scorecardresearch
डार्क मोड

कच्चे तेल की कीमतों आ रही गिरावट का फायदा आम भारतीयों तक पहुंचेगा?

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत तीन महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई है. इससे भारत के तेल आयात बिल और रुपए को राहत मिलने की उम्मीद है

Higher crude prices are clouding the inflation outlook, with Brent above $100 a barrel and BNP Paribas flagging oil and commodity inflation as a near-term risk for India.
24 नवंबर को ब्रेंट क्रूड की कीमत 89.30 डॉलर प्रति बैरल हो गई (सांकेतिक तस्वीर)
अपडेटेड 26 नवंबर , 2026

अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के दौरान होर्मुज स्ट्रेट में सैन्य तनाव बना हुआ है. इसके बावजूद ब्रेंट क्रूड की कीमतें पिछले तीन महीनों के सबसे निचले स्तर पर आ गईं. 24 नवंबर को ब्रेंट क्रूड की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे गिरकर 89.3 डॉलर पर पहुंच गई. इसी दौरान तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आए और उनमें आग लग गई. ईरानी बलों ने जहाजों को इस क्षेत्र में 'अनधिकृत' रास्तों का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी.

तेल की कीमतों में यह गिरावट ऐसे समय आई है जब खाड़ी क्षेत्र से तेल की आपूर्ति लगातार बनी हुई है. मीडिया रिपोर्टों में तेल की आपूर्ति के 'रिकॉर्ड' स्तर पर पहुंचने की बात कही गई है. इसकी बड़ी वजह वैकल्पिक समुद्री रास्ते और जहाजों के बीच तेल का हस्तांतरण है. इस प्रक्रिया में समुद्र में एक-दूसरे के बगल में खड़े दो जहाजों के बीच माल स्थानांतरित किया जाता है. 

ऐसा बंदरगाहों पर लगने वाली बाधाओं से बचने के लिए किया जाता है. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक टैंकर अपनी पहचान बताने वाले ट्रांसपोंडर बंद कर रहे हैं या जहाजों के बीच तेल का हस्तांतरण कर रहे हैं. इससे तेल के मूल स्रोत और गंतव्य को छिपाने में मदद मिलती है.

होर्मुज स्ट्रेट से अक्टूबर में हर दिन औसतन करीब 1.1 करोड़ बैरल कच्चे तेल की आपूर्ति हुई. यह सितंबर के मुकाबले महज 2 फीसदी कम थी. ऐसा तब हुआ जब उस महीने कम से कम 30 जहाजों पर हमले हुए. मध्य पूर्व से कच्चे तेल का निर्यात 1.89 करोड़ बैरल प्रतिदिन (bpd) रहा. यह 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने से पहले के तीन महीनों के औसत 1.86 करोड़ बैरल प्रतिदिन से अधिक था.

होर्मुज में जहाजों पर हमले थमे नहीं हैं लेकिन सप्लाई भी लगातार जारी है (सांकेतिक तस्वीर)
होर्मुज में जहाजों पर हमले थमे नहीं हैं लेकिन सप्लाई भी लगातार जारी है (सांकेतिक तस्वीर)

तेल की कीमतों में नरमी की एक वजह हाल ही में अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनावों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को मिली करारी हार भी है. माना जा रहा है कि पार्टी के खराब प्रदर्शन के पीछे कई कारण हैं. इनमें बढ़ती कीमतें और महंगा होता जीवनयापन शामिल हैं. इनकी एक बड़ी वजह ईरान के साथ युद्ध को माना जा रहा है. 

यह संघर्ष अमेरिका के अनुमान से कहीं अधिक लंबा खिंच गया है. दूसरी ओर होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर ईरान के जवाबी हमलों और मध्य पूर्व में अमेरिका के सहयोगी देशों के सैन्य तथा ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाए जाने से युद्ध के शुरुआती हफ्तों में ऊर्जा आपूर्ति बाधित हुई. इससे दुनिया भर में महंगाई बढ़ी और तेल तथा गैस की कमी पैदा हुई.

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक समुद्री मार्गों में से एक है. इसे 'चोक पॉइंट' (ऐसा संकरा रास्ता जहां से आपूर्ति बाधित होने का खतरा रहता है) कहा जाता है. दुनिया में इस्तेमाल होने वाले कुल तेल का एक चौथाई और वैश्विक तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) की एक तिहाई आपूर्ति इसी रास्ते से होती है.

मध्यावधि चुनावों में ट्रंप को मिले झटके के बाद ईरान को लेकर उनके रुख में नरमी आने की उम्मीद है. अमेरिकी नौसेना की सुरक्षा में अंतरराष्ट्रीय टैंकर अब भी होर्मुज स्ट्रेट से तेल की आपूर्ति कर रहे हैं. हालांकि संघर्ष अब लाल सागर तक फैल गया है. पिछले कुछ हफ्तों में ईरान समर्थित हूती विद्रोही और सऊदी अरब के नेतृत्व वाला गठबंधन आमने-सामने आ गए हैं.

इस बीच कतर अमेरिका और ईरान को फिर से बातचीत की मेज पर लाने की कोशिश कर रहा था. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी ने 24 नवंबर को वॉशिंगटन में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ अलग-अलग बैठकें कीं.

किसी भी शांति समझौते से पश्चिम एशिया से तेल की सामान्य आपूर्ति बहाल करने में मदद मिलेगी. इससे वैश्विक आपूर्ति को लेकर चिंताएं भी कम होंगी. विशेषज्ञों का कहना है कि समझौते की उम्मीद ने कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव कम किया है.

कच्चे तेल की कीमतों में नरमी भारत के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है. भारत हाल के दिनों में बढ़ती महंगाई से जूझ रहा है. इसकी एक वजह आयातित कच्चे तेल की ऊंची कीमतें भी हैं. अक्टूबर में महंगाई दर दो साल में पहली बार 6 फीसदी से ऊपर पहुंच गई. यह भारतीय रिजर्व बैंक की महंगाई की स्वीकार्य सीमा का ऊपरी स्तर है.

वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का कच्चे तेल का आयात बिल 11.15 लाख करोड़ रुपए रहा. केंद्र सरकार के पेट्रोलियम योजना एवं विश्लेषण प्रकोष्ठ के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के बीच ही भारत का तेल आयात बिल करीब 10.5 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है.

बैंक ऑफ बड़ौदा की अर्थशास्त्री दीपन्विता मजूमदार ने 12 नवंबर की एक रिपोर्ट में कहा, "अगर चालू वित्त वर्ष के बाकी महीनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें 10 फीसदी गिरती हैं तो भारत के तेल आयात बिल में 9 से 10 अरब डॉलर (83,561 करोड़ से 92,845 करोड़ रुपए) की बचत हो सकती है."

उनके मुताबिक, "इसके साथ ही पूंजी का प्रवाह फिर शुरू होने से निकट भविष्य में रुपए को मजबूती मिलने की उम्मीद है."

हाल के हफ्तों में रुपए में मजबूती आई है. 24 नवंबर तक एक डॉलर की कीमत 92.84 रुपए थी. मजूमदार ने कहा कि तेल की कीमतों में गिरावट का उपभोक्ता मूल्य महंगाई पर बहुत ज्यादा असर पड़ने की संभावना नहीं है. उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा, "एलपीजी, पेट्रोल और डीजल जैसे तेल की कीमतों से प्रभावित होने वाले उत्पादों के दाम मोटे तौर पर सरकार के नियंत्रण में हैं."

उदाहरण के लिए रेस्तरां में खाने की कीमतों में बदलाव की उम्मीद नहीं है. इसकी वजह यह है कि मेन्यू में दर्ज कीमतें आमतौर पर स्थिर रहती हैं. तेल की कीमतों में अस्थाई गिरावट का उन पर असर पड़ने की संभावना कम है.

ADVERTISEMENT
Advertisement