scorecardresearch
डार्क मोड

क्या राजस्थान में भाजपा की हैट्रिक रोक पाएंगी ये 8 सीटें?

राजस्थान की उन सीटों का लेखा-जोखा जो भाजपा की हैट्रिक की राह में रुकावट बनी हैं

बाड़मेर से निर्दलीय लोकसभा प्रत्याशी रविंद्र सिंह भाटी
बाड़मेर से निर्दलीय लोकसभा प्रत्याशी रविंद्र सिंह भाटी
अपडेटेड 20 अप्रैल , 2024

पिछले दो लोकसभा चुनाव में महज एक सीट के लिए तरस रही कांग्रेस को इस बार राजस्थान में खाता खुलने की उम्मीद है, वहीं भाजपा फिर से हैट्रिक लगाने का दावा कर रही है. राजस्थान के जमीनी हालात बता रहे हैं कि भाजपा के लिए इस बार हालात 2014 और 2019 जैसे नहीं रहने वाले. तब भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए गठबंधन ने राज्य की सभी 25 सीटों पर कब्जा जमाया था.

अब तक के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से राजस्थान में इस बार झुंझुनूं, चूरू, सीकर, नागौर, बांसवाड़ा-डूंगरपुर, दौसा, बाड़मेर और जालोर-सिरोही लोकसभा सीटों पर भाजपा की राह आसान नहीं है. राजस्थान में इन 8 सीटों पर बाजी किसी भी तरफ पलट सकती है. 

राजस्थान में इस बार लोकसभा का चुनाव दो चरणों में होना है. पहले चरण के तहत 19 अप्रैल को  झुंझुनूं, चूरू, सीकर, नागौर और दौसा में वोटिंग हो चुकी है. बाकी सीटों पर 26 अप्रैल को वोटिंग होनी है. इन सीटों पर भाजपा को कांग्रेस के साथ ही इंडिया गठबंधन से भी कड़ी चुनौती मिल रही है. 

कौन होगा चूरू का खिलाड़ी 

शेखावाटी की सबसे हॉट सीट चूरू में इस बार मुकाबला बहुत दिलचस्प हो गया है. यहां से लगातार दो बार के सांसद राहुल कस्वां अब कांग्रेस की नाव पर सवार हैं और उनके मुकाबले भाजपा के पैरा ओलंपियन देवेंद्र झाझड़िया मैदान में हैं. भाजपा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के तारानगर से चुनाव हारने के बाद उनकी ओर से कस्वां परिवार पर लगाए गए आरोपों के बाद से यहां का सियासी पारा बहुत गर्म है. 

चूरू में पिछले काफी अरसे से 'जयचंद' को लेकर सियासी जंग चल रही है. चुनाव हारने के बाद राजेंद्र राठौड़ ने कस्वां परिवार को 'जयचंद' कहा तो टिकट कटने के बाद राहुल कस्वां ने राठौड़ को 'जयचंद' बता दिया. राठौड़ और कस्वां परिवार के बीच की सियासी अदावत ने पूरे जिले के राजनीतिक माहौल को जातिमय बना दिया है जिसका सीधा नुकसान देवेंद्र झाझड़िया को होता नजर आ रहा है. 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा से पहले तक यहां मुकाबला राजेंद्र राठौड़ बनाम राहुल कस्वां के बीच था, लेकिन नरेंद्र मोदी ने अपनी सभा में जब यह कहा कि 'दिल्ली में नरेंद्र और चूरू में देवेंद्र' तो इसके बाद देवेंद्र झाझड़िया मजबूत हुए हैं. पांच माह पहले हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों पर गौर किया जाए तो चूरू संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले आठ विधानसभा क्षेत्रों में 5 पर कांग्रेस, 2 पर भाजपा और एक सीट पर बसपा के विधायक हैं. चूरू में पांच विधानसभा सीटें जीतने के बाद भी कांग्रेस को भाजपा से 53 हजार वोट कम मिले थे. 

सार्दुलपुर विधानसभा क्षेत्र के नोरंगपुरा गांव के सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र भूरिया कहते हैं, "देवेंद्र झाझड़िया राजनीति में नए हैं जबकि राहुल कस्वां का परिवार पिछले 40 साल से जिले की राजनीति में सक्रिय है, जिसका उन्हें फायदा मिलता नजर आ रहा है." मुद्दों की बात की जाए तो कांग्रेस अग्निवीर योजना की कमियों और किसान आंदोलन को हवा देती रही वहीं भाजपा राम मंदिर और मोदी की गारंटी के नाम पर मतदाताओं को साधती रही. 

अमरा दिल्ली जाएगा या स्वामी की होगी हैट्रिक 

सीकर में जब भी कॉमरेड अमराराम लोकसभा का चुनाव लड़ते हैं, वहां की फिजाओं में एक नारा खूब गूंजता है – 'लाल लाल लहरावेलो-अमरो दिल्ली जावेलो'. यह नारा चाहे पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया हो, लेकिन अमराराम सीकर से कभी लोकसभा का चुनाव नहीं जीत पाए. अमराराम यहां से छह बार लोकसभा का चुनाव हारे हैं. इस बार भी यह नारा बहुत जोर-शोर के साथ सुनाई दे रहा है. इस बार अमराराम के लिए सुकून की बात ये है कि सीकर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के सुमेधानंद सरस्वती से उनका सीधा मुकाबला है. 

अब तक अमराराम त्रिकोणीय मुकाबलों में मात खाते रहे हैं. कांग्रेस ने गठबंधन के तहत यह सीट माकपा के लिए छोड़ी है. अमराराम की मौजूदगी ने सीकर जिला कांग्रेस को एकजुट कर दिया है. विधानसभा चुनाव के दौरान जहां पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष नारायण सिंह, पूर्व मंत्री राजेंद्र पारीक और मौजूदा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के अलग-अलग गुट बने हुए थे, वहीं अब ये सब अमराराम के साथ एक मंच पर नजर आ रहे हैं. 

सामाजिक कार्यकर्ता अनिल बाटड़ का कहना है,  "सुमेधानंद सरस्वती की निर्वाचन क्षेत्र में गैर मौजूदगी को लेकर उन्हें कई जगह मतदाताओं की नाराजगी का सामना करना पड़ा है. ऐसे में अगर मोदी लहर नहीं चल पाई तो सुमेधानंद की हैट्रिक की राह मुश्किल हो जाएगी. यहां इंडिया गठबंधन की स्थिति इसलिए भी मजबूत नजर आ रही है क्योंकि सीकर संसदीय क्षेत्र के आठ विधानसभा क्षेत्रों में पांच में कांग्रेस के विधायक हैं."
  
भाजपा के सुमेधानंद सरस्वती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों के अलावा राम मंदिर के नाम पर वोट मांग रहे थे वहीं अमराराम किसानों के लिए 35 साल के उनके संघर्ष और तीन कृषि कानूनों के खिलाफ हुए किसान आंदोलन के दौरान 13 महीने सड़क पर बिताने की बातें कहकर जन समर्थन जुटाने की कोशिश करते नजर आए.
 
नागौर तय करेगा बाबा की पोती का सियासी भविष्य 

नागौर का लोकसभा चुनाव में इस बार राजस्थान के दिग्गज किसान नेता स्व. नाथूराम मिर्धा (बाबा) की पोती ज्योति मिर्धा का सियासी भविष्य दांव पर लगा है. 2009 के बाद ज्योति मिर्धा कोई चुनाव नहीं जीत पाई हैं. वे नागौर से लगातार तीन चुनाव हार चुकी हैं. 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा के सीआर चौधरी और 2019 में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के हनुमान बेनीवाल के सामने हार का सामना करना पड़ा.

2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें अपने चाचा और कांग्रेस के उम्मीदवार हरेंद्र मिर्धा के सामने शिकस्त खानी पड़ी. इस बार ज्योति मिर्धा पाला बदलकर भाजपा की तरफ जा चुकी है तो वहीं हनुमान बेनीवाल भी भाजपा का साथ छोड़कर कांग्रेस से हाथ मिला चुके हैं. नागौर के रियांबड़ी कस्बे के रहने वाले समाजिक कार्यकर्ता महेंद्र सिंह कहते हैं, "हनुमान बेनीवाल की ताकत उनकी संसदीय क्षेत्र में लगतार सक्रियता है जबकि ज्योति मिर्धा को उनकी निष्क्रयता का खमियाजा उठाना पड़ सकता है."
 
भाटी बिगाड़ पाएंगे 'खेल' :

पश्चिमी राजस्थान की बाड़मेर सीट भी ऐसी है जहां इस बार पूरे देश की निगाहें टिकी हैं. भाजपा ने केंद्रीय राज्य मंत्री कैलाश चौधरी पर दूसरी बार भरोसा जताया है तो कांग्रेस ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी छोड़कर आए उम्मेदाराम पर दांव खेला है. शिव से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी के मैदान में आ जाने से यहां मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है. राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि भाटी यहां भाजपा के लिए सबसे ज्यादा परेशानी खड़े करेंगे. भाटी को युवा मतदाताओं में खासी लोकप्रियता मिल रही है और उनकी सभाओं में उम्मीद से ज्यादा भीड़ उमड़ रही है.
 
बांसवाड़ा में भाजपा को 'बाप' की चुनौती   

आदिवासी बहुल डूंगरपुर-बांसवाड़ा सीट पर भाजपा ने कांग्रेस के पूर्व मंत्री और प्रभावशाली आदिवासी नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीय को मैदान में उतारा है. कांग्रेस ने यहां भारतीय आदिवासी पार्टी (बाप) को समर्थन देने का फैसला किया है, लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार अभी भी मैदान में डटे हुए हैं. बाप पार्टी से उम्मीदवार राजकुमार रोत डूंगरपुर जिले की चौरासी से विधायक हैं और आदिवासियों के बीच उनका खासा प्रभाव है. आदिवासी क्षेत्र में इस बार बाप के तीन विधायक जीते हैं. 

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के सैलाना से 'बाप' पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार भी बांसवाड़ा-डूंगरपुर में अपनी पार्टी की जीत के लिए जी जान से जुटे हैं. पांच माह पहले हुए विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र के तहत आने वाले 8 विधानसभा क्षेत्रों में से पांच में कांग्रेस, दो में भाजपा और एक में 'बाप' के विधायक चुने गए हैं. 

राजकुमार रोत, बांसवाड़ा -  डूंगरपुर से भारतीय आदिवासी पार्टी (बाप) के उम्मीदवार
राजकुमार रोत, बांसवाड़ा - डूंगरपुर से भारतीय आदिवासी पार्टी (बाप) के उम्मीदवार

दौसा में कन्हैया और मुरारी की टक्कर

आदिवासी मीणा बहुल दौसा सीट पर कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है. कांग्रेस ने दौसा से विधायक मुरारीलाल मीणा को टिकट दिया है जबकि भाजपा ने बस्सी से पूर्व विधायक कन्हैया लाल मीणा को मैदान में उतारा है. दौसा संसदीय क्षेत्र में गुर्जर, मीणा और एससी मतदाताओं की तादाद सर्वाधिक है. मुरारी लाल मीणा सचिन पायलट समर्थक माने जाते हैं, इस लिहाज से उन्हें गुर्जर वोट भी बड़ी तादाद में मिलने के आसार हैं. 

यहां भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे, ईआरसीपी और मोदी की गारंटियों के नाम पर वोट मांगती रही वहीं कांग्रेस देश में बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई को लेकर चुनाव मैदान में डटी दिखी. विधानसभा चुनाव के नतीजों पर नजर डालें तो दौसा लोकसभा क्षेत्र के आठ विधानसभा क्षेत्रों में से पांच में भाजपा को जीत मिली थी जबकि कांग्रेस के हिस्से महज तीन सीटें आईं. 

झुंझुनूं में भगवा रोक पाएगा ओला? 

कांग्रेस राजस्थान में इस समय जिन सीटों पर खुद को मजबूत मान रही है उनमें झुंझुनूं सबसे ऊपर है. यहां कांग्रेस से दिग्गज नेता स्व. शीशराम ओला के पुत्र व झुंझुनूं से लगातार 4 बार के विधायक बृजेंद्र ओला चुनाव मैदान में हैं वहीं भाजपा ने उदयपुरवाटी से लगातार दो बार चुनाव हार चुके शुभकरण चौधरी पर दांव खेला है. कांग्रेस यहां लगातार ओला परिवार पर भरोसा जता रही है, वहीं भाजपा ने पिछले 8-10 लोकसभा चुनावों से यहां किसी भी नेता को दूसरी बार टिकट नहीं दिया है.

2014 में यहां से संतोष अहलावत सांसद बनी थी जिनका टिकट 2019 में काटकर नरेंद्र कुमार को थमा दिया गया. अब नरेंद्र का टिकट काटकर शुभकरण पर भरोसा जताया गया है. झुंझुनूं जिला उन क्षेत्रों में शुमार है जहां पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत हासिल हुई थी. विधानसभा चुनाव में लोकसभा क्षेत्र में शामिल 8 में से छह सीटें कांग्रेस के खाते में आई थी. इस क्षेत्र में कांग्रेस ने भाजपा पर करीब एक लाख वोटों की बढ़त बनाई थी.

झुंझुनूं में भाजपा यमुना नहर के पानी, नरेंद्र मोदी की गारंटी के दम पर चुनाव लड़ने का फैसला किया वहीं कांग्रेस अग्निवीर योजना की असफलता, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भाजपा को घेरती नजर आई. 

वैभव गहलोत, जालोर - सिरोही से कांग्रेस उम्मीदवार और अशोक गहलोत के बेटे
वैभव गहलोत, जालोर - सिरोही से कांग्रेस उम्मीदवार और अशोक गहलोत के बेटे

क्या जालोर में चमकेगा 'वैभव'  

हमेशा बाहरी उम्मीदवार पर भरोसा जताने वाले जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र में इस बार पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत का सियासी भविष्य दांव पर लगा है. वैभव का मुकाबला भाजपा के लुंबाराम चौधरी से है. वैभव गहलोत 2019 में जोधपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन भाजपा के गजेंद्र सिंह शेखावत के सामने वो 2 लाख 74 हजार 440 वोटों से चुनाव हार गए. इस बार उन्हें जोधपुर की जगह जालोर-सिरोही भेजा गया है. 

जालोर और सिरोही जिलों की 8 विधानसभा सीटों से मिलकर बनी जालोर-सिरोही लोकसभा सीट राजपूत, देवासी, राजपुरोहित समाज के अलावा अनुसूचित जाति और जनजाति बाहुल्य क्षेत्र है. 1989 तक जालोर कांग्रेस का गढ़ रही है, लेकिन पिछले चार लोकसभा चुनावों में यहां भाजपा का भगवा लहरा रहा है. पांच माह पूर्व हुए विधानसभा चुनाव में जालोर-सिरोही संसदीय क्षेत्र की 8 विधानसभा सीटों में 4 पर भाजपा, 3 पर कांग्रेस और एक पर निर्दलीय विधायक चुने गए थे.

ADVERTISEMENT
Advertisement