
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) परीक्षा-2025 में आरक्षण लागू करने के तरीके ने चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए. आयोग ने अनारक्षित श्रेणी की कटऑफ से अधिक अंक पाने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सामान्य मेरिट सूची में शामिल करने के बजाय उनकी मूल आरक्षित श्रेणी में ही बनाए रखा. इसका नतीजा यह हुआ कि अधिक अंक हासिल करने के बावजूद ये अभ्यर्थी सामान्य श्रेणी की सूची में जगह नहीं बना सके.
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने इसे संविधान के समानता के सिद्धांत के खिलाफ मानते हुए प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द कर दिया. दरअसल APO भर्ती में विवाद की मुख्य वजह अनारक्षित श्रेणी की परिभाषा को लेकर आयोग का नजरिया था.
सामान्य तौर पर अनारक्षित श्रेणी सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए खुली होती है. इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के वे अभ्यर्थी भी शामिल हो सकते हैं जो बिना किसी आरक्षण लाभ के अपनी योग्यता के आधार पर सामान्य कटऑफ पार करते हैं. लेकिन UPPSC ने इस व्यवस्था को प्रारंभिक परीक्षा के स्तर पर लागू नहीं किया.
हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान आयोग की ओर से दाखिल पूरक हलफनामों में सामने आया कि प्रारंभिक परीक्षा में 321 ओबीसी और 43 अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों ने अनारक्षित श्रेणी में शॉर्टलिस्ट किए गए अंतिम अभ्यर्थी से अधिक अंक हासिल किए थे. इस तरह कुल 364 अभ्यर्थी ऐसे थे, जिनके अंक सामान्य श्रेणी की कटऑफ से अधिक थे. इसके बावजूद आयोग ने उन्हें अनारक्षित श्रेणी में जगह नहीं दी.

इसका सीधा असर आरक्षित वर्ग के दूसरे अभ्यर्थियों पर पड़ा. जिन 364 अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर अनारक्षित श्रेणी में शामिल किया जाना चाहिए था वे अपनी मूल श्रेणी में ही बने रहे. इससे ओबीसी और एससी श्रेणी में उनके बाद मेरिट में आने वाले अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध अवसर प्रभावित हुए. याचिकाकर्ताओं पंकज वर्मा और दो अन्य ने इसी व्यवस्था को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था.
याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि आयोग ने अनारक्षित सूची को केवल सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए सीमित कर दिया. इससे खुली प्रतियोगिता का सिद्धांत प्रभावित हुआ और अनारक्षित श्रेणी भी एक तरह के सामुदायिक आरक्षण में बदल गई. यह संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 तथा उत्तर प्रदेश लोक सेवा (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण) अधिनियम, 1994 की धारा 3(6) के खिलाफ है.
कैसे बदली आरक्षण की व्याख्या
आयोग ने आरक्षित वर्ग के मेधावी अभ्यर्थियों को सामान्य मेरिट में जगह नहीं देने के लिए 9 जनवरी, 2020 के अपने कार्यालय ज्ञापन (ओएम) का सहारा लिया था. इस ज्ञापन के जरिए आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अनारक्षित श्रेणी में समायोजित करने की व्यवस्था को चयन के अंतिम चरण तक सीमित कर दिया गया था.
इसके तहत प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा के स्तर पर अभ्यर्थियों को उनकी मूल आरक्षित श्रेणी में ही रखा जाना था, भले ही उनके अंक सामान्य श्रेणी की कटऑफ से अधिक हों. आयोग की दलील थी कि प्रारंभिक परीक्षा केवल स्क्रीनिंग टेस्ट होती है. इसके अंक अंतिम चयन की मेरिट में नहीं जुड़ते. इसलिए प्रारंभिक परीक्षा के स्तर पर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अनारक्षित श्रेणी में शामिल करने का सवाल नहीं उठता.
आयोग के मुताबिक, अनारक्षित श्रेणी में समायोजन का निर्णय मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के बाद अंतिम चयन के समय किया जाना चाहिए. राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता मनीष गोयल और आयोग की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनूप त्रिवेदी ने भी इसी व्यवस्था का बचाव किया. उनका तर्क था कि परीक्षा में शामिल होने के बाद अभ्यर्थी भर्ती विज्ञापन की शर्तों को चुनौती नहीं दे सकते.
हालांकि हाई कोर्ट ने आयोग और राज्य सरकार की इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया. न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम ने कहा कि चयन प्रक्रिया के अलग-अलग चरणों में अनारक्षित श्रेणी की परिभाषा नहीं बदली जा सकती. यदि कोई श्रेणी पूरी चयन प्रक्रिया के दौरान खुली है तो उसे प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा के स्तर पर केवल सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं किया जा सकता.
अदालत के मुताबिक, आरक्षित वर्ग के किसी मेधावी अभ्यर्थी का ओपन मेरिट सूची में स्थान पाना आरक्षण का लाभ नहीं बल्कि योग्यता के आधार पर समानता का सिद्धांत है. अदालत ने आयोग की व्यवस्था को आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए एक असंवैधानिक सीमा बनाने वाला माना. उसके मुताबिक, स्क्रीनिंग और लिखित परीक्षा के स्तर पर अनारक्षित श्रेणी की 50 प्रतिशत सीटें केवल सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए सीमित कर दी गई थीं. इससे अनारक्षित श्रेणी में भी एक तरह का आरक्षण लागू हो गया जबकि संविधान और किसी कानून में इसकी व्यवस्था नहीं है.
हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि आरक्षण कानून में निर्धारित प्रावधान न्यूनतम आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए हैं न कि आरक्षित वर्ग के मेधावी अभ्यर्थियों को उनकी श्रेणी की निर्धारित सीमा में बांधने के लिए. सकारात्मक कार्रवाई का उद्देश्य आरक्षित वर्ग के हितों को नुकसान पहुंचाना नहीं हो सकता.
कार्यालय ज्ञापन की वैधता पर भी अदालत ने सवाल उठाए. संविधान के अनुच्छेद 320(4) का हवाला देते हुए न्यायमूर्ति निगम ने कहा कि आरक्षण नीति बनाना राज्य सरकार और विधायिका के अधिकार क्षेत्र में आता है. भर्ती आयोग अपनी ओर से ऐसा नियम नहीं बना सकता जिसे किसी कानून या राज्य सरकार के आदेश का समर्थन हासिल न हो. अदालत ने 9 जनवरी, 2020 के कार्यालय ज्ञापन को इसी आधार पर अधिकार क्षेत्र से बाहर मानते हुए रद्द कर दिया.
फिर से होगी मुख्य परीक्षा
APO परीक्षा-2025 की भर्ती प्रक्रिया 16 सितंबर, 2025 को 182 पदों के लिए शुरू हुई थी. इनमें 27 पद अनारक्षित, 67 अनुसूचित जाति, नौ अनुसूचित जनजाति, 61 अन्य पिछड़ा वर्ग और 18 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए निर्धारित थे. आयोग ने 22 मार्च, 2026 को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की और 30 अप्रैल, 2026 को परिणाम घोषित किया. इसमें विज्ञापित पदों की संख्या से 15 गुना यानी 2,856 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था.
इसके बाद 28 से 30 जून, 2026 के बीच मुख्य परीक्षा आयोजित की गई. चयन प्रक्रिया के अगले चरण में अक्टूबर में साक्षात्कार भी चल रहे थे. इसी दौरान भर्ती में आरक्षण के नियमों को लेकर दाखिल याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने 28 सितंबर, 2026 को अंतरिम आदेश जारी कर अंतिम परिणाम घोषित करने पर रोक लगा दी थी.
अब अदालत ने प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को ही रद्द कर दिया है. आयोग को संशोधित परिणाम जारी करने, मुख्य परीक्षा दोबारा आयोजित करने और चयन प्रक्रिया नए सिरे से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया है. इसका मतलब है कि पहले आयोजित मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर भर्ती को अंतिम रूप नहीं दिया जा सकेगा. इस फैसले से APO भर्ती में शामिल अभ्यर्थियों को चयन के लिए और इंतजार करना पड़ेगा. वहीं, आरक्षण व्यवस्था के तहत मेरिट के आधार पर सामान्य श्रेणी में जगह पाने के हकदार अभ्यर्थियों के लिए यह फैसला महत्वपूर्ण है.

