वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बजट 2026 पेश करते हुए सरकार की आर्थिक प्राथमिकताओं को साफ तौर पर सामने रखा. यह उनका लगातार नौवां बजट है और उनके भाषण के हिसाब से इस बार फोकस विकास, निवेश और आत्मनिर्भर भारत को अगले स्तर पर ले जाने पर रहा.
वित्त मंत्री का यह भी कहना है कि टैक्स स्लैब में बड़े बदलाव भले न हों, लेकिन बजट के भीतर कई ऐसे फैसले हैं जिनका असर आम आदमी की रोजमर्रा की ज़िंदगी से लेकर देश की रणनीतिक ताकत तक दिखाई देगा.
बजट-2026 उन सेक्टरों पर केंद्रित है जहां रोज़गार पैदा हो सकता है, घरेलू उत्पादन बढ़ाया जा सकता है और लंबे समय में अर्थव्यवस्था को स्थिर गति दी जा सके. नीचे समझते हैं बजट के 10 बड़े ऐलान और उनका आम जन पर असर :
1. मध्यम वर्ग को सीधी राहत नहीं, पर खर्च कम होने का संकेत
इस बार बजट में इनकम टैक्स स्लैब या स्टैंडर्ड डिडक्शन को लेकर कोई बड़ा ऐलान नहीं किया गया. इससे वेतनभोगी वर्ग को सीधे टैक्स में राहत की उम्मीद पूरी नहीं हुई. लेकिन सरकार ने कहा है कि राहत का रास्ता अप्रत्यक्ष तौर पर खोला गया है.
कई उपभोक्ता वस्तुओं पर कस्टम ड्यूटी घटाने या हटाने का फैसला किया गया है. इससे मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, जूते, कपड़े और रोजमर्रा के कुछ जरूरी उत्पाद सस्ते हो सकते हैं. इसका मतलब है कि भले जेब में टैक्स बचत न दिखे, लेकिन बाजार में खर्च थोड़ा हल्का हो सकता है.
2. कस्टम ड्यूटी कटौती से बाजार में सस्ती चीज़ों की उम्मीद
बजट में कस्टम ड्यूटी को लेकर बड़ा संकेत दिया गया है. सरकार ने कई आयातित कच्चे माल और फिनिश्ड प्रोडक्ट्स पर शुल्क कम किया है. इसका मकसद घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देना और महंगाई पर नियंत्रण रखना है.
दवाओं के कुछ कच्चे माल पर ड्यूटी हटने से हेल्थ सेक्टर में कीमतों का दबाव कम हो सकता है. वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को भी इससे गति मिलने की उम्मीद है. यह फैसला सीधे तौर पर उपभोक्ता और उद्योग दोनों के हित में देखा जा रहा है.
3. रेलवे और इंफ्रास्ट्रक्चर - रफ्तार और रोज़गार दोनों
बजट 2026 में इंफ्रास्ट्रक्चर को एक बार फिर अर्थव्यवस्था का इंजन माना गया है. सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की गई है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा आसान और तेज़ हो सके.
रेलवे नेटवर्क के आधुनिकीकरण, स्टेशनों के पुनर्विकास और लॉजिस्टिक्स सुधार पर भी जोर दिया गया है. सरकार का मानना है कि इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश से न सिर्फ़ कनेक्टिविटी बढ़ती है, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार भी पैदा होता है.
4. किसान और खेती - तकनीक से जोड़ी जा रही ज़मीन
कृषि सेक्टर के लिए बजट में तकनीक आधारित सोच दिखाई देती है. सरकार ने AI आधारित एग्री टूल्स को बढ़ावा देने की बात कही है, जिससे किसानों को फसल, मौसम और बाजार से जुड़ी बेहतर जानकारी मिल सके.
पशुपालन, डेयरी और पोल्ट्री सेक्टर के लिए क्रेडिट-लिंक्ड योजनाएं लाई जा रही हैं ताकि किसान अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित कर सकें. नारियल, चंदन और दूसरी हाई-वैल्यू फसलों को बढ़ावा देकर खेती को ज्यादा लाभकारी बनाने की रणनीति अपनाई गई है.
5. रक्षा बजट - सुरक्षा और स्वदेशी ताकत
रक्षा क्षेत्र को बजट में मजबूत समर्थन मिला है. आधुनिक हथियार, तकनीकी अपग्रेड और स्वदेशी रक्षा उत्पादन पर खर्च बढ़ाया गया है. इसका मकसद सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ घरेलू रक्षा उद्योग को भी मजबूत करना है.
सरकार का जोर इस बात पर है कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़े और भारत आयात पर कम निर्भर हो. इससे आने वाले वर्षों में रक्षा मैन्युफैक्चरिंग एक बड़ा रोजगार क्षेत्र भी बन सकता है.
6. स्वास्थ्य और मेडिकल सेक्टर - इलाज के साथ रोजगार
हेल्थ सेक्टर को बजट में ग्रोथ इंजन के तौर पर देखा गया है. मेडिकल हब विकसित करने, बायो-फार्मा रिसर्च और हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने की घोषणा की गई है.
इसका मकसद इलाज को सुलभ बनाना और मेडिकल सेक्टर में नए रोजगार पैदा करना है. दवाओं के कच्चे माल पर ड्यूटी में राहत से इलाज की लागत पर भी असर पड़ सकता है.
7. खेल और युवा - मैदान से मेडल तक की तैयारी
युवाओं को ध्यान में रखते हुए खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों के विस्तार की बात कही गई है. खेल सुविधाओं, ट्रेनिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश बढ़ाया जाएगा.
स्पोर्ट्स इक्विपमेंट पर ड्यूटी कम करने से खेल से जुड़ा सामान सस्ता होगा. बजट भाषण में सरकार का मानना है कि खेल सिर्फ मेडल नहीं, बल्कि करियर और अनुशासन का रास्ता भी है.
8. महिलाएं और ग्रामीण भारत- छोटे कारोबार को बड़ा सहारा
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए SHE मार्ट्स की शुरुआत का ऐलान किया गया है. इन मार्ट्स के जरिए स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा और महिलाओं के नेतृत्व वाले व्यवसाय मजबूत होंगे.
छात्राओं के लिए हॉस्टल और सुरक्षित रहने की सुविधाओं पर भी जोर दिया गया है, ताकि शिक्षा के रास्ते में सामाजिक बाधाएं कम हों.
9. MSME सेक्टर. छोटे उद्योग, बड़ा भरोसा
MSME सेक्टर के लिए 10,000 करोड़ रुपये का ग्रोथ फंड एक बड़ा संकेत है. सरकार चाहती है कि छोटे उद्योग वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हों और टैरिफ जैसे झटकों से सुरक्षित रह सकें.
यह सेक्टर रोजगार का सबसे बड़ा स्रोत माना जाता है और बजट में इसे स्थिरता और विस्तार दोनों देने की कोशिश की गई है.
10. शिक्षा और स्किल. भविष्य की तैयारी
शिक्षा के क्षेत्र में यूनिवर्सिटी टाउनशिप और STEM शिक्षा पर फोकस बढ़ाया गया है. हर जिले में आधुनिक हॉस्टल और स्किल सेंटर विकसित करने की योजना है. सरकार का लक्ष्य है कि शिक्षा सिर्फ़ डिग्री तक सीमित न रहे, बल्कि रोजगार से सीधे जुड़े कौशल विकसित करे.
(बजट 2026 : बेटियों को हॉस्टल, पेरेंट्स को टैक्स छूट; शिक्षा पर सरकार ने खोला खजाना)
कुल मिलाकर, बजट 2026 सीधे तौर पर लोकलुभावन नहीं है. सरकार खर्च और निवेश के जरिए लंबी अवधि की आर्थिक मजबूती पर दांव लगा रही है. टैक्स में फ़ौरी राहत भले न मिले, लेकिन सरकार का कहना है कि इंफ्रास्ट्रक्चर, खेती, MSME और रक्षा जैसे सेक्टरों में निवेश से आने वाले समय में इसका असर दिख सकता है.

