scorecardresearch
डार्क मोड

सुर्खियों के सरताज 2015: गाय पर हाय-हाय

2015 में गाय किसी न किसी वजह से लगातार सुर्खियों में रही. पढ़ें गाय पर कैसे मची हाय-हाय.

बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान जारी किया गया बीजेपी का विज्ञापन
बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान जारी किया गया बीजेपी का विज्ञापन
अपडेटेड 30 दिसंबर , 2015

एक हर्ब है गाऊजुबान, जिससे कई तरह की यूनानी दवाएं बनती हैं. इसकी खूबी यह है कि यह दिल-दिमाग को ताकत देती है, घबराहट दूर करती है, आंखों की रोशनी बढ़ाती है, नजला-जुकाम और बुखार में मुफीद है. लेकिन गऊ और जुबान, दोनों अलग हो जाएं तो कई बार इस मुल्क में फसाद की जड़ बन जाती हैं. तब ये दिल-दिमाग को कमजोर करती हैं, घबराहट बढ़ाती हैं, आंखों का पानी सुखाती हैं और समुदायों को बुखार चढ़ाती हैं. हालांकि जुबान या भाषा का झगड़ा तो लगभग खत्म हो चुका है लेकिन गाय अब भी खूबसूरत और फायदेमंद होने के साथ ही खतरनाक और ध्रुवीकरण करने वाली जानवर बनी हुई है.

गाय साल भर किसी न किसी वजह से लगातार सुर्खियों में रही. इसके बारे में वे सारी बातें कही और उद्धृत की गईं जो शास्त्रों में लिखी हैं और नहीं लिखी हैं. चूंकि केंद्र में गोरक्षा की हिमायती सरकार है लिहाजा इसमें ताज्जुब नहीं कि साल की शुरुआत में ही केंद्रीय मंत्रियों ने दफ्तरों की सफाई फिनाइल की जगह गोमूत्र से करने का प्रस्ताव रखा. केंद्रीय महिला एवं बाल कल्याण मंत्री मेनका गांधी ने पर्यावरण के लिए खराब फेनाइल की जगह गउनाइल का इस्तेमाल करने का आग्रह किया.

गाय पर हाय-हाय के पीछे संगठन चाहे जो रहे हों पर वे सब किसी न किसी तरह से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए हैं. मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने गोमूत्र को चमत्कारी दवा करार दिया. यह कैंसर को भी ठीक कर सकता है. मंच का दावा है कि गाय का गोबर हाइड्रोजन और एटम बम को भी “बेअसर” कर सकता है. वैसे, गोमूत्र से बने कॉस्मेटिक्स और गोमूत्र या काउ-कोला के तौर पर उपलब्ध हैं.

साल के आखिर में इलाहाबाद हाइकोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार को एक आदेश दे दियाः राज्य सरकार गोमूत्र और गोबर को “लाभकारी” बनाने के लिए हर संभव प्रयास करे. वजहः इसमें बहुत औषधीय गुण हैं. लेकिन लगता है कि फिरंगियों को सिर्फ गर्भवती घोडिय़ों के मूत्र के ही फायदे मालूम हैं, जिससे बनी प्रीमेरिन (दवा) मीनोपॉज की परेशानियां दूर करने के लिए महिलाओं को दी जाती है. अन्यथा अक्तूबर में एक महिला को न्यूजीलैंड में 17,000 रु. जुर्माना नहीं भरना पड़ता. उन्होंने अपने सामान में गोमूत्र से भरी दो बोतलों के बारे में अधिकारियों को नहीं बताया था.

गाय पर असली हाय-हाय सितंबर में दिल्ली के पास दादरी के एक गांव में मोहम्मद अखलाक की हत्या के बाद मची. यह खबर दुनिया के लगभग सभी प्रमुख अखबारों में प्रमुखता से छपी और ऐसी छवि बनी कि भारत में मुसलमानों की जान जानवरों की जान से सस्ती है. राष्ट्रपति ने इस मुद्दे पर चिंता जाहिर कर दी लेकिन दुनिया के लगभग सभी मुद्दों पर अपनी राय जाहिर करने वाले प्रधानमंत्री ने सुर्खियों में छाए इस मुद्दे पर करीब एक पखवाड़े तक खामोशी ओढ़े रखी.

2015 में गाय पर हाय हायबीफ पर बहस छिड़ गईरू संविधान से लेकर वेद-पुराण और इतिहास की न जाने किन-किन किताबों का हवाला दिया गया. पूर्व न्यायाधीश मार्कंडेय काटजू ने कहा, “मैं बीफ खाता हूं और गाय को मां नहीं मानता.” दूसरी ओर, दक्षिणपंथी नेताओं और कार्यकर्ताओं को इसका कोई मलाल नहीं था. विश्व हिंदू परिषद की साध्वी प्राची ने कहा कि जो लोग बीफ खाते हैं, उनके खिलाफ ऐसी ही कार्रवाई होनी चाहिए. वैसे, आरएसएस को शायद इस बात पर कोई ऐतराज नहीं कि जरूरत पडऩे पर गाय का खून पिया जा सकता है, जैसा कि केन्या के लोग करते हैं.
अचानक गाय के नाम पर हिंसा की खबरें आम होने लगीं. 19 अक्तूबर को कश्मीर के निर्दलीय विधायक इंजीनियर राशिद के मुंह पर दिल्ली में स्याही डाल दी गई. उन पर इल्जाम था कि उन्होंने बीफ पार्टी आयोजित की. इससे पहले जम्मू-कश्मीर विधानसभा में “गाय की खातिर जान देने-जान लेने” का दंभ भरने वाले सांसद साक्षी महाराज के पार्टी वालों ने राशिद की ऐसी पिटाई की कि अगर पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बीच-बचाव न किया होता तो कश्मीर के “शहीदों” में एक और इजाफा हो जाता.

गाय ने कई लोगों के ऐसे पहलुओं को भी सार्वजनिक कर दिया, जो उसके पैरोकार बने घूमते हैं. उत्तर प्रदेश के बीजेपी नेता संगीत सिंह सोम बीफ निर्यात करने वाली कंपनी के साझीदार रह चुके हैं. सत्ता में आने से पहले पिंक रिवॉल्यूशन के लिए यूपीए को कोसने वाले नरेंद्र मोदी के रहते भारत दुनिया के सबसे बड़े बीफ निर्यातकों में शामिल है. योग गुरु रामदेव चाहते हैं कि मोदी पूरे देश में उत्तर प्रदेश जैसा गोहत्या विरोधी कानून लागू कर दें, जिससे बीफ पर होने वाली गंदी राजनीति पूरी तरह खत्म हो जाएगी. लेकिन बीजेपी इसके पक्ष में नहीं है. वैसे, 29 में से 24 राज्यों में गोहत्या पर प्रतिबंध है.

गाय पर बहस में जातिवाद भी नजर आने लगा. आर्यों को विदेशी मानने वाले दलित वर्ग के कुछ लोगों की दलील थी कि गाय भैंस के मुकाबले कम दूध देती है, फिर भी बेचारी भैंस और उसके वंश को काटने की छूट है. कोई गऊ समान है, तो बहुत सीधा-सादा है, लेकिन काला अक्षर भैंस बराबर है, भैंस के आगे बीन बजाए, भैंस लगी पघुराए, आखिर यह एक देसी जानवर का मजाक नहीं तो क्या है? उनका कहना है कि महिष (भैंस) को राक्षस बताने वालों ने फूड फासिज्म फैला रखा है. इसी फूड फासिज्म के विरोध में पोर्क और बीफ फेस्टिवल आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया. इस सालाना फेस्टिवल में कई बार लोगों को बीफ की जगह पुलिस की लाठी खानी पड़ी है. लेकिन कर्नाटक के रायबाग तहसीलदार ऑफिस में विश्व मानवाधिकार दिवस की पूर्व संध्या पर कर्नाटक प्रजा वेदिके ने बीफ पार्टी आयोजित की और उसके कार्यकर्ता यह कहते हुए 10 किलो बीफ चट कर गए कि यह उनका संवैधानिक अधिकार है.

भारतीय गाय का कितना भला हुआ, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है, पर उसी के बहाने कुछ अच्छे फैसले भी हो गए. चूंकि दादरी का मामला बिहार चुनाव के समय हुआ था, लिहाजा इसके जरिए सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की कोई कसर नहीं छोड़ी गई. और इसकी वजह से चुनाव आयोग ने पहली बार प्रिंट मीडिया के लिए एक नया दिशा-निर्देश जारी कर दिया कि कोई भी पार्टी अधिकृत मीडिया पैनल के पूर्व सत्यापन के बिना कोई विज्ञापन जारी नहीं करेगी.

गाय ने ही यह भी दिखा दिया कि पुलिस कैसे काम करती है. हिंदू सेना के किसी कार्यकर्ता ने दिल्ली पुलिस से शिकायत की कि केरल हाउस में बीफ परोसा जाता है. गोहत्या पर प्रतिबंध के कायल केंद्रीय गृह मंत्री के अधीन काम करने वाली पुलिस ने फौरन कैंटीन पर धावा बोल दिया. लेकिन उसे तब लेने के देने पड़े जब केरल के मुख्यमंत्री और दूसरे नेता उसके पीछे पड़ गए. दिल्ली पुलिस ने बाद में उस शख्स पर गुमराह करने का इल्जाम लगा दिया जिसने उससे शिकायत की थी.

देश में गाय की चिंता को देखते हुए सोशल मीडिया पर चुटकुले निकल पड़े. मसलन, बाप बेटी को सलाह देता है कि तुम रात में गाय की खाल ओढ़ लेना, क्योंकि इस देश में लड़कियों से ज्यादा गाय सुरक्षित है.

ADVERTISEMENT
Advertisement