scorecardresearch
डार्क मोड

पीएम मोदी और बालेन शाह की मुलाकात भारत-नेपाल रिश्तों की नई शुरुआत?

नेपाल के नए प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा के दौरान गर्मजोशी भरा स्वागत, मोदी की तारीफ और 15,000 करोड़ रुपए के विकास पैकेज का ऐलान हुआ. हालांकि चीन का फैक्टर अब भी अहम बना हुआ है

PM Narendra Modi and Balen Shah directed their foreign secretaries to work on outstanding boundary issues while expanding economic and developmental cooperation.
पीएम मोदी ने बालेन शाह के साथ
अपडेटेड 26 नवंबर , 2026

23 नवंबर को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में बालेंद्र 'बालेन' शाह का स्वागत किया, तो यह महज किसी दूसरे देश के प्रधानमंत्री की अगवानी नहीं थी. मोदी ने नेपाल के नए प्रधानमंत्री को गर्मजोशी से गले लगाया. इस मुलाकात ने साफ कर दिया कि दोनों देशों के बीच राजनीतिक भरोसा बहाल करने के साथ द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाना भी इसका अहम मकसद था.

दोनों नेताओं के संयुक्त मीडिया बयान में मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते सिर्फ पड़ोसी होने तक सीमित नहीं हैं बल्कि "गहरे पारिवारिक संबंधों और अटूट भरोसे" पर आधारित हैं.

शाह के लिए यह स्वागत काफी खास रहा होगा. अपने कार्यकाल के पहले आठ महीनों में उन्हें ऐसे नेता के तौर पर देखा गया जो नई दिल्ली से दूरी बनाए हुए थे. 22-23 नवंबर की यह राजकीय यात्रा मार्च में प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा थी. 

शाह की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों ने 15,000 करोड़ रुपए के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की. आठ समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए और भविष्य के संबंधों के लिए 10 स्तंभों वाला एक विजन भी अपनाया गया. इसका नाम 'विकसित भारत और समुन्नत नेपाल: साझेदारी की नई परिकल्पना' रखा गया है. यह आर्थिक और रणनीतिक सहयोग की दिशा में एक बड़ा कदम है.

मोदी ने अपने मेहमान की जमकर तारीफ की. संयुक्त राष्ट्र महासभा में शाह के संबोधन को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उसमें उन्हें नेपाल के युवा प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि और सोच की झलक मिली थी. मोदी ने कहा कि नई दिल्ली में हुई बातचीत से शाह की स्पष्ट सोच और नेपाल के भविष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को लेकर उनका भरोसा और मजबूत हुआ है.

भारत-नेपाल के बीच 15,000 करोड़ रुपए के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा हुई है
भारत-नेपाल के बीच 15,000 करोड़ रुपए के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा हुई है

मोदी ने शाह को मिले ऐतिहासिक चुनावी जनादेश का भी जिक्र किया. उन्होंने इसे नेपाल की युवा पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों की अभिव्यक्ति बताया. यह उस नेता के प्रति एक अहम स्वीकार्यता थी, जिसके उभार ने दशकों से नेपाल की सत्ता पर काबिज राजनीतिक व्यवस्था को चुनौती दी है.

मोदी ने दोनों देशों की साझा सभ्यता से जुड़े भावनात्मक पहलू को भी छुआ. मई 2018 में अपनी जनकपुर यात्रा को याद करते हुए उन्होंने अपना चर्चित बयान दोहराया, "नेपाल के बिना हमारे भगवान राम भी अधूरे हैं." इसी संदर्भ में 23 नवंबर को अयोध्या को जनकपुर धाम से जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत ने इस धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्ते को नया आयाम दिया.

मोदी ने नेपाल के लुंबिनी और बिहार के बोधगया जैसे बौद्ध स्थलों के बीच संपर्क मजबूत करने की बात भी कही. संदेश साफ था. भारत चाहता है कि दोनों देशों के रिश्ते सिर्फ भौगोलिक निकटता और रणनीतिक जरूरतों तक सीमित न रहें. इन्हें साझा इतिहास, आस्था और लोगों के आपसी जुड़ाव से भी मजबूती मिले. वहीं शाह ने इस रिश्ते को "हिमालय जितना मजबूत और समुद्र जितना विशाल" बताया.

भारत-नेपाल के बीच तनाव

शाह के पद संभालने के कुछ ही समय बाद भारत और नेपाल के बीच कूटनीतिक दूरी बढ़ने लगी थी. 36 वर्षीय रैपर से नेता बने शाह पहले काठमांडू के मेयर थे. सितंबर 2025 में नेपाल में हुए Gen Z प्रदर्शनों के बाद वे सत्ता में आए थे. 

इन प्रदर्शनों के चलते केपी शर्मा ओली को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था. शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने मार्च 2026 के चुनावों में शानदार प्रदर्शन किया और संसद की 275 में से 182 सीटें जीत लीं.

शाह ने सत्ता संभालते समय पुरानी संरक्षणवादी राजनीति और भ्रष्टाचार से अलग राह अपनाने का वादा किया था. उन्होंने मंत्रियों और अधिकारियों को घरेलू प्राथमिकताओं पर ध्यान देने का निर्देश दिया. 

शुरुआत में उन्होंने विदेशी यात्राओं और नेपाल आने वाले विदेशी नेताओं से मुलाकातों पर भी रोक लगा दी थी. हालांकि राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों को इससे छूट थी. बताया जाता है कि उनके कार्यालय ने अप्रैल-मई में नेपाल आए अमेरिकी विशेष दूत सर्जियो गोर के साथ मुलाकात तक तय नहीं की थी.

मई में भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी की प्रस्तावित काठमांडू यात्रा भी नहीं हो पाई. इसकी वजह कथित तौर पर शाह की अनुपलब्धता थी. इससे संकेत मिला कि नेपाल के नए प्रधानमंत्री अपने देश के पारंपरिक राजनीतिक वर्ग की कूटनीतिक परंपराओं का आंख मूंदकर पालन नहीं करेंगे.

भारत के लिए यह दूरी असहज करने वाली थी. नेपाल भारत का एक प्रमुख व्यापारिक और विकास सहयोगी है. वह ऐसा लैड-लॉक्ड पड़ोसी देश भी है जिसकी समुद्र तक पहुंच काफी हद तक भारत के रास्तों पर निर्भर करती है. खुली सीमा, ऊर्जा संबंध और दोनों देशों के बीच गहरे पारिवारिक तथा सांस्कृतिक रिश्ते इस साझेदारी को बेहद अहम बनाते हैं. ऐसे में शाह की नई दिल्ली से दूरी बनाए रखने की कोशिश महज कूटनीतिक शिष्टाचार का मामला नहीं रह गई थी.

विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल
विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल

रिश्तों में सुधार की शुरुआत धीरे-धीरे हुई. जून में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने और विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने नई दिल्ली का दौरा किया और भारतीय नेताओं से मुलाकात की. अगस्त में नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव और भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने शाह से अलग-अलग मुलाकात की. इससे बातचीत के वे रास्ते फिर खुले, जो कुछ समय से बंद थे.

इसी महीने रसुवा-भोटेकोशी में आई भीषण बाढ़ ने द्विपक्षीय सहयोग की जरूरत और बढ़ा दी. इस बाढ़ में बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ और बुनियादी ढांचे को भी भारी क्षति पहुंची. नेपाल को मानवीय और तकनीकी सहायता देने वाले शुरुआती देशों में भारत शामिल था.

अब घोषित 15,000 करोड़ रुपए का पैकेज शाह की यात्रा का सबसे बड़ा वित्तीय नतीजा है. इसके साथ ही सीमा संपर्क, पारगमन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सहयोग को भी आगे बढ़ाया गया है. 

दोनों देशों ने भारत के धारचूला और नेपाल के दार्चुला को जोड़ने वाले मोटर वाहन पुल का उद्घाटन किया. बनबसा में एकीकृत जांच चौकी की आधारशिला रखी गई. वहीं, भैरहवा, सुनौली और दोधारा चांदनी में सुविधाओं के विकास का काम आगे बढ़ रहा है.

ऊर्जा सहयोग के तहत 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना को शामिल किया गया. मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण को राष्ट्र को समर्पित किया गया. इसके अलावा प्रस्तावित सिलीगुड़ी-झापा पाइपलाइन के तहत झापा पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई.

दोनों पक्षों ने मौजूदा एकतरफा B345 काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई मार्ग को दोनों दिशाओं में संचालित करने पर सहमति जताई. हालांकि इसके तौर-तरीकों को अंतिम रूप देने के लिए तकनीकी बातचीत करनी होगी. नागरिक उड्डयन से जुड़े अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा जारी है.

हस्ताक्षर किए गए आठ समझौता ज्ञापनों में फॉरेंसिक विज्ञान, पुलिस प्रशिक्षण, सिविल सेवा क्षमता निर्माण, आयुर्वेद, उपग्रह संचार, सतत शहरी विकास, स्वास्थ्य और पशुधन तथा मत्स्य पालन शामिल हैं. दोनों देशों ने नेपाल में IIT का एक ऑफशोर कैंपस स्थापित करने और स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं तथा नवाचार के क्षेत्र में सहयोग की भी परिकल्पना की है.

10 स्तंभों वाला विजन पारंपरिक बुनियादी ढांचे और सहायता से आगे बढ़कर दोनों देशों के रिश्तों को नया स्वरूप देने की कोशिश है. इसमें AI, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा, जलवायु अनुकूलन, आपदा प्रबंधन, खेल, कृषि अनुसंधान और तकनीक को साझेदारी का हिस्सा बनाया गया है.

समझौतों को लागू करने की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय निगरानी समूह बनाया जाएगा. इसकी अगुवाई नेपाल के विदेश सचिव और भारत के राजदूत करेंगे. यह समूह कम से कम हर छह महीने में एक बार बैठक करेगा. इससे यह स्वीकार किया गया है कि भारत-नेपाल सहयोग में अक्सर घोषणाओं की कमी नहीं रही बल्कि उन्हें जमीन पर उतारने में देरी होती रही है.

चीन फैक्टर अब भी अहम

हालांकि कूटनीतिक गर्मजोशी को रणनीतिक बदलाव नहीं समझना चाहिए. शाह की राष्ट्रवादी छवि पहले से स्थापित है. काठमांडू के मेयर रहते हुए उन्होंने 2023 में अपने कार्यालय में 'ग्रेटर नेपाल' का नक्शा लगाया था. इसे भारत की नई संसद में लगे 'अखंड भारत' के भित्तिचित्र के जवाब के तौर पर देखा गया था.

नई दिल्ली में शाह का गर्मजोशी से स्वागत हो रहा था उसी दौरान चीन का फैक्टर भी साफ नजर आया. राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी का 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल महासचिव बिपिन कुमार आचार्य के नेतृत्व में 15 नवंबर को चीन गया था. यह यात्रा चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के निमंत्रण पर हुई थी. 

रवाना होने से पहले शाह ने प्रतिनिधिमंडल को उन क्षेत्रों पर ध्यान देने की सलाह दी थी, जहां चीन के सहयोग से नेपाल को फायदा हो सकता है. इनमें तकनीक, व्यापार, पर्यटन और कृषि का आधुनिकीकरण शामिल हैं. दोनों देशों के साथ समानांतर संपर्क बनाए रखने की यह कोशिश दिखाती है कि काठमांडू अपने दो ताकतवर पड़ोसियों में से किसी एक को चुनने के बजाय अपनी स्वतंत्र रणनीतिक गुंजाइश बनाए रखना चाहता है.

चीन नेपाल का एक अहम विकास सहयोगी बना हुआ है. उसने हवाई अड्डों, सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में निवेश किया है. लेकिन भौगोलिक स्थिति के लिहाज से भारत के फायदे की बराबरी करना मुश्किल है. भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार और समुद्र तक पहुंच का प्रमुख रास्ता है. उसका बाजार, ऊर्जा बुनियादी ढांचा और सांस्कृतिक जुड़ाव नेपाल के आर्थिक तथा सामाजिक जीवन का अहम हिस्सा हैं.

ऐसे में शाह के लिए राष्ट्रवादी राजनीति के बावजूद नई दिल्ली के साथ कामकाजी रिश्ते बनाए रखना व्यावहारिक जरूरत है. भारत के लिए भी नेपाल के नए प्रधानमंत्री को अपने साथ जोड़कर रखना उतना ही अहम है. चुनौती यह सुनिश्चित करने की है कि भारत के ऐतिहासिक और भौगोलिक फायदे ऐसी साझेदारी में बदलें जिसे नेपाल की युवा पीढ़ी सम्मानजनक, उपयोगी और दोनों देशों के लिए फायदेमंद माने.

भले ही इसे रणनीतिक बदलाव न कहा जा सके लेकिन शाह की भारत यात्रा ने एक अहम उपलब्धि हासिल की है. इस यात्रा ने दोनों देशों के बीच दिख रही दूरी की जगह राजनीतिक गर्मजोशी, आर्थिक प्रतिबद्धताओं और सहयोग के एक ढांचे ने ले ली है. हालांकि सीमा विवाद, जल बंटवारे और बेहतर हवाई संपर्क की नेपाल की मांग जैसे मुद्दों पर अभी काम होना बाकी है.

असली परीक्षा इस बात की होगी कि घोषित परियोजनाएं पिछली प्रतिबद्धताओं के मुकाबले कितनी तेजी से पूरी होती हैं. साथ ही दोनों देश उन मतभेदों को कितना दूर कर पाते हैं, जिनकी वजह से उनके रिश्तों में बार-बार तनाव पैदा हुआ है. 

मोदी और शाह की मुलाकात से भारत और नेपाल के बीच फिर से गर्मजोशी लौटी है. लेकिन यह रिश्ता स्थाई साझेदारी में बदल पाएगा या नहीं, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि कैमरों के हटने के बाद दोनों देश क्या कदम उठाते हैं.

ADVERTISEMENT
Advertisement