3 दिसंबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे के दिन ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रायपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है. इस बैठक में हेड कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजित आगरकर मौजूद रहेंगे.
गौतम गंभीर और अजित आगरकर के अलावा इस बैठक में BCCI सचिव देवजित सैकिया और संयुक्त सचिव प्रभतेज भाटिया भी रह सकते हैं. यह खबर सामने आते ही बैठक को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं.
क्या कोहली और रोहित के भविष्य पर होगा फैसला?
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ियों विराट कोहली और रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर चर्चा चल रही है. इन दोनों ही खिलाड़ियों ने पिछले कुछ मैचों में जोरदार प्रदर्शन के साथ शानदार वापसी की है.
रोहित और विराट दोनों ने ही साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच में शानदार पारी खेली थी और भारत को जीत दिलाई है. हालांकि, मीडिया रिपोर्ट में BCCI के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि यह बैठक टीम में खिलाड़ियों के सिलेक्शन प्रक्रिया आदि पर चर्चा के लिए आयोजित की गई है. साथ ही इस बैठक में भविष्य में टीम के बेहतर प्रदर्शन आदि को लेकर भी बात हो सकती है.
इसके अलावा, बैठक का उद्देश्य हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में मिली हार के दौरान भारतीय टीम में पाई गई खामियों को दूर करना है. गंभीर और अजित आगरकर दोनों की मौजूदगी में बोर्ड प्रबंधन इन सभी पहलुओं पर बात कर भविष्य की योजना बनाना चाहता है.
क्या इस बैठक में कोहली और रोहित जैसे खिलाड़ी शामिल होंगे?
स्पोर्टस्टार की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मैच के दिन होने वाली बैठक को देखते हुए, कोहली, रोहित और अन्य वरिष्ठ खिलाड़ियों को इसमें शामिल किए जाने की संभावना कम ही दिख रही है.
अगली टेस्ट सीरीज को लेकर भी हो सकती है बात
BCCI से जुड़े एक सीनियर अधिकारी ने कहा, "घरेलू टेस्ट सीजन के दौरान मैदान के अंदर और बाहर कई भ्रामक रणनीतियां देखने को मिली हैं. हम आगे और ज्यादा स्पष्ट योजना चाहते हैं, खासकर जब अगली टेस्ट सीरीज़ आठ महीने बाद है."
साथ ही अधिकारी का कहना है कि भारत अगले साल टी-20 विश्व कप जीतने का प्रबल दावेदार होगा और उसके बाद वनडे विश्व कप का प्रबल दावेदार होगा, इसलिए हम चाहते हैं कि ये मुद्दे जल्दी सुलझ जाएं.
BCCI कोहली के टेस्ट संन्यास पर क्या चाहती है?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विराट कोहली तथा रोहित शर्मा जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों के बीच रिश्ते सही नहीं हैं. ऐसे में बोर्ड खिलाड़ियों के बीच संभावित संवादहीनता को जल्द दूर करना चाहता है. ऐसी चर्चा भी चल रही हैं कि BCCI चाहता है कि कोहली टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट वापस ले लें , लेकिन इस दिग्गज बल्लेबाज ने 30 नवंबर को रांची वनडे के बाद इस तरह के यू-टर्न की संभावना पर विराम लगा दिया है.

