scorecardresearch
डार्क मोड

पर हमें खेलना है

महामारी के दौरान ऑनलाइन पढ़ाई कम से कम नाट्य विधा के छात्रों को बिल्कुल रास नहीं आ रही. लॉकडाउन के बाद प्रैक्टिकल कक्षाएं करवाने से कम पर वे राजी नहीं. एमपीएसडी में असंतोष खुलकर सामने आया पर एनएसडी और बीएनए में भी खदबदाहट कम नहीं

असंतोष के केंद्र में मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय, जो हाल ही में नए परिसर में आया है
असंतोष के केंद्र में मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय, जो हाल ही में नए परिसर में आया है
अपडेटेड 3 सितंबर , 2020

नाटक वालों का काम अगर चौतरफा विसंगतियों के खिलाफ आवाज उठाना रहा है तो अब नाट्य विद्या सिखाने वाले प्रतिष्ठानों को चौकन्ना हो जाना चाहिए क्योंकि विरोध का रुख अब उन्हीं की चौखट की ओर मुड़ गया है. बड़े नाट्य प्रशिक्षण संस्थानों में महामारी के चलते ट्रेनिंग के नुक्सान को लेकर छात्रों में उठ रही खदबदाहट ने शिक्षकों-प्रशासकों को सकते में डाल दिया है. और उनमें, सोशल मीडिया पर तेजी से 'शेयर' होते इस असंतोष से निबटने की युक्ति खोजने को मोबाइल संवाद एकाएक बढ़ गया है.


पहली बड़ी दस्तक हुई है उत्तर भारत की सांस्कृतिक राजधानी कहे जाने वाले शहर भोपाल के नौ साल पुराने मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय (एमपीएसडी) में, जहां 26 छात्रों को 6,000 रु. महीने की छात्रवृत्ति के साथ थिएटर में साल भर का डिप्लोमा कोर्स करवाया जाता है. कोविड-19 महामारी के चलते मार्च से ही अस्त-व्यस्त हुए 2019-20 के सत्र में यहां प्रस्तावित चार नाटकों में से सिर्फ दो और 5-6 आंशिक प्रस्तुतियों (सीन वर्क) में से सिर्फ 3 हो पाईं; आठ महीने में ही कोर्स पूरा होने का ऐलान हो गया तो यह 7-8 राज्यों और नेपाल से आए विद्यालय के ज्यादातर निम्न मध्यमवर्गीय छात्रों के लिए एक सदमे की तरह था. थिएटर की तालीम के दो-तहाई से ज्यादा हिस्से का ताल्लुक मंचीय प्रस्तुति से होने के चलते यह उन्हें अपने साथ अन्याय लगा. उनका एक तबका बकाया रह गए व्यावहारिक प्रशिक्षण की भरपाई की मांग करते हुए अनुरोध प्रदर्शन पर उतर आया. पखवाड़े भर (10 से 25 अगस्त तक) चले इस प्रदर्शन में उसे अप्रत्याशित रूप से दिल्ली स्थित राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के और भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआइआइ), पुणे के छात्र संगठनों के अलावा उत्तर भारत के रंगकर्मियों का भी बड़े पैमाने पर समर्थन हासिल हुआ.


रायता फैलता देख आखिरकार, मध्य प्रदेश संस्कृति महकमे के दो अफसरों ने एमपीएसडी परिसर में छात्रों से मिलकर 10 सितंबर से पहले उनकी मांगों पर फैसला लेने का विश्वास दिलाया. इस पहल की कितनी जरूरत थी, छात्र विनय बाघेला की प्रतिक्रिया से इसे महसूस कर सकते हैं, ''हम सब आज बहुत खुश हैं, कम से कम हमारी बात किसी ने संजीदगी से सुनी तो.'' आठ छात्रों को बिना चेतावनी के ही अनुशासनहीनता के आरोप में निकाल देने, फिर उन्हें दो महीने पढ़ाई का अतिरिक्त समय देने, उसके बाद छात्रों के अभिभावकों को पत्र भेज देने से छात्रों और विद्यालय के निदेशक आलोक चटर्जी के बीच अविश्वास खासा गहरा गया था. हालांकि विद्यालय से जुड़ी 'अव्यवस्थाओं' को लेकर छात्रों से उनकी रस्साकशी पहले से ही चली आ रही थी. पिछले बैच के छात्र भी उनकी भाषा/शब्दावली समेत कई मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर चुके थे. चटर्जी का मानना रहा है कि यह कुछ निष्क्रिय रंगकर्मियों और निहित स्वार्थी तत्वों की उनके खिलाफ साजिश का हिस्सा है. वे फिलहाल 10 सितंबर तक टिप्पणी से इनकार करते हैं. पर उनकी यह भी शिकायत रही है कि लोग एनएसडी और बीएनए (भारतेंदु नाट्य अकादमी, लखनऊ) में जो चल रहा है, उस पर तो ध्यान नहीं देते.


तो देखें कि वहां क्या चल रहा है? एनएसडी यानी नाट्य विधा में तीन साल का सघन प्रशिक्षण देने वाला देश का सबसे प्रतिष्ठित संस्थान. 15 मार्च के बाद घर भेज दिए गए यहां के 79 छात्रों में बेचैनी बढ़ रही है. पिछले कुछ दिनों से उनकी ऑनलाइन कक्षाएं शुरू हुई हैं. प्रभारी निदेशक सुरेश शर्मा बताते हैं, ''थ्योरी वाला हिस्सा हम कवर कर रहे हैं. लॉकडाउन खुलने पर हम पूरा समय प्रैक्टिकल पर देंगे तो चीजें काफी हद तक कवर हो जाएंगी. लेकिन इसमें छात्रों को भी सहयोग करना पड़ेगा.'' दरअसल, छात्र ऑनलाइन कक्षाओं से बिल्कुल संतुष्ट नहीं.

छात्र संघ अध्यक्ष, तीसरे वर्ष की छात्रा निकिता थुबे स्थिति को बेबाकी और स्पष्टता से रखती हैं, ''छात्रों की राय यही है कि जब भी स्कूल खुले, हमारे तीनों साल के छात्रों का इस अकादमिक सत्र का बचा हुआ सारा कोर्स पूरा कराया जाए.'' छात्र संघ ने ऑनलाइन पढ़ाई के साधनों और उपयुक्त परिवेश को लेकर एक सर्वे करवाया, जिसमें पता चला कि दूरदराज के छात्रों के लिए इंटरनेट की उपलब्धता और घर का माहौल अहम मुद्दा है. निकिता कहती हैं, ''यह इंजीनियरिंग की पढ़ाई नहीं है कि किताब लेकर घर के किसी भी कोने में बैठ गए. ऐक्टिंग वाले छात्र के लिए यह सिर्फ एक मोबाइल से पढ़ाई कर लेना कतई मुमकिन नहीं. एनएसडी में देश के हर हिस्से से छात्र आते हैं, और यह मान लेना कि हर किसी के पास अच्छा माहौल और अच्छा इंटरनेट होगा, सब कुछ ठीकठाक चलेगा, यह तो गलत है. हमने इस बारे में विद्यालय को आधिकारिक तौर पर चिट्ठी भी भेज दी है.''


एनएसडी के छात्र बीच के किसी रास्ते के पक्ष में नहीं. विद्यालय प्रशासन के साथ उनकी खतोकिताबत चल रही है. मासिक समीक्षा बैठकों में एक समझौते के तहत वे ऑनलाइन पढ़ाई को तैयार जरूर हो गए लेकिन उन्हें उम्मीद है कि स्कूल खुलने पर, जितना भी समय लगे, उनका कोर्स पूरा कराया जाएगा. द्वितीय वर्ष में तो चार नाटकों में से क्लासिकल और पारसी नाटक ही हो पाए थे. निदेशक शर्मा एक बार फिर अपना पक्ष रखते हैं, ''देखिए, यह असाधारण स्थिति है. हम अपने ही छात्रों का अहित क्यों चाहेंगे? इस तरह की स्थितियां सारे प्रोफेशनल इंस्टीट्यूट्स में बनी हैं. सौ फीसद भरपाई तो मुश्किल है पर जैसे किसी नाटक 45 दिन में होता था, अब हम कोशिश करें तो उस पर रोज दो घंटे ज्यादा देकर 30 दिन में कर सकते हैं. लेकिन यह छात्र, शिक्षक और प्रशासन तीनों के आपसी सहयोग से ही संभव हो सकेगा. फिर मुझे यह समझ नहीं आता कि हर कोई एनएसडी को ही विशेष नजरिए से क्यों देखता है? थिएटर के और भी संस्थान हैं. उनमें क्या हो रहा है?''

अब बचा बीएनएए. रुढ़िवादी और यथास्थितिवादी क्षेत्र के इस संस्थान में दो साल के कोर्स में कुल 40 (20+20) छात्र होते हैं. एमपीएसडी प्रकरण ने यहां के छात्रों का भी 'हौसला' बढ़ा दिया है. द्वितीय वर्ष के छात्र बी. कबीर अनुशासनहीनता के आरोप में निकाले जा चुके हैं. यहां के छात्रों ने अकादमिक सत्र ढाई महीने बढ़ाने को चिट्ठी लिखी है. कार्यकारी निदेशक रमेश चंद्र गुप्त बताते हैं, ''हमारे यहां दोनों साल के थ्योरी और प्रैक्टिकल के कोर्स पूरे हो चुके थे. ऐसे में सत्र बढ़ाने का कोई औचित्य बनता नहीं. हम तो ऑनलाइन इक्वतहान के बारे में सोच रहे थे, तभी छात्रों की चिट्ठी आ गई. उसका जवाब तैयार कर रहे हैं. लेकिन सत्र बढ़ाया तो नया सत्र शुरू नहीं कर पाएंगे. हमारे पास 40 छात्रों का ही इंतजाम है, 60 को कैसे रखेंगे? फिर भी छात्रों की बात सरकार तक पहुंचा रहे हैं.''


अब दूसरे विश्वविद्यालयों/ कॉलेजों/ उपक्रमों के दर्जन भर से ज्यादा नाट्यकला विभाग भी चौकन्ना होकर 'असंतोष' की स्थिति को भांप रहे हैं. सभी प्रशासकों के लिए यह असहज स्थिति है. हालांकि, कुछ ने सूझबूझ से रास्ता भी निकाला है. दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया के नाट्यकला विभाग के प्रमुख दानिश इकबाल ने लॉकडाउन लगते ही बीसों छात्रों को भरोसे में लेकर उन्हीं से विकल्प मांगे. ''तय हुआ कि इस बीच हम प्रोडक्शन स्कीम बनवाएंगे, उन्हें अपने ऊपर काम करने को कहेंगे, सोलो नाटक कराएंगे. अब कोई खेत में किसानी करते हुए तो कोई किसी और जगह पर अभिनय करते हुए अपना वीडियो भेज रहा है. विश्वविद्यालय खुलने पर हम आखिरी नाटक भी करवा लेंगे.'' यानी पढ़ाने का उनका रास्ता भी ऑनलाइन का था लेकिन छात्रों को भरोसे में लेने से बात बन गई.


नाट्यकला के बड़े संस्थानों के प्रति सरकारों का रवैया भी बेरुखी वाला रहा है. एनएसडी और बीएनए अगर अरसे से प्रभारी/कार्यकारी निदेशकों के भरोसे चल रहे हैं तो मध्य प्रदेश में सरकारों की अदलाबदली के दौरान नियमों में भारी फेरबदल के चलते एमपीएसडी में भी अव्यवस्था बढ़ी है. उम्मीद करें कि लॉकडाउन खुलने पर इन संस्थानों में भी व्यवस्था सुधरे और छात्रों की पढ़ाई सुचारु हो सके.

ADVERTISEMENT
Advertisement