scorecardresearch
डार्क मोड

यूपी में अब घर बैठे लीजिए आम का मजा

इस बार गर्मी कोरोना संक्रमण के साए में गुजर रही है. मई के अंतिम हफ्ते से लखनऊ का दशहरी और वाराणसी का आम तैयार है लेकिन लाकडाउन में खरीददारों का इंतजाम एक बड़ी चुनौती है. अब यूपी सरकार आम की आनलाइन डिलिवरी करने की तैयारी कर रही है.

फोटोः इंडिया टुडे
फोटोः इंडिया टुडे
अपडेटेड 31 मई , 2020

इस बार गर्मी कोरोना संक्रमण के साए में गुजर रही है. मई के अंतिम हफ्ते से लखनऊ का दशहरी और वाराणसी का आम तैयार है लेकिन लाकडाउन में खरीददारों का इंतजाम एक बड़ी चुनौती है. अब यूपी सरकार आम की आनलाइन डिलिवरी करने की तैयारी कर रही है.

इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिक सहकारी विपणन संघ (हॉफेड) को जिम्मेदारी सौंपी गई है. हाफेड आम की आनलाइन डिलिवरी करने के लिए एक पोर्टल तैयार कर रहा है. इसके बाद से पोर्टल पर ही लोगों को आर्डर बुक कराने होंगे और बुक किए आर्डर के अनुसार उनके घर या बताए हुए स्थान पर आमों की आपूर्ति होगी.

शुरूआत में दो किलोग्राम, चार किलोग्राम एवं पांच किलोग्राम की पैकिंग में आमों की आपूर्ति की जाएगी. बाद में अधिक वजन में आपूर्ति की भी योजना है.

हॉफेड की तैयारी इस बात की भी है कि आमों की ऑनलाइन बिक्री अगर पूरी तरह से सफल रहा तो हॉफेड अन्य फल व ताजी सब्जियां भी डोरस्टेप पर लोगों को मुहैया कराना शुरू हो जाएगा. फिलहाल हॉफेड ने आमों की ऑनलाइन बिक्री के लिए लखनऊ के माल ब्लाक के इरादा फार्मर्स प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन तथा प्राथमिक औद्यानिक उत्पादक विपणन सहकारी समिति के साथ समझौता किया है ताकि आर्डर मिलने पर इन दोनो उत्पादक संगठनों से आमों की आपूर्ति हो सके.

उद्यान विभाग के संयुक्त निदेशक डा. आर के तोमर ने बताया कि आम उत्पादकों को उनके उत्पाद का लाभकारी मूल्य दिलाने से लेकर उपभोक्ताओं को उनकी मांग के अनुसार बेहतरीन क्वालिटी के आम वाजिब दामों पर उपलब्ध कराना ही सरकार के इस प्रयास का मुख्य उद्देश्य है. इसकी सफलता के बाद हाफेड आम समेत अन्य फल-सब्जियां भी डोर स्टेप पर ऑनलाइन बेचने का कार्य शुरू करेगा.

हॉफेड के पोर्टल पर खरीददार अपने ई-मेल या सीधे आर्डर बुक कराएंगे जो दोनो एफपीओ या आगे और इस योजना में शामिल होने वाले किसान उत्पादक संगठनों में से किसी एक के पास जाएगा. वही एफपीओ आर्डरकर्ता के डोर स्टेप पर आम की आपूर्ति करेगा. पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर फिलहाल राजधानी लखनऊ में यह सुविधा शुरू की जा रही है.

अच्छे नतीजे आने के बाद प्रदेश के कुछ बड़े शहरों मसलन कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, बरेली, सहारनपुर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, अमरोहा तथा मेरठ में भी शुरू की जाएगी

***

ADVERTISEMENT
Advertisement