
दीपावली की रात कानपुर देहात के माती इलाके में रहने वाले 12 वर्षीय आर्यन के लिए खुशियों का त्योहार जिंदगी का दर्दनाक हादसा बन गया. पटाखे से लगी आग में वह बुरी तरह झुलस गया. पिता रामकुमार उसे लेकर फौरन जिला अस्पताल पहुंचे लेकिन वहां बर्न यूनिट बंद होने के कारण इलाज नहीं मिल सका. उम्मीद लेकर वे कानपुर नगर के हैलट अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां भी बर्न यूनिट बंद होने से निराशा हाथ लगी.
बेटे की तकलीफ और अपनी बेबसी के बीच रामकुमार उसे लेकर अस्पताल-दर-अस्पताल भटकते रहे. आखिरकार उन्हें लखनऊ पहुंचकर केजीएमयू के पास एक निजी अस्पताल में बेटे को भर्ती कराना पड़ा.
रामकुमार बताते हैं, ‘‘बेटे को दर्द से तड़पते देखकर कलेजा मुंह को आ रहा था. समझ नहीं पड़ रहा था कि उसे लेकर कहां जाएं. सरकारी अस्पतालों में इलाज नहीं मिला तो आखिरकार लखनऊ पहुंचकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.’’
जिस उम्र में आर्यन को दीपावली की खुशियां मनानी थीं, उस उम्र में वह अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी की जंग लड़ रहा है. उसकी आपबीती प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में बर्न यूनिटों की बदहाली की बानगी है. कानपुर नगर में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से संबद्ध हैलट अस्पताल इसकी बड़ी मिसाल है. यहां 50 बेड की बर्न और प्लास्टिक सर्जरी यूनिट बनाने की योजना वर्षों से लंबित है.
वर्ष 2019 में 4.31 करोड़ रुपए की लागत से ‘बर्न ऐंड रीकंस्ट्रक्टिव यूनिट’ का निर्माण शुरू हुआ और 2020 में भवन तैयार हो गया लेकिन छह साल बाद भी यह मरीजों के लिए शुरू नहीं हो सका. भवन पर ताला पड़ा है और यूनिट तक जाने वाली सड़क भी उखड़ी हुई है.
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, सीवर चैंबर, फ्लश और पानी की आपूर्ति से जुड़े काम अधूरे थे. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने कार्यदायी संस्था को कमियां दूर कर 6 नवंबर तक भवन सौंपने का निर्देश दिया था, लेकिन यह प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो पाई.
डॉ. काला के मुताबिक, यूनिट के संचालन के लिए करीब 90 कर्मचारियों और लगभग 10 करोड़ रुपए के उपकरणों की जरूरत है. उपकरण खरीद का प्रस्ताव मंजूर नहीं हुआ था. कॉलेज प्रशासन ने सीएसआर के जरिए कुछ उपकरण जुटाकर पहले चरण में 26 बेड की यूनिट शुरू करने की योजना बनाई है, जिसे पर्याप्त स्टाफ मिलने पर 50 बेड तक विस्तारित किया जाएगा.
फिलहाल हैलट अस्पताल के हड्डी रोग विभाग के वार्ड नंबर दो में कुछ बेड जले-झुलसे मरीजों के लिए आरक्षित किए गए हैं, लेकिन यह विशेषज्ञ बर्न यूनिट का विकल्प नहीं है.


कानपुर नगर में बर्न यूनिट की जरूरत पिछले साल मेस्टन रोड पर हुए हादसे से भी सामने आई थी. 8 अक्बतूर, 2025 को स्कूटी में विस्फोट के बाद आठ लोग झुलस गए थे. इनमें चार की हालत गंभीर थी और उनके शरीर का 60 से 80 फीसद हिस्सा जल गया था. घायलों को यूएचएम जिला अस्पताल या उर्सला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया.
यहां आठ बेड की बर्न यूनिट तो है, लेकिन प्लास्टिक सर्जन के अभाव में विशेषीकृत इलाज की सुविधा नहीं थी. लिहाजा चार गंभीर मरीजों को केजीएमयू, लखनऊ रेफर करना पड़ा. उन्हें एंबुलेंस से करीब ढाई घंटे का सफर तय करना पड़ा. हैलट की प्रस्तावित यूनिट चालू होती तो गंभीर मरीजों के इलाज के लिए कानपुर नगर में एक और विकल्प उपलब्ध होता.
कानपुर देहात के माती स्थित जिला अस्पताल परिसर में भी प्लास्टिक सर्जरी और बर्न यूनिट का भवन करीब सात साल से शुरू होने का इंतजार कर रहा है. नवंबर 2012 में मंजूर इस परियोजना पर लगभग 1.96 करोड़ रुपए खर्च हुए. भवन 2017-18 में तैयार हुआ और 2019 में अस्पताल को हस्तांतरित भी कर दिया गया, लेकिन यूनिट शुरू नहीं हुई. यहां झुलसे मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है.
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अंबरीश कुमार गुप्त के मुताबिक, यूनिट के लिए एक प्लास्टिक सर्जन, दो जनरल सर्जन, तीन इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर, कम से कम छह स्टाफ नर्स, एक फिजियोथेरेपिस्ट और तीन ड्रेसर समेत अन्य कर्मचारियों की जरूरत है.
मानव संसाधन की कमी दूर करने के लिए नवंबर 2025 और 30 सितंबर, 2026 को शासन को चिट्ठी लिखी गई थी. लंबे समय तक बंद रहने से भवन की मरम्मत की जरूरत भी पैदा हो गई है. हालांकि, 4 नवंबर को मेडिकल कॉलेज परिसर में बर्न आइसीयू शुरू किया गया है, जिससे झुलसे मरीजों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
बलरामपुर जिले के संयुक्त जिला चिकित्सालय में भी बर्न और प्लास्टिक सर्जरी यूनिट का भवन दिसंबर 2017 में तैयार हुआ और फरवरी 2018 में स्वास्थ्य विभाग के हवाले कर दिया गया, लेकिन अब तक नियमित संचालन शुरू नहीं हो पाया है. डॉक्टरों और कर्मचारियों की तैनाती न होने से मरीजों को समर्पित बर्न सेवा नहीं मिल रही है.
लंबे समय तक बंद रहने के दौरान भवन के पंखे, ऑक्सीजन पाइप, वायरिंग और दूसरे सामान चोरी हो गए. इनकी दोबारा व्यवस्था और मरम्मत के लिए बजट की जरूरत है जिसका इंतजाम अब तक नहीं हो पाया है.
दरअसल, प्रदेश में बर्न यूनिटों की बदहाली की सबसे बड़ी वजह विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी है. यूपी के सभी सरकारी अस्पतालों में कम से कम आठ बेड की बर्न यूनिट बनाने का प्रावधान है. सभी मंडलीय जिला चिकित्सालयों की बर्न यूनिट में आइसीयू और मेडिकल कॉलेजों में ‘बर्न ऐंड रीकंस्ट्रक्टिव यूनिट’ होना अनिवार्य है.
इसके बावजूद सरकारी अस्पतालों में निर्धारित मानकों के मुताबिक बर्न यूनिटों का संचालन नहीं हो रहा. प्रदेश में मानकों के अनुरूप बर्न यूनिट संचालित करने वाला प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थान लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) है.
केजीएमयू के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. विजय कुमार बताते हैं, ‘‘सरकारी बर्न यूनिट ठीक से संचालित न होने के पीछे की मुख्य वजह प्लास्टिक सर्जन का अभाव है. विशेषज्ञ डॉक्टरों को सरकारी कार्यदशाएं नहीं भा रही हैं, इसलिए वे निजी क्षेत्र को चुन रहे हैं.’’


प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में प्लास्टिक सर्जन के कुल 80 पद स्वीकृत हैं लेकिन इनमें केवल 16 कार्यरत हैं. इनमें भी ज्यादातर रिटायर होने के बाद एक्सटेंशन पर काम कर रहे हैं. ऐसे में कई अस्पतालों की बर्न यूनिट में जनरल सर्जन से ही प्लास्टिक सर्जन का काम लिया जा रहा है.
लखनऊ के एक सरकारी अस्पताल में तैनात जनरल सर्जन बताते हैं, ‘‘जनरल सर्जन मरीज को शुरुआती उपचार देकर स्थिर कर सकते हैं, लेकिन घाव की सफाई, मृत ऊतक हटाने और स्किन ग्राफ्टिंग जैसे उपचारों में प्लास्टिक सर्जन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. इसीलिए जिला अस्पतालों से गंभीर मरीजों को केजीएमयू या किसी निजी अस्पताल को रेफर कर दिया जाता है.’’
विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के चलते सरकारी अस्पतालों में शुरुआती उपचार ही मिल पाता है, गंभीर मरीजों को विशेष तरह के इलाज के लिए दूसरे संस्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है.
एक ओर सरकारी अस्पतालों में प्लास्टिक सर्जनों के पद खाली हैं, दूसरी ओर प्रदेश के सभी बड़े जिलों में जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के आसपास निजी प्लास्टिक सर्जरी केंद्र खुल रहे हैं.
आगरा में निजी प्लास्टिक सर्जरी एवं रीकंस्ट्रक्टिव अस्पताल के संचालक और प्लास्टिक सर्जन डॉ. देवेश शर्मा बताते हैं, ‘‘सरकारी क्षेत्र में नौकरी शुरू करने पर एक प्लास्टिक सर्जन को करीब सवा लाख रुपए तनख्वाह मिलती है. इसके अलावा पूरे प्रदेश में तबादला भी होता रहता है. इसलिए कोई भी विशेषज्ञ डॉक्टर सरकारी अस्पतालों में नौकरी नहीं करना चाहता.’’
पिछले वर्ष राज्य सरकार की ओर से 749 डॉक्टरों की भर्ती में केवल दो प्लास्टिक सर्जन शामिल थे. प्रदेश के स्वास्थ्य महानिदेशक पवन कुमार अरुण कहते हैं, ‘‘सरकारी डॉक्टरों की नई नियमावली तैयार हो रही है. इसमें सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के लिए विशेष प्रावधान किए जा रहे हैं.’’
सरकार को उम्मीद है कि नई नियमावली से विशेषज्ञ डॉक्टर सरकारी सेवा की ओर आकर्षित होंगे. हालांकि, इसका असर भर्ती और अस्पतालों में तैनाती के बाद ही दिखाई देगा. यूपी में बर्न यूनिटों की बदहाली स्वास्थ्य व्यवस्था में योजना और क्रियान्वयन के बीच की खाई उजागर करती है, जिसे पाटना सरकार के लिए बेहद कठिन चुनौती है.

