scorecardresearch
डार्क मोड

उत्तराखंडः आसमानी कहर से टूटा मुसीबतों का पहाड़

उत्तराखंड में आए मौजूदा प्राकृतिक संकट में आपदा प्रबंधन तंत्र एक बार फिर नाकाम नजर आया. इससे पता चलता है कि केदारनाथ आपदा के बाद भी देश ने कुछ खास नहीं सीखा.

अपडेटेड 13 जुलाई , 2016

उत्तराखंड में 1 जुलाई, 2016 को चमोली के घाट और पिथौरागढ़ के थल मुनस्यारी और धारचूला क्षेत्रों में बारिश ने तबाही मचाई. इस दौरान उत्तराखंड का आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह लाचार और बेबस दिखा. प्रदेश में हुआ क्या, संचार उपकरणों के अभाव में वह इसकी सूचना तक नहीं जुटा सका. प्रदेश के आपदा न्यूनीकरण केंद्र में सूचनाओं की बाबत मालूम करने पर कहा गया कि प्रभावित क्षेत्र में मोबाइल और संचार सेवाएं ठप होने से सूचनाएं जुटाने में देर लग रही है. जिलाधिकारियों से बात तक नहीं हो पा रही है. हकीकत में हुआ क्या, यह ठीक-ठीक किसी को नहीं पता.

पिथौरागढ़ सबसे अधिक प्रभावित
पिथौरागढ़ के पांच गांव इस आसमानी आपदा में प्रभावित हुए. सबसे ज्यादा नुकसान के बस्तड़ी गांव में हुआ जिसका नामोनिशान ही मिट गया. यहां पांच किलोमीटर तक मलबा ही मलबा नजर आता है. पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी हरीश सेमवाल को कनालीछीना से पैदल बस्तड़ी जाने में पांच घंटे लग गए. वहीं घटना के बाद मुख्यालय से मौके पर पहुंचने में प्रशासन को नौ घंटे का वक्त लगा. यह उस वक्त हुआ जब राज्य शासन ने सभी जिलों को हाइअलर्ट पर रहने के निर्देश दिए थे.

केदार आपदा के बाद क्या कदम उठाए गए?
जून 2013 की केदार आपदा के तीन साल के बाद भी यह संकट खत्म होने के बजाए गहरा रहा है. आपदा उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के लिए एक सचाई है. आपदा के अनुमान के लिए राज्य में 64 ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन स्थापित किए जाने थे, लेकिन अब तक सिर्फ चार ही लग सके हैं. डॉप्लर रडार स्टेशन मौसम की सटीक भविष्यवाणी के लिए राज्य में वर्षों से स्थापित किए जाने के इंतजार में ही रह गए. मलबे में जिंदा दबे व्यक्तियों की तलाश में सहायक हीट सेंसर उपकरणों की खरीद अब भी इस प्राधिकरण द्वारा नहीं की जा सकी है. राहत और बचाव अभियान में जीपीएस प्रणाली का उपयोग भी प्रभावी ढंग से अब तक नहीं हो पाया है.

संवेदनशील गांवों में रह रहे लोगों की स्थिति
चमोली के घाट क्षेत्र या पिथौरागढ़ के बस्तड़ी गांव जितने ही संवेदनशील 341 गांवों में रहने वाले लोगों के सामने ऐसा ही खतरा मंडरा रहा है. इनमें से 69 गांव ऐसे हैं जो अतिसंवेदनशील श्रेणी में आते हैं. 2013 में आपदा से हुए भारी विनाश के बावजूद इन गांवों के विस्थापन की दिशा में सरकार कोई कदम ही नहीं उठा पाई है. इस पर चिंता जताते हुए बीजेपी के गढ़वाल सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी ने आपदा पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मॉनसून की शुरुआत में ही यदि सरकार का आपदा प्रबंधन तंत्र नाकाम हो गया तो अभी तो पूरी बरसात सामने है. उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में सड़क मार्ग बह गए हैं, वहां हेलिकॉप्टर से खाद्य सामग्री भेजी जानी चाहिए. जबकि राज्य के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राज्य के जिन संवेदनशील गांवों को दूसरी जगह बसाना है, वे उसकी सूची कई बार प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री को सौंपकर उनसे इन गांवों के विस्थापन के लिए मदद मांग चुके हैं. अभी बरसात से पूर्व भी वे केंद्र सरकार से इसके लिए स्वयं जाकर मांग कर चुके हैं लेकिन केंद्र के कानों में जूं नहीं रेंगती.

आपदा के वक्त संचार सुविधाओं पर जोर
उनका कहना है कि राज्य के आपदा प्रबंधन तंत्र की मजबूती के उद्देश्य से राज्य सरकार ने प्रदेश में डॉप्लर रडार को स्थापित करने के लिए भूमि उपलब्ध करा दी है. अब केंद्र को इस पर डॉप्लर रडार स्थापित करना है. गृह मंत्री से सैटेलाइट फोन के लाइसेंस शुल्क में कमी करने का भी अनुरोध किया गया है. राज्य में संचार सेवाएं आपदा के आते ही ठप पड़ जाती हैं, ऐसे में राज्य को सैटेलाइट फोनों की आवश्यकता है. राज्य केंद्रीय गृह मंत्रालय से इसके लिए लाइसेंस जारी करने का निवेदन कर रहा है.

पुननिर्माण एवं क्षमता विकास का प्रोजेक्ट
वर्ष 2013 की केदारनाथ त्रासदी के बाद प्रदेश के लिए पुननिर्माण एवं क्षमता विकास का प्रोजेक्ट स्वीकृत किया गया था. 3,000 करोड़ रु. के इस प्रोजक्ट में रिवर मॉर्फोलॉजी का भी काम शुरू किया जाना था. अब आपदा प्रबंधन विभाग के अपर सचिव सी. रविशंकर कह रहे हैं कि इसके तहत आबादी के लिए खतरा बनी नदियों के सर्वेक्षण का काम कर नदियों को चैनलाइज और डायवर्ट करने का काम तीन चरणों में किया जा रहा है. पहले चरण में राज्य की पांच प्रमुख नदियों पर आबादी के लिए खतरा बने स्थानों या कटाव की वजह से भूक्षरण के शिकार स्थानों में सुरक्षा दीवार का निर्माण होगा. इसके लिए 45 संवेदनशील पाइंट को चिन्हित किया गया है.

नदियों का हुआ सर्वे
दूसरे चरण में नदियों को कुछ स्थानों पर सुरंग के जरिए गुजारने का काम होगा. तीसरे चरण में नदियों का डायवर्जन होना है. इसके तहत जिन , उनमें भागीरथी का गंगोत्री से देवप्रयाग तक 205 किलोमीटर क्षेत्र, अलकनंदा का बद्रीनाथ से देवप्रयाग तक 190 किलोमीटर क्षेत्र, मंदाकिनी का केदारनाथ से रुद्रप्रयाग तक 98 किलोमीटर क्षेत्र और धौलीगंगा का तवाघाट से जौलजीवी तक 40 किलोमीटर क्षेत्र और कालीनदी का जौलजीवी से पंचेश्वर तक 56 किलोमीटर क्षेत्र शामिल है.

सात हेलिकॉप्टर तैनात करने का निर्णय
1 जुलाई को मॉनसून की पहली बारिश में राज्य में बरसी आसमानी आफत के बाद आपदा की घटनाओं से निबटने के लिए सरकार ने राज्य के अलग-अलग स्थानों पर सात हेलिकॉप्टर तैनात करने का निर्णय लिया है. केंद्र से रात में उड़ान भरने में सक्षम दो हेलिकॉप्टर भी मांगे जा रहे हैं. राज्य के आपदा सचिव शैलेश बगौली के अनुसार निजी हेलिकाप्टर कंपनियों से बातचीत हो भी गई है, इनमें से चार हेलिकॉप्टरों को कुमाऊं के जिलों में और तीन को गढ़वाल के जिलों में तैनात किया जाएगा.

संकरी घाटियों में बादल फटने का खतरा ज्यादा
भूगर्भ वैज्ञानिक राजीव उपाध्याय कहते हैं कि राज्य की संकरी घाटियों में बादल फटने का खतरा सबसे ज्यादा रहता है, लेकिन जानकारी के अभाव में फिर भी इन घाटियों में लोगों का बसना निरंतर जारी है. बीते 25 साल में राज्य में आपदा की 18 बड़ी घटनाएं हुई हैं जिसमें 11 बड़ी आपदाएं संकरी घाटियों में हुईं. वाडिया संस्थान ऑफ  हिमालय जियोलॉजी के निदेशक डॉ. ए.के. गुप्ता के अनुसार पूरे हिमालयीय क्षेत्र के भूगर्भीय दरारों से युक्त होने के कारण बारिश का पानी इन दरारों में जाने से पूरी जमीन ढीली हो जाती है. इस कारण कभी धीमी, कभी तेज बारिश जमीन कटने, धंसने और भूस्खलन के खतरे को आमंत्रण देती है.

पूर्वानुमान के लिए तकनीक का सहारा
ऐसा नहीं है कि इस तरह की तबाही से बचने को कोई तकनीक ही न हो. आइआइटी रुड़की के जलसंसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में प्रोफेसर नयन शर्मा के अनुसार प्रत्येक पांच किलोमीटर में बारिश का सटीक आकलन कर डिजिटल एलीवेशन मॉडल (डीईएम) के जरिए निश्चित हिस्सों में होने वाली तबाही का पूर्वानुमान लगाया जा सकता है. इसकी एक रिपोर्ट का प्रस्तुतीकरण 2015 के नवंबर माह में जलसंसाधन मंत्री उमा भारती को दिया भी गया था. इसके बाद केंद्र को भी इस तकनीक पर रिपोर्ट भेजी गई. लेकिन केंद्र से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली जबकि यदि केंद्र चाहे तो इसके तबाही के बारे में सटीक भविष्यवाणी का आकलन किया जा सकता है. इसके उपयोग से बारिश का पूर्वानुमान कर नदियों में पानी के प्रवाह की क्षमता बढ़ाई जा सकती है. इसके लिए नदियों को चैनलाइज करने की खातिर उनकी लंबाई-चौड़ाई को जरूरत के हिसाब से विकसित करने का काम हो सकता है. पहाड़ों का भूस्खलन रोकने के लिए रॉक बोल्टिंग तकनीक का प्रयोग कर उन्हें मजबूती दी जा सकती है.

ADVERTISEMENT
Advertisement