झांसी. झांसी के किसान पन्ना को अपनी बेटी की शादी की चिंता सता रही थी. उसके दो बेटे शहर में रोजगार के लिए पलायन कर गए. पैसे का संकट घर में था और साहूकारों का कर्ज भी. बृहस्पतिवार को वह बैंक पहुंचा तो खाते में पड़े कुछ पैसे निकलने के लिए भी इंतजार करना पड़ गया.
लाइन लंबी थी. इससे पहले कि वह काउंटर पर पैसों को छू पाता मौत ने उसे आगोश में ले लिया. किसान जमीन पर गिरा और वहीं उसकी मौत हो गई. बैंक में हड़कंप मच गया. घटना
झांसी जिले के मऊरानीपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की है.
झांसी जनपद के मऊरानीपुर तहसील के ग्राम चकारा में रहने वाला 50 वर्षीय किसान पन्ना आज सुबह पंजाब नेशनल बैंक में खर्चे के लिए रुपए निकालने गया हुआ था. जहां बैंक में लम्बी लाइन लगी हुई थी.
जिसमें वह भी खड़ा था. धीरे-धीरे उसका नम्बर आया और वह काउंटर पर पहुंचा. इससे पहले वह रुपए निकालता, अचानक वह गिर गया. यह घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल में लाया गया. जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना थाने की पुलिस व उसके परिजनों को दी गई.
मृतक के चचेरे भाई बाबूलाल ने बताया कि मृतक किसान भाई पर 1 लाख रुपए का कर्जा था. इसके साथ ही उसे अपनी बेटी की शादी करनी थी. लेकिन सूखे की वजह से उसे कोई रास्ता नहीं दिख रहा था.
जिसकी चिंता में वह हमेशा रहता था. आशंका जताई जा रही है कि इसी चिंता में उसकी मौत हो गई. किसान नेता शिवनारायण परिहार कहते हैं, किसान पन्ना पिछले कई दिनों से परेशान था. वह अपने केसीसी के खाते से कुछ पैसे खर्च के लिए निकालने बैंक गया था.
किसान की तीन बीघा जमीन है, लेकिन उस पर इस बार फसल नहीं हुई. सो लड़के रोजगार के लिए शहर पलायन कर गए हैं और एक बेटी शादी के लिए बैठी है. इसी की चिंता में पन्ना को अटैक आ गया. बैंक में मौत का यह पहला मामला है.
बुंदेलखंड में लगातार किसानों कि मौत हो रही है. किसान कर्ज के मर्ज में जकड़कर बेहाल है. सरकारी मदद उसके लिए सफेद हाथी साबित हो रही है.

