
संसद की पिछली बैठक के तीन महीने से ज्यादा समय बाद नरेंद्र मोदी सरकार ने सांसदों को एक बेहद संक्षिप्त, लेकिन महत्वपूर्ण विधायी कामकाज के लिए फिर से बुलाने का फैसला किया है. 26 नवंबर को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने घोषणा की कि लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी. इसका मकसद ‘सरकार के जरूरी कामकाज’ निपटाना है. दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर को समाप्त होने की उम्मीद है.
इसे भले ही विशेष सत्र कहा जा रहा हो लेकिन तकनीकी रूप से यह मानसून सत्र का ही विस्तार है. मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ था और 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था. संसदीय परंपरा से हटकर इस सत्र को औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया था.
अनिश्चितकाल के लिए स्थगन का मतलब है कि सदन की बैठक बिना अगली बैठक की तारीख तय किए अनिश्चित समय के लिए स्थगित कर दी जाती है. वहीं सत्रावसान का मतलब संसदीय सत्र को औपचारिक रूप से समाप्त करना है.
यह संविधान के अनुच्छेद 85(2) के तहत राष्ट्रपति के आदेश से होता है. राष्ट्रपति यह आदेश सरकार की सलाह पर जारी करते हैं. मानसून सत्र को तकनीकी रूप से 100 दिनों से ज्यादा समय तक जारी रखकर सरकार ने कम समय के नोटिस पर संसद की बैठक दोबारा बुलाने का विकल्प खुला रखा.
हालांकि विधायी कामकाज का एजेंडा अभी आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं किया गया है (रिपोर्ट लिखे जाने तक) लेकिन माना जा रहा है कि सरकार अप्रैल में संसद में अटके तीन आपस में जुड़े विधेयकों को फिर से लाएगी. इस बार परिसीमन के फॉर्मूले में एक अहम बदलाव होगा. ये विधेयक हैं- संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026 का संशोधित प्रारूप, परिसीमन विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026.

ये तीनों विधेयक 16 से 18 अप्रैल तक चली तीन दिवसीय बैठक के दौरान पेश किए गए थे. इस बैठक के लिए बजट सत्र को आगे बढ़ाया गया था. इन विधेयकों का घोषित मकसद महिला आरक्षण को जल्द लागू करना था.
सितंबर 2023 में सर्वसम्मति से पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित की गई हैं. लेकिन इस आरक्षण को अगली जनगणना के बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ा गया है. इस कानून को 16 अप्रैल 2026 को अधिसूचित किया गया था. जनगणना 2027 की प्रक्रिया अभी जारी है. ऐसे में महिला आरक्षण 2029 के लोकसभा चुनाव के बाद ही लागू हो पाता.
सरकार ने इसका समाधान पहले परिसीमन कराने के रूप में निकाला. प्रस्तावित संशोधन के तहत लोकसभा की अधिकतम सीटों की संख्या 550 से बढ़ाकर 850 की जानी थी. इनमें राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें होतीं. इसके साथ ही 1976 से लागू सीटों के आवंटन पर लगी रोक हटाई जानी थी.
इससे परिसीमन आयोग को 2027 की जनगणना का इंतजार करने के बजाय 2011 की जनगणना के आधार पर सीटों का पुनर्वितरण करने की अनुमति मिल जाती. करीब 283 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होतीं और इनका आवंटन अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में बारी-बारी से किया जाता.
विपक्ष को महिला आरक्षण पर कोई आपत्ति नहीं थी. उसकी आपत्ति आधार वर्ष को लेकर थी. 2011 की जनसंख्या के आंकड़ों के आधार पर सीटें आवंटित करने से उन राज्यों को फायदा होता जहां जनसंख्या सबसे तेजी से बढ़ी है. वहीं, जन्म दर कम करने वाले दक्षिणी राज्यों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व तुलनात्मक रूप से घट जाता. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सदन को भरोसा दिलाया था कि हर राज्य की सीटें 50 फीसदी बढ़ेंगी. लेकिन इस आश्वासन को विधेयक में शामिल नहीं किया गया था.
17 अप्रैल को विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े. उस समय 528 सदस्य मौजूद थे और उन्होंने मतदान किया था. विधेयक को पारित होने के लिए 352 वोटों की जरूरत थी. इस तरह यह 54 वोटों से पीछे रह गया. उसी शाम रिजिजू ने बाकी दोनों विधेयक वापस ले लिए. मोदी सरकार के कार्यकाल में पहली बार कोई संविधान संशोधन विधेयक संसद में पारित नहीं हो पाया था.
दूसरी कोशिश
इस बार विधेयक में ही बदलाव किया जा रहा है. केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक 27 नवंबर को हुई है. इसमें संशोधनों को मंजूरी दी गई है. संशोधित विधेयक में स्पष्ट प्रावधान होगा कि हर राज्य की लोकसभा सीटें समान रूप से 50 फीसदी बढ़ाई जाएंगी. राज्यों के बीच सीटों के आवंटन का आधार 1971 की जनगणना बनाए रखने वाली रोक को अगले 25 साल के लिए बढ़ाया जाएगा. 2011 की जनगणना का इस्तेमाल सिर्फ हर राज्य के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं दोबारा तय करने के लिए होगा.
प्रस्तावित फॉर्मूला संसद की ओर से संविधान (84वां संशोधन) अधिनियम, 2001 में अपनाए गए सिद्धांत पर आधारित है. इसके तहत राज्यों के बीच सीटों के आवंटन पर लगी रोक को बढ़ाया गया था जबकि नई जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने की अनुमति दी गई थी. अगर विधेयक का अंतिम प्रारूप यही रहता है तो सरकार अप्रैल में विपक्ष की सबसे बड़ी आपत्ति मान लेगी.
सभी राज्यों में समान रूप से सीटें बढ़ाने से लोकसभा में हर राज्य की मौजूदा हिस्सेदारी मोटे तौर पर बरकरार रहेगी. हालांकि सीटों की संख्या को पूर्णांक में तय करने और केंद्र शासित प्रदेशों को सीटें देने के कारण इसमें थोड़ा अंतर हो सकता है. राज्यों की सीटें तो बढ़ेंगी लेकिन जनसंख्या के आधार पर उनके बीच राजनीतिक ताकत का पुनर्वितरण नहीं होगा.
इसलिए संसद की बैठक दोबारा बुलाने का फैसला अप्रैल के बाद हुए दो बदलावों को दिखाता है. सरकार एक तरफ विपक्ष की उस मूल आपत्ति को दूर करने की कोशिश कर रही है जिस पर अप्रैल में ज्यादातर विपक्षी दल एकजुट थे. दूसरी तरफ संसद में दलों के बीच बदले समीकरणों से सरकार की संख्यात्मक स्थिति बेहतर हुई है.

हालांकि ये बदलाव संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी बहुमत जुटाने में कितने कारगर होंगे, यह विधेयक के अंतिम प्रारूप, कई क्षेत्रीय दलों के समर्थन और सबसे अहम, वास्तव में मतदान करने वाले सांसदों की संख्या पर निर्भर करेगा.
संविधान के अनुच्छेद 368 के तहत परिसीमन को आसान बनाने के लिए प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक को संसद के दोनों सदनों में एक साथ दो शर्तें पूरी करनी होंगी. पहली, सदन की कुल सदस्य संख्या के बहुमत का समर्थन मिलना चाहिए. दूसरी मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों में से कम से कम दो-तिहाई का समर्थन जरूरी है.
लोकसभा में 543 सीटें हैं, जिनमें से फिलहाल तीन खाली हैं. सदन के 540 सदस्यों में से स्पीकर आमतौर पर मतदान नहीं करते. अगर बाकी सभी 539 सांसद मतदान करते हैं तो सरकार को विधेयक के पक्ष में 360 वोट जुटाने होंगे.
लेकिन 360 का आंकड़ा स्थाई नहीं है. सांसदों के अनुपस्थित रहने या मतदान से दूर रहने पर जरूरी बहुमत का आंकड़ा घट जाता है. अप्रैल में 528 सांसदों ने मतदान किया था. उस समय सरकार को 352 वोटों की जरूरत थी.
इस अंतर को समझना सरकार के नए भरोसे की वजह जानने के लिए अहम है. BJP को जरूरी नहीं कि 360 सांसदों का समर्थन जुटाना ही पड़े. वह विपक्षी सांसदों के मतदान से दूर रहने और विधेयक के पक्ष में अतिरिक्त वोट जुटाने के मेल से भी जरूरी बहुमत हासिल कर सकती है.
अप्रैल के बाद क्या बदला?
सबसे बड़ा बदलाव BJP के भीतर नहीं बल्कि विपक्ष के भीतर हुआ है. अप्रैल के बाद से दो प्रमुख विपक्षी दलों के कम से कम 26 लोकसभा सांसद सत्तारूढ़ खेमे के करीब आए हैं. तृणमूल कांग्रेस के 28 लोकसभा सांसदों में से 20 ने ममता बनर्जी की पार्टी से अलग होकर नेशनल सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) से नाता जोड़ लिया है. उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को समर्थन देने का वादा किया है.
महाराष्ट्र में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नौ सांसदों में से छह एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में चले गए. इससे शिंदे गुट के सांसदों की संख्या सात से बढ़कर 13 हो गई. BJP ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल के साथ अपना गठबंधन भी फिर से बहाल कर लिया है. इससे अकाली दल की एकमात्र लोकसभा सांसद हरसिमरत कौर बादल का समर्थन मिलने की संभावना है.
अपने पुराने सहयोगियों, तृणमूल से अलग हुए सांसदों और अकाली दल के सांसद को मिलाकर सरकार लोकसभा में स्पीकर समेत करीब 319 सदस्यों का समर्थन हासिल कर सकती है. इसका मतलब है कि उसे 318 वोट मिल सकते हैं. अगर सभी पात्र सांसद मतदान करते हैं, तो 360 के जरूरी आंकड़े तक पहुंचने के लिए उसे 42 और वोटों की जरूरत होगी.
DMK के पास है चाबी
परिसीमन के फॉर्मूले में प्रस्तावित बदलाव अप्रैल में विधेयक का विरोध करने वाली दो पार्टियों के लिए और भी अहम साबित हो सकता है. लोकसभा में 22 सांसदों वाली द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) सरकार के पक्ष में सबसे बड़ा संभावित समर्थन दे सकती है.
अप्रैल में DMK प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का सबसे मुखर विरोध करने वाले दलों में शामिल थी. तमिलनाडु में सत्तारूढ़ पार्टी होने के नाते उसने ऐसे किसी भी सीट पुनर्वितरण का विरोध किया था, जिससे दक्षिणी राज्यों का राजनीतिक प्रभाव कम होता.
लेकिन तब से राजनीतिक परिस्थितियां बदल गई हैं. DMK तमिलनाडु की सत्ता गंवा चुकी है. कांग्रेस के साथ उसके रिश्ते भी खराब हुए हैं. इसकी वजह कांग्रेस का अभिनेता-राजनेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) की सरकार में शामिल होने का फैसला है. इसके बाद से DMK ने विपक्षी गठबंधन INDIA से दूरी बना ली है.

DMK के वरिष्ठ नेताओं ने संकेत दिए हैं कि अगर तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में मौजूदा हिस्सेदारी को कानूनी सुरक्षा दी जाती है तो पार्टी परिसीमन का समर्थन कर सकती है. प्रस्तावित संशोधन इसी मांग को पूरा करेगा. तमिलनाडु की लोकसभा में फिलहाल 39 सीटें हैं. 543 सदस्यीय सदन में उसकी हिस्सेदारी करीब 7.18 फीसदी है.
सभी राज्यों की सीटें 50 फीसदी बढ़ाने के फॉर्मूले के तहत तमिलनाडु को करीब 59 सीटें मिल सकती हैं. हालांकि, अंतिम संख्या सीटों के निर्धारण के फॉर्मूले पर निर्भर करेगी. अगर लोकसभा का विस्तार करीब 815 सीटों तक होता है तो तमिलनाडु का राजनीतिक महत्व लगभग पहले जैसा ही बना रहेगा.
DMK के लिए इस फॉर्मूले का समर्थन करना अपनी पुरानी स्थिति से पीछे हटना नहीं होगा. उसकी मुख्य आपत्ति राज्यों के बीच राजनीतिक ताकत के पुनर्वितरण को लेकर थी. उसे संसद का आकार बढ़ाने पर जरूरी तौर पर कोई आपत्ति नहीं थी.
अगर सरकार की ओर से दिया गया प्रस्तावित आश्वासन विधेयक में शामिल होता है, तो DMK संघवाद के अपने मुद्दे से समझौता किए बिना इसका समर्थन कर सकती है. इससे पार्टी यह भी दिखा सकेगी कि तमिलनाडु की सत्ता से बाहर होने के बावजूद केंद्र सरकार ने उसकी उठाई मांग मान ली है.
पवार फैक्टर
BJP के लिए समर्थन जुटाने का दूसरा अहम रास्ता राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) हो सकती है. लोकसभा में इस पार्टी के आठ सांसद हैं. पार्टी नेता सुप्रिया सुले ने संकेत दिए हैं कि अगर विधेयक राज्यों के हितों की रक्षा करता है और संसद में प्रतिनिधित्व का समान विस्तार सुनिश्चित करता है, तो उनकी पार्टी इसका समर्थन करने पर विचार कर सकती है. DMK की तरह एनसीपी (एसपी) भी यह कहकर मुद्दे के आधार पर समर्थन को सही ठहरा सकती है कि प्रस्तावित समान विस्तार उसकी मूल आपत्तियों को दूर करता है.
समर्थन का एक और संभावित स्रोत युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (YSRCP) है. लोकसभा में इसके चार सांसद हैं. आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी की पार्टी एनडीए और INDIA, दोनों गठबंधनों से बाहर है. अतीत में वह कुछ विधायी मुद्दों पर केंद्र सरकार का समर्थन करती रही है.
DMK, एनसीपी (एसपी) और YSRCP के पास लोकसभा में कुल 34 सांसद हैं. इनका समर्थन मिलने पर स्पीकर समेत सरकार के पक्ष में 353 सदस्य हो सकते हैं. यानी उसे 352 वोट मिल सकते हैं.
समर्थन के बाकी संभावित स्रोत छोटी पार्टियां और निर्दलीय सांसद हैं. इनमें मिजोरम की जोराम पीपुल्स मूवमेंट और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) शामिल हैं. दोनों के पास एक-एक सांसद है. इसके अलावा कई निर्दलीय सांसद भी हैं, जिनकी राजनीतिक स्थिति अलग-अलग है.
अगर BJP को 352 से ज्यादा वोट नहीं भी मिलते हैं तब भी संविधान संशोधन विधेयक पारित हो सकता है. इसके लिए विधेयक के विरोध में खड़े 11 सांसदों को अनुपस्थित रहना होगा या मतदान से दूर रहना होगा. इससे मतदान करने वाले सांसदों की संख्या 539 से घटकर 528 हो जाएगी और दो-तिहाई बहुमत का जरूरी आंकड़ा 352 पर आ जाएगा.
98 सांसदों वाली कांग्रेस और 37 सांसदों वाली समाजवादी पार्टी इस पूरी कवायद में सबसे बड़ी संसदीय बाधा बनी हुई हैं. वे अपने सांसदों की उपस्थिति सुनिश्चित कर पाती हैं या नहीं, पार्टी अनुशासन बनाए रखती हैं या नहीं और बाकी विपक्षी दलों के साथ मतदान का तालमेल बिठा पाती हैं या नहीं, इसी से तय होगा कि सरकार अपनी बढ़ी हुई संख्यात्मक ताकत को संवैधानिक बहुमत में बदल पाती है या नहीं.
राज्यसभा की चुनौती
अप्रैल में विधेयक लोकसभा में गिरा था. इसलिए ज्यादातर चर्चा इसी सदन को लेकर हो रही है. लेकिन लोकसभा से पारित होना इस प्रक्रिया का सिर्फ पहला चरण होगा. संविधान संशोधन विधेयक को राज्यसभा में भी स्वतंत्र रूप से विशेष बहुमत हासिल करना होगा. सामान्य विधेयक के उलट दोनों सदनों के बीच मतभेद होने पर संयुक्त बैठक बुलाकर इसका समाधान नहीं किया जा सकता.
राज्यसभा में 245 सदस्य हैं. अगर लगभग सभी सदस्य मतदान करते हैं तो दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा 162 से 164 के बीच होगा. यह रिक्त सीटों और मतदान में हिस्सा लेने वाले सदस्यों की वास्तविक संख्या पर निर्भर करेगा.
फिलहाल एनडीए के पास 152 सीटें हैं. DMK के आठ, YSRCP के चार और एनसीपी (एससीपी) के एक सदस्य का समर्थन मिलने पर यह संख्या 165 हो जाएगी. यानी जरूरी बहुमत से अधिक. बीजू जनता दल (BJD) के पांच सांसद भी विधेयक का समर्थन कर सकते हैं. इससे सरकार को अतिरिक्त मजबूती मिलेगी.
एक और संवैधानिक चुनौती है जिस पर अपेक्षाकृत कम ध्यान दिया गया है. संविधान के अनुच्छेद 368 के तहत संसद में राज्यों के प्रतिनिधित्व को प्रभावित करने वाले संशोधनों को राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने से पहले कम से कम आधे राज्यों की विधानसभाओं से मंजूरी मिलना जरूरी है.
प्रस्तावित संशोधन में अनुच्छेद 81 और संसद में प्रतिनिधित्व से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों को बदलने की मांग की गई है. ऐसे में भारत के 28 राज्यों में से कम से कम 14 की विधानसभाओं की मंजूरी जरूरी होगी. राज्य सरकारों में एनडीए की व्यापक मौजूदगी को देखते हुए यह चुनौती संसद में दो-तिहाई बहुमत जुटाने के मुकाबले आसान हो सकती है. लेकिन यह संवैधानिक प्रक्रिया का अनिवार्य चरण है.
शीतकालीन सत्र का इंतजार क्यों नहीं?
सरकार ने विधेयक लाने के लिए जिस समय और प्रक्रिया को चुना है वह भी उतना ही अहम है जितना कि खुद विधेयक. संसद का शीतकालीन सत्र आमतौर पर नवंबर या दिसंबर में होता है. उदाहरण के लिए, 2025 में यह सत्र 1 से 19 दिसंबर तक चला था.
सरकार मानसून सत्र का सत्रावसान कराकर राष्ट्रपति से संसद की नई बैठक बुलाने का अनुरोध कर सकती थी. इसके बाद नियमित शीतकालीन सत्र में विधेयक पेश किया जा सकता था. लेकिन उसने 13 अगस्त को स्थगित किए गए सत्र को ही दोबारा शुरू करने का फैसला किया है. इसके पीछे कई संभावित वजहें हो सकती हैं.
पहली वजह प्रक्रिया को आसान बनाना है. नियमित संसदीय सत्र बुलाने के लिए आमतौर पर करीब दो सप्ताह पहले सूचना देनी होती है. लेकिन जिस सत्र का सत्रावसान नहीं हुआ हो उसे दोबारा बुलाने से लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा के सभापति सांसदों को काफी कम समय में वापस बुला सकते हैं. लोकसभा की कार्यवाही और कामकाज संचालन के नियमों का नियम 15 स्पीकर को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के बाद सदन की बैठक दोबारा बुलाने का अधिकार देता है.
दूसरी वजह विधायी कामकाज के समय पर नियंत्रण रखना है. सिर्फ सरकार के तय किए गए कामकाज के लिए छोटा सत्र बुलाने से सरकार किसी खास विधायी मकसद पर संसदीय समय केंद्रित कर सकती है. नियमित सत्र में आमतौर पर कई दूसरे मुद्दों पर भी चर्चा होती है और विपक्ष अलग-अलग विषय उठाता है.
विपक्ष के पास कई ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर वह सरकार को घेरना चाहता है. इनमें मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और निर्वाचन आयोग के कामकाज से जुड़ा विवाद शामिल है. संसद का कार्यक्रम सीमित रखने से इन मुद्दों पर चर्चा के लिए मिलने वाला समय कम हो सकता है. हालांकि यह इस बात पर निर्भर करेगा कि पीठासीन अधिकारी आखिरकार किन मुद्दों को कार्यसूची में शामिल करने की अनुमति देते हैं.
तीसरी वजह सरकार के संख्यात्मक समर्थन की अस्थायी प्रकृति हो सकती है. क्षेत्रीय दलों के साथ समर्थन को लेकर हो रही बातचीत शर्तों पर आधारित है. यह खास मुद्दों तक सीमित है और राजनीतिक घटनाक्रम से प्रभावित हो सकती है. ऐसे में सहमति बनने के बाद सरकार के पास जल्द से जल्द मतदान कराने की वजह हो सकती है. उसे आशंका हो सकती है कि नए राजनीतिक दबाव या बातचीत से ये समीकरण बदल सकते हैं.
दोनों सदनों की बैठक अलग-अलग तारीखों पर बुलाना भी ध्यान देने लायक है. लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को होगी. इससे सरकार को 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक शुरू होने से पहले मुख्य विधायी चुनौती से निपटने के लिए दो दिन मिलेंगे. यह क्रम विधेयक को तेजी से दोनों सदनों से पारित कराने की मंशा के अनुरूप है. हालांकि इससे यह साबित नहीं होता कि सरकार का आधिकारिक एजेंडा क्या होगा.
सरकार ने यह घोषणा नहीं की है कि नियमित शीतकालीन सत्र रद्द कर दिया जाएगा. उसके पास 3 दिसंबर के बाद मानसून सत्र का सत्रावसान करने और फिर अलग से शीतकालीन सत्र बुलाने का विकल्प बना रहेगा.

