scorecardresearch
डार्क मोड

अरुणाचल की सीमा पर दबाव बनाने के लिए चीन ने कैसे बदली सैन्य रणनीति?

चीन ने तिब्बत में सैन्य ठिकानों, सड़क और रेल नेटवर्क के साथ हवाई बुनियादी ढांचे का भी विस्तार किया है. इससे वह जरूरत पड़ने पर अरुणाचल सीमा पर तेजी से अतिरिक्त सैनिक और सैन्य संसाधन पहुंचाने की क्षमता बढ़ा रहा है

Chinese exercise photos
नियंत्रण रेखा के पास चीन का सैन्य अभ्यास (फाइल फोटो)
अपडेटेड 9 नवंबर , 2026

अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास चीन की सैन्य बढ़त सिर्फ सीमा के नजदीक तैनात सैनिकों की संख्या तक सीमित नहीं है. उसकी असली ताकत सैनिकों को तेजी से अतिरिक्त मदद पहुंचाने, सैन्य अभियान जारी रखने और तिब्बती पठार में फैले बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल करने की क्षमता में है.

मौजूदा सैन्य स्थिति का मतलब यह जरूरी नहीं है कि बड़े पैमाने पर संघर्ष होने वाला है. हालांकि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने एक बहुस्तरीय सैन्य व्यवस्था तैयार की है. इससे बीजिंग भारत पर दबाव बनाए रख सकता है, उसकी रक्षा तैयारियों को परख सकता है और मौजूदा सीमा प्रबंधन तंत्र की सीमाओं को आजमा सकता है.

अरुणाचल प्रदेश नई दिल्ली के लिए रणनीतिक चिंता का एक और केंद्र बनकर उभर रहा है. सीमा के कुछ हिस्सों में आमने-सामने की घटनाओं और चीन की नए सिरे से बढ़ी गतिविधियों से साफ है कि स्थिति अब भी कितनी नाजुक है. 

पूर्वी लद्दाख के उलट, जहां 2020 में गलवान झड़प के बाद लंबे समय तक सैन्य गतिरोध बना रहा, अरुणाचल की चुनौतियां अलग हैं. यहां दुर्गम पहाड़ियां, मुश्किल रसद व्यवस्था और दूर-दूर तक फैली सीमावर्ती बस्तियां सैन्य आवाजाही और सैनिकों को जरूरी सामान पहुंचाने का काम कठिन बनाती हैं. तिब्बत में चीन का बढ़ता सैन्य बुनियादी ढांचा सुरक्षा चुनौती को और बढ़ाता है.

PLA की सैन्य व्यवस्था के केंद्र में कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड (CAB) है. यह उसकी प्रमुख युद्धक इकाई है. इन ब्रिगेडों में पैदल सेना के साथ तोपखाने, बख्तरबंद वाहन, हवाई रक्षा, निगरानी, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और रसद से जुड़ी इकाइयां शामिल होती हैं. सैन्य जरूरतों के हिसाब से इन्हें हल्के, मध्यम या भारी सैन्य गठन के रूप में संगठित किया जाता है. 

चीन ने तिब्बत में सैन्य इकाइयों की तैनाती की है (सांकेतिक तस्वीर)
चीन ने तिब्बत में सैन्य इकाइयों की तैनाती की है (सांकेतिक तस्वीर)

एक सामान्य ब्रिगेड में करीब 4,500 से 5,000 सैनिक होने का अनुमान है. इनका ढांचा ऐसा है कि PLA अलग-अलग अभियानों और भौगोलिक परिस्थितियों के मुताबिक अपनी सैन्य ताकत को तैयार कर सकती है. इसमें हिमालयी सीमा पर ऊंचाई वाले इलाकों में सैन्य अभियान भी शामिल हैं.

पूर्वी क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास चीन की तैनाती एक बहुस्तरीय व्यवस्था पर आधारित है. सीमा सुरक्षा इकाइयां सीमा के पास अग्रिम मोर्चे पर तैनात रहती हैं, जबकि तिब्बत सैन्य जिला (तिब्बत मिलिटरी डिस्ट्रिक्ट) के तहत आने वाली सैन्य इकाइयां पीछे रहकर अभियान को मजबूती देती हैं. 

जरूरत पड़ने पर पश्चिमी थिएटर कमांड से अतिरिक्त सैनिकों को रोटेशन के आधार पर या संकट के समय भेजा जा सकता है. इस व्यवस्था से बीजिंग अपनी पूरी युद्धक ताकत को स्थाई रूप से वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास तैनात किए बिना भारत पर दबाव बनाए रख सकता है. साथ ही, जरूरत पड़ने पर सीमा पर अपनी सैन्य मौजूदगी तेजी से बढ़ाने की क्षमता भी उसके पास रहती है.

तिब्बत सैन्य जिले से जुड़ी 52वीं, 53वीं और 54वीं कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड का जिक्र पूर्वी क्षेत्र में चीन की सैन्य स्थिति के आकलन में होता रहा है. ये क्रमशः याडोंग-शिगात्से, न्यिंगची-बायी और ल्हासा क्षेत्रों में बताई जाती हैं. 77वीं ग्रुप आर्मी से जुड़ी इकाइयों समेत अन्य सैन्य बल भी अतिरिक्त मदद के विकल्प के तौर पर मौजूद हो सकते हैं. हालांकि इनकी तैनाती को लेकर पहले आई खबरों को मौजूदा तैनाती की पक्की जानकारी नहीं मानना चाहिए.

भारतीय सेना की वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 चीन की व्यापक सैन्य स्थिति को समझने के लिए अहम जानकारी देती है. रिपोर्ट के आकलन के मुताबिक PLA ने 2025 के दौरान उत्तरी सीमाओं पर अपनी तैनाती कम की. इसके बावजूद वास्तविक नियंत्रण रेखा पर कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड के आकार वाली 10 सैन्य टुकड़ियां और पारंपरिक प्रशिक्षण क्षेत्रों में इतनी ही 10 टुकड़ियां तैनात रखीं. 

ये आंकड़े भारत-चीन की पूरी सीमा से जुड़े हैं. इन्हें सिर्फ अरुणाचल प्रदेश की तैनाती से जोड़कर नहीं देखा जा सकता. रिपोर्ट में भारतीय सेना की विभिन्न क्षेत्रों में तैनाती को भी मजबूत, उचित स्थिति में और उभरती चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार बताया गया है.

भारतीय सेना ने भी अरुणाचल में अपनी सैन्य तैयारियों को तेजी से मजबूत किया है (सांकेतिक तस्वीर)
भारतीय सेना ने भी अरुणाचल में अपनी तैयारियों को तेजी से मजबूत किया है (सांकेतिक तस्वीर)

हालांकि चीन की सैन्य तैनाती में कमी को उसकी सैन्य क्षमता में कमी नहीं समझना चाहिए. तिब्बत में चीन का व्यापक सड़क, रेल और हवाई ढांचा PLA को मजबूत रसद व्यवस्था और अग्रिम मोर्चों तक अतिरिक्त सैन्य मदद पहुंचाने की क्षमता देता है. 

पीछे के सैन्य ठिकानों से सीमा तक सैनिकों, हथियारों और जरूरी सामान को पहुंचाने की गति किसी संकट के दौरान निर्णायक साबित हो सकती है. हालांकि, अतिरिक्त सैनिकों को पहुंचाने में लगने वाला वास्तविक समय इलाके की भौगोलिक स्थिति, मौसम, दूरी और सैन्य परिस्थितियों पर निर्भर करेगा.

दूसरी ओर, भारत ने भी सीमा तक बेहतर संपर्क, अग्रिम बुनियादी ढांचे और लगातार सैन्य तैनाती के जरिए अपनी तैयारियां मजबूत की हैं. सीमा पर भारत की स्थाई मौजूदगी, स्थानीय भूभाग की जानकारी और सैन्य अभियान का अनुभव उसकी अहम ताकत हैं. 

भारतीय वायुसेना के सहयोग और बेहतर होते रसद नेटवर्क के साथ सेना की इकाइयां स्थानीय घटनाओं के साथ-साथ बड़ी सैन्य चुनौतियों का जवाब देने में सक्षम हैं. चुनौती यह सुनिश्चित करने की है कि दुर्गम इलाकों में भी इन क्षमताओं के दम पर लगातार सैन्य अभियान चलाने की तैयारी बनी रहे.

अरुणाचल में हाल के घटनाक्रम यह भी बताते हैं कि स्थानीय घटनाओं को बड़े टकराव में बदलने से रोकने के लिए सैन्य संवाद तंत्र कितना जरूरी है. सितंबर 2026 में वाचा-दमाई में वरिष्ठ सैन्य कमांडर स्तर की फ्लैग मीटिंग हुईं. ये बैठकें त्साक्सिंग इलाके में तनाव की खबरों के बीच आयोजित की गई थीं. 

पूर्वी क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सीधे संवाद को मजबूत करने की दिशा में इन्हें अहम कदम माना गया. ऐसे तंत्र स्थानीय विवादों को सुलझाने और गलतफहमी से पैदा होने वाले टकराव को रोकने में मदद कर सकते हैं. लेकिन सीमा विवाद की मूल समस्या का समाधान इनसे नहीं होता.

भारत के लिए बड़ी चिंता किसी भी समय वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास तैनात PLA सैनिकों की संख्या भर नहीं है. असली चिंता चीन की उस क्षमता को लेकर है, जिसके दम पर वह अपने बुनियादी ढांचे, सैन्य संगठन और सैनिकों को तेजी से जुटाने की ताकत का इस्तेमाल कर लगातार सैन्य दबाव बना सकता है.

सीमा पर लगातार टोह लेने की कोशिशें, स्थानीय स्तर पर आमने-सामने की घटनाएं और जमीन पर मौजूदा स्थिति बदलने के प्रयास भारतीय सेना से लगातार सतर्कता और भरोसेमंद जवाब की मांग करते हैं.

सैन्य मामलों के जानकारों का कहना है कि नई दिल्ली के लिए रणनीतिक जरूरत साफ है. उसे सीमा पर बुनियादी ढांचा मजबूत करना होगा, निगरानी व्यवस्था बेहतर बनानी होगी, सैनिकों की आवाजाही आसान करनी होगी और रसद व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना होगा. साथ ही, उभरती चुनौतियों का तेजी से जवाब देने की क्षमता भी बनाए रखनी होगी. 

चीन की बहुस्तरीय सैन्य व्यवस्था उसे पूर्वी सीमा पर लगातार दबाव बनाए रखने की क्षमता देती है. वहीं भारत की अग्रिम मोर्चे पर मौजूदगी, बेहतर होता संपर्क नेटवर्क और सैन्य तैयारियां चीन को रोकने की क्षमता बनाए रखने के लिए बेहद अहम हैं.

अरुणाचल प्रदेश में भले ही गलवान जैसी एक और झड़प की स्थिति न हो लेकिन सीमा पर सैन्य प्रतिस्पर्धा खत्म नहीं हुई है. भारत के सामने चुनौती यह सुनिश्चित करने की है कि वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीन की हर चुनौती का सामना ऐसी सेना से हो, जो पूरी तरह तैयार हो, मुश्किल हालात में भी मजबूती से डटी रहे और बिना जमीन गंवाए जवाब दे सके.

चीन की सैन्य तैयारियों को एक और आयाम तिब्बत के दमशुंग में हवाई बुनियादी ढांचे का विस्तार देता है. यह जगह अरुणाचल-तिब्बत सीमा से करीब 300 किलोमीटर दूर है. समुद्र तल से लगभग 4,000-4,300 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस सुविधा में करीब 5.2 किलोमीटर लंबा रनवे है. 

इतने लंबे रनवे की जरूरत ऊंचाई वाले इलाकों में विमान संचालन की चुनौतियों को देखते हुए पड़ती है. यहां हवा का घनत्व कम होने से विमानों के उड़ान भरने की क्षमता और उनके साथ ले जाए जा सकने वाले सामान की मात्रा प्रभावित होती है. इसकी तुलना में ल्हासा गोंग्गर हवाई अड्डा करीब 3,500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और इसका रनवे लगभग 4 किलोमीटर लंबा है.

दमशुंग में बड़े पैमाने पर हो रहे निर्माण से संकेत मिलता है कि इस जगह का इस्तेमाल बड़े स्तर पर सैन्य विमानन गतिविधियों के लिए किया जा सकता है. हालांकि इसकी सटीक सैन्य इकाई और यहां स्थाई रूप से तैनात रहने वाले सैनिकों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है. लेकिन इस बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल PLA वायुसेना की बड़ी तैनाती के लिए हो सकता है. यहां परिवहन विमानों और हवाई रास्ते से उतारे जाने वाले सैनिकों समेत अतिरिक्त हवाई सैन्य संसाधनों की तैनाती की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. हालांकि, यहां एक समर्पित एयरबोर्न ब्रिगेड की स्थायी तैनाती की पुष्टि नहीं हुई है. 

ल्हासा के आसपास राजमार्गों और रेल लाइनों के नजदीक होने से इसका रणनीतिक महत्व और बढ़ जाता है. इससे सैनिकों, उपकरणों और जरूरी सामान को अपेक्षाकृत तेजी से यहां पहुंचाया जा सकता है. जरूरत पड़ने पर सैन्य तैनाती का दायरा भी बढ़ाया जा सकता है.

दमशुंग अब सिर्फ भविष्य की सैन्य बुनियादी ढांचा परियोजना नहीं रह गया है. जुलाई 2026 में सामने आई व्यावसायिक सैटेलाइट तस्वीरों में जून के दौरान यहां चार जे-20 स्टील्थ लड़ाकू विमान तैनात दिखाई दिए थे. इससे संकेत मिलता है कि इस सुविधा का इस्तेमाल सैन्य विमानन गतिविधियों के लिए पहले से हो रहा है. 

इन विमानों की मौजूदगी तिब्बत में चीन के बढ़ते हवाई ठिकानों के नेटवर्क को और अहम बनाती है. इस नेटवर्क का मकसद सैन्य अभियानों में लचीलापन बढ़ाना, अतिरिक्त सैन्य मदद पहुंचाने की क्षमता मजबूत करना और कुछ चुनिंदा पुराने हवाई ठिकानों पर निर्भरता कम करना है.

कुल मिलाकर चीन की जमीनी सैन्य व्यवस्था, तिब्बत में फैला बुनियादी ढांचा और बढ़ता सैन्य विमानन नेटवर्क एक ऐसी रणनीति की ओर इशारा करते हैं, जिसका मकसद सैन्य गहराई बनाए रखना और जरूरत पड़ने पर सीमा तक तेजी से अतिरिक्त सैन्य मदद पहुंचाना है. भारत के लिए इसके मायने अरुणाचल प्रदेश में होने वाली अलग-अलग झड़पों तक सीमित नहीं हैं.

पूर्वी वास्तविक नियंत्रण रेखा पर उभरती सैन्य स्थिति अब इस बात से तय होगी कि दोनों देश दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण सैन्य इलाकों में से एक में अपनी युद्धक क्षमता को कितनी प्रभावी ढंग से जुटा सकते हैं, उसे बनाए रख सकते हैं और तैनात कर सकते हैं.

ADVERTISEMENT
Advertisement