नीम हकीम खतरे जान तो भारत में कदम-कदम पर मिल जाएंगे. इस समय तो ऐसे नीम हकीमों की सोशल मीडिया पर बाढ़ सी आ गई है. कोई कह रहा लहसुन खाओ तो कोरोना वायरस का संक्रमण नहीं होगा तो कोई कह रहा कपूर जलाओ. गोमूत्र और गोबर को बकायता हिंदू महासभा ने कोरोना के इलाक के तौर पर जमकर प्रचारित किया. लेकिन डब्ल्यूएचओ इन दावों की पुष्टि नहीं करता. बल्कि इस तरह की सलाहों से दूर रहने की सलाह दे रहा है. यही नहीं सोशल मीडिया में यह भी सलाह दी गई कि आप अपनी सांस 20 सेकेंड तक नहीं रोक पा रहे तो कोरोना का टेस्ट जितनी जल्दी हो सके करवा लें.
1- क्या तापमान बढ़ने पर कम होगा कोरोना का खतरा?
इस दावे को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पूरी तरह नकार दिया है. सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई जा रही है कि कोरोना वायरस गर्मी बर्दाश्त नहीं कर सकता, इसलिए भारत जैसे देश में जैसे ही मामला मार्च पार होगा यह वायरस खत्म हो जाएगा. लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि यह सोचकर भुलावे में रहने की जरूरत नहीं है. कोरोना वायरस उन देशों में भी फैल रहा है जहां का मौसम गर्मी और उमस भरा है.
2- सूखी खांसी और नाक न बहने का मतलब क्या कोरोना के हमले से बचे होना है?
इस तरह की जानकारी भी सोशल मीडिया पर खूब चल रही है कि अगर आपकी नाक नहीं बह रही और आपको सूखी खांसी हो रही है तो इसका मतलब है कि आपको कोरोना वायरस का संक्रमण हो सकता है. वैसे यह बात सही है कि इस वायरस की चपेट में आए लोगों में आमतौर पर बुखार, थकान और सूखी खांसी जैसे लक्षण ही दिख रहे हैं. लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि कोरोना वायरस के कुछ मरीजों में शरीद में दर्द, नाक बहना और डायरिया जैसे लक्षण भी देखने को मिले हैं. कुछ मरीज तो ऐसे भी निकले जिनमें कोई लक्षण ही नहीं थे.
3-हर 15 मिनट में पिएंगे पानी तो कोरोना नहीं फटकेगा पास?
हर 15 मिनट में पानी पीने के दावा भी सोशल मीडिया की ही देन. सलाह दी जा रही है कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए हर 15 मिनट पर पानी पीते रहना चाहिए. इस दावे के मुताबिक ऐसे में सांस के साथ आपके मुंह में आया कोरोना वायरस सीधे पेट में चला जाएगा जहां हाइड्रोक्लोरिक एसिड उसे ठिकाने लगा देगा. वैसे पानी पीना एक अच्छी सलाह है. लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक इसका कोई साक्ष्य नहीं है कि पानी पीने से कोरोना वायरस को खत्म किया जा सकता है.
***

