scorecardresearch
डार्क मोड

लॉकडाउन डायरीः मृत्यु के आसन्न खतरे के बीच जीवन की उम्मीदें बाकी हैं

निजामुद्दीन में जमात कांड के बाद कई जगहों से लॉकडाउन उल्लंघन की खबरें हैं. मानो लोगों के मन में अनुशासित न रहने का शाश्वत भाव घर किए बैठा है. यह अतिशय लोकतंत्र है या भारत में प्राचीन काल से न्यूनतम व ढीलेढाले सरकारी हस्तक्षेपके अधीन जीवन जीने का आनंद-भाव, समझ नहीं आता.

फोटोः इंडिया टुडे/ पीटीआइ
फोटोः इंडिया टुडे/ पीटीआइ
अपडेटेड 8 अप्रैल , 2020

सुशांत झा/ लॉकडाउन डायरीः चौदह

मेरे पड़ोसी कह रहे हैं कि कोरोना के मरीज कॉलोनी के अंदर पहुंच गए हैं. लोहे वाले गेट की बाईं तरफ का दूसरा और तीसरा मकान सील किया गया है. पांच दिन पहले सब्जी के ठेले पर आंटी की फुसफुसाहट याद आ गई, मैंने उसे अफवाह समझा था.

टीवी पर बढ़ते आंकड़े और दोस्तों से फोन पर बातचीत ऐसा एहसास दिला रही है मानो मौत आसपास टहल रही है. स्वच्छ धौलागिरी, कंचनजंघा या यमुना की तस्वीरें इन चिंता के पलों में एकाध पल का सुकून जोड़ती हैं. हम प्रकृति का गुणगान करके फिर से बोरियत के अथाह सागर में डूब जाते हैं. हालांकि मैं वर्क फ्रॉम होम में पर्याप्त व्यस्त रहता हूं, लेकिन ज़्यादातर लोगों के पास ऐसा कोई काम नहीं है.

कोरोना पीड़ितों की संख्या पांच हजार पार कर गई है और अब यह कुछ तेज रफ्तार से बढ़ रही है. अप्रैल आते-आते स्थिति और बिगड़ेगी. जिस तरह से दिल्ली के मुख्यमंत्री ने 30,000 अस्पताल बेड की बात की है, वो अपने आप में सुकून और चिंता दोनों का कारण है.

मेरी बहन अमेरिका में रहती है. वहां के आंकड़े डरावने हैं-हालांकि उसके प्रांत में स्थिति ठीक है. सोशल डिस्टेंसिंग अब वास्तव में समाजिक दूरी का निर्माण कर रहा है.

निजामुद्दीन में जमात कांड के बाद कई जगहों से लॉकडाउन उल्लंघन की खबरें हैं. मानो लोगों के मन में अनुशासित न रहने का शाश्वत भाव घर किए बैठा है. यह अतिशय लोकतंत्र है या भारत में प्राचीन काल से न्यूनतम व ढीलेढाले सरकारी हस्तक्षेप के अधीन जीवन जीने का आनंद-भाव, समझ नहीं आता. कई लोग मजबूरी में भी ऐसा करते हैं, ये समझा जा सकता है. लेकिन ऐसा होने से पहले से मौजूद साम्प्रदायिक अलगाव बढ़ा ही है. इसमें किसी एक ही का योगदान नहीं है.

दूध और सब्जी तो मिल रही है. दवाई भी मिल जाती है, लेकिन सैनिटाइजर, डिटॉल या ग्लव्स बाज़ार से गायब हैं. कल तीन दुकानों को खंगालने पर एक जगह ग्लव्स मिला. कल मैं डॉक्टर से मिलने पहली बार घर से तीन किलोमीटर तक निकला था. सड़कों का सन्नाटा भयावह है. कुछेक गाड़ियां, कुछेक साइकिल सवार और हर जगह सिर्फ सब्जी और फलों के ठेले. ऐसा लगता है सारे असंगठित क्षेत्र में काम करनेवाले मजदूरों ने सब्जी के ठेले लगा लिए हैं.

लक्ष्मीनगर मेट्रो और शकरपुर स्कूल ब्लॉक के पास कुछेक रिक्शा वालों का उदास चेहरा दिखा. आजकल उनके रिक्शे पर कौन चढ़ता है?

बैंके के सामने लंबी कतार लगी है. शायद जन-धन अकाउंट में कुछ पैसा आया है या क्या पता बहुत सारे लोग ऐसे ही बैंकों से पैसा निकालते हों जो एटीएम और ऑनलाइन बैंकिंग का प्रयोग नहीं करते. एक स्कूल के सामने शायद भोजन बंट रहा है. वहां भी लंबी कतार है.

दोस्तों से फोन पर बातें सिर्फ सैलरी कट और छंटनियों की आशंकाओं से भरी हुई हैं. एक मित्र का कहना है कि कोरोना संकट के बाद भी लोग एक दूसरे से कैसे व्यवहार करेंगे? क्या वे पहले की तरह घुलमिलकर बात कर पाएंगे, हाथ या गला मिला पाएंगे? कोई किसी के घर से कुछ खाकर आया और उसे सर्दी-जुकाम हुआ तो इसे मेजबान के घर आरोपित करते कितना वक्त लगेगा?

भीड़भाड़ वाले क्लब, थियेटर, रेस्त्रां, डिस्को, साहित्यिक समारोह, गोष्ठियों का क्या होगा? क्या मैं अतिरंजित सोच रहा हूं या कोरोना के इलाज के बाद ये बातें खत्म हो जाएंगी जैसा कि पूर्व की महामारियों के बाद हुई थी?

मलेरिया की दवाई को लेकर भारत-अमेरिका तनातनी की बात मीडिया में खूब आई. मलेरिया और हैजा जैसी बीमारियों का जिक्र शरत बाबू के उपन्यासों में भी खूब हुआ है जो सन् 1910 या 1920 के दशक में लिखे गए. मलेरिया पर सन् 50 और 60 के दशक तक काबू पा लिया गया था, लेकिन इन बीमारियों ने उस जमाने में काफी कहर ढाया था. अब फिर से कोरोना से निपटने के लिए वही दवाई काम आ रही है.

कॉपरेटिव जीवनशैली के क्या लाभ होते हैं, ये लोगों को समझ आ रहा है. मेरे ससुराल के लोग आसपास रहते हैं, उनसे कई मदद मिल जाती है. कल दुकान पर ‘आजतक’ के पूर्व कर्मचारी कपूर साहब दवाई की दुकान पर मिल गए. मैं तो मास्क लगे चेहरे को पहचान नहीं पाया, लेकिन वे पहचान गए-यों वे हमारे विभाग में काम नहीं करते थे. उन्होंने कहा कि किसी चीज़ की जरूरत हो तो बेहिचक उन्हें बताएं, वे पास ही रहते हैं. उनकी यादद्दाश्त देखकर मैं दंग रह गया.

इन बोझिल पलों के बीच भी लोग व्हाट्सएप्प ग्रुप में लड़-झगड़ रहे हैं. फेसबुक-ट्विटर पर गाली दे रहे हैं और तारीफ कर रहे हैं. प्यार करनेवाले टेलीफोनिक प्यार कर रहे हैं. लगता है ज़िंदगी पूरी तरह रुकी नहीं है.

(सुशांत झा पेंगुइन इंडिया-हिंद पॉकेट बुक्स के कमिशनिंग एडिटर हैं. यहां व्यक्त विचार उनके अपने हैं और उससे इंडिया टुडे की सहमति आवश्यक नहीं है)

***

ADVERTISEMENT
Advertisement