scorecardresearch
डार्क मोड

मायावती ने चंद्रशेखर पर क्यों साधी चुप्पी?

AIMIM के साथ गठबंधन के बाद मायावती चंद्रशेखर को राजनीतिक तवज्जो देने से बच रही हैं लेकिन इस खामोशी के पीछे दलित वोट बैंक पर पकड़ बनाए रखने की बड़ी चुनौती है

mayawati chandrashekhar
BSP प्रमुख मायावती और चंद्रशेखर आजाद (फाइल फोटो)
अपडेटेड 23 नवंबर , 2026

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछने लगी है. दलित राजनीति में अपनी जमीन बचाने की चुनौती से जूझ रही बहुजन समाज पार्टी (BSP) की रणनीति में इस बार एक दिलचस्प बदलाव दिखाई दे रहा है. पार्टी प्रमुख मायावती और उनके उत्तराधिकारी आकाश आनंद ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) यानी ASP के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को निशाने पर लेने से परहेज करना शुरू कर दिया है. 

BSP का यह रुख इसलिए अहम है क्योंकि अतीत में मायावती चंद्रशेखर पर तीखे राजनीतिक हमले करती रही हैं और उन्हें बहुजन एकता कमजोर करने वाला तक बता चुकी हैं. अब उनके प्रति BSP नेतृत्व की खामोशी को महज संयोग नहीं माना जा रहा. 

12 नवंबर को चंद्रशेखर आजाद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाने का ऐलान किया था. ओवैसी ने तो चंद्रशेखर को इस गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार तक घोषित कर दिया. इस घोषणा ने उत्तर प्रदेश की दलित और मुस्लिम राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा शुरू कर दी है. 

इस बार चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी मिलकर यूपी में चुनाव लड़ेंगे
इस बार चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी मिलकर यूपी में चुनाव लड़ेंगे

खास बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम पर BSP नेतृत्व ने अब तक कोई सीधी प्रतिक्रिया नहीं दी है. सवाल है कि कभी चंद्रशेखर के हर राजनीतिक कदम का जवाब देने वाली मायावती ने आखिर इस बार चुप्पी क्यों साध रखी है?

चंद्रशेखर को नजरअंदाज करने की रणनीति

मायावती की इस रणनीति का पहला संकेत 5 नवंबर को हुई BSP की समीक्षा बैठक में ही दिखाई दे गया था. इस बैठक में उन्होंने ASP या उसके प्रमुख चंद्रशेखर का कोई उल्लेख नहीं किया. इसके बाद 14 नवंबर को बिजनौर में हुई जनसभा में आकाश आनंद ने BJP, समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तो हमले किए, लेकिन चंद्रशेखर का नाम लेने से बचते रहे.

बिजनौर को ASP का प्रभाव वाला इलाका माना जाता है. इसी तरह 20 नवंबर को अयोध्या जिले में हुई बैठक में भी आकाश आनंद ने विपक्षी दलों को निशाने पर लिया लेकिन ASP का जिक्र नहीं किया. BSP के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने पार्टी की इस रणनीति की पुष्टि भी की है. उनके मुताबिक BSP ने ASP प्रमुख चंद्रशेखर को नजरअंदाज करने का फैसला किया है.

वे कहते हैं, “दलितों के बीच उनका कोई जनाधार नहीं है, लेकिन चंद्रशेखर सुर्खियों में बने रहने के लिए युवाओं को गुमराह कर रहे हैं. अगर BSP नेता उनके खिलाफ कोई टिप्पणी करते हैं तो बेवजह चंद्रशेखर की राजनीतिक अहमियत बढ़ जाएगी और उन्हें BSP का राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बना देंगे.” 

आकाश आनंद भी अपनी सभाओं में चंद्रशेखर का जिक्र नहीं कर रहे (फाइल फोटो)
आकाश आनंद भी अपनी सभाओं में चंद्रशेखर का जिक्र नहीं कर रहे (फाइल फोटो)

पाल के इस बयान से साफ है कि BSP नेतृत्व चंद्रशेखर को राजनीतिक बहस के केंद्र में लाने से बचना चाहता है. पार्टी की दलील है कि AIMIM के साथ गठबंधन के बाद चंद्रशेखर को लेकर यह संदेश फैल रहा है कि वे दलित और मुस्लिम वोटों का बंटवारा कर BJP को फायदा पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. 

ऐसे में BSP को लगता है कि इस मुद्दे पर उसे सीधे हमला करने के बजाय राजनीतिक परिस्थितियों को अपने पक्ष में इस्तेमाल करना चाहिए. विश्वनाथ पाल ने यहां तक कहा है कि पार्टी प्रमुख, राष्ट्रीय संयोजक या कोई अन्य वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर पर बयान नहीं देगा.

बदली हुई राजनीति

BSP की मौजूदा चुप्पी को समझने के लिए मायावती और चंद्रशेखर के बीच पुरानी राजनीतिक तल्खी पर नजर डालना जरूरी है. चंद्रशेखर ने जब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दलित बहुल इलाकों में अपनी सक्रियता बढ़ाई और दलितों पर कथित अत्याचार के मुद्दों को लेकर आंदोलन शुरू किए तब BSP नेतृत्व ने उन पर तीखे हमले किए थे. 

2024 के लोकसभा चुनाव में नगीना सीट से चंद्रशेखर की जीत ने इस टकराव को और बढ़ा दिया था. मायावती ने उस समय आरोप लगाया था कि BJP ने EVM में हेरफेर कर चंद्रशेखर को जिताया ताकि BSP को नुकसान पहुंचाया जा सके. बाद में उन्होंने उन्हें मौकापरस्त 'बरसाती मेंढक' बताते हुए आरोप लगाया कि वे बहुजन एकता को कमजोर कर रहे हैं. मायावती ने यह भी कहा था कि चंद्रशेखर BJP, सपा और कांग्रेस के इशारे पर BSP को कमजोर करने का काम कर रहे हैं. 

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलितों के मुद्दे पर उनकी सक्रियता को लेकर मायावती ने उन्हें 'मगरमच्छ' कहकर भी निशाना साधा था. इसके उलट चंद्रशेखर ने मायावती के प्रति सार्वजनिक तौर पर नरम रुख अपनाया. वे उन्हें 'बुआ' कहकर संबोधित करते रहे लेकिन मायावती ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया. 

इस राजनीतिक खींचतान के बीच चंद्रशेखर ने अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश जारी रखी. 2024 में नगीना से उनकी जीत ने उन्हें संसद तक पहुंचाया और दलित युवाओं के बीच उनकी राजनीतिक सक्रियता को नई चर्चा दिलाई. अब हालात बदल गए हैं. चंद्रशेखर की अगुवाई में ASP का विस्तार और ओवैसी के साथ गठबंधन BSP के लिए एक नई चुनौती पेश कर रहा है. 

राजनीतिक विश्लेषक एस. के. द्व‍िवेदी के मुताबिक, 2027 का चुनाव मायावती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. वे अपने पारंपरिक दलित वोट बैंक पर पकड़ बनाए रखना चाहती हैं. उनके मुताबिक, चंद्रशेखर की नगीना से जीत ने BSP खेमे को सतर्क कर दिया है. मायावती अब दलित नेतृत्व के एकमात्र दावेदार के रूप में अपनी पार्टी को फिर से स्थापित करने की रणनीति पर काम कर रही हैं.

दलित नेतृत्व की लड़ाई

BSP की चिंता का केंद्र चंद्रशेखर की व्यक्तिगत लोकप्रियता से ज्यादा दलित राजनीति में नेतृत्व के नए दावेदार का उभरना है. मायावती लंबे समय से उत्तर प्रदेश की दलित राजनीति का सबसे बड़ा चेहरा रही हैं. कांशीराम की राजनीतिक विरासत के आधार पर BSP ने दलितों को एक मजबूत राजनीतिक पहचान और सत्ता में भागीदारी का रास्ता दिया. ऐसे में किसी दूसरे दलित नेता का युवाओं के बीच प्रभाव बढ़ाना BSP के लिए राजनीतिक चुनौती बन सकता है. 

द्व‍िवेदी बताते हैं, “चंद्रशेखर की राजनीति का आधार भी दलित अधिकारों, सामाजिक न्याय और उत्पीड़न के मुद्दों पर सक्रियता है. उनकी सभाओं और आंदोलनों में युवाओं की भागीदारी उन्हें एक अलग राजनीतिक पहचान देती है. नगीना की जीत ने यह भी दिखाया कि वह अपने प्रभाव को चुनावी सफलता में बदलने की क्षमता रखते हैं. अब AIMIM के साथ गठबंधन और मुख्यमंत्री पद के चेहरे के तौर पर उनकी पेशकश ने इस प्रतिस्पर्धा को नया आयाम दे दिया है.” 

हालांकि, BSP के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल का दावा है कि चंद्रशेखर का दलितों के बीच कोई मजबूत जनाधार नहीं है. दूसरी ओर ASP नेता रामनरेश गौतम का कहना है कि चंद्रशेखर के बढ़ते प्रभाव से BSP नेता घबराए हुए हैं. उनके मुताबिक दलितों के बीच ASP का उभार ही BSP की बेचैनी की वजह है. 

दोनों दलों के इन दावों के बीच असली परीक्षा 2027 के चुनाव में होगी जब यह स्पष्ट होगा कि दलित मतदाता मायावती के पुराने राजनीतिक आधार के साथ बने रहते हैं या चंद्रशेखर की नई राजनीति को भी जगह देते हैं. इस बीच, 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में ASP की प्रस्तावित रैली भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो गई है. अतीत में इसी मैदान पर BSP अपनी ताकत का प्रदर्शन करती रही है. 

चंद्रशेखर की रैली के करीब दस दिन बाद 6 दिसंबर को डॉ. भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि पर BSP ने आंबेडकर मेमोरियल में कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है. ऐसे में दोनों दलों की गतिविधियों को दलित राजनीति में अपनी-अपनी ताकत दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. 

ADVERTISEMENT
Advertisement