scorecardresearch
डार्क मोड

बिश्नोई गैंग के खौफ के बीच देवेंद्र फडणवीस ने बॉलीवुड को कैसे दिलाया भरोसा?

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग और फिल्मी हस्तियों को मिल रही धमकियों के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई पुलिस की कार्रवाई का हवाला देते हुए फिल्म इंडस्ट्री को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (फाइल फोटो)
अपडेटेड 16 नवंबर , 2026

टाइगर श्रॉफ पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों के कथित हमले के बाद बॉलीवुड और मुंबई के कारोबारी जगत में डर का माहौल बढ़ता जा रहा है. इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि गैंग सिर्फ लोगों को 'डराने' की कोशिश कर रहा है और इसके पीछे के मास्टरमाइंड को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा.

फडणवीस ने मीडिया के साथ अनौपचारिक बातचीत में कहा, "लॉरेंस बिश्नोई गैंग सिर्फ (फिल्मी हस्तियों) को डराने की कोशिश कर रहा है." उन्होंने बताया कि श्रॉफ पर गोली चलाने की घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

महाराष्ट्र के गृह मंत्री का भी जिम्मा संभाल रहे फडणवीस ने मुंबई पुलिस की पेशेवर कार्यशैली की तारीफ की. उन्होंने कहा कि पुलिस ने कई राज्यों में चलाए गए अभियान के दौरान हमले के 15 घंटे के भीतर ही कथित हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया.

18 अक्टूबर की शाम टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए थे. मुंबई के उपनगर जुहू में दो संदिग्ध कॉन्ट्रैक्ट किलर्स ने उनकी कार पर गोलियां चलाई थीं. इस हमले में अभिनेता के ड्राइवर और वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे.

दोनों कथित शूटरों और उनके एक साथी को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया. इनकी पहचान हृतिक कुर्मी उर्फ रोशन फाइटर (22), रेहान रहीसुद्दीन उर्फ सुक्का (18) और फूल सिंह (18) के रूप में हुई है.

पुलिस के मुताबिक, श्रॉफ बाल-बाल बच गए क्योंकि रेहान के पास मौजूद हथियार जाम हो गया था या वह उसे कॉक (लोड) नहीं कर पाया था लेकिन फूल सिंह की चलाई पांच गोलियां कार को भेदकर श्रॉफ के ड्राइवर को जा लगीं. अभिनेता ने तुरंत अपनी सीट पर पीछे की ओर झुककर खुद को गोली की सीधी दिशा में आने से बचा लिया. हालांकि कांच के टुकड़े लगने से उन्हें चोट आई. 

हमले में जख्मी टाइगर श्रॉफ, पकड़े गए आरोपी और हमले का वीडियो ग्रैब (बाएं से दाएं)
हमले में जख्मी टाइगर श्रॉफ, पकड़े गए आरोपी और हमले का वीडियो ग्रैब (बाएं से दाएं)

गोलीबारी के बाद अमेरिका में रहने वाले बताए जा रहे गैंगस्टर अनिल पंडित ने इस हमले की जिम्मेदारी ली. उसने फिल्म इंडस्ट्री को धमकी दी और अभिनेता सलमान खान से अपने 'भाई' लॉरेंस बिश्नोई और बिश्नोई समुदाय से माफी मांगने को कहा.

सलमान खान पर 1998 में राजस्थान में एक काले हिरण का शिकार करने का आरोप है. बिश्नोई समुदाय इस जानवर को पूजता है और इसकी रक्षा करता है.

अब तक श्रॉफ पर हमले के मामले में हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों से 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इनमें पंडित की भाभी भी शामिल हैं. इन सभी पर कथित तौर पर हमले में शामिल होने का आरोप है.

फडणवीस ने बताया कि इस गैंग को विदेश से करीब चार लोग चला रहे थे. इनमें से एक (हरिचंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर) को अमेरिका में गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक और गिरफ्तारी जल्द होने वाली है.

श्रॉफ पर हुए हमले को मुंबई में बिश्नोई गैंग के बढ़ते दबदबे के तौर पर देखा जा रहा है. एक समय ऐसा था जब मुंबई में अंडरवर्ल्ड का खुला राज चलता था. हालांकि 1990 और 2000 के दशक में पुलिस के कई 'एनकाउंटर' और आपराधिक गैंगों के तौर-तरीकों में बदलाव के साथ हालात काबू में आ गए थे. इन गैंगों ने रियल एस्टेट जैसे कारोबार में भी अपनी पकड़ बनानी शुरू कर दी थी.

अप्रैल 2024 में बाइक सवार दो लोगों ने बांद्रा (वेस्ट) में सलमान खान के घर पर गोलियां चलाई थीं. जांच में इस हमले के तार बिश्नोई गैंग से जुड़े पाए गए थे. उसी साल अक्टूबर में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की बांद्रा (ईस्ट) में उनके ऑफिस के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हत्या की जिम्मेदारी भी बिश्नोई गैंग ने ली थी.

इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल को मुख्य आरोपी बनाया गया है. सिद्दीकी, सलमान खान के करीबी थे, हालांकि उनके परिवार के लोगों ने आरोप लगाया है कि इस हत्या में बिल्डर-राजनेता गठजोड़ की भूमिका थी.

इस साल 1 फरवरी को जुहू में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर बिश्नोई गैंग के कथित सदस्यों ने गोलियां चलाई थीं. इसी महीने के आखिर में एक व्यक्ति ने खुद को बिश्नोई गैंग का सहयोगी गैंगस्टर हैरी बॉक्सर बताते हुए अभिनेता रणवीर सिंह के मैनेजर को धमकी दी थी और 20 करोड़ रुपए की मांग की थी. सितंबर 2025 में बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टरों ने उत्तर प्रदेश के बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के परिवार के घर पर भी गोलियां चलाई थीं.

लॉरेंस बिश्नोई गुजरात की साबरमती जेल में बंद है. वहीं, उसके भाई अनमोल को पिछले साल अमेरिका से डिपोर्ट कर भारत लाया गया था और फिलहाल वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है. केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, जांच एजेंसियां दोनों भाइयों को जेल से बाहर नहीं ले जा सकतीं.

दूसरे मुद्दों पर बात करते हुए फडणवीस ने बताया कि महाराष्ट्र में चल रही पांच नदी जोड़ो योजनाएं करीब आठ साल में पूरी हो जाएंगी. इससे सूखे और पानी की कमी की समस्या कम करने में मदद मिलेगी.

इन योजनाओं में विश्व बैंक की मदद से चल रही एक परियोजना भी शामिल है. इसके तहत सांगली और कोल्हापुर जैसे जिलों के बाढ़ के पानी में से करीब 35 टीएमसी (हजार मिलियन क्यूबिक फीट) पानी सोलापुर के उजनी बांध तक पहुंचाया जाएगा. वहां से इस पानी को सूखे से प्रभावित मराठवाड़ा के धाराशिव (पहले उस्मानाबाद), बीड और लातूर जैसे जिलों में पहुंचाया जा सकेगा.

दूसरी योजना के तहत उल्हास नदी के बेसिन से 80 टीएमसी पानी नासिक और उसके आगे के इलाकों तक पहुंचाया जाएगा. विदर्भ की वैनगंगा-नलगंगा परियोजना फिलहाल जमीन अधिग्रहण के चरण में है. इससे उन इलाकों को फायदा होगा जहां बारिश कम होती है.

ADVERTISEMENT
Advertisement