रक्षा मंत्रालय में पिछले महीने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से भेजे गए एक पत्र ने खलबली मचा दी. रक्षा सचिव को भेजे गए एक नोट में कहा गया था कि लंबित रक्षा प्रस्तावों की समीक्षा अब पीएमओ हर माह करेगा. मतलब यह कि रक्षा सौदों में हो रही देरी को अब आला स्तर पर गंभीरता से लिया जा रहा है.
तकरीबन 10,000 करोड़ रु. के करीब दर्जन भर रक्षा सौदे आखिरी चरण में अटके हुए हैं और उन्हें सुरक्षा पर कैबिनेट की समिति (सीसीएस) से मंजूरी मिलना बाकी है. इन सौदों में जासूसी जहाज, तारपीडो, लेजर डेजिग्नेशन पॉड, बम तथा रीफ्यूलिंग टैंकर के करार शामिल हैं.
प्रधानमंत्री की सितंबर में हुई अमेरिका यात्रा के दौरान अमेरिकी गनशिप और परिवहन हेलिकॉप्टरों से संबंधित 3.1 अरब डॉलर के सौदे पर दस्तखत किए गए थे. एनडीए के पहले सबसे अहम सौदे के तौर पर हेलिकॉप्टरों के लिए हुए करार को मोदी की यात्रा से सिर्फ तीन दिन पहले सीसीएस ने मंजूरी दे दी थी. गौर तलब यह है कि इस सौदे को जब मंजूरी दी गई, तो बोईंग डिफेंस, स्पेस ऐंड सिक्योरिटी (बीडीएस) के साथ हुए तीन साल पुराने करार में 13वीं बार मूल्य विस्तार की समय सीमा को खत्म होने में बस एक हफ्ता बचा था.
रक्षा मंत्रालय के अफसरों का कहना है कि सौदों को निबटाने की धीमी गति रक्षा तैयारियों को प्रभावित कर सकती है, खासकर कुछ उपकरण मौजूदा परियोजनाओं को ताकत देने के लिहाज से अहम हैं. मसलन, देश में बनी छह स्कॉर्पीन पनडुब्बियों में एक कलवारी का मुंबई के समुद्र में उसके प्रमुख हथियार तारपीडो के बगैर परीक्षण किया जा रहा है. ब्लैक शार्क तारपीडो की खरीद का एक प्रस्ताव रक्षा मंत्रालय में 2012 से ही लटका हुआ है. इसी तरह भारतीय वायु सेना के 49 मिराज 2000 विमानों के लिए 164 लेजर डेजिग्नेशन पॉड खरीदने के सौदे पर अब तक दस्तखत होने बाकी हैं. इस देरी की सबसे ज्यादा मार वायु सेना पर पड़ी है. उसके चार बड़े सौदे अंतिम चरण में लटके हैं.
पश्चिमी एयर कमांडर रह चुके एयर मार्शल पद्मजीत सिंह अहलूवालिया कहते हैं, ''ये सौदे कई साल से लटके हुए हैं और इनका उद्देश्य परिचालन संबंधी खामियों को दूर करना था.'' ऐसा ही एक अधूरा सौदा जापान के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी में अहम है. यह 1.6 अरब डॉलर की लागत से 15 शिनमायवा यूस-2आइ एंफीबियन विमानों की खरीद का है जिस पर पिछले साल सितंबर में मोदी की जापान यात्रा के दौरान चर्चा हुई थी. इसमें कोई प्रगति नहीं हुई है. प्रस्ताव अब तक रक्षा अधिग्रहण परिषद (डीएसी) तक भी नहीं पहुंच सका है जबकि इसमें पीएमओ और विदेश मंत्रालय की खासी दिलचस्पी है और इसके जापानी निर्माता ने विमान को भारत में बनाने के लिए प्रौद्योगिकी हस्तांतरण की आकर्षक पेशकश भी की है.
तीन अतिरिक्त सी-17 ग्लोबमास्टर-3 हेवी लिफ्ट विमान के 8,000 करोड़ रु. के खरीद प्रस्ताव में इतनी देरी कर दी गई कि रक्षा मंत्रालय ने इसके निर्माता बोईंग से हाल में संपर्क साधा तो कंपनी की ओर से उसे कह दिया गया कि प्रोडक्शन लाइन अब बंद हो चुकी है.
रक्षा मंत्रालय में एक पूर्व वित्त सलाहकार अमित कौशिश कहते हैं, ''सरकारों के बीच हुए करारों पर लेट-लतीफी द्विपक्षीय रिश्तों या उभरती हुई ताकत के रूप में भारत की छवि को लाभ नहीं पहुंचाती है. इसकी बजाए यह राय बनती है कि भारत में कारोबार करना कठिन है.''
रक्षा मंत्रालय में अटके हुए सौदों पर पीएमओ की चिंता अब बढ़ रही है. अगस्त के आरंभ में प्रधानमंत्री मोदी ने पीएमओ में एक बैठक की अध्यक्षता की थी, जिसमें मंत्रालय के भीतर हो रहे विलंब पर चिंता जताई गई थी. अगस्त के दूसरे सप्ताह में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्र ने निजी क्षेत्र के नुमाइंदों के साथ एक और बैठक की अध्यक्षता की. निजी क्षेत्रों के इन प्रतिनिधियों ने शिकायत की कि भारत में डिफेंस हार्डवेयर के निर्माण का सरकारी खाका अब तक उनके सामने नहीं आया है. उनके मुताबिक मामूली नीतिगत फैसलों में महीनों लग रहे हैं. गौर तलब है कि रक्षा खरीद नीति 2015 को जारी किया जाना अब भी शेष है, जिसमें रक्षा-औद्योगिक आधार को तैयार करने के मोदी सरकार के नजरिए का खाका होगा.
रक्षा मंत्रालय में होने वाली देरी इसकी नौकरशाही की खास पहचान है. कई अरब डॉलर के मीडियम मल्टीरोल लड़ाकू विमानों (एमएमआरसीए) से संबंधित सौदे का मूल्यांकन एक दशक से ज्यादा वक्त तक मंत्रालय में लटका रहा था. राफेल विमानों की निर्माता फ्रेंच कंपनी डसॉल्ट के साथ तीन साल तक बातचीत चलती रही थी. अप्रैल में यह प्रक्रिया अचानक निरर्थक हो गई जब मोदी ने फ्रांस से 36 राफेल विमानों की सीधी खरीद का ऐलान कर डाला. इस 4.3 अरब डॉलर के सौदे को निबटाने में मंत्रालय की कोई भूमिका ही नहीं है. पीएमओ सीधे फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय से इस बारे में संपर्क में है.
पिछले साल मई में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने एक प्रेस सम्मेलन में झटके से कह दिया था कि रक्षा मंत्रालय का कार्यभार वे अंतरिम रूप से संभाल रहे हैं. अगले छह महीने में यह बात खुली कि इसके लिए आखिर किसका इंतजार हो रहा था. वे गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रीकर थे. शुरुआत में थोड़ा संकोच दिखाने वाले पर्रीकर ने पिछले नवंबर में पदभार संभालने के बाद ए.के. एंटनी के दौर में पैदा हुए गतिरोध को तोड़ा और साउथ ब्लॉक के गलियारों में ताजी हवा का एहसास कराया.
जी, मंत्री जी
पर्रीकर ईमानदार मंत्री के रूप में सामने आए. उन्होंने कोटा हाउस स्थित नौसेना अधिकारियों के मेस में अपनी अस्थायी रिहाईश के दौरान अपने बिल खुद चुकाने का आग्रह किया. उनके भीतर एंटनी वाली ईमानदारी थी तो कपड़े पहनने, खरा बोलने और अच्छी मंशा के मामले में वे जॉर्ज फर्नांडिस के जैसे थे. भले ही छोटे से, लेकिन एक समूचे राज्य को चलाने का अनुभव उनके पास था और आइआइटी का होने के नाते उनकी अकड़ को माफ कर दिया जाता रहा.
यह बात उनके काम में भी देखने में आई. उन्होंने कार्यभार संभालते ही मंजूरी देने की प्रक्रिया में तेजी ला दी. उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि फौज के गोला-बारूद के जखीरे को भरने में रही, जो एक वक्त सिर्फ तीन दिन की सघन जंग के जितना या कम से कम 14 दिन के लायक ही बचा रह गया था. उन्होंने विशालकाय परियोजनाओं को मंजूरी दी, जैसे एक खरीद सौदा छह परमाणु क्षमता वाली हमलावर पनडुब्बियों और राडार पर न आने वाले सात पोतों से जुड़ा था जिनका कुल मूल्य 20 अरब डॉलर से ज्यादा है. जनवरी में उन्होंने रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) को परियोजनाओं में देरी के लिए आड़े हाथों लिया. डीआरडीओ के मुखिया अविनाश चंद्र के कार्यकाल को खत्म कर दिया गया और पर्रीकर ने संगठन के महानिदेशक तथा रक्षा मंत्री के वैज्ञानिक सलाहकार के पदों को अलग-अलग कर दिया. उसके बाद से सन्नाटा कायम है. रक्षा मंत्रालय पर करीब से निगाह रखने वालों का कहना है कि पर्रीकर व्यवस्था और समस्या की व्यापकता के आगे हार गए हैं. सशस्त्र सेनाओं के आला अधिकारियों का कहना है कि रक्षा मंत्रालय अब नए गतिरोध में फंस चुका है, जैसा कि एंटनी के दिनों में था.
एक जनरल कहते हैं, ''उनके काम करने की शैली से हताशा पैदा हो रही है क्योंकि वे पहले जैसी यथास्थिति भी बरकरार नहीं रख पा रहे हैं.''
पर्रीकर सप्ताहांत गोवा में बिताते हैं और हर शुक्रवार दिल्ली से निकल जाते हैं. इस पर अब लोगों की त्योरियां चढ़ रही हैं. पिछले 28 अगस्त को वे डीएसी की बैठक के बीच में से उठकर एयरपोर्ट निकल लिए.
सैन्य अधिकारी खास तौर से इस मई में रक्षा मंत्रालय के एक सर्कुलर से नाराज हैं: 1 जून से सभी प्रस्तावों पर इंटिग्रेटेड फाइनेंशियल एडवाइजर (आइएफए) की अनिवार्य मंजूरी चाहिए. इस आदेश को आइएफए का स्टाफ बढ़ाए बगैर पारित कर दिया गया जिसके चलते आइएफए के पास फाइलों के ढेर लगते गए. इस साल 31 अगस्त तक सैन्य अधिकरियों के अनुमान के मुताबिक वे आवंटित बजट का सिर्फ 20 फीसदी खर्च कर पाए हैं जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 50 से 60 फीसदी के बीच था. सैन्य अधिकारियों को इसमें एक साजिश दिख रही है. सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं, ''पहले खर्च इसलिए नहीं हो पाता था कि हथियारों की खरीद नहीं हो पाती थी. इस साल हमें आश्चर्य नहीं होगा कि बजट को लौटाना पड़ जाए.''
मंत्रालय की इन खामियों के पीछे पर्रीकर की मंशा का मामला नहीं है. इस साल मार्च में इंडिया टुडे कॉनक्लेव के दौरान एक अनौपचारिक बातचीत में पर्रीकर ने इस बात पर जोर दिया था कि वे यूपीए के कार्यकाल में हुई खरीद को रद्द नहीं करेंगे. लंबित परियोजनाओं के संदर्भ में उन्होंने कहा था, ''हमें ढांचा तैयार करना है. अगर हमने लंबित खरीद को पूरा नहीं किया तो हमारे पास कुछ भी नहीं होगा.''
छह महीने के अपने कार्यकाल के बाद इस साल मई में पर्रीकर ने रक्षा मंत्रालय की गड़बडिय़ों का जिम्मेदार यूपीए के रक्षा मंत्री एंटनी को ठहरा दिया. पर्रीकर ने पीटीआइ को एक साक्षात्कार में बताया, ''वे (एंटनी) जिम्मेदारी से बच नहीं सकते लेकिन मैं नुक्सान के स्तर का आकलन नहीं करूंगा क्योंकि सबका काम करने का अपना-अपना तरीका होता है. मुझे विरासत में गतिरोध मिला था. अरुणजी ने कोशिश की थी लेकिन कई मसलों पर उनके पास इतना वक्त नहीं होता था क्योंकि वे यहां सिर्फ पांच महीने के लिए थे. उन्होंने गतिरोध को तोडऩा शुरू कर दिया था और मैंने कुछ और गति प्रदान की है.''
पर्रीकर ने पिछले साल के दौरान भले ही दो लाख करोड़ रु. के जंगी जहाजों और परमाणु सक्षम लड़ाकू पनडुब्बियों के सौदे को मंजूरी दी हो लेकिन इनमें से कुछ का करार ही पूरा हो पाया है. रक्षा मंत्रालय इन्हें दो साल की वैधता अवधि में नहीं निबटा सकता.
रक्षा मंत्री के बतौर उनकी पहली डीएसी मंजूरी पिछले नवंबर में 15,750 करोड़ रु. के 814 माउंटेड गन सिस्टम यानी ट्रकों पर लगाए जाने वाले 155 एमएम के हावित्जर की खरीद की थी. इसका रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) बनना अब भी बाकी है. इसके लिए भारत की चार कंपनियां एलऐंडटी, भारत फोर्ज, पुंज लॉयड और टाटा पावर एसईडी अपनी पेशकश जमा करने का इंतजार कर रही हैं.
निजी क्षेत्र की एक रक्षा कंपनी के सीईओ के मुताबिक, इस देरी की वजह यह है कि पर्रीकर ने निचले स्तर पर मौजूद अवरोधों को दूर करने की बजाए करारों को ज्यादा प्रतिस्पर्धी बनाने पर अपना ध्यान केंद्रित कर डाला है. ऐसे में निर्णय प्रक्रिया सुस्त हो गई है और सीईओ इसका सीधा दोष नौकरशाही को देते हैं. वे कहते हैं, ''वे पर्रीकर की सिर्फ हां में हां मिलाते हैं.'' साउथ ब्लॉक की फाइलों में जंग लग चुकी है. मंत्रालय के एक नौकरशाह ने जब परेशान होकर एक फाइल मांगी, तो उससे कह दिया गया कि फाइल अब तक दफ्तर से चली नहीं है.
पर्रीकर ने इन्हीं नौकरशाहों के जरिए 8,000 से 10,000 करोड़ रु. तक की एक रैंक, एक पेंशन योजना पास करवाई थी, जिसने उन्हें पूर्व सैनिकों का चहेता बना दिया, लेकिन खरीद के मामले में उनका चाबुक नहीं चल पा रहा है.
गलती सिर्फ रक्षा मंत्रालय की भी नहीं है. रक्षा मंत्रालय के सूत्र नियमित खरीद में भी पीएमओ और वित्त मंत्रालय की दखलअंदाजी का हवाला देते हैं. एक इकलौता सौदा, जो सारे अवरोधों को पार कर गया वह इजरायली हथियार निर्माता राफेल के बनाए लेजर डेजिग्नेशन पॉड (एलडीपी) का है. इस पॉड की मदद से उन्नत मिराज 2000 लड़ाकू विमान जमीन पर किसी निशाने पर बिलकुल सटीक तरीके से हमला कर सकता है. पिछले साल सीसीएस से एक नोट वित्त मंत्रालय को भेजा गया था जिसमें इस इजरायली कंपनी के अतीत के बारे में पूछा गया था. रक्षा मंत्रालय ने जवाब दिया कि फ्रांस द्वारा उन्नत किए जा रहे 49 मिराज जेट को चलाने के लिए एलडीपी एक अनिवार्य घटक है और इसे सतर्कता विभाग की मंजूरी मिल चुकी है. फ रवरी 2015 में वित्त मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय से पूछा कि क्या एलडीपी को मेक इन इंडिया प्रोजेक्ट में तब्दील किया जा सकता है. जवाब आयाः इतनी देर हो चुकी है, अब यह मुमकिन नहीं है क्योंकि 28 करोड़ डॉलर के करार में 30 फीसदी ऑफ सेट लागत भी शामिल है. इसमें कोई भी बदलाव करने से करार रद्द हो जाएगा. अप्रैल 2015 में परियोजना जैसे ही सीसीएस को भेजे जाने के लिए तैयार हुई, पीएमओ ने फि र से वही सवाल उठा दिया, कि क्या एलडीपी को मेक इन इंडिया प्रोजेक्ट में तब्दील किया जा सकता है? यह मामला जुलाई से रक्षा सचिव के पास लंबित है.
बजट का टोटा, नीतियों को लकवा
सबसे बड़ा राज यह है कि केंद्र सरकार के पास रक्षा क्षेत्र के सारे पिछले अनुबंधों को निबटाने के लिए पैसा नहीं है. संकेत मिल रहे हैं कि मोदी सरकार राफेल जैसे सौदों को तरजीह देगी जिससे अहम सहयोगी देशों के साथ कूटनीतिक रिश्ते आगे बढ़ सकेंगे. पर्रीकर 5 अक्तूबर से शुरू हो रही मॉस्को यात्रा के दौरान कामोव युटिलिटी हेलिकॉप्टर को भारत में संयुक्त रूप से बनाने के समझौते पर दस्तखत कर सकते हैं.
मामला अकेले पैसे की कमी का नहीं है. रक्षा नीति में ऐसे मामूली बदलावों को भी अनावश्यक रूप से अटका दिया गया है जिनके चलते रक्षा उद्योग का खर्च बढ़ सकता है. इसी साल अगस्त में रक्षा मंत्रालय ने अपनी ऑफसेट नीति को दुरुस्त किया है जो रक्षा कंपनियों को अपने विदेशी साझीदार बदलने की छूट देता है. यह मांग पिछले साल अक्तूबर में पहली बार रक्षा उद्योग ने उठाई थी क्योंकि यह 30,000 करोड़ रु. के अनुबंधों को प्रभावित करती है. नृपेंद्र मिश्र को रक्षा मंत्रालय के बाबुओं से इसे अधिसूचित कराने के लिए कई चक्कर काटने पड़े.
पूर्व रक्षा मंत्री एंटनी ने रिश्वतखोरी में लिप्त हथियार फर्मों को काली सूची में डाल दिया था जिसे पर्रीकर ने मई में ''उत्तेजना में उठाया गया कदम'' बताया और संकेत दिया कि वे काली सूची के बारे में नया नजरिया पेश करेंगे.
इसके बावजूद तीन ऐसी नीतियां जिसके सहारे पर्रीकर एंटनी युग के गतिरोध को तोड़ सकते थे, वे उनके दफ्तर में अटकी पड़ी हैं. नई नीति ऐसी है जो किसी अज्ञात शिकायत के आधार पर खरीद की प्रक्रिया को पटरी से उतारने नहीं देगी, इसके लिए शिकायतकर्ता की वैधता साबित करनी होगी. दूसरे, नई नीति यह भी तय करेगी कि कंपनियों के साथ अन्याय न होने पाए और खरीद को संदेह के आधार पर न रोका जाए. एक तीसरी नीति रक्षा एजेंटों से जुड़ी है जो कहती है कि हथियार निर्माता कंपनियां आपूर्तिकर्ताओं के सभी मध्यस्थों को सूचीबद्ध कराएंगी. एक महीना बीत गया लेकिन सिर्फ अज्ञात शिकायतों वाली नीति को ही मंजूरी मिल सकी है.
किसी घोटाले की हल्की-सी बू भी सौदों को रोके दे रही है. मसलन, 9,000 करोड़ रु. में छह मिड एयर रीफ्यूलर विमान खरीदने का वायु सेना का प्रस्ताव 2014 से सीसीएस में अटका पड़ा है. इसकी निर्माता कंपनी यूरोपियन एरोनॉटिक्स डिफेंस एंड स्पेस कंपनी (ईएडीएस) ने अपना नाम बदलकर एयरबस रख लिया. वित्त मंत्रालय ने सतर्कता प्रकोष्ठ से मंजूरी की मांग की क्योंकि एयर इंडिया को 2005 में 43 विमान बेचने संबंधी 8,300 करोड़ रु. के अनुबंध के मामले में एयरबस सीबीआइ जांच का सामना कर रही है.
सांसद और रक्षा पर संसदीय समिति के सदस्य राजीव चंद्रशेखर कहते हैं कि यूपीए के दौर में जो ऑफ द शेल्फ खरीद की गई, उसकी मौजूदा सरकार की समीक्षा के कारण देरी हो रही है. वे कहते हैं, ''वैध रक्षा खरीदों को एक बार फिर जांचे जाने की जरूरत है ताकि कैसे उसे मेक इन इंडिया प्रोग्राम में तब्दील किया जा सके.'' रक्षा मंत्रालय अब भी जुलाई में जमा कर दी गई धीरेंद्र सिंह कमेटी की रिपोर्ट को पढ़ रहा है. पूर्व गृह सचिव की अध्यक्षता में बनी इस दस सदस्यीय समिति ने भारत की खरीद नीति में बदलाव की सिफारिश की थी और इसके लिए निजी क्षेत्र को लाए जाने की बात कही थी. इस साल के अंत तक रक्षा खरीद प्रक्रिया 2015 जब जारी की जाएगी तो माना जा रहा है कि कमेटी की सिफारिशों को उसमें जगह दी जा सकती है.
जाहिर है, ऐसे संस्थागत सुधार पर रक्षा मंत्रालय का ही अख्तियार है और इससे सैन्यबलों को मदद मिलेगी कि वे भविष्य के खतरों के लिए खुद को तैयार कर सकेंगे. पर्रीकर तो अभी बुनियादी फैसले ही नहीं ले पाए हैं. ऐसे में बड़े सुधारों की उम्मीद धुंधली जान पड़ती है.
रक्षा खरीद: पर्रीकर की कछुआ चाल
रक्षा मंत्रालय में अरबों के हथियार सौदे और रक्षा सुधार की तमाम नीतियां अटकी पड़ी हैं जिससे सेना के तीनों अंगों की सैन्य तैयारियों पर पड़ रहा भारी असर.

अपडेटेड 6 अक्टूबर , 2015
ADVERTISEMENT
Advertisement
