scorecardresearch
डार्क मोड

उत्तर प्रदेश : अपनी ही सरकार को बार-बार क्यों घेर रहे केशव प्रसाद मौर्य?

इलाहाबाद हाईकोर्ट के 69 हजार शिक्षकों की भर्ती पर फैसले के बाद उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आरक्षण के मुद्दे पर सरकार के रुख से अलग रवैया अपनाते दिख रहे हैं

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या (फाइल फोटो)
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या (फाइल फोटो)
अपडेटेड 18 अगस्त , 2024

उत्तर प्रदेश में 69 हजार शिक्षकों की भर्ती में चयनित अभ्यर्थ‍ियों की सूची नए सिरे से बनाने के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के बाद योगी आदित्यनाथ सरकार चौतरफा घिर गई है. शि‍क्षक भर्ती में आरक्षण के प्रावधानों का पालन न करने के आरोपों पर विपक्षी दलों ने योगी सरकार के खि‍लाफ हमला बोल दिया है लेकिन इस बीच सबसे चौंकाने वाली बात है कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सुर भी विपक्षी दलों से मेल खा रहे हैं. 

इलाहाबाद हाइकोर्ट का फैसला आने के बाद जहां योगी सरकार ने इस पर किसी प्रकार की आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी तो वहीं केशव प्रसाद मौर्य ने बिना देर किए सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “शिक्षकों की भर्ती में इलाहाबाद हाईकोर्ट का फ़ैसला सामाजिक न्याय की दिशा में स्वागत योग्य कदम है. यह उन पिछड़ा व दलित वर्ग के पात्रों की जीत है जिन्होंने अपने अधिकार के लिए लंबा संघर्ष किया. उनका मैं तहेदिल से स्वागत करता हूं.” 

हालांकि यह पहला मौका नहीं है कि जब सहायक शिक्षकों की भर्ती में आरक्षण का सुसंगत पालन न किए जाने के आरोपों पर केशव प्रसाद मौर्य ने योगी सरकार से अलग राह अपनाई हो. पिछले साल 26 नवंबर को 69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण की विसंगति का विरोध कर रहे अभ्यर्थ‍ियों से केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ स्थित 7 कालिदास मार्ग स्थ‍ित अपने आवास में मुलाकात की थी. उपमुख्यमंत्री ने तब अभ्यर्थियों को आरक्षण की विसंगति को दूर कराने का भरोसा भी दिया था. इसके बाद वे लगातार अलग-अलग मौकों पर आरक्षण के मुद्दे पर अपनी ही सरकार को घेरते नजर आ रहे हैं. 

लोकसभा चुनाव के दौरान यूपी में ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) ने जिस तरह से आरक्षण और संविधान के मुद्दे पर सफलतापूर्वक सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को घेरा उससे भागवा दल की कमजारी स्पष्ट नजर आ गई. इसी का फायदा विपक्षी दलों को मिला और ‘इंडिया’ गठबंधन अप्रत्याशित रूप से यूपी की 80 में से 43 लोकसभा सीटें जीतने में सफल रहा. वहीं भाजपा केवल 33 सीटों पर सिमट गई. 

लोकसभा चुनाव के निराशाजनक नतीजों के बाद उत्तर प्रदेश भाजपा के इर्द-गिर्द कानाफूसी के बीच सबसे तेज आवाज उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की है. राजनीतिक विश्लेषक और बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ में इतिहास विभाग के प्रोफेसर और राजनीतिक विश्लेषक सुशील पांडेय बताते हैं, “लोकसभा चुनाव के दौरान और उसके बाद‍ जिस तरह से विपक्षी दल आरक्षण के मुद्दे पर आक्रामक हैं उसका काउंटर करने में भगवा दल के पास सक्षम पिछड़े नेताओं की कतार नहीं दिख रही. इसी शून्यता को भरने की कोशिश केशव प्रसाद मौर्य कर रहे हैं. वे इस बात की चिंता नहीं कर रहे कि आरक्षण के मुद्दे पर उनके रुख से उनकी अपनी ही सरकार को कई बार विकट स्थ‍ितियों का सामना करना पड़ रहा है.” 

लोकसभा चुनाव के बाद 15 जुलाई को केशव मौर्य ने नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग (डीओएपी) के तत्कालीन अपर मुख्य सचिव देवेश चतुर्वेदी को सरकारी विभागों में संविदा और आउटसोर्सिंग के जरिए की गई नियुक्तियों में आरक्षण के पालन के संबंध में पत्र लिखा था. जिसमें उन्होंने कहा था कि विधान परिषद के प्रश्नों की ब्रीफिंग के दौरान कार्मिक विभाग के अधिकारियों से आउटसोर्सिंग और संविदा पर काम कर रहे कुल अधिकारियों और कर्मचारियों की संख्या के बारे में जानकारी मांगी गई थी. योगी सरकार ने कितनी भर्तियां कीं? केशव ने पूछा कि संविदा भर्ती में आरक्षण नियमों का कितना पालन किया गया. उन्होंने 69000 सहायक अध्यापकों की भर्ती में आरक्षण विसंगति के बाद चयनित 6800 आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों की नियुक्ति के मामले का भी जिक्र किया था. उनका मानना था कि शिक्षक भर्ती में आरक्षण का यह मामला लंबे समय से अटका हुआ है, जिसके कारण ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थी आंदोलन कर रहे हैं. ऐसे में इसका पालन होना चाहिए. 

नियुक्ति विभाग से आरक्षण दिशानिर्देशों के कार्यान्वयन के बारे में विवरण मांगने वाला मौर्य का पत्र सार्वजनिक होते ही खलबली मच गई. बाद में यह बताया गया कि यह पत्र पिछले साल का है और हाल ही में लिखा गया पत्र एक ‘अनुस्मारक’ यानी मेमोरेंडम है. राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक केशव प्रसाद मौर्य ने जिस तरह से जानकारी मांगी थी, उससे उनका राजनीतिक मकसद भी समझा जा सकता है. 

दरअसल नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास है. ऐसे में बिना उनकी मंजूरी के न तो कोई शासनादेश क्रियान्वित हो सकता है और न ही कोई सूचना जारी हो सकती है. केशव प्रसाद मौर्य ने संविदा भर्ती में ओबीसी और दलितों को आरक्षण का मुद्दा उठाकर एक बड़ी राजनीतिक चाल चली है. दिलचस्प है कि इस मामले में भाजपा के सहयोगी दल भी मुखर हैं. उत्तर प्रदेश सरकार से इसी तरह के सवाल पूछने वाली एक अन्य ओबीसी नेता अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल भी हैं. उन्होंने अपने पत्र में यह सुझाव दिया गया था कि राज्य में एससी/एसटी और ओबीसी कोटे के अंतर्गत आने वाले पदों को खाली रखा गया और धीरे-धीरे उन्हें अनारक्षित कर दिया गया, जिसे सार्वजनिक रूप से जारी किया गया था. 

पिछड़े वोटबैंक से ताल्लुक रखने वाली भाजपा की सहयोगी पार्टियों के नेताओं को भी केशव प्रसाद मौर्य ने अपने साथ जोड़ रखा है. लखनऊ में अपने ‘कैंप कार्यालय’ में वे लगातार विधायकों और प्रमुख नेताओं की मेजबानी कर रहे हैं, जिनमें सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओम प्रकाश राजभर जैसे भाजपा के ओबीसी सहयोगी शामिल हैं. मौर्य की एक अन्य ओबीसी नेता, निषाद पार्टी के संजय निषाद के साथ बैठक, 23 जुलाई को उनकी इस टिप्पणी के तुरंत बाद हुई कि ‘बुलडोजर का दुरुपयोग’ लोकसभा चुनावों में यूपी में एनडीए की गिरावट का एक कारण था. 

आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष की आवाज से आवाज मिलाने की केशव प्रसाद मौर्य की रणनीति को राजनीतिक विश्लेषक यूपी की ओबीसी राजनीति में ब‍ढ़त हासिल करने की कवायद बता रहे हैं. सुशील पांडेय कहते हैं, “केशव प्रसाद मौर्य ओबीसी समुदाय से आते हैं और वे यूपी में भाजपा का ओबीसी चेहरा हैं. लोकसभा चुनाव में जिस तरह से ओबीसी मतदाता बिखरा है, उससे भाजपा की चुनौती बढ़ गई है इसलिए केशव मौर्य अब इस मुद्दे को उठाकर अपनी ओबीसी पहचान को बनाए रखना चाहते है. वहीं दूसरी ओर ओबीसी आधारित भाजपा के सहयोगी दलों का भी साथ लेकर केशव न केवल योगी सरकार पर दबाव बना रहे हैं बल्क‍ि खुद को भाजपा सहयोगियों के बीच एक सर्वमान्य पिछड़े नेता के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं.” 

ओबीसी मतदाताओं के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने की कोशिश में केशव प्रसाद मौर्य को सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से सीधी चुनौती मिल रही है. सपा ने ही यूपी में भाजपा के उन पिछड़े मतदाताओं में सेंध लगा दी है जो वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव तक भगवा दल के साथ खड़े थे. समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने हाल ही सोशल मीडिया पर लिखा था कि उत्तर प्रदेश में ‘मानसून का ऑफर’ है: “100 (विधायक) लाओ, सरकार बनाओ”. 

अखिलेश यादव के इस बयान पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा था कि देश और प्रदेश दोनों जगहों पर भाजपा का मजबूत संगठन और सरकार है और सपा का पीडीए धोखा है. इससे पहले 14 जुलाई को यूपी भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई थी. जिसमें भाजपा के नेताओं की कलह सामने आई. यहां डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा था कि संगठन सरकार से बड़ा है और “कार्यकर्ताओं का दर्द मेरा दर्द है.” वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि अति आत्मविश्वास ने लोकसभा चुनावों में भाजपा को नुकसान पहुंचाया. इसके बाद से यूपी सरकार के दो शीर्ष नेताओं के रिश्ते सामान्य नहीं दिख रहे हैं. 

विश्व हिंदू परिषद और आरएसएस से निकल राजनीति में जगह बनाई है केशव प्रसाद मौर्य ने

केशव प्रसाद मौर्य का जन्म इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में शामिल रहे कौशांबी (अब अलग जिला) सिराथु तहसील के सिराथु गांव (वर्तमान में नगर पंचायत) में 7 मई 1969 को हुआ था. इनके पिता छोटे किसान थे. तीन भाई और तीन बहनों में केशव का नंबर तीसरा है. परिवार की माली हालत ठीक नहीं थी ऐसे में केशव ने अपने पिता के साथ मजदूरी, चाय बेचने के अलावा कई ऐसे छोटे-छोटे काम किए. शुरुआती शिक्षा गांव के ही प्राइमरी विद्यालय में हुई. फिर पास के ही जूनियर हाईस्कूल से शि‍क्षा ग्रहण की. इसी दौरान वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क में आकर स्वयंसेवक बने. 

केशव आगे की पढ़ाई के लिए 1989 में प्रयागराज आ गए. इस दौरान वे विश्व हिंदू परिषद (विहिप) में पूर्वी उत्तर प्रदेश के संगठन मंत्री ठाकुर गुरजन सिंह और परिषद के महामंत्री अशोक सिंघल के संपर्क में आए. केशव को विश्व हिंदू परिषद के पूर्ण कालिक कार्यकर्ता के नाते प्रयागराज के यमुनापार इलाके के संगठन मंत्री की जिम्मेदारी मिली. इस वक्त तक रामजन्मभूमि आंदोलन गति पकड़ चुका था और इसमें केशव प्रसाद मौर्य भी सक्रियता से शामिल हुए. संगठन का कार्य करते रहने के साथ उन्होंने 1993 में हिंदी साहित्य सम्मेलन से साहित्य रत्न की उपाधि‍ ली. 

अयोध्या में विवादित ढांचा ढहाए जाने के बाद केशव विहिप के गोरक्षा अभि‍यान का हिस्सा बने. इस संगठन में विभाग और संभाग का काम देखने के बाद वे संगठन मंत्री के तौर पर दिल्ली पहुंचे. इसके बाद लंबे समय तक अयोध्या में प्रांत संगठन मंत्री के तौर पर काम किया. वर्ष 2002 में कुछ पारिवारिक वजहों से वे अपने घर लौट आए. इसके बाद 2004 में इलाहाबाद में शहर पश्च‍िमी विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी के रूप में उपचुनाव लड़ा. यह उपचुनाव माफि‍या अतीक अहमद के सांसद बनने के बाद खाली हुई सीट पर हो रहा था. इस सीट पर अतीक का भाई चुनाव लड़ रहा था जो तत्कालीन बसपा विधायक राजूपाल हत्याकांड में मुख्य अभि‍युक्त था. हालांकि वे यहां से नहीं जीत पाए. 

वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में भी केशव ने चुनाव लड़ा था लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद 2012 में केशव को सिराथु विधानसभा सीट से भाजपा ने प्रत्याशी बनाया. यह उनके राजनीतिक जीवन की सबसे कठिन चुनौती थी क्यों‍कि यह सीट कभी भी भाजपा ने नहीं जीती थी. केशव ने वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में सि‍राथु में पहली बार भगवा झंडा फहरा दिया. इसके दो साल बाद फूलपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में केशव विजयी रहे. भाजपा ने जब 2017 में यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कीं तो सबसे बड़ी चुनौती सपा के पिछड़े वोटबैंक में सेंध लगाने की थी. इसके बाद भाजपा ने केशव प्रसाद मौर्य को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर दांव खेला. 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद केशव ने कार्यकर्ताओं में जमकर जोश भरा. नतीजा वर्ष 2017 में पार्टी और उसके सहयोगियों ने मिलकर यूपी की 325 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की. इसलिए कई लोग उन्हें उस समय यूपी के मुख्यमंत्री पद के स्वाभाविक दावेदार के रूप में देखते थे, जब तक कि योगी आदित्यनाथ ने उन्हें पछाड़ नहीं दिया. मौर्य को उपमुख्यमंत्री बनाया गया. लेकिन यहां भी समझौता करना पड़ा क्योंकि पार्टी ने आदित्यनाथ के लिए दो डिप्टी नियुक्त किए. हालांकि केशव पर भाजपा संगठन का विश्वास बना रहा. 2022 के विधानसभा चुनावों में मौर्य को अपनी सीट सिराथू से हार के बावजूद पिछड़े मतदाताओं में पैठ के चलते उपमुख्यमंत्री की कुर्सी सौंपी गई. 

इन दिनों खुद को आरक्षण और संविधान का सच्चा समर्थक बताने की कोशिश में केशव योगी सरकार पर भी सवाल खड़े करने से नहीं चूक रहे हैं. ओबीसी नेता और लंबे समय से आरएसएस कार्यकर्ता केशव प्रसाद मौर्य ने 2017 में योगी आदित्यनाथ के सामने जब से सीएम का पद खो दिया, तब से उनके समर्थकों ने अपने असंतोष को बमुश्किल छिपाया है. वे शायद अब बदली परिस्थ‍ितियों में उन्हें ‘बड़ी’ भूमिका में देखने की आस लगाए बैठे हैं. 

ADVERTISEMENT
Advertisement