scorecardresearch

अध्यात्म ही नहीं, अर्थव्यवस्था का भी एक बड़ा केंद्र बनने को तैयार है अयोध्या

अनुमान लगाया जा रहा है कि राम मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या में सालाना करीब 25 करोड़ पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचेंगे

राम की पैड़ी, अयोध्या
राम की पैड़ी, अयोध्या
अपडेटेड 30 दिसंबर , 2023

नए साल का सूरज अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का पहला चरण पूरा होने का गवाह बनेगा तो यह उन लाखों श्रद्धालुओं के रामनगरी आगमन की राह भी खोलेगा जो वर्षों से रामलला के नए मंदिर में विराजने का इंतजार कर रहे हैं. 

22 जनवरी, 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अयोध्या में भगवान श्री राम के भव्य मंदिर का उद्घाटन, न केवल एक आध्यात्मिक मील का पत्थर बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए भी एक बड़ी घटना साबित होगा. 

अयोध्या में नए बनने वाले राम मंदिर की आधारशिला 5 अगस्त, 2020 को रखी गई थी, जो भारत के इतिहास में एक महत्वपूर्ण क्षण था. बहुसंख्यक हिंदू आबादी के बीच भारतीय सनातन संस्कृति के प्रतीक के रूप में देखा जाने वाला यह मंदिर अभूतपूर्व संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए तैयार है. वर्ष 2022 में दो करोड़, 68 लाख, 17 हजार से अधि‍क देसी और एक हजार 511 विदेशी पर्यटक व श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे थे. अनुमान लगाया जा रहा है कि राम मंदिर निर्माण के बाद यहां सालाना आने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर 25 करोड़ तक पहुंच जाएगी. 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से छह वर्ष पहले अयोध्या में शुरू किए गए दीपोत्सव समारोह में इस वर्ष रिकार्ड 22.23 लाख दीपक जलाए गए, जो उस परिवर्तनकारी यात्रा का पूर्वाभास देता है जो रामनगरी शुरू कर रही है.  भव्य मंदिर, सदियों की भक्ति का प्रमाण और आध्यात्मिक महत्व का प्रतीक, न केवल उपासकों को बल्कि इस सांस्कृतिक उत्थान को देखने के इच्छुक पर्यटकों को भी आकर्षित करेगा. 

आर्थ‍िक विशेषज्ञ मान रहे हैं कि धार्मिक पर्यटन में इस उछाल का प्रभाव अयोध्या और उत्तर प्रदेश के लिए परिवर्तनकारी होने की उम्मीद है. अयोध्या में होटल का व्यवसाय करने वाले विशेष गुप्ता बताते हैं “अनुमान है कि अयोध्या में सालाना 25 करोड़ पर्यटक आएंगे. यदि प्रत्येक पर्यटक अपने प्रवास के दौरान मामूली 2000 रुपये खर्च करता है तो सालाना 50,000 करोड़ रुपये का कारोबार पैदा होने की संभावना है.” पर्यटकों और श्रद्धालुओं के इतनी बड़ी संख्या में आगमन को देखते हुए यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार भी सुविधाओं के विकास में काफी रुचि दिखा रही है. अयोध्या में सआदतगंज से नयाघाट तक करीब 13 किलोमीटर लंबा ‘रामपथ’ बनकर तैयार है. 

‘रामपथ’ को हनुमान गढ़ी होते हुए राम जन्मभूमि से जोड़ने के लिए 700 मीटर लंबा ‘भक्त‍िपथ’, सुग्रीव किला से श्रीराम जन्मभूमि मार्ग तक 500 मीटर लंबे ‘जन्मभूमि पथ’ के साथ 10 किलोमीटर लंबा पंचकोसी मार्ग और 23 किलोमीटर लंबा चौदह कोसी मार्ग श्रद्धालुओं के दर्शन को आसान करेंगे. करीब 3000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से अयोध्या शहर में चल रहे विकास कार्यों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर हाल में जनवरी के पहले हफ्ते के भीतर पूरा करने का लक्ष्य अधिकारियों को दिया है.  

मंदिर निर्माण का प्रभाव केवल अयोध्या तक ही सीमित नहीं रहेगा बल्कि 84 कोस परिक्रमा मार्ग की परिधि में आने वाले इलाके भी इससे लाभान्व‍ित होंगे. केंद्र सरकार इस मार्ग के निर्माण की स्वीकृति दे चुकी है. 84 कोस परिक्रमा मार्ग की परिधि में बस्ती, आंबेडकर नगर, बाराबंकी, गोंडा और अयोध्या स्थल आते हैं. विशेष गुप्ता बताते हैं, “राम मंदिर और 84 कोस परिक्रमा मार्ग बनते ही अयोध्या और आसपास के क्षेत्र की अर्थव्यवस्था बदल जाएगी.”  जाहिर है कि इससे स्थानीय व्यवसायों को काफी लाभ होगा, छोटे उद्यमियों को आवास, परिवहन, भोजन और विभिन्न वस्तुओं और सेवाओं की बढ़ती मांग से लाभ होगा. छोटे उद्योगों और कृषि के विकास को बढ़ावा देते हुए, अयोध्या के धार्मिक पर्यटन का प्रभाव पड़ोसी गांवों तक फैलने की उम्मीद है.

रामनगरी की बदली अर्थव्यवस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यूपी पर्यटन नीति-2022 के तहत अयोध्या में होटल और रिसॉर्ट निर्माण के 22 प्रस्ताव पर्यटन विभाग को मिल चुके हैं. जबकि दो बड़े होटल रॉयल हेरिटेज और रामायन बनकर तैयार हो गए हैं. अयोध्या में पेइंग गेस्ट योजना में अब तक 40 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं. शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी लोग पर्यटकों को होम स्टे सुविधा मुहैया कराने में रुचि दिखा रहे हैं. पर्यटकों को आकर्ष‍ित करने के लिए सरयू नदी में गुप्तार घाट से नया घाट तक क्रूज संचालन भी शुरू किया गया है. 

पर्यटकों के अयोध्या आगमन में तेज बढ़ोतरी को भांपते हुए बड़े ब्रांड्स ने यहां के बाजार में अपनी उपस्थ‍िति दर्ज करानी शुरू कर दी है. पेंटालून, फन अनलिमिटेड, मार्केट 99, डिशुम मल्टीप्लेक्स के साथ डोमिनोज, पिज्जा हट जैसी कंपनियों के आउटलेट खुल चुके हैं. यहां पर लूलू हाइपर मार्केट का निर्माण भी प्रस्तावित है. आर्थ‍िक केंद्र बनने की ओर अग्रसर अयोध्या को फरवरी में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट में 33 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश का प्रस्ताव मिला था. 

रियल एस्टेट के क्षेत्र में भी अयोध्या में बड़ा निवेश होने जा रहा है. अयोध्या की ग्रीन फील्ड टाउनशि‍प में एक दर्जन से अधिक कंपनियों ने निवेश की रुचि दिखाई है. रियल एस्टेट कंपनी लोढ़ा ग्रुप ने अयोध्या में निवेश का प्रस्ताव दिया है. 
 

Advertisement
Advertisement