scorecardresearch
डार्क मोड

जानलेवा बनती उड़ान

बद्रीनाथ से लौट रहे हेलीकॉप्टर के हादसे का शिकार होने के बाद इस पर्वतीय प्रदेश में हेली सेवाओं के संचालन को लेकर फिर उठे गंभीर सवाल

uttrakhand
ज्योतिर्मठ घाटी में जान गंवाने वालों के शव सड़क तक लाए जाते हुए
अपडेटेड 18 नवंबर , 2026

उत्तराखंड की जोशीमठ घाटी में 30 अक्तूबर को हेलीकॉप्टर हादसे ने चारधाम यात्रा मार्ग पर हवाई सेवाओं की निगरानी व्यवस्था को फिर से सवालों के घेरे में ला दिया है. वह हेलीकॉप्टर तीर्थयात्रियों को बद्रीनाथ के दर्शन कराकर देहरादून लौट रहा था. उसमें सवार पांचों तीर्थयात्री पायलट समेत मौत के मुंह में समा गए.

गौरतलब कि हादसे से लगभग एक घंटा पहले उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) के हेड ऑफ ऑपरेशंस ग्रुप कैप्टन अमित शर्मा ने चारधाम रूट पर सभी उड़ानें रोकने का आदेश दे दिया था.

हेलीकॉप्टर का संचालन करने वाली कंपनी ट्रांस भारत एविएशन (टीबीए) प्राइवेट लिमिटेड ने कथित रूप से आदेश को नजरअंदाज किया. वहीं, कंपनी के डायरेक्टर (फ्लाइट ऑपरेशंस) एस. भट्टाचार्य ने कहा कि उन्हें उड़ानें रोकने के किसी आदेश की जानकारी न थी.

विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआइबी), नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) और यूसीएडीए की साझा टीमें हादसे की जांच में लगी हैं. यूसीएडीए ने एहतियात के तौर पर टीबीए के पूरे बेड़े और उसकी उड़ानों पर रोक लगा दी है.

पिछले साल जून में भी केदारनाथ के पास एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में सात तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी. उस हादसे के बाद टीबीए की भूमिका पर सवाल उठे और उसके दो पायलटों के लाइसेंस छह महीने के लिए निलंबित किए गए थे.

दुर्गम क्षेत्र में गिरे हेलीकॉप्टर का मलबा

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में तब बताया गया था कि टीबीए के दो हेलीकॉप्टर खराब मौसम की परिस्थितियों में उड़ान भरते पाए गए. मई 2026 में टीबीए का एक हेलीकॉप्टर हाइटेंशन लाइन से टकराया, तो 24 अक्तूबर 2026 को सहस्रधारा से गुप्तकाशी जा रहे टीबीए के एक हेलीकॉप्टर में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आई.

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, 2025 में हिमालयी क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर संचालन करने वाली आठ कंपनियों का विशेष सुरक्षा ऑडिट किया गया था, जिसमें कई खामियां पता चलीं.

राज्यसभा की परिवहन, पर्यटन और संस्कृति संबंधी संसदीय समिति ने 2025 की अपनी रिपोर्ट में भी चारधाम हेली सेवाओं की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए थे. वायुसेना में काम कर चुके एक एविएशन एक्सपर्ट के मुताबिक, केदारनाथ-बद्रीनाथ में हो रहे हेली हादसों में लापरवाही या फिर पैसे कमाने की होड़ का हाथ सबसे ज्यादा है.

ADVERTISEMENT
Advertisement