scorecardresearch
डार्क मोड

एशिया कप हैंडशेक विवाद: ICC ने पाकिस्तान की रेफरी हटाने की मांग ठुकरा कर क्या कहा?

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने एशिया कप से मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की पाकिस्तान की मांग को खारिज कर दिया है

ICC ने पाकिस्तान की मांग को ठुकराया
ICC ने पाकिस्तान की मांग को ठुकराया
अपडेटेड 16 सितंबर , 2025

अंतरर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने एशिया कप के बाकी बचे मैचों से मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की पाकिस्तान की मांग को खारिज कर दिया है. सूत्रों के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान के ग्रुप स्टेज मैच से हाथ मिलाने के विवाद के बाद ICC पाकिस्तान की मांगों पर विचार नहीं करेगा. 

ICC ने मामले की जांच के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को अपने फैसले की जानकारी दे दी है. सूत्रों के मुताबिक, PCB निदेशक समेत एशियाई क्रिकेट परिषद के कुछ अधिकारियों को पहले से ही पता था कि दोनों कप्तानों के बीच हाथ मिलाने की कोई संभावना नहीं है.

इसके बावजूद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारतीय खिलाड़ियों और मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट के खिलाफ औपचारिक विरोध दर्ज कराया था. PCB ने ICC को लिखे पत्र में कहा था कि रेफरी पाइक्रॉफ्ट ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा को सूर्यकुमार यादव से हाथ नहीं मिलाने का सुझाव दिया था. बोर्ड ने कहा था कि हाथ मिलाने से इनकार करके भारतीय खिलाड़ी आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने 15 सितंबर को कहा, "PCB ने पायक्रॉफ्ट को तत्काल बाहर करने की मांग की है. उन्होंने ICC कोड ऑफ कंडक्ट और खेल भावना का पालन नहीं किया."

ICC को लिखे पत्र में PCB ने साफ तौर पर कहा था कि अगर एंडी पाइक्रॉफ्ट को नहीं हटाया गया तो वे अपनी टीम को टूर्नामेंट से हटा लेंगे. पाकिस्तान का अगला मैच कल यूएई से है. ऐसे में देखने वाली बात यह है कि ICC के फैसले के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड क्या फैसला लेता है.

PCB ने 2025 एशिया कप में भारत के हाथों राष्ट्रीय पुरुष टीम की सात विकेट से हार के बाद अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट संचालन निदेशक उस्मान वाहला को निलंबित कर दिया है.

पाकिस्तान मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मोहसिन नकवी के नेतृत्व वाले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले में हाथ मिलाने के विवाद पर 'समय पर कार्रवाई न करने' के लिए उस्मान वाहला के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है.

दरअसल, ग्रुप-स्टेज मैच के दौरान भारतीय कप्तान और खिलाड़ियों के पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार किए जाने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड नाराज है. 14 सितंबर को भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच से 30 मिनट पहले हुए टॉस के समय अपने समकक्ष सलमान आगा का अभिवादन करने से इनकार कर दिया.

खेल के अंत में जब सूर्यकुमार और शिवम दुबे ने 128 रनों के लक्ष्य का पीछा कर पाकिस्तान को हराया, तब भी भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया. इतना ही नहीं अंतिम गेंद तक अपने ड्रेसिंग रूम से बाहर नहीं आए. इस बात से सलमान आगा नाराज हो गए और विरोध दर्ज कराते हुए मैच के बाद के पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल नहीं हुए.

एक ओर जहां सूर्यकुमार यादव ने जहां हाथ न मिलाने की बात का बचाव किया. वहीं, दूसरी तरफ पाकिस्तान के मुख्य कोच माइक हेसन ने इस घटना पर निराशा व्यक्त की.

यह विवाद जल्द ही बढ़ गया और पाकिस्तान ने भारतीय खिलाड़ियों और रेफरी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. PCB प्रमुख मोहसिन नकवी ने एक्स पर लिखा, "आज खेल भावना की कमी देखकर बेहद निराशा हुई. खेल में राजनीति को घसीटना खेल भावना के खिलाफ है. उम्मीद है कि भविष्य में सभी टीमें जीत का जश्न शालीनता से मनाएंगी."

ADVERTISEMENT
Advertisement