विश्व क्रिकेट में कुछ बल्लेबाज ऐसे होते हैं, चाहे वो भारत के खिलाफ खेल रहे हों पर उनकी बल्लेबाजी देखने का मजा ही कुछ और है. आखिर, दर्शक उस बल्लेबाज के फैन क्यों नही होंगे जो वनडे की किसी एक पारी में 16 और टी-20 के मैच में 17 छक्के उड़ाए. आप सही समझे, हम क्रिस गेल की बात कर रहे हैं. कत्थई कपड़ों में सफेद गेंदों का सामना करने में गेल का कोई सानी नहीं है. गेल बल्लेबाजी करते हैं तो दर्शकों की निगाहें मैदान पर कम और आसमान में अधिक रहती हैं. उसी मुस्कुराते हुए दबंग बल्लेबाज गेल ने क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला कर लिया है.
वेस्टइंडीज के तूफानी बल्लेबाज गेल वन डे इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले रहे हैं. आगामी विश्व कप के बाद गेल संन्यास ले लेंगे. इस बारे में वेस्टइंडीज के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट विंडीज़ क्रिकेट ने ट्वीट करके जानकारी दी है. 2019 का वर्ल्ड कप इंग्लैंड और वेल्स के बीच 30 मई से 15 मई तक होगा. हालांकि 20 फरवरी से वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच शुरू होने वाले पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए क्रिस गेल टीम में हैं. सीरीज का पहला मैच बारबादोस में खेला जाएगा.
गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने वाले गेल हमेशा अपने आक्रामक खेल के लिए जाने जाते है. मौसम वैज्ञानिक तो मौसम का हाल बता देते हैं कि कब तूफान आएगा और कब ओले गिरेंगे, पर मैदान में विपक्षी गेंदबाजों को अनुमान ही नहीं होता कि गेल नाम का चक्रवात कब उनको लेकर उड़ जाएगा. गेल के आंधी में बड़े सूरमा गेंदबाज भी उड़ जाते हैं. जब तक वे मैदान में होते हैं तब तक मैदान में मैच देख रहे लोग ही क्षेत्ररक्षक होते हैं. जब इनके बल्ले से बॉल टकराती हैं तो बॉल हवाई-यात्रा करती हुई मैदान से बाहर जाती नजर आती है. गेल ने वनडे मैचों में अभी तक 275 और टी-20 में 103 छक्के लगाए हैं. गेल का बल्ला चलता है तो बड़े से बड़ा मैदान भी छोटा लगने लगता है. मैदान में आतिशबाजी करने वाले गेल पिछले दो सालों में ज्यादातर मैदान से बाहर रहे. इसकी वजह उनका निराशाजनक प्रदर्शन और टीम में नए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का आना रहा. लेकिन, गेल फिर से इंग्लैड के खिलाफ खेलने के लिए तैयार है.
क्रिस गेल ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच 1999 में खेला था. उन्होंने अब तक 284 वनडे मैचों में 9,727 रन बनाए हैं जिसमें 23 शतक और 49 अर्धशतक शामिल हैं. शतकों के मामले में गेल ने ब्रायन लारा को भी पीछे छोड़ दिया और उनसे 4 शतक ज्यादा लगाए हैं.
गेल ने 2015 के वर्ल्ड कप में जिंबाब्वे के खिलाफ 147 गेंदों में 215 रनों की पारी खेली थी जिसमें 10 चौके और 16 छक्के शामिल थे. यह वेस्टइंडीज के किसी भी बल्लेबाज का सर्वोच्च स्कोर है. वनडे में गेल के नाम 165 विकेट हैं जिनका औसत 35.33 का रहा है. गेल ने कईबार गेंदबाजी में टीम के लिए अहम योगदान दिया है. वे तीन बार मैच में 4 और 1 बार 5 विकेट ले चुके हैं. फील्डिंग में भी अहम योगदान है गेल ने स्लिप में फील्डिंग करते हुए 120 कैच लिए हैं.
गेल ने 103 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें 182 पारियों में 15 शतक और 37 अर्धशतक बनाए हैं. टेस्ट क्रिकेट में गेल ने दो बार तिहरा शतक लगाया है. टेस्ट मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाने का रिकॉर्ड भी उनके खाते में दर्ज है. टेस्ट मैच में बॉलिंग करते हुए 73 विकेट लिए जिस में दो बार पांच-पांच विकेट शामिल है.
आइपीएल में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विदेशी बल्लेबाज है. जो 112 मैच में 3994 रन 41.18 की औसत से बनाए हैं जिसमें 6 शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं. क्रिस गेल ने 66 गेंदो में 175 रनों की नॉटआउट पारी खेली थी जिसमें 13 चौके और 17 छक्के जड़े थे.
खुद को यूनिवर्स बॉस कहने वाले क्रिस गेल फिर से मैदान पर कहर बरपाने आ रहे है. जाहिर है इंग्लैड के गेंदबाज क्रिस गेल से सतर्क रहेगें. क्रिकेट प्रेमी जरूर यह चाहेंगे कि विश्व कप के अपने आखिरी मैचों में क्रिस गेल कहर बरपा करें, पर गेंदबाजों के लिए यह मुश्किल घड़ी साबित हो सकती है.
सरफराज आलम टुडे मीडिया इंस्टीट्यूट के छात्र हैं और इंडिया टुडे में प्रशिक्षु हैं
***

