scorecardresearch
डार्क मोड

इन्सेफ्लाइटिस: यूपी में जानलेवा अव्यवस्था

भारत डिजिटल इंडिया बन रहा है, यूपी में अरबों का निवेश आ रहा है, शहर स्मार्ट सिटी होने को बेताब हैं. सरकार के पास सब कुछ है, लेकिन एन्सेफ्लाइटिस का इलाज नहीं, जिससे हजारों बच्चे मर रहे हैं.

बीआरडी मेडिकल कॉलेज के आइसीयू में जिंदगी और मौत से जूझते एन्सेफ्लाइटिस पीड़ित बच्चे
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के आइसीयू में जिंदगी और मौत से जूझते एन्सेफ्लाइटिस पीड़ित बच्चे
अपडेटेड 6 अक्टूबर , 2015

उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की कोशिशों से बहुत प्रभावित हुए थे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, जब वे दिमागी बुखार से निबटने के इंतजामों की समीक्षा करने 20 फरवरी को गोरखपुर आए थे. नेपाल की सीमा के पास बेहद पिछड़े इलाके में मौजूद कंपियरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के “बेहतरीन एन्सेफ्लाइटिस ट्रीटमेंट” सेंटर का मुआयना कर नड्डा ने सूबे के सेहत महकमे की पीठ थपथपाई. लेकिन सात माह बाद 26 सितंबर की शाम पांच बजे यही अस्पताल दिमागी बुखार से निबटने की सरकारी कोशिशों की असल तस्वीर पेश कर रहा था. वहां न डॉक्टर थे, न मरीज और न कोई कर्मचारी. बाहर लोहे के तार से लटका नीले रंग का बोर्ड टंगा था “जेई और नवकी बीमारी (एईएस) का 24 घंटे निःशुल्क इलाज उपलब्ध है.” इस दावे के उलट एन्सेफ्लाइटिस ट्रीटमेंट सेंटर के दरवाजे पर ताला लटका था.

अब जरा दिगामी बुखार से सबसे अधिक पीड़ित यूपी के कुशीनगर जिले का हाल देखिए. जिला मुख्यालय पडरौना के संयुक्त जिला चिकित्सालय में बेहद गंभीर रोगियों के लिए बना 10 वेंटिलेटर की सुविधा वाला यह “एन्सेफ्लाइटिस इंटेंसिव केयर यूनिट” (आइसीयू) है. तारीख 27 सितंबर और दोपहर का एक बजा है. पूरे वॉर्ड में केवल एक ही बच्ची भर्ती है. बीच में नर्स बैठी है. पूछने पर वह बताती है कि दूसरे पीड़ित बच्चे बाहर खेलने गए हैं. इसी बीच एक कर्मचारी बाहर मिट्टी में खेल रहे कुछ बच्चों के अभिभावकों को अंदर आने का इशारा करता है. कुछ ही मिनटों में आधा वॉर्ड भर जाता है. वहां मौजूद बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश रंजन कहते हैं, “दो हफ्ते पहले ये सभी बच्चे बहुत गंभीर थे, लेकिन अब ठीक हो गए हैं.”

ये महज कुछ अपवाद नहीं हैं. दिमागी बुखार से जंग लड़ रहे मासूम बच्चों को बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं से भी जूझना पड़ रहा है. इंडिया टुडे के पास मौजूद स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट साफ बताती है कि गोरखपुर मंडल और आसपास के कुल 19 जिलों के 200 से अधिक सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में दिमागी बुखार से पीड़ित केवल 14 मरीज ही इलाज के लिए पहुंचे हैं, जबकि सरकार इन अस्पतालों में खुले एन्सेफ्लाइटिस ट्रीटमेंट सेंटरों के बूते बीमारी के इलाज का दावा कर रही है. स्वास्थ्य विभाग के इन खोखले दावों के चलते अब तक दस हजार से अधिक बच्चों की जान जा चुकी है. 35 जिलों को अपनी चपेट में लेते हुए अब यह पश्चिम के जिलों तक जा पहुंचा है. (देखें चार्ट) सबसे ज्यादा दहशत पैदा करने वाले दिमागी बुखार “जापानी एन्सेफ्लाइटिस” ने इस बार अब तक 9.78 फीसदी मरीजों को अपना शिकार बनाया है, जो पिछले पांच वर्ष का अधिकतम स्तर है.

आंकड़ों की बाजीगरी

दस साल पहले 2005 में यूपी और बिहार के 50 से अधिक जिलों में फैले दिमागी बुखार ने जुलाई से दिसंबर के बीच तीन हजार से अधिक बच्चों को मौत की नींद सुला दिया था. इस बीमारी को डॉक्टर मच्छरों से फैलने वाला “जापानी एन्सेफ्लाइटिस” (जेई) ही समझ रहे थे, लेकिन 2006 में राष्ट्रीय विषाणु संस्थान (एनआइवी), पुणे ने रोगियों में दूषित पानी के जरिए शरीर में प्रवेश करने वाले नए “एंटीरोवायरस” की मौजूदगी पाई.

अब एक नई परिभाषा गढ़ी गई. ऐसे बच्चे जो अचानक तेज बुखार के साथ असामान्य व्यवहार करने लगें, उनको सामान्य रूप से इंट्रो वायरस जनित “एक्यूट एन्सेफ्लाइटिस सिंड्रोम” (एईएस) पीड़ित माना गया. एनआइवी, पुणे की एक शाखा गोरखपुर के बाबा राघवदास (बीआरडी) मेडिकल कॉलेज में पिछले नौ साल से है, लेकिन यह भी बीमारी के असली कारण को अब तक खोज नहीं पाई है. इस केंद्र के प्रभारी डॉ. वी.पी. बोंद्रे कहते हैं, “सौ से ज्यादा एजेंट जिनमें बैक्टीरिया, वायरस, फंगस शामिल हैं, एईएस जैसे लक्षण पैदा करते हैं. इनकी पहचान के लिए कम्युनिकेबल डिजीज सेंटर, अटलांटा समेत कई शोध संस्थान मिलकर रिसर्च कर रहे हैं.”
अब स्वास्थ्य विभाग ज्यादा से ज्यादा मरीजों को एईएस पीड़ित दिखाकर जापानी एन्सेफ्लाइटिस के घटने का दावा कर रहा है. यही कारण है कि सरकारी रिपोर्ट में 2010 से 2014 तक एईएस से मरने वाले बच्चों की संक्चया भले बढ़ रही हो, लेकिन स्वास्थ्य विभाग इसी में खुश है कि जेई से मौतें कम हुई हैं. इन सबसे बेखबर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में 100 बिस्तरों वाले वेंटिलेटर युक्त आइसीयू में दिमागी बुखार से बेसुध बच्चों के पहुंचने का तांता लगा हुआ है. बिस्तर कम पड़ गए हैं. किसी पर दो तो किसी पर तीन बच्चे वेंटिलेटर की नकली सांस से जिंदगी की लड़ाई लड़ रहे हैं.

सियासत भी खूब

मेडिकल कॉलेज की भीड़ को कम करने के लिए गोरखपुर के सांसद योगी आदित्यनाथ कई बार यहां एम्स खोलने की मांग कर चुके हैं. पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान 23 जनवरी को गोरखपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां एम्स खोलने का वादा किया था. केंद्र में बीजेपी सरकार बनने के बाद राज्य सरकार से एम्स खोलने का प्रस्ताव मांगा गया. राज्य सरकार ने कुटान और चैरीचौरा में 200 एकड़ जमीन मुहैया कराई, लेकिन यह विवादों में फंसी है. योगी आदित्यनाथ कहते हैं, “सपा सरकार की मंशा गोरखपुर में एक्वस खोलने की नहीं है.”

बीआरडी मेडिकल कॉलेज के सामने मानबेला गांव में रहने वाले 35 वर्षीय राधेश्याम के दो बेटे 5 वर्षीय गोलू और 6 वर्षीय सुमित की जापानी एन्सेफ्लाइटिस से जान तो बच गई, लेकिन गोलू की दोनों आंखें हमेशा के लिए जाती रहीं और सुमित के शरीर के आधे हिस्से में लकवा मार गया. इनकी तरह यह दिमागी बुखार पचास हजार से अधिक बच्चों को हमेशा के लिए विकलांग कर चुका है. ऐसे ही विकलांग बच्चों के लिए केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के कंपोजिट रीजनल सेंटर (सीआरसी) को गोरखपुर या आजमगढ़ में खोले जाने पर भी सियासत की जोर-आजमाइश चल रही है. मेडिकल कॉलेज में मनोविकास केंद्र तो है, लेकिन विकलांग बच्चों की पहुंच से बहुत दूर.

डॉक्टरों की तैनाती में “खेल”

गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से संबद्ध नेहरू चिकित्सालय में प्रांतीय चिकित्सा सेवा (पीएमएस) संवर्ग के डॉक्टर सुपरिटेंडेंट इन चीफ (सीआइसी) और चीफ मेडिकल सुपरिटेंड (सीएमएस) पद पर तैनात होते हैं. फिलहाल ये दोनों पद खाली हैं. मेडिकल कॉलेज परिसर में ही गोरखपुर के स्वास्थ्य महकमे का सबसे बड़ा अपर निदेशक कार्यालय भी है. यहां डॉ. आर.के. तिवारी तैनात हैं, जो सोशल प्रिवेंटिव मेडिसिन (एसपीएम) के एक्सपर्ट हैं. एक तरफ नेहरू अस्पताल में सीआइसी और सीएमएस का पद खाली है और दूसरी ओर इस पद के योग्य चिकित्सक बाबूगिरी कर रहे हैं. इसी कार्यालय में संयुक्त निदेशक डॉ. आर.के. पांडेय बाल रोग विशेषज्ञ हैं. उन्हें बच्चों का इलाज करना चाहिए, लेकिन उनका पूरा समय फाइलों में गुजरता है.

बीआरडी मेडिकल कॉलेज से थोड़ी दूर चरगवां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) है. मेडिकल कॉलेज के पास होने के कारण यहां बच्चों के डॉक्टर की जरूरत नहीं है, लेकिन यहां बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय शंकर देवपुलियार तैनात हैं, जबकि पिपराइच को छोड़कर गोरखपुर के किसी भी 17  सीएचसी में स्थायी रूप से बच्चों का कोई डॉक्टर तैनात नहीं है. विडंबना यह भी है कि जंगलअगही, महावीर छपरा, हरपुर में खुली नई पीएचसी में मरीजों की संख्या कम है, फिर भी यहां बाल रोग विशेषज्ञ हैं. स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी कहते हैं, “पूर्वांचल के जिलों में सरकारी डॉक्टरों के निजी प्रैक्टिस में संलिप्त होने की जांच चल रही है. डॉक्टरों ने अपनी तैनाती इस तरह करवाई है ताकि वे निजी प्रैक्टिस को ज्यादा समय दे सकें.” इन सबके बीच बच्चों के मरने का सिलसिला जारी है और सरकार सब देखकर भी आंखें मूंदे हुए है.

ADVERTISEMENT
Advertisement