भारत के आकाश और साथ ही दुश्मन इलाकों के आकाश भी, अब सिर्फ उन पुरुष लड़ाकू पायलटों के लिए ही खुले नहीं रहेंगे, जो अपनी आसमान छूती बहादुरी, देशभक्ति और पौरुष के दम पर ऊंची उड़ानें भरते रहे हैं. रक्षा मंत्रालय (एमओडी) ने 24 अक्टूबर को ऐलान किया कि जून, 2017 के बाद से महिला लड़ाकू पायलटों को भी वहां उड़ान भरने की इजाजत होगी जहां वे पहले नहीं जा सकती थीं.
स्काई इज नॉट द लिमिट
अब हैदराबाद के करीब डिंडीगुल की एयर फोर्स एकेडमी में प्रशिक्षण ले रही सात में से कम से कम एक या दो महिला कैडेट पता नहीं कब से अपनी नसों में बेतरतीब लय में धडक़ते इस नारे को अपनी आवाज में गुंजा पाएंगी— स्काई इज नॉट द लिमिट. रक्षा मंत्रालय के आदेश के कुछ ही दिन पहले वायुसेना आइएएफ प्रमुख एयर चीफ मार्शल अरूप राहा ने 9 अक्टूबर को वायुसेना की 83वीं सालगिरह के जश्न के मौके पर कहा था कि महिलाओं को जल्द लड़ाकू भूमिकाओं में शामिल किया जाएगा. वायु सेना के अफसरों में 10 फीसदी महिलाएं हैं, जो तीनों सेनाओं में सबसे ज्यादा है. इस बयान को ज्यादातर लोगों ने रुखेपन से नजरअंदाज कर दिया, बावजूद इसके कि राहा चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी के चेयरमैन भी हैं, आम तौर पर माना जाता है कि वे जो कुछ कहते हैं, वह बाकी सैन्यबलों के बारे में भी सही है. इसको छोड़ भी दें तो महिला लड़ाकू पायलटों के बारे में 24 अक्टूबर के आदेश से सिर्फ दो दिन पहले नौसेना ने सुप्रीम कोर्ट में एक विशेष अनुमति याचिका दाखिल करके दिल्ली हाइकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी, जिसमें उसने अधिकतम 14 साल की सेवा के बाद जबरन रिटायर कर दी गई 17 महिला अधिकारियों को स्थायी कमीशन देने की मंजूरी दी थी.
पीएम मोदी ने डाला था जोर
सेवारत और सेवानिवृत्त अफसरों ने इंडिया टुडे को अनाधिकारिक तौर पर बताया कि आइएएफ से शुरुआत करके लड़ाकू कैडर में महिलाओं को बराबरी की भूमिकाएं देने के लिए किसी और ने नहीं, खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोर डाला था. उनके मुताबिक, ‘नारी शक्ति’ या महिला सशक्तीकरण का विचार मोदी के सिर चढ़कर बोल रहा है और यही वजह है कि यह थीम इस साल गणतंत्र दिवस की परेड में शुरू से आखिर तक गूंज रही थी.
पुरुष सत्तात्मक हैं लड़ाकू कैडर
सशस्त्र सेनाएं- खासकर सेना और उसकी इन्फैंट्री, आर्टिलरी तथा आक्वर्ड कोर सरीखे लड़ाकू कैडर मोटे तौर पर पुरुष सत्तात्मक हैं और सामंती मूल्यों में गहरे धंसे हुए हैं. इनमें महिलाओं के साथ बराबरी का बर्ताव मुश्किल से ही किया जाता है. दरअसल, माना यह जाता है कि रक्षा मंत्री मनोहर पर्रीकर ने कहा था, अगर संयोग से एक महिला दुश्मन— पाकिस्तान के हाथों में पड़ जाती है तो इससे पक्के तौर पर फौजी दस्तों का ‘मनोबल कमजोर’ होगा.
दो स्तरों पर है बराबरी की लड़ाई
ऐसे में बराबरी की लड़ाई दो स्तरों पर चल रही है. पहली, लड़ाकू भूमिकाओं में दाखिले की, खासकर वायु सेना और नौसेना में. दूसरी, गैरलड़ाकू धाराओं में मंजूर कम ग्लैमरस शॉर्ट सर्विस कमिशन (एसएससी) के कार्यकाल को स्थायी कमीशन में बदलने की. एसएससी का कार्यकाल जहां आम तौर पर 14-15 साल में पूरा हो जाता है, वहीं स्थायी कमीशन में 20 साल के बाद पेंशन और दूसरे फायदे मिल जाते हैं.
15 साल से ज्यादा नहीं होगा कार्यकाल
रक्षा मंत्रालय के जिस आदेश का इतना ढोल पीटा जा रहा है, उसके साथ दिक्कत यह है कि वह जितना खुलासा करता है, उससे ज्यादा छिपाता है. इसमें शक नहीं कि महिलाओं को आखिरकार लड़ाकू विमान उड़ाने की इजाजत मिल जाएगी, जो यकीनन अपने आप में बड़ी छलांग है. लेकिन इसके अलावा इन संभावित महिला लड़ाकू पायलटों को केवल एसएससी अफसरों के तौर पर ही कार्य करने की इजाजत होगी, यानी उनका कार्यकाल ज्यादा से ज्यादा 15 साल ही होगा. महिला और पुरुष दोनों अधिकारी मानते हैं कि अगर महिलाओं का इतनी मियाद के बाद रिटायर होना तय है, तो इस बात की कोई उम्मीद नहीं है कि वायु सेना उनके प्रशिक्षण में इतना निवेश करेगी.
नौसेना में लंबी लड़ाई
नौसेना में भी महिलाओं को लंबी लड़ाई के लिए तैयार रहना होगा. हालांकि 4 सितंबर को न्यायमूर्ति कैलाश गंभीर और नजमी वजीरी की खंडपीड ने हाईकोर्ट में फैसला दिया कि ‘लैंगिकतावादी पूर्वाग्रहों और सेवा पूर्वाग्रहों’ को महिलाओं की तरक्की में रुकावट नहीं बनने दिया जाएगा. साथ ही 29 सितंबर को इनमें से कुछ याचिकाकर्ताओं को लेकर उनसे मिलने आई सीपीएम नेता वृंदा करात को पर्रीकर ने भरोसा दिलाया था कि आदेश के खिलाफ अपील नहीं की जाएगी. इसके बावजूद सुप्रीम कोर्ट में सरकार ने बिल्कुल यही किया है.
छला हुआ महसूस कर रही हैं महिला कमांडर
इन्हीं याचिकाकर्ताओं में से एक हैं कमांडर प्रसन्ना ई. जो एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) में 14 साल तक काम कर चुकी हैं. वे कहती हैं कि नौसेना की ‘इस्तेमाल करो और फेंको’ की नीति से खुद को ‘छला हुआ’ महसूस कर रही हैं. उन्होंने कहा, ‘‘हमने उन 14 साल के एक-एक दिन कड़ी मेहनत से काम किया, लेकिन ज्यों ही वे साल पूरे हुए, हमसे कह दिया गया कि निकलो बाहर.’’ वे बताती हैं कि उनके एटीसी सर्टिफिकेट को सिविल हवाई अड्डे मान्यता नहीं देते (बावजूद इसके कि नौसेना के नियंत्रण में कार्य कर रहा गोवा डाबोलिम एयरपोर्ट नागरिक विमानों के इंतजाम का जिम्मा भी संभालता है).
महिलाओं को लड़ाकू भूमिकाओं से तर्कहीन इनकार
अभी तक महिलाओं को लड़ाकू भूमिकाओं में दाखिला देने से तकरीबन तर्कहीन इनकार के पीछे मोटे तौर पर सशस्त्र सेनाओं की मध्ययुगीन सनक और वाकई महिलाओं के शरीर पर मालिकाना हक की भ्रांत धारणा रही है. पुरुष अफसर गुस्से और ओढ़ी हुई शर्म से झिडक़ते हुए पूछते हैं, ‘‘भगवान न करे अगर एक महिला लड़ाकू पायलट दुश्मन इलाके में विमान से इजेक्ट हो जाती है, तो क्या होगा?’’
दिया जाता है नचिकेता का हवाला
अक्सर कम्बमपति नचिकेता के मामले का हवाला दिया जाता है. यह फ्लाइट लेफ्टिनेंट 1999 में पाकिस्तान के साथ करगिल की लड़ाई के शुरुआती दिनों में विमान से इजेक्ट हो गई थीं. लेकिन गनीमत रही कि वे महफूज लौट आईं. 4 जाट रेजिमेंट के युवा कैप्टन सौरभ कालिया को नियंत्रण रेखा की भारतीय सीमा में पांच फौजियों के साथ पाकिस्तानी फौजी टुकडिय़ों ने बंधक बना लिया था. उनके कटे-फटे शव लौटाए जाने पर ऑटोप्सी रिपोर्ट से पता चला कि उन्हें बेइंतिहा यातनाएं दी गई थीं. एक पुरुष अधिकारी सवाल करते हैं, ‘‘अगर एक महिला को वही यातनाएं दी जाती हैं जो सौरभ कालिया को दी गई थीं, तो क्या होगा? क्या देश इसके नतीजों के लिए तैयार है?’’
सशस्त्र फौजें इसलिए हैं खिलाफ
पूर्व रक्षा सचिव विजय सिंह दूसरी वजहों की तरफ इशारा करते हैं कि सशस्त्र फौजें लड़ाकू कैडरों में महिलाओं को शामिल करने के इतनी ‘मजबूती से खिलाफ’ क्यों हैं. विजय सिंह याद करते हुए कहते हैं, ‘‘बराबरी की मांग कर रही बेहद स्मार्ट और निहायत मेधावी महिला अफसरों से सामना होने पर पुरुष अफसर पूछते, ‘अगर एक बंकर में या एक जहाज में डेक के नीचे 30 आदमी साथ-साथ हैं, तो हमसे औरतों के साथ क्या करने की उम्मीद की जाती है?’’ वे कहते हैं कि पूर्व रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी महिलाओं को इजाजत देने के हक में थे, लेकिन ‘सशस्त्र फौजों की बात मानने’ के लिए राजी हो गए थे.
अमेरिकी सेना में 14 फीसदी महिलाएं
राज्यसभा के मार्च के आंकड़े बताते हैं कि सशस्त्र सेनाएं 11,000 अफसरों की कमी से जूझ रही हैं. अकेले सेना में 9,642 अफसरों की कमी है. अगर महिलाएं सफलता की सीढ़ियां चढ़ने को तैयार हैं, तो लैंगिक पूर्वाग्रहों की वजह से उन्हें बाहर नहीं रखा जा सकता. लड़ाई में अग्रिम मोर्चों पर महिलाओं को आने देने की बहस अब वैश्विक हो चुकी है, खासकर अमेरिका में जहां सेना में 14 फीसदी महिलाएं हैं. जनवरी 2016 में पेंटागन फैसला करेगा कि महिलाओं को पैदल और बख्तरबंद टुकड़ियों में अग्रिम मोर्चों पर तैनात करने की इजाजत दी जाएगी या नहीं, बावजूद इसके कि इराक और अफगानिस्तान में 2,00,000 से ज्यादा महिलाओं ने जंग में हिस्सा लिया था और उनमें से 82 ने अपने जान गंवाई थी.
1990 में नौसेना ने किया था यह प्रयोग
बहुत दिन पहले 1990 के दशक में भारतीय नौसेना ने एक प्रयोग किया था, जब उसने पांच टैंकरों और जहाजों— आइएनएस अंबा, आइएनएस सूर्य, आइएनएस शक्ति, आइएनएस ज्योति और आइएनएस सागर ध्वनि पर एक महिला डॉक्टर के साथ एक महिला अधिकारी को भी ऑनबोर्ड रखा था. उस वक्त महिलाओं को एक कमरा और केवल उनके इस्तेमाल के लिए अटैच टॉयलेट दिया गया था. मगर वह प्रयोग फिर कभी दोहराया नहीं गया. कोई नहीं जानता कि क्यों. लगता है, उनमें से एक जहाज पर यौन उत्पीड़न के ढुलमुल आरोपों से सत्ताधारियों की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई.
नौसेना की यह स्थिति
एक पुरुष नौसैनिक अफसर ने माना, ‘‘नौसेना में जगहें कम हैं, टॉयलेट में परदे तक नहीं हैं और जहाजियों को बारी-बारी से बिस्तर साझा करने पड़ते हैं. डगमगाते जहाज पर ठीक से चल पाने में छह महीने लग जाते हैं. औरतें इन हालात में कैसे रह सकती हैं?’’ पांच जहाजों पर महिलाओं को ऑनबोर्ड रखने के प्रयोग पर वे इतना कहते हैं, ‘‘हम उसे संभाल नहीं सके.’’
इन महिलाओं के नाम जांबाजी के रिकॉर्ड, पर जाना पड़ा कोर्ट
नम्रता चांडी भारतीय वायु सेना की सबसे वरिष्ठ महिला हेलिकॉप्टर पायलट हैं, जिन्होंने 2002 में ऑपरेशन पराक्रम (पाकिस्तानी सरहदों पर सेना की तैनाती) में अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया था. दौलत बेग ओल्डी में दुनिया की सबसे ऊंचाई पर बनी हवाई पट्टी पर हेलिकॉप्टर उतारने वाली अकेली महिला होने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है. वे 2011 में वायुसेना को अदालत में ले गईं, जब उसने तय किया हेलिकॉप्टर, ट्रांसपोर्ट और लड़ाकू विमान सरीखी उड़ान वाली शाखाओं में महिलाओं को स्थायी कमीशन नहीं दिया जाएगा. चांडी के साथ, 15 साल तक ट्रांसपोर्ट जहाज उड़ा चुकी सौम्या रथ और निवेदिता रॉय ने भी स्थायी कमीशन की मांग करते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया.
हक में आया फैसला, पर रिटायरमेंट के बाद
18 सितंबर, 2015 को आर्म्ड फोर्सेज ट्रिब्यूनल (एएफटी) ने आखिरकार उनके हक में फैसला सुनाया. फर्क सिर्फ यह था कि तब तक तीनों रिटायर हो चुकी थीं. रथ और रॉय उसके बाद निजी एयरलाइन इंडिगो से जुड़ गईं, जहां उन्हें एयरबस ए320 उड़ाने के लिए रखा गया है. रथ ने फरवरी में काम संभाल लिया था, पर रॉय अगस्त तक एएफटी के फैसले का इंतजार करती रहीं, जब और इंतजार करना उनके बस में नहीं रहा. वे दुबई में ए320 सिमुलेटर पर प्रशिक्षण ले रही थीं, तभी उन्होंने वायु सेना के खिलाफ अपनी जीत की खबर सुनी. यह भी अभी साफ नहीं है कि हेलिकॉप्टर शाखा का (चांडी की तरह) या ट्रांसपोर्ट शाखा का (रथ और रॉय की तरह) प्रशिक्षण लेने वाली दूसरी महिलाओं को भी उनके पुरुष सहकर्मियों की तरह स्थायी कमिशन मिलेगा या नहीं. माना जाता है कि चांडी और रथ और रॉय की जीत सिर्फ उन्हीं की जीत है. यानी स्थायी कमिशन चाहने वाली बाकी महिलाओं को भी आइएएफ के खिलाफ कोर्ट में जाना पड़ सकता है.
सेना में स्थायी कमीशन, पर सिर्फ एजुकेशन और जेएजी में
जहां तक सेना की बात है, तो वहां महिलाओं को स्थायी कमीशन केवल एजुकेशन कोर और जज ऐंड अकाउंट जनरल (जेएजी) में दिया जाता है, जबकि सिग्नल्स, इंजीनियर्स, आर्मी एविएशन (एयर ट्रैफिक कंट्रोल), आर्मी एयर डिफेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स ऐंड मकैनिकल इंजीनियर्स, आर्मी सर्विस कोर, आर्मी ऑर्डनेंस कोर और इंटलिजेंस कोर सरीखी लड़ाकू सहायता शाखाओं में काम कर रही महिलाएं सिर्फ 14 साल तक ही सेवा में रह सकती हैं. एसएससी पूरा होते ही उनकी सेवा खत्म हो जाती है. फेयरवेल पार्टी तक दिए बगैर. असल में, सुप्रीम कोर्ट में सेना के खिलाफ 2011 से ही एक मामला चल रहा है, जिसमें गैर-लड़ाकू कैडरों में महिलाओं के लिए स्थायी कमीशन की मांग की गई है. सेना के कुल 40,000 अफसरों में महज 1,400 महिला अफसर हैं (जिनमें से 340 स्थायी कमिशन पर हैं). ऐसे में सेना औरतों को अपने हाजिरी रजिस्टर में रखने पर बहुत पुख्ता नहीं है.
नौसेना में भी बेहतर नहीं हालात
नौसेना में भी हालात कोई बहुत बेहतर नहीं हैं. केवल जेएजी, एजुकेशन और नैवल कंस्ट्रक्टर शाखाओं में जो महिलाएं हैं, उन्हें ही स्थायी कमीशन दिया गया है, जबकि लॉजिस्टिक्स, ऑब्जर्वर और एयर ट्रैफिक कंट्रोल कैडरों में महिलाएं 14 साल के एसएससी का विकल्प ही चुन सकती हैं. दिल्ली हाइकोर्ट में चांडी और साथ ही 17 नौसैनिक महिला याचिकाकर्ताओं के मुकदमे लड़ने और जीतने वाली रेखा पल्ली उड़ान शाखाओं को महिलाओं के लिए खोलने के वायुसेना के फैसले का स्वागत करती हैं. मगर वे यह भी कहती हैं कि पुरुष पूर्वाग्रह अभी महज भूमिगत हुए हैं. वे कहती हैं, ‘‘मुझे यह बात समझ में नहीं आती कि दुश्मन आखिर यह कैसे पता लगा सकेगा कि उस पर बम बरसाने वाला पायलट स्थायी कमीशन पर है या एसएससी है.’’
...तो स्थायी कमीशन न देने की असली वजह यह है
पल्ली कहती हैं कि महिलाओं को स्थायी कमिशन देने से इनकार करने की वजह यह है कि ‘‘14-15 साल बाद (कमांड पदों के लिए) होड़ शुरू होती है. यही वह समय है जब करियर की सीढ़ी संकरी होना शुरू हो जाती है. इस पड़ाव पर अगर आप औरतों को बाहर निकाल देते हैं तो कुछ दूसरे लोगों के लिए (ऊपर चढऩा) बेशक ज्यादा आसान हो जाएगा.’’ नौसेना ने जिस तरह दिल्ली हाइकोर्ट के आदेश को चुनौती दी है, उसे देखकर बेशक यही लगता है कि सशस्त्र सेनाएं एक हाथ से जो दे रही हैं और दूसरे हाथ से वही छीन भी रही हैं. उसके लैंगिक पूर्वाग्रहों के हमले को तो चुनौती नहीं ही दी जाती. पक्के तौर पर तब भी उसे चुनौती नहीं दी जाती जब वह मानता है कि राष्ट्रीय सुरक्षा पर आखिरी फैसला उसी का होगा. वक्त बदल रहा है और सशस्त्र सेनाओं को भी बदलना सीख लेना चाहिए. पुरुषों की बराबरी की हिमायती सम्मान संहिता में, मजबूरी में ही सही, महिलाओं को जरूर शामिल किया जाना चाहिए.

