीआइ ने मुखर्जी की उम्मीदवारी का समर्थन करने से इनकार कर दिया. सीपीएम की पोलित ब्यूरो उनके नाम पर बंट गई थी लेकिन मुखर्जी को पार्टी का समर्थन मिल गया, ठीक 1993 की तरह जब उन्हें राज्यसभा में पश्चिम बंगाल से नामांकन के लिए दूसरी पार्टियों के चंद वोटों की जरूरत थी. उस दौरान जब उन्होंने ज्योति बसु से मदद मांगी थी, तो बसु ने साफ शब्दों में कहा था कि सीपीएम किसी कांग्रेसी को समर्थन नहीं देगी. यह पार्टी की आधिकारिक लाइन थी. अनाधिकारिक तौर पर मुखर्जी ने अपनी सीट के लिए वोट जुगाड़ ही लिए.
रेल राज्यमंत्री के.एच. मुनियप्पा इस साल मई में संसद में मुखर्जी को ''यूपीए सरकार का चाणक्य'' करार देकर अचानक चर्चा में आ गए. वे आम तौर पर इस तरह की टिप्पणियों के लिए नहीं जाने जाते. मुनियप्पा रेलवे के लिए अधिक फंड के जुगाड़ में थे, लेकिन उनकी टिप्पणी पर सदन में मौजूद मुखर्जी और सोनिया दोनों ही मुस्करा दिए.
मुखर्जी 27 में से 15 मंत्रीसमूहों और एक विशेषाधिकार मंत्रीसमूह को छोड़ कर बाकी सभी के अध्यक्ष थे. यूपीए-1 और 2 के बीच वे 85 मंत्रीसमूहों की अध्यक्षता कर चुके हैं. स्पेक्ट्रम के कीमत निर्धारण से लेकर अल्ट्रा मेगा पावर परियोजनाओं, मास रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम नीति और सार्वजनिक उपक्रमों में सरकार की हिस्सेदारी वाले शेयरों की कीमतों तक तमाम क्षेत्रों के जीओएम के वे अगुवा रहे.
अकसर सदन में मुखर्जी भड़क जाते थे, लेकिन उनकी यह अदा भी उनकी शख्सियत में चार चांद ही लगाती थी. द्र्रमुक के एक नेता याद करते हैं कि यूपीए-1 में ईंधन कीमतों पर जीओएम में अलागिरी के साथ ए. राजा भी आए थे क्योंकि राजा को लगा कि अलागिरी को अनुवादक की जरूरत पड़ेगी. मुखर्जी ने राजा को तुरंत चले जाने के लिए कहा.
उन्होंने कहा कि यदि अलागिरी को अंग्रेजी के किसी अनुवादक की जरूरत पड़ेगी तो उन्हें वह मुहैया करा दिया जाएगा. उन्होंने तत्कालीन रेल मंत्री ममता बनर्जी की आंखों में आंसू ला दिए, जब वे 2010 के रेल बजट के लिए आखिरी वक्त में 24 परियोजनाएं लेकर मंजूर कराने आईं. मुखर्जी ने ममता की सारी परियोजनाएं मंजूर करते हुए कहा, ''मैं आपको यह मौका नहीं दूंगा कि आप बाहर जाकर चिल्ला सकें कि मैंने बंगाल के लिए परियोजनाएं पास नहीं कीं.'' और यह भी कहा कि इनके लिए ममता को खुद ही फंड जुटाने होंगे.
एक अन्य यादगार मौका हाल ही में खत्म हुए संसद सत्र का है जब वे विपक्ष पर भड़क गए थे. विपक्ष चिदंबरम के खिलाफ उन आरोपों पर जांच की मांग कर रहा था जिसमें कहा गया था कि उनके बेटे कर्ति ने 2006 में टेलीकॉम सौदे से लाभ उठाया था. सिन्हा याद करते हैं, ''वे भड़क गए और चिल्लाने लगे-चुप रहिए या बाहर चले जाइए.
सदन में हड़कंप मच गया और स्पीकर को कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी. संसदीय कार्यमंत्री पवन बंसल के साथ वे मेरे पास आए और अपने गुस्से के लिए खेद जताया. मैंने उन्हें कहा कि जब सदन दोबारा बैठे तो वे खेद जताएं. उन्होंने बाकायदा माफी मांगी.''
मुखर्जी ने जब खेद प्रकट कर लिया, तो लालू प्रसाद यादव ने खड़े होकर कहा, ''प्रणब दा के पास डांटने का अधिकार है, उनकी मंशा कभी गलत नहीं होती.'' मुखर्जी खुद जानते हैं कि उन्हें जल्दी गुस्सा आ जाता है. पिछले दिसंबर में जब प्रधानमंत्री ने उन्हें पहला के. करुणाकरण सर्वश्रेष्ठ प्रशासनिक पुरस्कार दिया, तो मुखर्जी बड़ी मुश्किल से मुस्कुरा सके और उन्होंने अपनी ''गरममिजाजी के बावजूद'' प्रधानमंत्री के सहयोग का धन्यवाद किया.
प्रणब मुखर्जी जवाहरलाल नेहरू और महात्मा गांधी को अपना नायक मानते हैं, लेकिन सबसे ज्यादा सराहना वे इंदिरा गांधी की करते हैं. इंडिया टुडे को हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में 76 वर्षीय मुखर्जी ने कहा था, ''मैंने नेहरू का तकरीबन हर भाषण पढ़ा है. उन्होंने देश निर्माण और देश को आगे ले जाने का हर संभव प्रयास किया.''
उनका इतिहासबोध इतना गहरा है कि जब उन्होंने 2009 में नॉर्थ ब्लॉक में वित्त मंत्री के रूप में दोबारा कदम रखा, तो सबसे पहली फ रमाइश जिस चीज की उन्होंने रखी वह थी लियाकत अली खान की शाहबलूत (ओक) से बनी मेज, जिसे आजादी से पहले बनी अंतरिम सरकार में वित्त मंत्री रहते हुए उन्होंने इस्तेमाल किया था.
मुखर्जी 1982 से 1984 के बीच जब वित्त मंत्री थे, तब उन्होंने उस मेज का इस्तेमाल किया था. आखिरकार काफी मशक्कत के बाद नॉर्थ ब्लॉक के ग्राउंड फ्लोर पर एक कोने के कमरे में वह मेज खोज निकाली गई. लेकिन वह दोबारा इस्तेमाल किए जाने की हालत में नहीं थी.
प्रणब मुखर्जी पूर्ववर्ती प्रतिभा पाटील के ठीक उलट होंगे. पार्टीलाइन के पार मुखर्जी को मिल रहे समर्थन की एक बड़ी वजह यह है कि वे किसी की मुहर की तरह काम नहीं करते. अपनी नई भूमिका के बारे में मुखर्जी कहते हैं ''यदि मैं राष्ट्रपति चुना गया तो राजनीति में करीब चार दशक के बाद मेरे लिए यह एक नए युग का आरंभ होगा. राष्ट्रपति के लिए न तो राजनीति होती है न ही अपनी कोई पार्टी, वह सिर्फ संविधान के मुताबिक काम करता है.''
अगला राष्ट्रपति बहुत अहम होने वाला है. यदि 2014 में होने वाले आम चुनाव के नतीजे त्रिशंकु आते हैं, तो यह नए राष्ट्रपति पर होगा कि वह तय करे कि किस पार्टी के पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त आंकड़े मौजूद हैं. इतना ही नहीं, मुखर्जी अब जब कभी विदेश जाएंगे, वे प्रतिभा पाटील की तरह नौसिखुए नहीं होंगे. वे दो बार विदेश मंत्री रह चुके हैं, पहली बार 1995 से 1996 के बीच और बाद में 2006 से 2009 के बीच. कोलकाता के प्रोफेसर और मुखर्जी के एक मित्र कार्तिक अधिकारी ने एक बार मीडिया को बताया था कि 1980-81 में जब वे अलीपुर में एक मित्र के यहां खाने पर साथ थे, उस वक्त इंदिरा गांधी का उनके पास फोन आया था.
श्रीमती गांधी ने तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन से मुलाकात की थी और मुखर्जी से इस बारे में परामर्श लेना चाहती थीं. बाद में अक्तूबर 2010 में राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत दौरे से ठीक पहले मुखर्जी ही थे जो वाशिंगटन जाकर उनकी यात्रा की औपचारिकताएं तय करके आए थे.
मुखर्जी साल में एक बार ही छुट्टी लेते हैं वह भी चार दिन की, दुर्गा पूजा के दौरान. उन्होंने एक बार मनमोहन सिंह से मजाक में कहा था कि सरकार को दुर्गा पूजा के दौरान सारे संकट स्थगित रखने चाहिए.
मुखर्जी बचपन से ही दूसरों से ज्यादा चलने के आदी रहे हैं. स्कूल के दिनों में वे अपने गांव के स्कूल 10 किमी पैदल चल कर पहुंचते थे. इंडिया टुडे को उन्होंने बताया, ''तब कोई सड़क नहीं थी, मैं धान के खेतों से पैदल जाता था. वहीं से यह ऊर्जा मुझ में आई है.'' फिर उन्होंने कहा था, ''मैं सोचता हूं कि आराम करने के लिए थोड़ा वक्त मिला पाता. अब भी सोने जाने से पहले मैं बीस मिनट से आधे घंटे तक कु छ पढ़ता हूं. अकसर बत्ती जली छोड़कर ही मैं सो जाता हूं. कोई आता है तो बत्ती बुझता है.'' बहरहाल, सही आदमी को सही जगह मिल चुकी है. राष्ट्रपति भवन मुखर्जी का इंतजार कर रहा है.
एक बार जब 5 फुट 2 इंच के उनके छोटे कद के बारे में किसी ने पूछा, तो वे मुस्करा कर बोले, ''मैं उस ऊंचाई पर खुश हूं जहां नियति ने मुझे पहुंचा दिया है.'' मनमोहन कैबिनेट ने अपना सबसे कद्दावर नेता खो दिया है, लेकिन देश के लिए यह नेता अब भी राष्ट्रपति भवन में हाजिर रहेगा.
-साथ में धीरज नैय्यर

