अनु रॉय/ लॉकडाउन डायरीः तेरह
ऐसा कभी क्यों नहीं होता कि एक साथ हमें सारी ख़ुशियाँ मिल जाये. दुनिया बिलकुल वैसी हो जाये जैसा हम हमेशा से सोचा करते थे.सब कुछ सुंदर एकदम पर्फ़ेक्ट जैसे आज का चांद.
नीले आसमान पर किसी शायर की महबूबा की गोल बिंदी जैसा खूबसूरत या फिर दादी लोरी में जैसे दूध की कटोरी का ज़िक्र करती थी वैसा गोल कटोरी जैसा चाँद. बीतते उदास दिन की एक उदासी भरी शाम जिसमें शहद घोलने की कोशिश करता ये मासूम चाँद. दुनिया, तुम इस चाँद जैसी ख़ूबसूरत क्यों नहीं हो? तुम्हें बेहरम क्यों होना है? वैसे तुम बेरहम हो या तुम में रहने वाले लोग बेरहम हैं किसे पता?
आज भारत में हुए लॉक-डाउन का शायद आज दो हफ्ते गुज़रने को है. शायद इसलिए क्योंकि घर में रहते-रहते अब दिन और तारीख़ धुंधलाने से लगे हैं. महानगरों में लोग वीकडेज़ और वीकेंड के हिसाब से जीते हैं, उनका भी हिसाब उलझ-सा गया है.
इन दिनों हर दिन एक सा ही हो गया है. किसी दिन सुबह से शाम कब हो जाती पता ही नहीं चलता और फिर कोई दिन इतना बोझिल कि काटे नहीं कटता.
हर किसी का अपना-अपना दुःख और अपनी-अपनी ख़ुशी. वैसे इन दिनों खुशियों की बात कोई नहीं करता. जिससे बात करो लगभग शिकायती लहज़े में ही मिलता है. परिवर्तन सृष्टि का शाश्वत नियम है मगर इंसान किसी भी परिवर्तन के लिए आसानी से कहाँ खुद को तैयार कर पाता है.
दुनिया अभी एक परिवर्तन से ही तो गुजर रही और नहीं चाहते हुए भी हम सब इस परिवर्तन का हिस्सा बन चुके हैं. मॉल, सड़कें, हवाई अड्डा, दुनिया के सभी ट्यूरिस्ट प्लेस सब वीरान हो चुकें हैं. वो जगहें जहाँ भीड़ इतनी होती थी कि इंसान को साँस लेने में तकलीफ़ महसुस हो अब इस क़दर ख़ाली है कि हवा की हल्की सी सरसराहट को भी हम सुन लें. मैं जब भी इन खाली सड़कों से गुजरती हूँ और दूर-दूर तक कोई शख़्स दिखाई नहीं देता बस हल्की से धूल वाली हवा में कुछ सूखे पत्ते उड़ते दिखते हैं तब मुझे हॉलीवुड की देखी हुई कई सारी साई-फाई फ़िल्में और सीरीज़ एक साथ याद आने लगती हैं. मुझे लगता है कि मैं इन्हीं साई-फाई फिल्मों की कोई पात्र बन चुकी हूँ. जो जीने के लिए जरुरी चीज़ों की तलाश में इन ख़ाली सड़कों से गुजर रही है. जिसे नहीं पता कि वो जो लेने जा रही है उसे वो चीज़ मिल ही जाएगी.
किसी दुकान के सामने अगर एकाध लोग दिख भी जातें हैं तो वो भी अपने ग्रह के नहीं लगते क्योंकि हमें आदत नहीं है अपने लोगों को मास्क में देखने की.
शायद मेरे साथ ये थोड़ा ज्यादा इसलिए भी हो रहा होगा क्योंकि इन्हीं लॉक-डाउन के दिनों में मैंने कई सारी फ़िल्में और सीरीज़ देख डाली हैं. जिसमें से 'द लॉस्ट मैन ऑन अर्थ' मुझे लॉक-डाउन की परिस्थियों के सबसे करीब लगी. इस सीरीज में किसी वाइरस के अटैक के बाद दुनिया तबाह हो चुकी है और चंद लोग ही बचे हैं जो अब अपनी-अपनी सर्वाइवल की लड़ाई लड़ रहें हैं.
सीरीज का जो प्रोटॅगनिस्ट है उसे यही नहीं पता कि दुनिया में उसके अलावा भी कोई और इंसान ज़िंदा है. जब वो पहली बार कई सप्ताह के बाद किसी ज़िंदा शख़्स को देखता है तो उसके भाव कुछ वैसे होते हैं जैसे उसने ईश्वर को देख लिया हो. ये सीरीज डार्क-ह्यूमर वाले फ़्लेवर का है. कैसे दुनिया के ख़त्म होने के बाद चंद लोग बचते हैं और फिर से नयी दुनिया बसाने की सोचते हैं, इस बात को कॉमेडी के ज़रिये इससे बेहतर तरीके से शायद ही कही जा सकती है. वैसे इस सीरीज से जुड़ाव महसूस करने की सबसे बड़ी वजह वीरान शहरें, खाली सडकें और दुकानों के बंद शटर का होना है.
ये और बात है कि प्रोटॅगनिस्ट का शहर कैलिफोर्निया है और मेरा शहर मुंबई. सामान्य दिनों में मैं भूले से भी इस चीं-पों, हल्ला-गुल्ला, ट्रॉफिक की नियमों की धज़्ज़ियाँ उड़ा कर चलते लोगों वाले शहर की तुलना कैलिफोर्निया क्या अमेरिका के किसी भी शहर से नहीं कर सकती मगर लॉक-डाउन में मुझे क्या मुंबई और क्या इटली सब एक जैसे लगने लगें हैं.
इस सीरीज के अलावा मैंने एक और सीरीज ख़त्म की है वो है 'द हैंड-मेड्स टेल. ये भी साई-फाई और थ्रिलर श्रेणी की ही सीरीज है. एलिजाबेथ मॉस केंद्रीय पात्र 'जून'की भूमिका निभा रहीं हैं. 'द हैंड-मेड्स टेल' की भविष्य के किसी ऐसे राज्य की कहानी है जो कभी दुनिया का सबसे बड़ा और समृद्ध लोकतान्त्रिक देश हुआ करता था. वो एक ऐसा देश था जहाँ काले-गोरे में कोई फ़र्क़ नहीं था. जहाँ गे और लेस्बियन को भी पुरे सम्मान के साथ जीने का हक़ था. लोग अपनी मर्ज़ी से अपनी ज़िंदगी चुनने को आज़ाद थे. सब कुछ एकदम सुंदर और पर्फेक्ट बिलकुल मेरी बालकनी से झांक रहें चाँद की तरह.
लेकिन खूबसूरत और पर्फेक्ट चीज़ें सदा के लिए एक जैसी रहें तो शायद हमें वो उतनी खूबसूरत न लगे क्या पता.
फिर 'द हैंड-मेड्स टेल' में भी वही होता है. दुनिया के खूबसूरत शहर पर किसी दूसरे देश के लोग हमला कर देते हैं. उस राज्य के सभी लोग मार दिए जाते हैं. मॉल-दुकानें-एयरपोर्ट-स्कूल-कॉलेज सब कुछ जला कर खत्म कर दिया जाता है. अब उस राज्य पर जनता के चुने प्रतिनिधि नहीं बल्कि कुछ ट्रेटर मिलकर ज़िंदा बचे लोगों के भविष्य का फैसला करते हैं. राज्य के पुरुषों को तो पहले ही मार दिया गया है. जो बूढी औरतें हैं उन्हें परमाणु हमला जहाँ हुआ है उस एरिया की सफाई के लिए भेज देते हैं और सिर्फ उन्हीं औरतों को राज्य में रखते हैं जो माँ बन सकती हैं. क्योंकि जो शासक वर्ग है उनकी पत्नियां बच्चे नहीं पैदा कर सकती.
ऐसे में सभी शाषक को एक-एक हैण्ड-मेड् मिलती हैं, जो उनके लिए बच्चे पैदा करेंगीं. इस प्रक्रिया के लिए 'जून' भी चुनी जाती है. जून जो इस हमले से पहले एक एडिटर थी. उसकी अपनी एक छोटी सी प्यारी दुनिया थी जिसमें उसका होने वाला पति और एक प्यारी सी बेटी थी. उस हमले के बाद वो उन दोनों से बिछड़ जाती है. उसे हैण्ड-मेड बन कर एक जेनरल के घर में आना पड़ता है. जहाँ हर महीने वो जनरल उसका बलात्कार करता है बच्चा पैदा करने के रिचुअल के नाम पर. ये पूरी सीरीज जून और जून जैसी सैकड़ों हैण्ड-मेड्स लड़कियों की कहानी है.
जो इस हमले से पहले आज़ाद अपनी मर्ज़ी की ज़िंदगी जी रही थी लेकिन अब किसी की कैद में एक-एक दिन कैसे काट रही उसे बेहद बारीक़ी से इस सीरीज में दिखाया गया है.
पता नहीं क्यों इस सीरीज को देखते हुए मुझे मुंबई में रहने वाली लाखों स्त्रियां याद आने लगी. क्या कनेक्शन होगा उन हैंडमेडस और इनके बीच. शायद बेबसी और मज़बूरी का रिश्ता मेरे सबकॉंशस माइंड ने जोड़ दिया हो. एक तारीख़ को जब मैंने अपनी मेड को पगार लेने के लिए सोसाइटी के मेन-गेट पर बुलाया तब थोड़ी सी बात हुई थी उससे. लॉक-डाउन का सबसे ज्यादा मार ये स्त्रियां झेल रहीं.
मेरी एकलौती मेड नहीं बल्कि उस जैसी तमाम औरतें जो झुग्गी में रहतीं हैं और लोगों के यहाँ हाउस-हेल्प का काम करती हैं, इस लॉक-डाउन की वज़ह से अपने-अपने एक कमरे वाले घरों में अब कैद हैं. जहाँ उनका शराबी पति और कई सारे बच्चे एक साथ रह रहें. पति काम पर नहीं जा रहा, पुरे दिन घर में रह रहा तो जिनकी बेटियां बड़ी हैं वो अलग तरह की मुश्किल झेल रहीं.
जो जानते होंगे वो जानते होंगें और जो नहीं जानते उनको बता दूँ कि इन झुग्गी में रह रहें लोगों के पास न तो अपना निजी बाथरूम होता और न ही शौचालय. ये शौच के लिए पब्लिक शौचायल का उपयोग करते हैं और नहाने के लिए अपने-अपने कमरों में एक छोटी सी नाली जैसा कुछ बना लेते जहाँ इन घरों की औरतें और लड़कियां नहा लेती हैं.
अब लॉक-डाउन की वज़ह से घर का पुरुष चौबीसों घण्टे घर में ही रहता है ऐसे में घर की लड़कियां के लिए स्नान जैसी जरुरी चीज़ कठिन लगने लगा है. ऊपर से पीरियड एक ऐसा विषय है जिसके बारे में अब भी इन घरों में औरतें पुरषों के सामने खुल कर बात नहीं कर पाती. अब जब बेटी को पीरियड आता है तो हाइजीन की समस्या अलग से बढ़ने लगी है. इन सबके अलावा काम न होने की वज़ह से पैसे की तंगी और शराब न मिल पाने की वज़ह से ये पुरुष और भी हिसंक व्यवहार करने लगे हैं.
वैसे सिर्फ स्लम में ही नहीं दुनिया के तमाम देशों में लॉक-डाउन की वज़ह से डोमेस्टिक वायलेंस की बढ़ने की ख़बर आने लगी है. शायद यही वज़हें होंगीं कि मैं 'द हैंड-मेड्स टेल' और मुंबई की स्लम में रहने वाली औरतों को जुड़ता हुआ देख रहीं।
कितनी अजीब बात है हम खुशियों में न सही मगर पीड़ा में ख़ुद को उनसे जोड़ लेते हैं जिनसे कभी हम मिलें भी नहीं हैं. उदासी की भाषा शायद दुनिया के सभी देशों में एक सी ही होती होगी. जैसे इस उदासी भरे साँझ में दुनिया के कई देशों में ये चाँद इतना ही खूबसूरत दिख रहा होगा और इस पल में मैं उन लाखों-करोड़ों अजनबियों से इस चाँद के सहारे जुड़ रहीं हूँ. इस पल में हम सब अकेले हैं मगर अकेले हो कर भी दुःख के तार से जुड़ें हुए हैं.
(अनु रॉय महिला और बाल अधिकारों के लिए काम करती हैं. यहां व्यक्त विचार उनके निजी हैं और उनसे इंडिया टुडे की सहमति आवश्यक नहीं है)
***

