इस साल जून में जब आइपीएल के पूर्व प्रमुख ललित मोदी से कथित करीबी और अपने सांसद बेटे दुष्यंत सिंह की कंपनी नियंत होटल्स प्राइवेट लिमिटेड में ललित मोदी के निवेश को लेकर वसुंधरा राजे की जोरदार आलोचना हो रही थी तो राजस्थान की मुक्चयमंत्री ने अपने वरिष्ठ मंत्रियों के साथ एक गहन बैठक की. इसमें एक ऐसा फैसला लिया गया जिसने राजे से लोगों का ध्यान हटाने का रास्ता दिखा दिया. राज्य में चर्चा का विषय बदलने का एक नया मुद्दा खड़ा कर दिया गया: पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल.
अपने अधिकारियों के लिए राजे का संदेश एकदम सीधा था: प्रशासन को स्वच्छ करो. 19 जून को 65 आइपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया. निष्क्रिय पड़े भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) पर विशेष रूप से ध्यान दिया गया और इसमें तेजतर्रार अधिकारियों को भेज दिया गया. इनमें ब्यूरो के नए प्रमुख महानिदेशक नवदीप सिंह और महानिरीक्षक दिनेश एम.एन. शामिल थे. सोहराबुद्दीन के कथित फर्जी मुठभेड़ मामले में सात साल जेल में बिताकर पिछले साल रिहा हुए दिनेश के लिए पुलिस विभाग में यह पहली नियुक्ति थी. इसके बाद से 27 सितंबर तक 100 से ज्यादा गिरफ्तारियां हो चुकी हैं. लेकिन आलोचकों का कहना है कि इनमें से अधिकांश गिरफ्तारियां मामूली अपराधों के मामले में की गई हैं. मिसाल के तौर पर जून में अजमेर में एक फार्म में बिजली का कनेक्शन फिर से जोडऩे के लिए कथित तौर पर रिश्वत ले रहे बिजली विभाग में सहायक इंजीनियर मूल चंद माली की गिरफ्तारी. इससे लोगों में यह धारणा पैदा होने लगी कि एसीबी सिर्फ छोटी मछलियों को अपना निशाना बना रहा है.
एसीबी में 700 अधिकारी हैं और राज्य के सभी 33 जिलों में एक अतिरिक्त एसपी के मातहत एक इकाई होती है. इसने 16 सितंबर को पहली बार एक बड़ी मछली को पकडऩे में सफलता हासिल की. ब्यूरो ने उदयपुर में संजय सेठी नाम के एक मझौलिए को गिरफ्तार किया. उस पर एक ऐसी खदान को कथित रूप से फिर से खोलने के लिए 2.55 करोड़ रु. रिश्वत लेने का आरोप लगाया गया, जो कुछ समय पहले ही विभाग के आदेश से बंद कर दी गई थी. उस दिन दोपहर तक राज्य भर से छह अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया. फिर नवदीप सिंह और दिनेश राजे के पास गए और बताया कि वे खदान विभाग के प्रधान सचिव अशोक सिंघवी को गिरफ्तार करने जा रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, राजे ने जवाब दिया कि अगर उनके पास पर्याप्त सबूत हैं तो उन्हें इसकी इजाजत है. दिनेश उन्हें यकीन दिला चुके थे कि सिंघवी जरूर 'दोषी' करार दिए जाएंगे. फिर दूसरे संदिग्धों से 1.63 करोड़ रु. की रकम पकड़े जाने के बाद सिंघवी को कुछ घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया. एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, जांच में दिनेश की अहम भूमिका थी. उन्हें खदान खोलने में भ्रष्टाचार की भनक पहले ही लग गई. उन्हें जब पता चला कि छह अन्य खदानों को भी बंद किया जाने वाला है और फिर उन्हें दोबारा खोलने की इजाजत दी जाने वाली है तो उन्होंने जुलाई-अगस्त में जांच तेज कर दी. इसमें कथित तौर पर 22 करोड़ रु. का लेन-देन होना था. आखिरकार जब एक बड़ी खदान के लिए रिश्वत के सौदे को अंजाम दिया गया तो सिंघवी को गिरफ्तार कर लिया गया. सिंघवी के वकीलों का कहना है कि उनके खिलाफ रिश्वत का कोई मामला नहीं बनता, क्योंकि उन्हें न रंगे हाथों पकड़ा गया, न उनसे कोई रकम पकड़ी गई.
वहीं प्रदेश कांग्रेस प्रमुख सचिन पायलट ने दावा किया कि केंद्र ने सिंघवी के खिलाफ सबूत जुटाए थे, ताकि राजे उन्हें बचा न पाएं. वे कहते हैं, ''शीर्ष के सहयोग के बिना कोई आइएएस अफसर इतने स्तर पर भ्रष्टाचार नहीं कर सकता. हमने सिंघवी की ओर से जारी आवंटनों की सीबीआइ जांच की मांग की है. '' बहरहाल, कांग्रेस के लिए इस कथित खनन और लाइसेंस धंधे से सियासी लाभ उठाना कठिन हो सकता है, क्योंकि राजे सरकार खदान आवंटन में गहलोत सरकार की नीति का ही अनुसरण कर रही थी. इस साल जनवरी में केंद्र की ओर से अध्यादेश जारी होने से पहले सिंघवी 1,400 से ज्यादा खदानों का आवंटन आदेश जारी कर चुके थे.
राजे अब इस भ्रष्टाचार निरोधक अभियान के जरिए नवंबर में अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सक्वमेलन 'राजस्थान उदय' से पहले अपनी सरकार की 'स्वच्छ छवि' बनाने की उम्मीद कर रही हैं. अपने एक वरिष्ठ अधिकारी को राजे कह चुकी हैं, ''हमें निवेशकों को बताना होगा कि वसूली का जमाना चला गया और वे निर्भीक होकर कारोबार कर सकते हैं. ''
संयोग से यह बड़ी कार्रवाई संघ प्रमुख मोहन भागवत के प्रदेश दौरे के दौरान हुई. राजे के लिए संघ को सही संकेत देना जरूरी है क्योंकि ललित प्रकरण में संघ ने उनका साथ दिया है. राजे के एक सहयोगी ने संकेत दिया कि कुछ हफ्तों में अभी और गिरफ्तारियां हो सकती हैं. पिछले एक दशक में एसीबी और राज्य सरकार ऐसे मामलों को बंद करने और मुकदमा चलाने की इजाजत न देने के लिए कुख्यात रही है. अगर इस बार भी ऐसा ही रहा सही संदेश नहीं जाएगा और किसी आरोपी को छोडऩे या मुकदमे में देरी को लेकर विपक्ष भी फिर से सरकार को घेर सकता है.
छवि सुधारने में जुटीं वसुंधरा राजे
ललित मोदी प्रकरण से आगे निकल कर राजे भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम के जरिए अपनी छवि साफ-सुथरा करने की कोशिश में.

अपडेटेड 5 अक्टूबर , 2015
ADVERTISEMENT
Advertisement
