scorecardresearch
डार्क मोड

अमेरिका से भारत को परमाणु धमकी देते हुए पाकिस्तानी आर्मी चीफ मुनीर ने क्या कहा?

पाकिस्तानी आर्मी चीफ असीम मुनीर ने अमेरिका से भारत को परमाणु धमकी दी है. एक खास कार्यक्रम में मुनीर ने कई भड़काऊ बयान दिए हैं.

असीम मुनीर (फाइल फोटो)
असीम मुनीर (फाइल फोटो)
अपडेटेड 11 अगस्त , 2025

पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर इन दिनों अमेरिका में हैं. अमेरिका के टैम्पा शहर में मुनीर ने अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के निवर्तमान कमांडर जनरल माइकल कुरिल्ला के रिटायरमेंट समारोह में हिस्सा लिया.

इसके अलावा मुनीर ने CENTCOM प्रमुख का पदभार संभालने वाले एडमिरल ब्रैड कूपर से भी मुलाकात की और कमांड चेंज कार्यक्रम में भाग लिया. 10 अगस्त को टैम्पा शहर में ही व्यवसायी और मानद वाणिज्यदूत अदनान असद ने मुनीर के सम्मान में डिनर दिया था.

इसी आयोजन में मुनीर ने अमेरिका से भारत के खिलाफ परमाणु धमकी दी और चेतावनी देते हुए कहा कि अगर नई दिल्ली से उसे अस्तित्व का खतरा हुआ तो वह "आधी दुनिया को तबाह कर देगा."

टैम्पा में आयोजित एक रात्रिभोज में मुनीर ने वहां उपस्थित लोगों से कहा, "हम एक परमाणु संपन्न राष्ट्र हैं. अगर हमें लगता है कि हम डूब रहे हैं, तो हम अपने साथ आधी दुनिया को भी लेकर डूबेंगे." पाकिस्तानी सेना प्रमुख का यह बयान अमेरिका की धरती से किसी तीसरे देश के विरुद्ध परमाणु धमकी दिए जाने का पहला उदाहरण है.

भारत के साथ चार दिनों तक चले संघर्ष के बाद दो महीने में अपनी दूसरी अमेरिकी यात्रा पर आए मुनीर ने सिंधु नदी पर नियंत्रण को लेकर भारत पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, "हम भारत के बांध बनाने का इंतजार करेंगे और जब वह ऐसा करेगा, तो हम उसे दस मिसाइलों से तबाह कर देंगे."

द प्रिंट ने सूत्रों के हवाले से मुनीर की कही यह बातें अपनी वेबसाइट पर पब्लिश की है. मुनीर ने आगे कहा, "सिंधु नदी भारतीयों की संपत्ति नहीं है... हमारे पास मिसाइलों की कोई कमी नहीं है, अल्हम्दुलिल्लाह."  

मुनीर ने भारत की तुलना मर्सिडीज और पाकिस्तान की तुलना डंप ट्रक से की. जनरल असीम मुनीर ने फ्लोरिडा के टैम्पा में एक पाकिस्तानी सामुदायिक कार्यक्रम में कथित तौर पर कहा, "भारत हाईवे पर फरारी जैसी चमकती हुई मर्सिडीज चला रहा है, लेकिन हम बजरी से भरे डंप ट्रक हैं. अगर ट्रक कार से टकराता है, तो नुकसान किसका होगा?"

पाकिस्तान के दुनिया न्यूज  के अनुसार , मुनीर ने यह भी दावा किया कि "भारत खुद को विश्व नेता के रूप में पेश करना चाहता है, लेकिन वास्तव में वह इससे बहुत दूर है."

इसके साथ ही मुनीर ने कथित तौर पर कनाडा में एक सिख नेता की हत्या, कतर में आठ भारतीय नौसेना अधिकारियों की गिरफ्तारी और कुलभूषण जाधव मामले का उल्लेख किया. इन सबूतों का जिक्र करते हुए दावा किया कि ये घटनाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकवाद में भारत की कथित संलिप्तता के मजबूत सबूत हैं.

अमेरिका में मुनीर ने राजनीतिक और सैन्य नेताओं से मुलाकात की. मुनीर ने वरिष्ठ अमेरिकी राजनीतिक और सैन्य हस्तियों के साथ-साथ पाकिस्तानी प्रवासी समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात की.

मुनीर ने ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन से भी बातचीत की और उन्हें पाकिस्तान आने का न्योता दिया. समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार , मुनीर ने इस दौरान मित्र देशों के रक्षा प्रमुखों से भी मुलाकात की.

यह यात्रा जून में मुनीर की पांच दिवसीय अमेरिका यात्रा के बाद हो रही है, जब उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ एक निजी लंच में भाग लिया था. उस बैठक में तेल समझौते सहित अमेरिका-पाकिस्तान सहयोग बढ़ाने की घोषणाएं हुई थीं.

मुनीर की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब कुछ सप्ताह पहले एक अमेरिकी जनरल ने पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ एक "अभूतपूर्व साझेदार" बताया था और क्षेत्रीय स्थिरता में उसकी भूमिका की तारीफ की थी.

ADVERTISEMENT
Advertisement