भारत में ई-गवर्नेंस कोई नई बात नहीं है. या यों कहें कि पिछले दो दशक से इस शब्द का जिक्र इतनी ज्यादा बार हुआ कि लोगों को यह बासी लगने लगा. इस उदासी की एक वजह यह भी थी कि लोग इस शब्द को तो सुनते थे, लेकिन इसका असली असर उन तक पहुंचता नहीं था. शायद इसीलिए पिछली मनमोहन सिंह सरकार ने रेलवे, पासपोर्ट, आधार कार्ड और इनकम टैक्स जैसी सेवाओं में जबरदस्त ई-गवर्नेंस उपलब्ध कराने के बावजूद इस संज्ञा को नारा बनाने की हिम्मत नहीं दिखाई. केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार आते ही ई-गवर्नेंस सरकारी नारा बन गया, हालांकि इस बार इसे ई-गवर्नेंस की बजाए “डिजिटल इंडिया” कहा गया.
इस साल मई में प्रधानमंत्री ने डिजिटल इंडिया सप्ताह का शुभारंभ कर अपने डिजिटल इरादों को जाहिर किया. माइ गव, पीएमओ इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी वेबसाइट्स सरकार की ई-गवर्नेंस परियोजना की सबसे प्रमुख वेबसाइट बनीं. बाकी मंत्रालयों की वेबसाइट्स को भी जरूरत के हिसाब से बदला गया ताकि वे ज्यादा से ज्यादा जानकारियां सरलता से लोगों तक पहुंचा सकें. सरकार के सारे विभागों ने अपनी उपलब्धियां लोगों तक पहुंचाने के लिए पहली बार ई-बुक का इस्तेमाल किया.
लेकिन 2015 में ई-गवर्नेंस का असली बदलाव आया नए एप डिजाइन होने से. यह ऐसा साल रहा जब टैक्सी, टिकट बुकिंग, खाना ऑर्डर करना, बैंक ट्रांजैक्शन, समाचार, मौसम और तकरीबन हर जरूरी चीज के लिए वेबसाइट्स के साथ एप भी बाजार में आ गए. एप आने का मतलब था कि अब इन सारे कामों को करने के लिए लैपटॉप या कंप्यूटर स्क्रीन की जगह मोबाइल फोन की स्क्रीन का इस्तेमाल होगा. देश के 70 करोड़ मोबाइल धारकों के हाथ तक पहुंच बनाने के लिए सरकार ने भी एप का रास्ता चुना. आज स्थिति यह है कि सरकारी क्षेत्र के तकरीबन सभी बैंकों के ट्रांजैक्शन मोबाइल या इंटरनेट के जरिए किया जा सकते हैं. रेलवे के टिकट मोबाइल से बुक किए जा सकते हैं.
पहले से चली आ रही इन सुविधाओं के साथ ही जीवन प्रमाण और डिजिटल लॉकर जैसे दर्जनों एप सरकार ने जारी किए हैं. जीवन प्रमाण एप पेंशन पाने वाले लोगों के लिए बनाया गया है. दरअसल अब तक यही चलन था कि पेंशन पाने वाले व्यक्ति को एक निश्चित समयावधि में बैंक जाकर यह बताना होता था कि वह जीवित है और कोई दूसरा व्यक्ति उसकी पेंशन नहीं हड़प रहा है. नए एप के जरिए पेंशन पाने वाला व्यक्ति यही काम ऑनलाइन कर सकता है. अब तक 11.39 लाख लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं. इसी तरह डिजिटल लॉकर में लोग अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज स्कैन कर रख सकते हैं और सरकारी खतो-किताबत में उनके लिए दस्तावेजों की फोटो कॉपी ले जाना अब अनिवार्य नहीं रह गया है. ई-हॉस्पिटल एप के जरिए एम्स जैसे अस्पतालों में ओपीडी के लिए पहले से अप्वाइंटमेंट लिया जा सकता है. जो लोग एक्वस में ओपीडी का पर्चा बनवाने के लिए कभी कतार में लग चुके हों, वे इस कष्ट को ज्यादा अच्छी तरह समझ सकते हैं. हां, ये बात सही है कि एम्स में पर्चा बनवाने की लाइन अभी खत्म नहीं हुई और न ही देश के सारे प्रमुख अस्पताल इस दायरे में आए हैं, लेकिन 2015 के लिए यह एक सुखद शुरुआत रही. राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस योजना के आंकड़ों के मुताबिक इस समय सरकार के 31 मिशन मोड प्रोजेक्ट में सीधे जनता को फायदा पहुंचाने वाले इ गवर्नेंस सेवाएं चालू हैं. देश में बैंकिंग प्रणाली में ई- ट्रांजेक्शन में आए तेज उछाल को समझा जा सकता है. 2013 में देश में जहां 84 करोड़ ई ट्रांजेक्शन हुए, वहीं 2015 में यह संख्या 258 करोड़ तक पहुंच गई.
इन सीधे सरकारी उपायों के अलावा सोशल मीडिया पर सरकार और मंत्रियों की उपस्थिति एक नए किस्म का सुखद एहसास लेकर आई. मसलन अब किसी नेता के संदेश को जानने के लिए उसकी प्रेस कॉन्फ्रेंस या विज्ञप्ति का इंतजार नहीं करना पड़ता, वह एक ट्वीट के जरिए अपनी बात रख देता है. तो दूसरी तरफ आम आदमी भी एक ट्वीट के जरिए सरकार तक अपनी बात पहुंचा पा रहा है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तो इस साल ट्वीट का ऐसा इस्तेमाल किया कि काला धन पकड़वाने से विकलांग किसान को मुआवजा देने तक उन्होंने ट्विटर और फेसबुक का इस्तेमाल किया. रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु तो ट्रेन में परेशान बच्चे के लिए दूध तक भिजवा चुके हैं. हालांकि यह बात भी सही है कि हर मामले में सोशल मीडिया से मदद नहीं मिल पाती, लेकिन ऐसा माहौल तो बनता ही है, जहां लोगों का भरोसा जमता है और सरकार को ज्यादा पारदर्शी होना पड़ता है.
सुर्खियों के सरताज 2015: आम जिंदगी में उतरी ई-गवर्नेंस
2015 में आम आदमी की जिंदगी में ईं-गवर्नेंस का असर दिखने लगा, जानें कैसे.

अपडेटेड 30 दिसंबर , 2015
ADVERTISEMENT
Advertisement
