
करीब ढाई हजार वर्ष पहले जिस भूमि पर भगवान बुद्ध ने ज्ञान प्राप्ति के बाद मानवता को अपना पहला उपदेश दिया था, उसी सारनाथ को अब विश्व समुदाय ने मानव सभ्यता की साझा धरोहर के रूप में स्वीकार कर लिया है.
दक्षिण कोरिया के बुसान में आयोजित यूनेस्को विश्व धरोहर समिति के 48वें सत्र में 25 जुलाई को सारनाथ को आधिकारिक तौर पर विश्व धरोहर सूची में शामिल करने की घोषणा की गई. इसके साथ ही सारनाथ भारत का 45वां और उत्तर प्रदेश का चौथा विश्व धरोहर स्थल बन गया.
इससे पहले उत्तर प्रदेश में ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी को यह दर्जा प्राप्त था. आगरा के बाद अब वाराणसी उत्तर प्रदेश का दूसरा ऐसा शहर बन गया है, जिसकी विरासत को यह वैश्विक सम्मान मिला है.
यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि सारनाथ को 3 जुलाई 1998 को यूनेस्को की संभावित सूची में शामिल किया गया था. लगभग 28 वर्षों तक चली तकनीकी समीक्षा, दस्तावेजीकरण, संरक्षण और अंतरराष्ट्रीय मूल्यांकन की लंबी प्रक्रिया के बाद यह सफलता मिली है.
राज्य सरकार का मानना है कि इससे उत्तर प्रदेश का बौद्ध सर्किट अंतरराष्ट्रीय पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के मानचित्र पर पहले से कहीं अधिक मजबूत होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा, "सारनाथ का भगवान बुद्ध से गहरा संबंध है, जिनका ज्ञान, करुणा और सद्भाव का कालातीत संदेश दुनिया को प्रेरित करता है; यह मान्यता भारत की गहरी सभ्यतागत और आध्यात्मिक विरासत का सम्मान करती है."

2600 वर्षों से जीवित आध्यात्मिक परंपरा
सारनाथ केवल ईंट-पत्थरों का पुरातात्विक परिसर नहीं है. यह वह स्थान है जहां भगवान बुद्ध ने बोधगया में ज्ञान प्राप्ति के बाद अपने पांच प्रथम शिष्यों को पहला उपदेश दिया था. इसी घटना को बौद्ध ग्रंथों में 'धर्मचक्र प्रवर्तन' कहा गया है. प्राचीन बौद्ध साहित्य में इस स्थान का उल्लेख 'ऋषिपत्तन' के रूप में मिलता है. विश्व धरोहर के रूप में मान्यता प्राप्त संपत्ति में चौखंडी स्तूप और सारनाथ का पुरातात्विक परिसर शामिल है.
चौखंडी स्तूप उस ऐतिहासिक क्षण का प्रतीक है जब बुद्ध का अपने पांच शिष्यों से पुनर्मिलन हुआ. वहीं पुरातात्विक परिसर में धमेख स्तूप, धर्मराजिका स्तूप, प्राचीन विहारों के अवशेष, अशोक स्तंभ, मूलगंध कुटी विहार तथा अन्य अनेक स्मारक तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व से लेकर 12वीं शताब्दी तक बौद्ध संस्कृति के विकास की कहानी कहते हैं.
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, सारनाथ लगभग 2600 वर्षों से बौद्ध आस्था, तीर्थ परंपरा और मठ जीवन का प्रमुख केंद्र रहा है. यहां की स्थापत्य कला, मूर्तिकला और पुरातात्विक विरासत भारतीय सभ्यता की निरंतरता का सजीव प्रमाण हैं. यही कारण है कि यूनेस्को ने इसकी प्रामाणिकता और अखंडता को विश्व स्तर पर स्वीकार किया.

वैज्ञानिक तैयारी और कूटनीतिक प्रक्रिया से मिली सफलता
सारनाथ का विश्व धरोहर सूची तक पहुंचना किसी एक सरकार या एक प्रस्ताव का परिणाम नहीं है. इसके पीछे लगभग छह दशक तक चला वैज्ञानिक अध्ययन, पुरातात्विक अनुसंधान, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और संरक्षण का लंबा अभियान रहा है. बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के वरिष्ठ भूगोलवेत्ता और अंतरराष्ट्रीय धरोहर विशेषज्ञ प्रो. राणा पी.बी. सिंह बताते हैं कि सारनाथ पर व्यवस्थित अंतरराष्ट्रीय अध्ययन की शुरुआत वर्ष 1968 में अमेरिका और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से हुई थी. 1993 में उन्होंने और अन्य विशेषज्ञों ने अंतरराष्ट्रीय जर्नल में शोध प्रकाशित कर यह प्रश्न उठाया था कि इतनी महत्वपूर्ण बौद्ध विरासत होने के बावजूद सारनाथ अभी तक विश्व धरोहर सूची में क्यों नहीं है.
इसके बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI), काशी हिंदू विश्वविद्यालय, पर्यटन मंत्रालय और अंतरराष्ट्रीय संस्था आईसीओएमओएस (ICOMOS) ने मिलकर वर्षों तक वैज्ञानिक दस्तावेज तैयार किए. वर्ष 2024 में संशोधित नामांकन प्रस्ताव आईसीओएमओएस को भेजा गया. अक्टूबर 2025 में आईसीओएमओएस के नामित विशेषज्ञ प्रो. मोहम्मद हबीब ने सारनाथ का विस्तृत निरीक्षण किया.
उनकी टिप्पणियों के आधार पर आवश्यक सुधार किए गए. दिसंबर 2025 में अंतिम रिपोर्ट तैयार हुई और जनवरी-फरवरी 2026 में आईसीओएमओएस को सौंप दी गई. इसके बाद आईसीओएमओएस ने अपनी सकारात्मक अनुशंसा के साथ प्रस्ताव यूनेस्को को भेज दिया.
सारनाथ के नामांकन का तकनीकी दस्तावेज तैयार करने वाली प्रसिद्ध संरक्षण वास्तुकार आभा नारायण लांबा ने बुसान में कई सत्रों में लगभग 300 पृष्ठों के डोजियर और विस्तृत प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सारनाथ की ऐतिहासिकता, सांस्कृतिक महत्व और जीवित विरासत की अवधारणा को दुनिया के सामने रखा. उनका कहना है कि "सारनाथ की पहचान केवल इसके स्मारकों तक सीमित नहीं है। यहां लगभग 2500 वर्षों से बौद्ध तीर्थयात्रा की परंपरा आज भी जीवित है और यही इसे विश्व धरोहर बनने का सबसे मजबूत आधार बनाती है."
इतिहास की नई व्याख्या भी बनी चर्चा का विषय
विश्व धरोहर सूची में शामिल होने से पहले सारनाथ केवल संरक्षण के कारण ही नहीं, बल्कि इतिहास की नई व्याख्या को लेकर भी चर्चा में रहा. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने नामांकन प्रक्रिया के दौरान परिसर में लगी सूचना पट्टिका को संशोधित किया. इसमें औपनिवेशिक अधिकारियों को दी गई खोज का श्रेय हटाकर स्थानीय शाही परिवार के योगदान को प्रमुखता दी गई.
नई ऐतिहासिक व्याख्या के अनुसार, सारनाथ के प्रमुख अवशेष सबसे पहले बाबू जगत सिंह के आदेश पर हुई खुदाई के दौरान सामने आए थे. जगत सिंह के वंशज प्रदीप नारायण सिंह ने दावा किया कि प्रामाणिक दस्तावेजों और ऐतिहासिक साक्ष्यों के अध्ययन के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने इस तथ्य को स्वीकार किया है.
हालांकि, ब्रिटिश काल में जनरल अलेक्जेंडर कनिंघम और अन्य पुरातत्वविदों द्वारा भी व्यापक उत्खनन और संरक्षण कार्य किए गए थे लेकिन भारतीय पक्ष ने नामांकन के दौरान स्थानीय योगदान और भारतीय संरक्षण परंपरा को अधिक प्रमुखता से प्रस्तुत किया.
यही कारण है कि सारनाथ के डोजियर में लगभग 100 वर्ष पुराने चित्रों और वर्तमान संरचनाओं की तुलनात्मक प्रस्तुति, संरक्षण योजनाएं, पुरातात्विक मानचित्र और पांच सौ पृष्ठों तक का तकनीकी दस्तावेज शामिल किया गया.

बदलेगा संरक्षण मॉडल
विश्व धरोहर सूची में शामिल होने का सबसे बड़ा लाभ केवल प्रतिष्ठा तक सीमित नहीं रहेगा. पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात के अनुसार, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण पहले की तरह स्मारकों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाएगा. हालांकि, अब संरक्षण का स्तर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा.
विश्व धरोहर बनने के बाद नियमित निगरानी, पर्यटकों की वहन क्षमता का वैज्ञानिक आकलन, पर्यटन प्रबंधन योजना और किसी भी विकास परियोजना से पहले हेरिटेज इम्पैक्ट असेसमेंट अनिवार्य होगा. आवश्यकता पड़ने पर यूनेस्को के विश्व धरोहर कोष से वित्तीय और तकनीकी सहायता भी प्राप्त की जा सकेगी. इससे संरक्षण, शोध, विशेषज्ञ प्रशिक्षण और प्रबंधन की नई संभावनाएं खुलेंगी.
इस मान्यता का सबसे बड़ा आर्थिक प्रभाव पर्यटन क्षेत्र पर दिखाई देगा. वर्तमान में सारनाथ में छोटे-बड़े मिलाकर 150 से अधिक होटल संचालित हैं जिनका औसत मासिक कारोबार लगभग दो करोड़ रुपये है. स्थानीय व्यापारियों का अनुमान है कि यूनेस्को की मान्यता के बाद विदेशी पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी. इससे होटल, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस, टैक्सी, हस्तशिल्प, गाइड सेवाओं और स्थानीय रोजगार को सीधा लाभ मिलेगा.
जमीनों की कीमतों में भी वृद्धि की संभावना जताई जा रही है. पर्यटन विभाग के आंकड़े बताते हैं कि कोरोना महामारी के बाद सारनाथ में पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ी है. वर्ष 2023 में 11 लाख से अधिक भारतीय पर्यटक और लगभग 27 हजार विदेशी पर्यटक यहां पहुंचे.
वर्ष 2024 में भारतीय पर्यटकों की संख्या 10 लाख से अधिक रही, जबकि विदेशी पर्यटक बढ़कर 72 हजार से ज्यादा हो गए. महाकुंभ के दौरान भी बड़ी संख्या में देश-विदेश के श्रद्धालुओं ने सारनाथ का भ्रमण किया.
सांस्कृतिक कूटनीति को मिलेगी नई ताकत
सारनाथ को विश्व धरोहर का दर्जा मिलना उत्तर प्रदेश के लिए केवल एक सांस्कृतिक उपलब्धि नहीं बल्कि दीर्घकालिक आर्थिक और रणनीतिक अवसर भी है. राज्य सरकार का मानना है कि इससे प्रदेश का बौद्ध सर्किट वैश्विक स्तर पर और मजबूत होगा. वाराणसी, सारनाथ, कुशीनगर, श्रावस्ती, संकिसा और कौशांबी जैसे बौद्ध स्थलों को जोड़कर उत्तर प्रदेश पहले ही अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में काम कर रहा है.
अब सारनाथ की वैश्विक पहचान इस पूरी श्रृंखला को नई गति दे सकती है; विशेषज्ञों का मानना है कि जापान, थाईलैंड, श्रीलंका, वियतनाम, दक्षिण कोरिया, म्यांमार और अन्य बौद्ध देशों से आने वाले श्रद्धालुओं और शोधकर्ताओं की संख्या बढ़ेगी. इससे धार्मिक पर्यटन के साथ सांस्कृतिक कूटनीति भी मजबूत होगी; अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों के साथ सहयोग के नए अवसर पैदा होंगे.
संरक्षण विज्ञान, पुरातत्व और विरासत प्रबंधन के क्षेत्र में वैश्विक विशेषज्ञता भी उपलब्ध हो सकेगी. उत्तर प्रदेश सरकार के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछले वर्षों में प्रदेश ने धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन पर विशेष ध्यान दिया है. अयोध्या, काशी, प्रयागराज और बौद्ध सर्किट को जोड़ने वाली योजनाओं के बीच सारनाथ का विश्व धरोहर बनना इस रणनीति को अंतरराष्ट्रीय विश्वसनीयता प्रदान करता है.

