scorecardresearch
डार्क मोड

एक बाहुबली ने हिला दिया दल

मोकामा के विधायक अनंत सिंह को जद (यू) ने पार्टी से निकाला, तो अब वे अपनी इस पुरानी पार्टी के ही अंत का ऐलान कर रहे

Bihar
पार्टी से निकाले गए विधायक अनंत ‌सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी
अपडेटेड 11 नवंबर , 2026

जरा सोचिए, लंबे वक्त से सत्ताधारी दल के साथ रहा एक बाहुबली खुद को पार्टी से निकाले जाने पर पटाखे फोड़कर जश्न मना रहा हो. 24 अक्तूबर को जनता दल (यूनाइटेड) से निकाले जाने के बाद मोकामा के दबंग विधायक अनंत सिंह के पटना स्थित आधिकारिक आवास के बाहर ऐसा ही नजारा था.

अगले दिन उनके समर्थक शहर के सबसे व्यस्त चौराहे पर ढोल-नगाड़े बजाते और मिठाइयां बांटते दिखे. वे “जद (यू) को श्रद्धांजलि” दे रहे थे. दरअसल, अनंत सिंह ने इस बार बगावत का बिगुल फूंक दिया है. उन्होंने पार्टी के निर्देश को धता बताते हुए पटना स्नातक सीट पर एमएलसी चुनाव में विरोधी जन सुराज पार्टी का समर्थन किया.

जद (यू) ने अनुशासन तोड़ने एवं ‘असंसदीय भाषा’ का हवाला देते हुए अनंत सिंह और उनकी पूर्व विधायक पत्नी नीलम देवी को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया. पार्टी ने स्पीकर से उनकी सदस्यता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू करने को भी कहा.

मगर अनंत ‌सिंह की अकड़ बढ़ती गई. 28 अक्तूबर को एमएलसी चुनाव में जद (यू) की जीत का भी उन पर कोई असर नहीं पड़ा. उन्होंने जद (यू) के “खात्मे” का ऐलान करते हुए कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में यह पार्टी 10 सीटें भी न जीत पाएगी. उन्होंने अपनी नई पार्टी बनाने के भी संकेत दिए.

बड़ा है यह संकट
यह बगावत जद (यू) की मौजूदा स्थिति को भी उजागर करती है. 85 विधायकों के साथ सत्ताधारी गठबंधन में होने के बावजूद पार्टी मुश्किल दौर से गुजर रही है. नीतीश के मुख्यधारा की राजनीति से हटने के बाद इसका हाल उजड़ते घर जैसा है.

एक धड़ा भाजपा समर्थक है, तो दूसरा जद (यू) की स्वायत्तता और पुरानी समाजवादी पहचान को लेकर संवेदनशील है. पार्टी में संजय झा, ललन सिंह, विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव जैसे अनुभवी नेता हैं, मगर उनमें लोगों को एकजुट रखने वाला जादू नहीं. नीतीश के बेटे निशांत अभी सियासी गुर सीख ही रहे हैं.

सियासी सुस्ती का ही नतीजा था कि एक विधायक खुलकर पार्टी के खिलाफ प्रचार करता रहा और मतदान तक विधायक बना रहा. खुद अनंत सिंह ने स्थिति का सटीक आकलन किया, “पार्टी नीतीश की थी, जब वही नहीं बचे तो अब पार्टी में क्या ही बचा है?” भले यह बात थोड़ी अतिरंजित लगे, मगर यह इसका सबूत है कि पार्टी के नाम में लगा यूनाइटेड शब्द अब हकीकत कम और सपना ज्यादा लगता है.
 

ADVERTISEMENT
Advertisement