scorecardresearch
डार्क मोड

आरजी कर के आरोपी संजय रॉय को मिली उम्रकैद की सजा, लेकिन कोलकाता खुश क्यों नहीं?

न्याय के लिए लंबे समय से चली आ रही लड़ाई का एक दौर समाप्त होने के साथ ही, बलात्कार-हत्या मामले में, इस घटना से उजागर हुई व्यवस्थागत सड़ांध और किए गए वादों से जुड़े कई सवालों के जवाब अब तक नहीं मिल सके हैं

आरजी कर मामले के आरोपित संजय रॉय
आरजी कर मामले के आरोपित संजय रॉय
अपडेटेड 21 जनवरी , 2025

जनवरी की 20 तारीख को कोलकाता की एक अदालत ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की ट्रेनी डॉक्टर हुए बलात्कार और हत्या मामले में फैसला सुनाया है.

अपने फैसले में कोर्ट ने दोषी पूर्व पुलिस वालंटियर संजय रॉय को आजीवन कारावास की सजा सुनाई. अदालत ने सीबीआई के इस विचार से असहमति जताई कि यह मामला 'रेयरेस्ट ऑफ दी रेयर' (दुर्लभतम) है और इसके लिए मृत्युदंड दिया जाना चाहिए.

सियालदह कोर्ट के जज अनिरबन दास ने फैसला सुनाया कि रॉय को "अपने जीवन के आखिरी दिन तक" जेल में रहना होगा. साथ ही उस पर 50,000 रुपए का जुर्माना भी लगाया. आदेश में कहा गया है कि ममता बनर्जी सरकार 32 वर्षीय डॉक्टर के परिवार को 17 लाख रुपये का मुआवजा देगी. इस फैसले के बाद सत्तारूढ़ टीएमसी ने सीबीआई की आलोचना की, जिसने मामले की जांच कोलकाता पुलिस से अपने हाथ में ले ली थी.

पश्चिम बंगाल पुलिस की तरफ से जांच किए जा रहे तीन दूसरे बलात्कार-हत्या मामलों में हाल ही में अदालतों ने दोषियों को मौत की सजा सुनाई थी. टीएमसी ने दावा किया कि यह राज्य की पुलिस की कार्यकुशलता का सबूत है.

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रॉय की सजा पर कहा, "हमने हमेशा मृत्युदंड की मांग की है और हम इस पर कायम हैं. हालांकि, यह अदालत का फैसला है और मैं इस पर ज्यादा कुछ नहीं कह सकती. तीन अन्य मामलों में, राज्य पुलिस ने गहन जांच कर अपराधियों के लिए मृत्युदंड सुनिश्चित किया. यह (आरजी कर) एक गंभीर मामला था. अगर यह हमारे अधिकार क्षेत्र में होता, तो हम बहुत पहले ही मृत्युदंड सुनिश्चित कर चुके होते."

रॉय के वकील इस फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील कर सकते हैं, लेकिन न्याय के लिए लंबे समय से चली आ रही लड़ाई का पहला दौर खत्म होने के साथ ही मामले से जुड़े कई सवाल, इससे उजागर हुई व्यवस्थागत सड़ांध और इसके बाद उठे सवालों का जवाब अभी तक नहीं मिल सका है.

'सिटी ऑफ़ जॉय' अब भी शोक में

पिछले साल 9 अगस्त को एक युवा डॉक्टर का शव जब अस्पताल के कमरे में मिला तो पूरे कोलकाता सनसनी मच गई थी. इस संगीन अपराध से परे, अधिकारियों की तब जो प्रतिक्रिया थी, उससे सरकार की सहानुभूति, दक्षता और जवाबदेही के बारे में गंभीर सवाल खड़े हो गए. 

मृतक डॉक्टर के माता-पिता का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें अस्पताल बुलाते समय उनकी बेटी के बारे में एक अलग कहानी गढ़ी और बाद में पैसे की पेशकश की, जिससे मामले को दबाने का संदेह और गहरा हो गया.

सीबीआई के जांच का जिम्मा संभालते ही ताला पुलिस स्टेशन के प्रभारी अभिजीत मंडल की गिरफ्तारी को कोलकाता पुलिस की ओर से की गई शुरुआती जांच में चूक का संकेत माना गया.

अधिकारी अभिजीत मंडल फिलहाल जमानत पर बाहर हैं. इस मामले में अभी भी कई जरूरी सवालों के जवाब नहीं मिल सके हैं. मसलन, आरजी कर में अपराध स्थल को सुरक्षित क्यों नहीं रखा गया? डॉक्टर के परिवार को उनके शव तक तुरंत पहुंचने से क्यों रोका गया? किसी स्वतंत्र जगह के बजाय आरजी कर अस्पताल में पोस्टमार्टम क्यों कराया गया? और एफआईआर इतनी देर से क्यों दर्ज की गई?

कानून प्रवर्तन में लोगों का भरोसा कम होता जा रहा है. यह 14 अगस्त को कोलकाता में नागरिकों के विरोध प्रदर्शन में दिखा, जिसका नाम था 'रिक्लेम द नाईट'. प्रदर्शनकारियों पर भीड़ के हमले और अस्पताल में तोड़फोड़ को रोकने में पुलिस की अक्षमता ने मामले को छुपाने की आशंकाओं को बल दिया. भीड़ में कौन लोग थे, इसकी पहचान आज तक अस्पष्ट बनी हुई है. इससे सबूतों को नष्ट करने के जानबूझकर किए गए प्रयासों के बारे में अटकलें लगाई जा रही हैं.

खस्ताहाल स्वास्थ्य सेवा

आरजी कर में हुए अपराध ने पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में व्याप्त गहरी सड़न को भी उजागर किया. संदीप घोष के खिलाफ भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लगातार बढ़ते रहे, जो मेडिकल कॉलेज में हुई इस घटना के वक्त वहां के प्रिंसिपल थे. उन्हें अपने कार्यकाल के दौरान संस्थान में कथित वित्तीय गड़बड़ी के लिए सीबीआई ने गिरफ्तार किया था.

सुधार के वादों के बावजूद, हाल ही में मेदिनीपुर के एक सरकारी अस्पताल में एक गर्भवती महिला को कथित रूप से ब्लैकलिस्ट में शामिल दवा के सेवन से हुई मौत जैसी घटनाएं यह उजागर करती हैं कि किस तरह भ्रष्टाचार, अकुशलता और उपेक्षा फैली हुई है.

बलात्कार-हत्या से आक्रोशित जूनियर डॉक्टरों ने 42 दिन की हड़ताल की और उसके बाद 17 दिन की भूख हड़ताल की. उनकी मांग बेहतर सुरक्षा की थी, खासकर रात की शिफ्ट में काम करने वाली महिलाओं और मेडिकल स्टाफ के लिए बेहतर कामकाजी परिस्थितियों के लिए. हालांकि सरकार ने जवाब में कई उपायों की घोषणा की, जिसमें निगरानी बढ़ाना और आपातकालीन पैनिक बटन शुरू करना शामिल है. लेकिन इसका भी कार्यान्वयन धीमा और असमान रहा है.

धीमी गति से सुधार

अधिकारियों के मुताबिक, आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में 400 से अधिक नए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे उनकी कुल संख्या 530 से अधिक हो गई है. कोलकाता में एनआरएस मेडिकल कॉलेज जैसे दूसरे चिकित्सा संस्थानों में भी इसी तरह के सुधार किए गए हैं. हालांकि, खामियां अभी भी बनी हुई हैं. आरजी कर में सामान्य चिकित्सा विभाग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अभी भी सीसीटीवी कवरेज की कमी है, जिससे अस्पताल के कुछ हिस्से असुरक्षित हैं.

आपातकालीन स्थिति में पुलिस चौकियों को तुरंत सूचित करने के लिए वादा किए गए पैनिक बटन अभी तक अधिकांश सरकारी अस्पतालों में नहीं लगाए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि इन्हें लगाने का काम चल रहा है, लेकिन देरी के कारण लोगों की जान अभी भी जोखिम में है.

हड़ताली डॉक्टरों ने आराम कक्ष और शौचालय के मामले में बेहतर सुविधाओं की भी मांग की थी. मेडिकल कॉलेज कोलकाता में डॉक्टरों को नए आराम कक्ष दिए गए हैं, लेकिन नर्सों को नहीं, जो संसाधनों के आवंटन में असमानता को उजागर करता है.

मरीजों की देखभाल अभी भी एक सवाल है

सबसे ज्वलंत मुद्दों में से एक सरकारी अस्पतालों में भर्ती होने में मरीजों को होने वाली निरंतर समस्या है. हाल ही में एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति से जुड़े मामले ने केंद्रीय रेफरल प्रणाली की अक्षमता को रेखांकित किया, जिसे आरजी कर त्रासदी के बाद शुरू किया गया था. 

मरीजों के दाखिले को सुव्यवस्थित करने के लिए बनाई गई यह प्रणाली अप्रभावी मानी जाती है, जिससे चिकित्सा देखभाल की जरुरत वाले लोगों के परिवारों को अस्पतालों के बीच चक्कर लगाने पड़ते हैं.

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का दावा है कि यह प्रणाली चालू है, लेकिन मरीजों के अनुभव कुछ और ही बताते हैं.

कुछ जवाबदेही के बारे में क्या ख्याल है?

आरजी कर में हुए अपराध ने प्रशासनिक गैर-जवाबदेही को भी उजागर किया. संस्थान से इस्तीफा देने के बाद संदीप घोष को कुछ ही घंटों में कलकत्ता नेशनल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के प्रिंसिपल के पद पर बहाल कर दिया गया. कथित तौर पर वरिष्ठ अधिकारियों के समर्थन से लिए गए इस विवादास्पद फैसले ने लोगों के आक्रोश को और बढ़ा दिया. बलात्कार-हत्या के महीनों बाद घोष को उनके नए पद से निलंबित करने के लिए सीबीआई जांच और कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश की जरूरत पड़ी.

आखिरकार, बंगाल के स्वास्थ्य सेवा संकट की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर है जो 2011 में सत्ता संभालने के बाद से स्वास्थ्य और पुलिस विभागों की देखरेख कर रही हैं. ममता ने राजनीतिक सत्ता पर अपनी पकड़ बनाए रखी है, लेकिन 9 अगस्त की त्रासदी ने शासन और लोगों की जरूरतों के बीच की खाई को उजागर कर दिया है.

कार्रवाई का आह्वान

आरजी कर में हुआ भयानक अपराध बंगाल प्रशासन के लिए एक चेतावनी थी. बढ़ी हुई निगरानी, ​​आपातकालीन बटन और बेहतर सुविधाएं जैसे कदम आत्मविश्वास बढ़ाने वाले अच्छे उपाय हैं, लेकिन इन्हें व्यापक और समान रूप से लागू किया जाना चाहिए.

इससे भी जरूरी बात यह है कि सरकार को सभी स्तरों पर जवाबदेही सुनिश्चित करके जनता का भरोसा फिर से कायम करना चाहिए. भ्रष्टाचार और अकुशलता को दूर करने के लिए लगातार प्रयासों के बिना, डॉक्टर की बलात्कार-हत्या और उसके बाद जनता के आक्रोश के बाद किए गए वादे सिर्फ़ बयानबाज़ी ही लगेंगे.

बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री के सामने एक महत्वपूर्ण परीक्षा है. पिछले साल हुए उपचुनावों से तृणमूल कांग्रेस के मजबूत जनाधार का संकेत मिल सकता है, लेकिन कोलकाता और राज्य के नागरिक उम्मीद करते हैं कि दिए गए आश्वासनों के बाद जमीनी स्तर पर कार्रवाई की जाएगी. आरजी कर की त्रासदी राज्य की अंतरात्मा पर तब तक एक स्थायी दाग ​​बनी रहेगी, जब तक सार्थक सुधार हासिल नहीं हो जाता.

दिल्ली विधानसभा से जुड़ी इंडिया टुडे की ये रिसर्च स्टोरी भी पढ़ें....

दिल्ली के सीएम : कैसे सुषमा स्वराज और हर्षवर्धन को 'गच्चा' देकर मुख्यमंत्री बने थे साहिब सिंह वर्मा?

कभी-कभी यूं होता है कि नाम किसी का बहुत रौबदार हो, लेकिन वह इंसान दीन-हीन हो. इसका उल्टा भी हो सकता है. कुछ ऐसा ही अजब विरोधाभास दिल्ली के चौथे मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के साथ था. नाम उनका साहिब था, लेकिन काम सादगी से भरे एक आम इंसान की ही तरह था. पूरी स्टोरी के लिए क्लिक करें

हर्षवर्धन, साहिब सिंह वर्मा (बीच में) और सुषमा स्वराज
हर्षवर्धन, साहिब सिंह वर्मा (बीच में) और सुषमा स्वराज
ADVERTISEMENT
Advertisement