मशहूर फ्रांसीसी-आविष्कारक और दार्शनिक ब्लेज पास्कल का कहना था कि इंसान के लिए सबसे बड़ी शर्म की बात यह है कि उसे किसी बात की शर्म ही न रहे. एन. श्रीनिवासन बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (बीसीसीआइ) के पूर्व अध्यक्ष और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आइसीसी) के प्रमुख हैं, और उसकी दुधारू गाय इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) जब दुनिया भर की नजरों में जांच का विषय बन गई है तो शर्मिंदा करने वाली बातें एक बार फिर भारतीय क्रिकेट से जुड़े बड़े लोगों की पेशानी पर बल डालने का काम कर रही हैं&सिर्फ इसलिए नहीं कि 14 जुलाई को लोढ़ा आयोग ने बहुत सख्त फैसला सुनाया है, बल्कि इस फैसले पर उनकी प्रतिक्रियाओं की वजह से भी.
जस्टिस आर.एम. लोढ़ा, जस्टिस अशोक भान और जस्टिस आर.वी. रवींद्रन के तीन सदस्यीय पैनल की ओर से आइपीएल टीम के मालिकों गुरुनाथ मयप्पन और राज कुंद्रा को सट्टेबाजी के लिए प्रतिबंधित करने और उनकी टीमों चेन्नै सुपर किंग्स (सीएसके) तथा राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को दो साल के लिए निलंबित करने का फैसला सुनाए जाने के कुछ ही घंटों के बाद कठघरे में रह चुके क्रिकेट प्रतिष्ठान की प्रतिक्रिया बेशर्मी भरी थी.
बीसीसीआइ के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा, दो टीमें गईं. कोई फर्क नहीं पड़ता, समुद्र में कई मछलियां हैं, हमें दो और मिल जाएंगी.
श्रीनिवासन ने कहा, सीएसके निलंबित हो गई, इससे मुझे कोई लेना-देना नहीं है! यह बात आसानी से हजम नहीं होती. वे इंडिया सीमेंट्स के चेयरमैन भी हैं, जो आइपीएल फ्रेंचाइजी सीएसके की पैरेंट कंपनी है.
बहरहाल, आइपीएल की दो फ्रेंचाइजी को जिस तरह की और जितनी सजा सुनाई गई है, उससे ज्यादा महत्वपूर्ण है बीसीसीआइ और 10 साल से चल रही पक्षपातपूर्ण निरंकुशता को कठघरे में खड़ा करना. इन दस वर्षों में ज्यादातर समय श्रीनिवासन ही इस खेल के सर्वेसर्वा थे. आखिरकार 2008 में बीसीसीआइ के संविधान के अनुच्छेद 6.2.4 में सोचे-समझे तरीके से संशोधन किया गया, जिसने श्रीनिवासन को बीसीसीआइ का पदाधिकारी होने के बावजूद एक आइपीएल टीम का मालिक बनने की छूट दे दी और उसी के बाद से एक ऐेसी लीग में हितों के टकराव का दौर शुरू हो गया, जो अब भारतीय क्रिकेट में सोने का अंडा देने वाली मुर्गी बन गई है. इस साल के शुरू में मुद्गल कमेटी की रिपोर्ट में की गई सिफारिशों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने उस संशोधन को खारिज कर दिया था. उस रिपोर्ट के आधार पर ही लोढ़ा पैनल का गठन हुआ था.
अब बोर्ड जहां एक ओर आइपीएल को आग से बाहर निकालने की जद्दोजहद और निलंबित हो चुकी दो टीमों की जगह दो अन्य टीमों को शामिल करने में लगा है, वहीं बीसीसीआइ के सामने उससे भी बड़ी समस्याएं मुंह बाए खड़ी हैं. इस साल जनवरी में गठित लोढ़ा समिति को तीन मुख्य काम पूरे करने के लिए कहा गया था. ये तीन काम थेः मुद्गल रिपोर्ट के आधार पर मयप्पन, कुंद्रा और उनकी टीमों के लिए उचित सजा तय करना. दूसरा, आइपीएल 2013 के स्पॉट-फिक्सिंग मामले में आइपीएल के चीफ ऑपरेटिव अफसर सुंदर रमन की भूमिका की जांच करना और लागू हो तो बीसीसीआइ की ओर से उचित सजा देना. तीसरा, खेल में धोखाधड़ी और हितों के टकराव को रोकने के लिए बीसीसीआइ की ओर से अपनाई जा रही प्रक्रियाओं में संशोधन का सुझाव देना और बोर्ड के कामकाज को कारगर बनाना.
14 जुलाई को आया फैसला पैनल को दी गई जिम्मेदारियों का सिर्फ एक हिस्सा था. यह फैसला कॉर्पोरेट गवर्नेंस की भारतीय दंड संहिता के आधार पर नहीं दिया गया था, बल्कि आइपीएल के लिए बनाए गए बीसीसीआइ के अपने भ्रष्टाचार-निरोधक नियमों के आधार पर दिया गया था. इसे सरल तरीके से कहा जाए तो लोढ़ा समिति ने जो फैसला सुनाया है, वह फैसला बीसीसीआइ का अपना ही कोई निष्पक्ष पैनल (अगर उसका ऐसा कोई पैनल होता) मुद्गल समिति की ओर से अलग-अलग फ्रेंचाइजी के मालिकों को सट्टेबाजी का दोषी बताए जाने के बाद अपने नियमों का पालन करते हुए सुना सकता था. इसलिए यह सजा बीसीसीआइ के लिए वास्तव में कोई चौंकाने वाली बात नहीं होनी चाहिए, हालांकि आइपीएल का संतुलन बिगडऩे की वजह से उसके लिए यह चिंता का विषय जरूर हो सकता है. लोढ़ा पैनल जब अपनी तीसरी जिम्मेदारी के तौर पर बोर्ड के संविधान में संशोधन करने और उसके कामकाज को सरल बनाने के लिए अपने सुझाव देगा तो बीसीसीआइ&जो अब तक सोसाइटीज ऐक्ट की आड़ में किसी तरह की रोक-टोक के डर या जनता का निगाह में आए बगैर बड़े मजे से काम करता रहा है&की नजर जरूर उन बदलावों पर होगी जो मूल रूप से उसकी आलस भरी संस्कृति और मनमाने ढंग से काम करने के तरीके को बदल सकते हैं.
पिछले दो दशक से बीसीसीआइ के अध्यक्षों चाहे जगमोहन डालमिया हों, शरद पवार रहे हों या श्रीनिवासन-सभी ने 29 राज्य संघों को अपने काबू में रखा है. ये संघ संरक्षण की कार्यप्रणाली के जरिए आपस में मिलकर भारतीय क्रिकेट बोर्ड का गठन करते हैं. बोर्ड की सबसे बड़ी उपलब्धि खामोश रहने की साजिश रचने की रही है, जिसमें हर हिस्सेदार की मिलीभगत है, चाहे वह प्रायोजक हो, खिलाड़ी हो, कमेंटेटर हो या टीवी नेटवर्क . खुले हाथों से पैसा लुटाने वाली संस्कृति के जरिए बीसीसीआइ के आकाओं ने विरोध की आवाजें दबा दीं और अपना कार्यकाल बढ़ाने के लिए मनमाने तरीके से बोर्ड के नियमों में फेरबदल किया. उन्होंने अपने केंद्रीय खजाने से खिलाडिय़ों का पारिश्रमिक बढ़ाने से लेकर राज्यों के संघों का हिस्सा बढ़ाने और कमेंटरी के अनुबंधों को आकर्षक बनाने से लेकर सुनील गावस्कर तथा रवि शास्त्री जैसे सलाह देने वाले लोगों की जेबें भरने और पूर्व क्रिकेटरों को पेंशन देने तक खुलकर पैसे बांटे.
2008 में संविधान में बदलाव करने (जिससे श्रीनिवासन को आइपीएल में फ्रेंचाइजी लेने की छूट मिल गई) के अलावा उन्होंने 2012 में रोटेशन सिस्टम में संशोधन करके एक और बदलाव कर दिया. इस सिस्टम के अनुसार बोर्ड का अगला प्रमुख पूर्वी क्षेत्र से आना चाहिए था. इस संशोधन से उस समय श्रीनिवासन के साथी और दिल्ली तथा जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष और मौजूदा वित्त मंत्री अरुण जेटली के लिए 2014 में अध्यक्ष बनने का रास्ता साफ हो गया. नियम 15 (6) में एक और बदलाव किया गया, जिससे पूर्व अध्यक्षों को फिर से चुने जाने की छूट मिल गई. इस बदलाव ने न सिर्फ श्रीनिवासन, बल्कि पवार, आइ.एस. बिंद्रा, डालमिया और शशांक मनोहर के लिए वापसी का दरवाजा खोल दिया.
लोढ़ा पैनल अब इन सभी बदलावों की जांच करेगा. इस बात का भी पता लगाएगा कि बीसीसीआइ किस तरह व्यावसायिक अनुबंधों का काम देखता है, वह राज्य संघों को दिए जाने वाले पैसों पर कैसे नजर रखता है, और क्या इसके चुनाव सही मायनों में लोकतांत्रिक और पारदर्शी होते हैं. यह पैनल पहले ही बोर्ड को 82 बिंदुओं पर सवालों (देखें बॉक्स) की सूची भेज चुका है. इन सवालों में बीसीसीआइ के भीतर मौजूद हितों के टकराव पर जवाब मांगा गया है. मसलन, पूर्व टेस्ट कप्तान एम.एस. धोनी भी इंडिया सीमेंट्स के उपाध्यक्ष थे, या पूर्व चयनकर्ता के. श्रीकांत सीएसके के ब्रांड एंबेसडर थे. इन सभी मामलों की जांच हो रही है और हो सकता है ये सब बातें जल्दी ही अतीत का हिस्सा बन जाएं.
बीसीसीआइ ने जब से टीवी से होने वाली आमदनी का स्वाद चखा है और खेल की एक गैर-मुनाफे वाली अदना-सी संस्था से उठकर महाकाय कॉर्पोरेट संगठन का रूप ले चुका है, उसका पूरा सिस्टम ही अव्यवस्थित हो चुका है. बीसीसीआइ को अव्यवस्था और साजिश के जरिए ही ताकत मिल रही है, और एक अरब डॉलर के साम्राज्य पर निर्बाध तरीके से हुकूमत करने के लालच के कारण ही भारत के कुछ सबसे ताकतवर नेता और उद्योगपति दशकों से बीसीसीआइ की ओर खिंचे चले आ रहे हैं. भारतीय क्रिकेट को इस समय एक पेशेवर बोर्ड की जरूरत है, पर साफ है कि बीसीसीआइ के प्रभावशाली पदाधिकारी इस तरह के किसी पेशेवर और ईमानदार बोर्ड के गठन का विरोध करेंगे.
न्यायपालिका वह कर पाएगी, जो बाकी संस्थाएं नहीं कर सकीं? लंबे समय से अपेक्षित सफाई की प्रक्रिया आखिरकार शुरू हो सकेगी? आइपीएल की दो टीमों और श्रीनिवासन, जो डालमिया और बीसीसीआइ के नए सचिव अनुराग ठाकुर के विरोध के कारण सितंबर में आइसीसी के अध्यक्ष पद से हाथ धो सकते हैं, के लिए खेल भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन संभल जाइए, इस मालामाल पिच पर असली मुकाबला तो अब शुरू होने वाला है.
आइपीएल: बीसीसीआइ पर अनिश्चितता के बादल
लोढ़ा समिति का फैसला तो पहला कदम है, बीसीसीआइ को ऐसे बदलाव करने पड़ सकते हैं जिनसे भारतीय क्रिकेट की तस्वीर हमेशा के लिए बदल जाएगी.

अपडेटेड 20 जुलाई , 2015
ADVERTISEMENT
Advertisement
