scorecardresearch
डार्क मोड

छोटी मगर जानदार फिल्मों का साल रहा 2015

2015 की फिल्मों में रूमानियत, कॉमेडी, सामाजिक सरोकार और अनोखे साहस की कहानियां दर्शकों को नया एहसास दिला रही थीं.

अपडेटेड 30 दिसंबर , 2015

इक्कीसवीं सदी सोलहवें साल यानी बाली उमर में कदम रख रही है, बॉलीवुड भी नए दौर के बेहद रूमानी और चॉकलेटी किरदारों से कुछ जवां होकर मजबूत कहानियों और गंभीर विषयों के दौर में कदम रखता लग रहा है. उसने सीख लिया है कि कैसे हल्के-फुल्के अंदाज में भारी-भरकम बात गले से उतारी जा सकती है, और प्रेम कहानी में कैसे सामाजिक सद्भाव का संदेश भी दर्शकों को प्यार से दे सकते हैं. 2015 की फिल्मों में रूमानियत, कॉमेडी, सामाजिक सरोकार और अनोखे साहस की कहानियां दर्शकों को नया एहसास दिला रही थीं. यह छोटी फिल्मों का भी बड़ा साल रहा. दर्शकों ने दिखाया कि फिल्म की कहानी मायने रखती है न कि बजट या बड़े स्टार. यह बात दम लगा के हईशा, पीकू, मसान, तितली, बदलापुर, मांझीः द माउंटेन मैन और तलवार में नजर आई. उधर, बड़ी फिल्मों की कामयाबी में भी मेन फैक्टर सिनेमाई ईमानदारी ही रही, जैसे बजरंगी भाईजान या फिर बाजीराव मस्तानी. हमने 2015 की बेस्ट 10 फिल्में जानने के लिए बॉलीवुड की पांच जानी-मानी हस्तियों से उनकी पसंद की 5-5 फिल्में मांगीं और जाना कि उन्हें ये फिल्में क्यों पसंद हैं. इस तरह हमें 25 फिल्मों की एक लिस्ट मिली, जिसके आधार पर हमने 2015 की बेस्ट 10 फिल्मों की लिस्ट तैयार की. आइए जानते हैं 2015 की बेस्ट 10 फिल्में और वे क्यों है बेस्टः

2015 की अहम फिल्मेंदम लगा के हईशा
डायरेक्टरः शरत कटारिया
इस फिल्म से उस प्राचीन मान्यता को धराशायी कर दिया गया कि भारी बदन की लड़की हीरोइन नहीं हो सकती. हरिद्वार जैसे छोटे शहर में रची-बसी यह फिल्म असल जिंदगी की तस्वीर पेश करती है, और ऐसी कहानी कहती है जो बॉलीवुड में देखने को नहीं मिली थी. फिर इसमें वह मासूमियत भी नजर आती है जो पर्दे से नदारद थी, और नए ढंग की कहानी के जरिए आज का समाज भी देखने को मिला.

पीकू
डायरेक्टरः शुजित सरकार
बाप-बेटी के रिश्ते को इस ढंग से सिल्वर स्क्रीन पर नहीं उकेरा गया था. जिंदगी की छोटी-छोटी समस्याएं कभी-कभार कितनी बड़ी हो जाती हैं, और मजेदार, पीकू यही बताती है. अमिताभ बच्चन, दीपिका पादुकोण और इरफान की तिकड़ी कमाल की रही. एक बंगाली परिवार दिल्ली आता है. और फिर उसका दिल्ली से कोलकाता का सफर. बड़े सितारों को किस बखूबी के साथ कहानी के साथ पिरोया जाता है इसे शुजित ने पीकू से सिद्ध कर दिया है. यह 2015 की सबसे फ्रेश फिल्म रही.

बदलापुर
डायरेक्टरः श्रीराम राघवन
इस साल की सबसे अनोखी फिल्म. इसे देखकर समझ आ जाता है कि नायक और खलनायक की परिभाषा किस तरह से बदलती है. यानी हर इंसान के अंदर अच्छे-बुरे, दोनों पक्ष होते हैं. श्रीराम राघवन इसी लड़ाई को वरुण धवन और नवाजुद्दीन सिद्दीकी के माध्यम से लेकर आए, और उन्होंने दिखा दिया कि वे भविष्य में सरप्राइज देने की कूव्वत रखते हैं.

2015 की अहम फिल्मेंमसान
डायरेक्टरः नीरज घेवन
एक युवा डायरेक्टर की ऐसी बेहतरीन कोशिश जिसने कई सीनियर फिल्मकारों की आत्मा को झकझोर कर रख दिया. फिल्म में बनारस जैसा छोटा शहर है, और उसके युवाओं की जिंदगियां हैं. निराशा और आशा के बीच झूलती जिंदगियां. इन जिंदगियों के दुख-दर्द और विडंबनाओं को बखूबी समझा जा सकता है. नीरज ने जीवन की गंभीर और जटिल बातों को बहुत ही सहजता और खूबसूरती के साथ दिखाया है. फिल्म की सिनेमैटोग्राफी बेहतरीन है.

तनु वेड्स मनु रिटर्न्स
डायरेक्टरः आनंद एल. राय
कंगना रनोट को ब्यूटी विद ब्रेन कहा जाता है, उन्होंने इसे सिद्ध भी किया है. इस फिल्म में छोटे शहर की तनु विदेश चली जाती है, लेकिन उसका प्रेम का भूत जल्दी उतर जाता है, और वह अपनी रूटीन जिंदगी से परेशान हो जाती है. बस, फिर हरियाणा और उत्तर प्रदेश के छोटे शहरों की कहानी, और ऐसे तार जो दर्शकों को बांधने का काम करते हैं, और इन्हीं बातों ने दर्शकों से तुरंत कनेक्ट करने का काम किया.

तलवार
डायरेक्टरः मेघना गुलजार
आरुषि तलवार हत्याकांड पर बनी यह फिल्म स्लिपर हिट थी. इसे 2015 की सबसे अच्छी लिखी हुई फिल्म भी कह सकते हैं. इसमें वर्तमान समाज की सचाई को काफी गहराई से दिखाया गया है, और बात को गंभीरता से पेश किया है. फिल्म क्रिएटिव इंटेग्रिटी की कसौटी पर पूरी तरह से खरी उतरती है.

मांझीः द माउंटेन मैन
डायरेक्टरः केतन मेहता
कहते हैं, अकेला चना क्या भाड़ फोड़ेगा. दशरथ मांझी ने इसे असल जिंदगी में कर दिखाया और केतन मेहता ने बड़े पर्दे पर. फिल्म देखकर लगता है कि अगर आप अच्छी फिल्म बनाने का इरादा रखते हैं तो कोई भी काम मुश्किल नहीं है. मेहता ने इस तरह एक बहुत ही मुश्किल फिल्म को सहजता के साथ पेश किया.

तितली
डायरेक्टरः कानू बहल
इस फिल्म ने कीचड़ में कमल खिलने वाली बात को चरितार्थ किया. एक बहुत ही अजीब-से क्रिमिनल परिवार में एक ऐसा शख्स भी है जिसमें अभी थोड़ी-बहुत इंसानियत बची है. एक बहुत ही उलझी हुई लेकिन मुश्किल फिल्म, जिसने दर्शकों को बांधने और सोचने पर मजबूर किया.

इन हस्तियों ने चुनीं दस बेस्ट फिल्मेंबड़े बजट की फिल्में
बाजीराव मस्तानी
डायरेक्टरः संजय लीला भंसाली हिंदी सिनेमा में संजय बेजोड़ हैं. विजुअल से जुड़ी भव्यता गजब ढाती है. वे बाजीराव और मस्तानी की कहानी को इस अंदाज में कहते हैं कि एक-एक सीन किसी पेंटिंग की तरह नजर आता है. उनका हिंदुस्तानी अंदाजे-बयां कमाल का है. इश्क और उससे जुड़े दर्द के अलावा बाजीराव-मस्तानी में हिंदू-मुस्लिम से जुड़ा बेहतरीन संदेश है.

बजरंगी भाईजान
डायरेक्टरः कबीर खान
सलमान खान का नाम आते ही, बेसिर-पैर का ऐक्शन और मारधाड़ ही ध्यान में आती है. लेकिन इस बार उन्होंने उम्मीदों के उलट और उम्मीद से दोगुना कर डाला. वे शरीफ बजरंगी क्या बने, दुनिया उनकी दीवानी हो गई. कबीर खान ने हिंदुस्तान-पाकिस्तान और एक मूक-बधिर बच्ची के जरिए ऐसी कहानी पेश की जो इस साल कमाई और तारीफ, दोनों ही मामलों में शीर्ष पर पहुंच गई. सलमान खान ने दिखा दिया कि आंखों को नम करवाना उन्हें भी आता है.

ADVERTISEMENT
Advertisement