scorecardresearch
डार्क मोड

विधानसभा चुनाव बिहार: बेटों के कंधों पर जिम्मा

लालू यादव और कांग्रेस को बरसों तक लानतें भेजने के बाद बीजेपी और उसके गठबंधन सहयोगी इस बार बिहार में वंशवादी सियायत के उसी फेर में उलझ गए हैं.

सबसे पहले परिवारः लालू प्रसाद के बेटे तेजस्वी (बाएं) और तेज प्रताप
सबसे पहले परिवारः लालू प्रसाद के बेटे तेजस्वी (बाएं) और तेज प्रताप
अपडेटेड 5 अक्टूबर , 2015

अक्सर ऐसा नहीं होता कि लालू प्रसाद यादव हैरान-परेशान हो जाएं. लेकिन ऐसा एक मौका इस साल जुलाई में आया, जब रिपोर्टरों की एक टोली ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष पर विधानसभा चुनाव से ऐन पहले उनके दोनों बेटों की योजनाओं और राजनैतिक भविष्य के बारे में सवाल दाग दिया. लालू ने पलटकर सवाल किया, “मेरे बेटे अगर चुनाव नहीं लड़ेंगे तो करेंगे क्या? क्या भैंस चराएंगे?” इन सवालों का असल “जवाब” अगले दिन पटना में मिला, जब बीजेपी के एक आला नेता ने चुटकी लेते हुए कहा, “नहीं, उन्हें चुनाव लडऩे दीजिए. पशु चराने के लिए पार्टी कार्यकर्ता वैसे भी कुछ कम हैं.”

कोई और चुनाव होता तो भगवा खेमा इस शानदार हाजिरजवाबी को फौरन लपक लेता और मौजूं चुनावी नारे में बदल देता, जो शायद कुछ इस तरह होता, “अपने बेटों को चुनाव लड़वाइए और आरजेडी कार्यकर्ताओं से भैंस चरवाइए.” मगर बीजेपी नेता ने अपनी इस बात को गुमनामी के अंधेरे में ही रहने दिया क्योंकि इस बार बीजेपी एक ऐसे चुनाव में उतर रही है, जिसमें वंशवाद किन्हीं एक या दो पार्टियों की बपौती नहीं रह गया है.

ऐसे राज्य में जहां सियासत पहले मुख्यमंत्री श्री कृष्ण सिंह के जमाने से ही पारिवारिक कारोबार बनी हुई है, बीजेपी अभी तक अपने आप को “दूसरों से अलग” पार्टी जताती आई है. यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “मां बेटे की सरकार” कहकर यूपीए का लगातार मखौल उड़ाते रहे हैं. मगर इस बार वंशवादी सियासत का कोई भी जिक्र दोधारी तलवार साबित होने जा रहा है.

राज्य में बीजेपी के दो आला नेताओं, बक्सर के सांसद अश्विनी कुमार चौबे और राज्यसभा के सदस्य सी.पी. ठाकुर ने अपने बेटों के लिए विधानसभा चुनाव का टिकट हासिल कर लिए हैं. चौबे के बेटे अरिजित शाश्वत भागलपुर से चुनाव लड़ेंगे. खुद चौबे 2014 में बक्सर से लोकसभा का चुनाव लडऩे से पहले कई बार विधानसभा में इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. सूत्रों का दावा है कि चौबे असल में अपने दूसरे बेटे अविरल शाश्वत के लिए भी बक्सर से टिकट चाहते थे. उन्हें इनकार कर दिया गया. चैबे हालांकि इन आरोपों का खंडन करते हैं, “मैंने अपने बेटे के लिए टिकट नहीं मांगा. पार्टी नेतृत्व ने उसके योगदान को देखते हुए उसे टिकट देने का फैसला किया.”
ठाकुर के बेटे विवेक ब्रह्मपुर सीट से उम्मीदवार हैं. विवेक को पहले विधान परिषद में जगह दी गई थी, जिसे उनके पिता को मनाने की कोशिश के तौर पर देखा गया था, क्योंकि उन्होंने 2010 के चुनाव के ठीक पहले अपने असंतोष का इजहार करते हुए राज्य बीजेपी अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था. बीजेपी ने पटना की दीघा सीट से वरिष्ठ पार्टी नेता गंगा प्रसाद के बेटे संजीव चौरसिया को मैदान में उतारा है.

हालांकि वारिसों को ताज पहनाने की इन कोशिशों की सभी जगह अच्छी प्रतिक्रिया नहीं हुई है. अरिजित शाश्वत की उम्मीदवारी के खिलाफ भागलपुर में एक बागी उम्मीदवार को खड़ा किया गया है, जिसे लेकर स्थानीय बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के एक तबके को नाराज बताया जाता है. 23 सितंबर को जब केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी, सी.पी. ठाकुर और अश्विनी चौबे अरिजित का नामांकन पर्चा दाखिल करवाने उनके साथ पहुंचे, तब भागलपुर महानगर पार्टी अध्यक्ष से बागी हुए विजय कुमार साही ने भी उसी दिन अपना पर्चा दाखिल किया और उनके साथ गए हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं ने समानांतर शक्ति प्रदर्शन भी किया.

अभी तक केवल सासाराम के सांसद छेदी पासवान ने इस “भेदभाव” पर सवाल खड़े किए हैं. यह आरोप उन्होंने तब लगाया, जब उनके बेटे रवि को पार्टी टिकट देने से इनकार कर दिया गया. रवि ने अब समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है और उन्हें चेनारी से एनडीए के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़वाया जाएगा. पासवान ने 27 सितंबर को कहा, “जब अश्विनी चौबे और सी.पी. ठाकुर के बेटों को टिकट देने में पार्टी को कोई बुराई नजर नहीं आई, तो मुझे समझ नहीं आता कि मेरे बेटे को टिकट देने से क्यों इनकार किया गया.”

तभी से पासवान पहुंच से बाहर हैं और उनके फोन पर जवाब देने वाले शख्स ने इंडिया टुडे से कहा कि वे मीडिया से बात करना नहीं चाहते. इसी तरह 29 सितंबर को चौबे को बार-बार फोन करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला. विपक्ष के नेता नंद किशोर यादव ने इंडिया टुडे से कहा कि बीजेपी वंशवाद की सियासत नहीं करती. उन्होंने कहा, “हमने पार्टी कार्यकर्ताओं को टिकट दिए हैं और इसलिए नहीं कि वे हमारे नेताओं के बेटे हैं. कुछ नेताओं ने बिल्कुल इसी बात की शिकायत की है, इससे साबित होता है कि हमने परिवारिक रिश्तों की वजह से टिकट नहीं दिए हैं.”

एनडीए गठबंधन की दो सहयोगी पार्टियां, रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) और जीतनराम मांझी का हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा-सेक्युलर (एचएएम-एस), वारिसों को टिकट देने में जरा भी पीछे नहीं, बल्कि एक कदम आगे ही हैं. मांझी की पार्टी को दी गई 21 सीटों में से कम से कम पांच पिता-पुत्र की जोडिय़ों के लिए मुकर्रर कर दी गई हैं. दो सीटों से चुनाव लड़ रहे मांझी और उनके बेटे संतोष के अलावा पार्टी के राज्य अध्यक्ष शकुनि चौधरी तारापुर से और उनके बेटे राकेश कुमार खगडिय़ा से चुनाव लड़ रहे हैं. इस नवगठित पार्टी ने राज्य के पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह के बेटे अजय प्रताप और जगदीश शर्मा के बेटे राहुल को भी टिकट दिया.
अलबत्ता एलजेपी पारिवारिक राजनीति का खुला प्रदर्शन में देखा जा रहा है. पार्टी ने रामविलास पासवान के भाई पशुपति नाथ पारस, भतीजे प्रिंस राज और बहू सरिता को टिकट दिए हैं. पार्टी ने खगडिय़ा के सांसद महबूब अली कैसर के बेटे यूसुफ को सिमरी बख्तियारपुर से और सांसद सूरजभान सिंह के भाई कन्हैया सिंह को मोकामा से टिकट दिया है. 2014 में एलजेपी ने जो छह लोकसभा सीटें जीती थीं, उनमें से तीन पर परिवार के सदस्य ही जीते थेः खुद पासवान, उनके बेटे चिराग और छोटे भाई राम चंद्र. चिराग अब एलजेपी संसदीय दल के अध्यक्ष हैं और बताते हैं कि टिकटों के फैसले उन्होंने ही किए हैं.

तीन बार मुख्यमंत्री रहे जगन्नाथ मिश्र के बेटे नीतीश बुनियादी तौर पर एचएएम-एस के उम्मीदवार हैं, लेकिन उन्हें दोनों पार्टियों के बीच आंतरिक सुलह के तौर पर बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़वाया जा रहा है.

जहां तक आरजेडी की बात है, तो एक समय था जब पार्टी एस-1, एस-2 की पार्टी यानी लालू के कुख्यात सालों साधु और सुभाष की पार्टी के तौर पर जानी जाती थी. आज इसे टी-1, टी-2 की पार्टी यानी पूर्व मुख्यमंत्री के बेटों तेज प्रताप और तेजस्वी की पार्टी कहा जाता है, जो क्रमशः महुआ और राघोपुर से चुनाव लड़ रहे हैं. 2010 में ये दोनों ही सीटें जेडी (यू) ने जीती थीं और तब राबड़ी देवी राघोपुर से चुनाव हारी थीं. इसी निर्वाचन क्षेत्र से लालू ने 27 सितंबर को अपने चुनाव अभियान का श्रीगणेश किया. पिछली गर्मियों में राबड़ी देवी और बेटी मीसा भारती के धूल चाटने के बाद इस बार लालू तेजस्वी और तेज प्रताप की चुनावी जीत पक्की करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं. कभी लालू के नजदीकी सहयोगी रहे और आरजेडी से निकाल दिए जाने पर अलग पार्टी बनाने वाले मधेपुरा के सांसद पप्पू यादव ने पार्टी के ऊपर परिवार को तवज्जो देने के लिए लालू की आलोचना की है. लेकिन उनके विरोधी बताते हैं कि आरजेडी के मुखिया 20 साल से यही करते आ रहे हैं. उन्होंने चारा घोटाले में जुलाई 1997 में जेल की सजा होने पर आनन-फानन में राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठा दिया था.

बिहार में संतति-प्रेम में अंधे सियासतदानों की लंबी परंपरा रही है, जिन्होंने अपने बच्चों को ताज पहनाने से कतई गुरेज नहीं किया. राज्य के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह ने 1950 में अस्थायी संसद की सदस्यता के लिए अपने मंत्रिमंडल के साथी ए.एन. सिन्हा के बेटे एस.एन. सिन्हा के नाम की सिफारिश की थी. छोटे साहब के नाम से लोकप्रिय उनके बेटे एस.एन. सिन्हा ने दक्षिण बिहार की औरंगाबाद लोकसभा सीट का नौ बार प्रतिनिधित्व किया और आखिरकार मार्च 1989 में राज्य के मुख्यमंत्री बने. उनके बाद अगले साल लालू प्रसाद यादव सत्ता में आए और समय के साथ वे भी एक और सियासी वंश में तब्दील हो गए.

श्री कृष्ण सिंह के भाई बंदी शंकर 1980 के दशक में कैबिनेट मंत्री हुआ करते थे; एस.एन. सिन्हा की पत्नी किशोरी सिन्हा और बहू श्यामा सिन्हा, दोनों ने 1980 के दशक में ही वैशाली लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया. उनके बेटे, दिल्ली के एक पूर्व पुलिस आयुक्त और तीसरी पीढ़ी के सियायतदां निखिल कुमार केरल के पूर्व राज्यपाल रह चुके हैं.

कांग्रेस के दिग्गज नेता दिवंगत जगजीवन राम के बेटे सुरेश राम 1969 में कैबिनेट मंत्री थे. उनकी बेटी मीरा कुमार यूपीए-2 के दौरान लोकसभा अध्यक्ष थीं.
लेकिन परिवार को सबसे पहले अहमियत देने वाली बिहार की इस सियासत में चिंता की जो बात है, वह है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अरसे पहले उनके उप-मुख्यमंत्री रहे सुशील मोदी सरीखे नेताओं की खामोशी. दोनों बिहार के इक्का-दुक्का शिखर नेताओं में से हैं, जिन्होंने अपने परिवार के सदस्यों को राजनीति में नहीं आने दिया है. नीतीश राज्य के शायद अकेले नेता भी हैं, जिन्होंने पारिवारिक राजनीति के खिलाफ जंग का ऐलान किया था. यह 2009 की बात है, जब संसदीय चुनाव में अभूतपूर्व जीत के फौरन बाद नीतीश ने जेडी (यू) के उन सांसदों की टिकट की फरियाद को ठुकरा दिया था, जो सितंबर 2009 के विधानसभा उप-चुनाव में अपने परिवार के सदस्यों को लड़वाना चाहते थे. अब जब वंशवाद की चुनावी जंग गर्मा रही है, जेडी (यू) के महासचिव के.सी. त्यागी अपने मुख्य प्रतिद्वंद्वी पर फौरी निशाना साध रहे हैं. नीतीश कुमार को “नेता कैसा हो, इसकी शानदार मिसाल” करार देते हुए वे कहते हैं, “बीजेपी इस मामले में कांग्रेस और लालूजी पर हमले किया करती थी, पर अब उन्हें देखिए. लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनमें कोई सम्मान नहीं है.”

दिलेरी की बात है, मगर ये ऐसी बात भी है, जिसे नीतीश या उनकी पार्टी के नेता इन चुनावों में ऊंची आवाज में नहीं बोल सकते.

ADVERTISEMENT
Advertisement