
महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में उजनी बांध के पानी में मछलियों की देसी प्रजातियों को बचाने और एक्वाटिक ईकोसिस्टम यानी जलीय पारिस्थितिकी तंत्र से बाहरी और आक्रामक मछलियों को खत्म करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है. बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी (BNHS) यहां देसी किस्म की मछलियों के 45 लाख बच्चे (फिंगरलिंग्स) और पानी में उगने वाले 21 हजार से ज्यादा देसी पौधे छोड़ रही है.
दक्षिण एशिया में एक्वाटिक ईकोसिस्टम से आक्रामक मछलियों की प्रजातियों को खत्म करने की यह अपनी तरह की पहली पहल है. इसके तहत स्थानीय मछुआरों को सकरमाउथ कैटफिश जैसी बाहरी मछलियां पकड़ने के लिए प्रोत्साहन राशि दी जा रही है.
'उजनी वेटलैंड इको-रिस्टोरेशन, फिशरीज एंड क्लाइमेट रेजिलिएंस प्रोग्राम' का मकसद उजनी बांध के जलाशय से अफ्रीकन कैटफिश, तिलापिया और सकरमाउथ कैटफिश को खत्म करना और उनकी जगह डेक्कन महसीर जैसी मीठे पानी की देसी मछलियों को फिर से बसाना है. इस परियोजना के तहत लंबे समय तक संरक्षण के लिए बांध के 100 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को फिर से बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है.
भीमा नदी पर बने इस बांध में 117 टीएमसी (हजार मिलियन क्यूबिक फीट) पानी जमा करने की क्षमता है. यह घरों में पानी की सप्लाई और सिंचाई का एक बड़ा जरिया है. इसके बैकवाटर वाले इलाके में लोग पक्षियों को देखने आते हैं. यह जलाशय मछलियों का भी एक बड़ा स्रोत है.
हालांकि तिलापिया, अफ्रीकन कैटफिश और सकरमाउथ कैटफिश जैसी बाहरी और आक्रामक मछलियों की मौजूदगी से मराल, गुगली, तांबरिया और अहेर जैसी स्थानीय मछलियों की संख्या लगभग खत्म होने की कगार पर पहुंच गई है. कभी इन मछलियों को उनके स्वाद और औषधीय गुणों के कारण बाजार में अच्छा दाम मिलता था. इनकी संख्या घटने से स्थानीय मछुआरों की रोजी-रोटी पर भी दबाव बढ़ा है. वहीं, तिलापिया को बाजार में इन मछलियों के मुकाबले कम कीमत मिलती है.

दक्षिण अमेरिका के अमेजन क्षेत्र की मूल निवासी सकरमाउथ मछली एक्वेरियम में पाली जाती है. वहां से निकलकर यह मीठे पानी के दूसरे जल स्रोतों और फिर उजनी तक पहुंच गई. स्थानीय लोग इसे 'हेलीकॉप्टर मछली' या 'येडा मासा' (पागल मछली) कहते हैं. यह न सिर्फ स्थानीय मछलियों के अंडे खाती है, बल्कि लगातार जमीन में बिल बनाने के कारण नदी के किनारों को भी नुकसान पहुंचाती है. मछुआरों के लिए इसे जाल से निकालना मुश्किल होता है, क्योंकि ऐसा करने में जाल फट जाता है.
वहीं, तिलापिया को 1990 के दशक में कारोबार के लिए पिंजरों (केज फार्मिंग) में पालने का काम शुरू हुआ था लेकिन यह वहां से निकलकर खुले पानी में पहुंच गई. इसे 'जलेबी मछली' भी कहा जाता है. इसकी दो अलग-अलग मूल प्रजातियां हैं- एक नील नदी से और दूसरी मोजाम्बिक से. थाई मांगुर, जिसे अफ्रीकन कैटफिश भी कहा जाता है, उजनी में देसी मछलियों के साथ-साथ प्रवासी पक्षियों का भी शिकार करती है.
बाजार में अफ्रीकन कैटफिश की कीमत कम है लेकिन 2019 में केंद्र सरकार की रोक के बावजूद नदी के किनारे अवैध प्रजनन केंद्र (ब्रीडिंग फार्म) तेजी से बढ़े हैं. इसकी वजह यह है कि इसे पालना आसान है और प्रवासी मजदूरों के साथ-साथ रेस्टोरेंट में भी इसकी मांग बनी रहती है.
BNHS मछुआरों को सकरमाउथ मछली पकड़कर पुणे जिले के भिगवान में बनाए गए एक तय कलेक्शन सेंटर पर जमा करने के लिए बाजार भाव (करीब 35-38 रुपए प्रति किलो) से 2 रुपए प्रति किलो ज्यादा देती है. अप्रैल में प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद से अब तक 40 टन से ज्यादा मछलियां पकड़ी और जमा की जा चुकी हैं. इन्हें इकट्ठा करके मछली का चारा (फिश फीड), फिश ऑयल और लिक्विड खाद बनाने वाली कंपनियों को बेचा गया है.
BNHS ने हाल ही में मछलियों के 30 लाख बच्चे (फिंगरलिंग्स) छोड़े हैं और अब 15 लाख और बच्चे अलग-अलग चरणों में छोड़ने की तैयारी कर रही है. इनमें लाबियो कावरस (कावदास), बांगाना नुक्टा और लाबियो कॉन्टियस (बोबारी) जैसी दुर्लभ और इसी इलाके में पाई जाने वाली मछलियों की प्रजातियां शामिल हैं. इनके साथ 10 लाख डेक्कन महासीर और 10 लाख इंडियन मेजर कार्प भी छोड़ी जा रही हैं. इनमें रोहू, कतला और मृगल जैसी मछलियां शामिल हैं.
महासीर को 'पानी का बाघ' कहा जाता है. यह मछली कभी इस इलाके में ही पाई जाती थी. यहां से 100 किलोमीटर से ज्यादा दूर पंढरपुर में भगवान विठोबा की मूर्ति के कानों में महसीर के आकार के कुंडल होने की बात कही जाती है.
BNHS के वरिष्ठ वैज्ञानिक और सहायक निदेशक उन्मेश काटवटे बताते हैं, " यह भारत की अपनी तरह की सबसे बड़ी पहल है. इसमें मीठे पानी में खत्म हो चुकी मछलियों की प्रजातियों का संरक्षण किया जाना है. इसके तहत प्रजनन और मछलियों को फिर से बसाने की योजना है. साफ-सुथरी नदी प्रणालियों से देसी मछलियों के मूल समूह जुटाकर और नियंत्रित जगहों पर उनका सफलतापूर्वक प्रजनन कराकर हम भीमा नदी के जलग्रहण क्षेत्र में इन मछलियों की जैविक वंशावली को फिर से स्थापित कर रहे हैं."
काटवटे के मुताबिक डेक्कन महसीर जैसी शीर्ष प्रजातियों और देसी कार्प मछलियों को फिर से बसाने से न सिर्फ खराब हो चुकी खाद्य श्रृंखला ठीक होती है बल्कि पूरे वेटलैंड में लंबे समय तक जलवायु बदलाव से निपटने की क्षमता भी विकसित होती है.
इस पहल की अगुवाई कर रहे काटवटे ने बताया कि उजनी में छोड़े गए स्थानीय पौधे और घास, जैसे वॉटर लिली, अब अच्छी तरह बढ़ रहे हैं. मछुआरों ने पानी में मछलियों के बच्चों की मौजूदगी भी देखी है. अगले साल पानी में देसी मछलियों के और बच्चे छोड़ने की योजना है.
अब तक सकरमाउथ कैटफिश और अफ्रीकन कैटफिश समेत नुकसान पहुंचाने वाली 178 टन से ज्यादा बाहरी और आक्रामक मछलियों को पानी से निकाला जा चुका है. इसके अलावा, नुकसान पहुंचाने वाले बाहरी पौधों को हटाने के अभियान के तहत कैचमेंट एरिया के करीब 2,000 हेक्टेयर इलाके को साफ किया गया है. इस दौरान 6,500 टन से ज्यादा खरपतवार हटाए गए हैं. इनमें इपोमिया, वॉटर हायसिंथ और प्रोसोपिस जुलिफ्लोरा शामिल हैं.
काटवटे एक चिंता भी साझा करते हैं. वे कहते हैं कि बारीक जाली वाले जाल से बॉटम ट्रॉलिंग (पानी की निचली सतह पर जाल खींचकर मछली पकड़ना) दिक्कत की बात है क्योंकि इसमें मछलियों के बच्चे भी फंस सकते हैं. वहीं स्थानीय मछुआरों का आरोप है कि प्रवासी मछुआरे इस तरह मछलियां पकड़ने के लिए मच्छरदानी का इस्तेमाल करते हैं.
स्थानीय भाषा में इसे 'वडाप' कहा जाता है. इससे मछलियों का भंडार प्रभावित होता है और छोटी मछलियों के बचकर निकलने की गुंजाइश खत्म हो जाती है. काटवटे ने कहा, "वैसे हमने महसीर को पलसनाथ और राम मंदिरों के पास गहरे पानी में छोड़ा है जहां बॉटम ट्रॉलिंग संभव नहीं है. महसीर को चट्टानी इलाके भी पसंद हैं."
अवैध मांगुर पालन केंद्र और मांस व चिकन के कचरे से पंगासियस मछली पालने का काम भी चिंता का विषय बना हुआ है. BNHS के निदेशक किशोर रिठे के मुताबिक, "वेटलैंड को सही मायने में फिर से बेहतर बनाने के लिए सिर्फ मछलियों को पानी में छोड़ना काफी नहीं है बल्कि पूरे इकोसिस्टम का बेहतर तरीके से प्रबंधन करना जरूरी है."
रिठे आगे बताते हैं, "उजनी में हमारा काम साबित करता है कि विज्ञान पर आधारित बाहरी प्रजातियों को हटाने की योजना और देसी प्रजातियों को फिर से बसाने से जैव विविधता को हुए दशकों पुराने नुकसान की भरपाई की जा सकती है. सिप्ला फाउंडेशन और राज्य सरकार के विभागों के सहयोग से BNHS भारत में वेटलैंड को फिर से बेहतर बनाने का एक व्यावहारिक मॉडल तैयार कर रहा है."
मछुआरे और कार्यकर्ता भरत मल्लव के मुताबिक कई सालों से स्थानीय मछुआरे देसी मछलियों की घटती संख्या को देख रहे थे. वहीं, बाहरी मछलियां उनके जाल को नुकसान पहुंचा रही थीं और उनकी कमाई पर असर डाल रही थीं. वे उत्साह के साथ कहते हैं, "देसी मछलियों की वापसी और महसीर जैसी प्रजातियों के फिर से पनपने से हमारे मछुआरा परिवारों को टिकाऊ तरीके से मछलियां पकड़ने और ईको-टूरिज्म व एंगलिंग (कांटे से मछली पकड़ने) के नए अवसर मिलने की उम्मीद जगी है."

