scorecardresearch
डार्क मोड

एफटीआइआइ: मकसद के लिए बगावत

मानो उसकी मुसीबतों का पिटारा भरा न था जो एफटीआइआइ को अब चेयरमैन के रूप में एक बी-ग्रेड ऐक्टर को झेलना पड़ रहा है. छात्रों ने की बगावत.

ऐक्टर गजेंद्र सिंह चौहान की एफटीआइआइ के चेयरमैन पद पर नियुक्ति का विरोध करते छात्र
ऐक्टर गजेंद्र सिंह चौहान की एफटीआइआइ के चेयरमैन पद पर नियुक्ति का विरोध करते छात्र
अपडेटेड 13 जुलाई , 2015

यह भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआइआइ), पुणे का कैंपस है. यहां घुसने से पहले ही दीवारों पर बड़े-बड़े लाल और सफेद अक्षरों में लिखी पंक्तियां 'फासीवाद खत्म करो' और 'चौहान इस्तीफा दो और घर जाओ' यहां के मौजूदा माहौल से आपको रू-ब-रू करा देती हैं. गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन के रूप में गजेंद्र सिंह चौहान की नियुक्ति के खिलाफ चल रही हड़ताल के 28 दिन बीत जाने और सूचना तथा प्रसारण मंत्री अरुण जेटली से मुलाकात के बावजूद छात्र किसी भी तरह झुकने को राजी नहीं हैं. उस बैठक में शामिल दस लोगों के पैनल का नेतृत्व कर रहे एफटीआइआइ छात्र संघ के पूर्व महासचिव और संस्थान में सिनेमैटोग्राफी के अंतिम वर्ष के छात्र 30 वर्षीय विकास उर्स कहते हैं, ''हमारी चिंताओं को दरकिनार कर दिया गया, जिससे साफ होता है कि मंत्री महोदय को शीर्ष काउंसिल के कामकाज की सीमित समझ है.''
हड़ताल की वजह चौहान की उस पद पर नियुक्ति रही जिसे पूर्व में अडूर गोपालकृष्णन, श्याम बेनेगल और गिरीश कर्नाड जैसे प्रख्यात फिल्मकार संभाल चुके हैं. इन तीनों की झोली में कुल मिलाकर 40 से ज्यादा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार हैं जबकि चौहान के पास एक भी नहीं.

इस पद पर नियुक्ति पाकर चैहान विवादित लोगों की उस सूची में शामिल हो गए हैं जिसमें 'हर हर मोदी घर घर मोदी' गीत का निर्माण करने की उपलब्धि हासिल कर चुके केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष पहलाज निहलाणी और गुजरात में नरेंद्र मोदी के लिए प्रचार कर चुके आसाराम बापू समर्थक मुकेश 'शक्तिमान' खन्ना शामिल हैं, जो अब बाल फिल्म सोसाइटी के अध्यक्ष हैं. इन सब का इस तरह के बड़े पदों पर काबिज होना बीजेपी के शासन में सूचना और प्रसारण मंत्रालय के निकायों के भगवाकरण के संकेत देता है.

उधर, गजेंद्र सिंह चौहान इस तरह के आरोपों को सिरे से खारिज कर देते हैं और कहते हैं कि 'पूरी पड़ताल' और प्रक्रिया के बाद ही सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने उन्हें यह पद दिया है. विवाद से क्षुब्ध चौहान कहते हैं, ''मैं इस बात से परेशान हूं कि लोगों ने मेरी क्षमताओं को जाने और उन्हें किसी कसौटी पर कसे बिना ही मेरा विरोध करना शुरू कर दिया.''

चौहान की 'अकादमिक अनुभवहीनता' का जिक्र करते हुए एफटीआइआइ छात्रों ने मंत्रालय को लिखे एक पत्र में कहा है कि पूर्व ऐक्टर और बीजेपी सदस्य के पास ''अंतरराष्ट्रीय ख्याति के इस इंस्टीट्यूट के नेतृत्व और संचालन के लिए जरूरी पात्रता नहीं है.''

इंस्टीट्यूट में पिछले 11 साल से पढ़ा रहे और इस समय स्क्रीनप्ले लेखन विभाग के मुखिया अंजुम रजबअली कहते हैं कि चौहान तो सिर्फ घास में आग लगाने वाली चिनगारी थे. इंस्टीट्यूट की लंबे समय से चली आ रही समस्याएं चौहान की और तीन अन्य सदस्यों—अनघा घईसास, नरेंद्र पाठक और राहुल सोलापुरकर की इंस्टीट्यूट की शीर्ष संस्था एफटीआइआइ सोसाइटी में नियुक्ति से कहीं आगे की हैं. पाठक आरएसएस की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की महाराष्ट्र इकाई के पूर्व अध्यक्ष हैं.

अगस्त 2013 में पुणे में नेशनल फिल्म आर्काइव ऑफ इंडिया में आनंद पटवर्धन की डॉक्युमेंट्री जय भीम कॉमरेड के प्रदर्शन और कबीर कला मंच के संगीत कार्यक्रम के बाद एबीवीपी के सदस्य एफटीआइआइ के छात्रों के साथ भिड़ चुके हैं. उर्स कहते हैं, ''पाठक उस समय राज्य में एबीवीपी के मुखिया थे और हाल में उन्होंने कहा था कि हमें सबक सिखाना चाहिए. जाहिर है, हम सोसाइटी में ऐसे सदस्य को नहीं चाहते.''

जनवरी, 2011 में सईद मिर्जा और कुंदन शाह जैसे प्रख्यात फिल्मकारों समेत विशेषज्ञों के समूह ने एफटीआइआइ में नई जान फूंकने के लिए अपनी अंतरिम रिपोर्ट में कई सिफारिशें की थीं. उसमें कहा गया, ''फैकल्टी, छात्रों और स्टाफ के साथ हमारी बातचीत का मुख्य बिंदु दोष ढूंढना और दोषारोपण करना रहा.'' विवाद का एक मुख्य बिंदु यह है कि छात्रों पर अक्सर उनकी तीन साल की अवधि से ज्यादा इंस्टीट्यूट में रुकने का आरोप लगाया जाता रहा है. अंतरिम रिपोर्ट में कहा गया, ''झुकने की यह बढ़ी हुई अवधि कैंपस में जिंदगी का स्थायी तत्व बन गई है. '' 2008 के बैच के लगभग 15 छात्र अब भी टिके हुए हैं. इस वजह से हॉस्टल में भीड़ बढ़ जाती है और कैमरे, रिकॉर्डिंग रूम और स्टुडियो जैसी सुविधाओं पर भी दबाव बढ़ जाता है. उर्स कहते हैं, ''ऐसा भी समय था जब दो बैच दो कैमरों पर काम कर रहे थे. छात्रों को इस्तेमाल के बाद कलर करेक्शन मशीन के ठंडा होने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता था.''

पिछले 55 साल में इंस्टीट्यूट में पाठ्यक्रम में बदलाव से लेकर ढांचागत विकास तक की विभिन्न मांगों को लेकर 39 बार हड़ताल हो चुकी है. एफटीआइआइ के डायरेक्टर डी.जे. नारायण कहते हैं, ''हमारे यहां कैंपस में रचनात्मक और अत्यधिक विचारोत्तेजक लोग मौजूद हैं, जिनके अलग-अलग मसलों पर अलग-अलग नजरिए हैं. लेकिन हड़ताल तो पूरी तरह अवांछनीय है क्योंकि उससे अकादमिक कार्यक्रम चौपट हो जाता है और माहौल खराब हो जाता है.''

छात्र कहते हैं कि पाठ्यक्रम इतना बड़ा है कि ज्यादातर छात्र अपने अंतिम असाइनमेंट तीन साल में पूरे नहीं कर पाते. प्रवेश के बदले नियमों से छात्रों की संख्या भी बढ़ गई है. इससे भी उपलब्ध संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है. 2010 के बाद से इंस्टीट्यूट में हर कोर्स में छात्रों की संख्या 16 हो गई है जो पहले 10 थी. पूर्व छात्र 31 वर्षीय रिजु दास कहते हैं, ''नए पाठ्यक्रम में प्रोजेक्ट, वर्कशॉप और गतिविधियों—सबके साथ समझौता किया गया है क्योंकि वे चाहते हैं कि छात्र तीन साल में अपना कोर्स पूरा कर लें.'' सिर्फ छात्रों की ही नहीं बल्कि, फैकल्टी की भी मुश्किलें बढ़ रही हैं. रजबअली कहते हैं, ''फैकल्टी को बहुत कम पैसा मिलता है. उनमें से ज्यादातर कॉन्ट्रेक्ट पर हैं, जिनके लिए नौकरी की कोई सुरक्षा नहीं और न ही आगे बढऩे के लिए कोई प्रोत्साहन या मदद ही है.'' एक छात्र का कहना था, ''हमें विजिटिंग विशेषज्ञों की वर्कशॉप पर निर्भर रहना पड़ता है क्योंकि स्थायी स्टाफ में प्रतिभाशाली लोगों की कमी है.''

एफटीआइआइ छात्र संघ के सदस्य नवीनतम उपकरण खरीदे जाने में प्रक्रियागत देरी का भी जिक्र करते हैं. उर्स का कहना है, ''हम सेल्युलॉयड से डिजिटल के बदलाव की प्रक्रिया में हैं. छह महीने में ही कैमरा बेकार हो जाता है. इसलिए उपकरणों की खरीद को तेज किया जाना चाहिए.'' नारायण कहते हैं कि एफटीआइआइ ने कई बदलाव लागू किए हैं और अकादमिक परिषद ने नए पाठ्यक्रम को पारित कर दिया है जिसे जल्द ही लागू कर दिया जाएगा.

सरकार 2012-2017 की 12वीं पंचवर्षीय योजना में बुनियादी ढांचे और नवीनतम उपकरणों के उन्नयन के लिए 80 करोड़ रु. का निवेश कर रही है. 100 करोड़ रु. वेतन और अन्य खर्चों जैसे गैर-योजना खर्च के लिए निर्धारित किए गए हैं.

जो बात कई सारे छात्रों और पूर्व छात्रों को सबसे ज्यादा खली है, वह सूचना और प्रसारण मंत्रालय का यह अनुमान है कि वह आइआइटी छात्र पर किए जाने वाले 3.5 लाख रु. के खर्च की तुलना में यहां प्रत्येक छात्र पर चालू वित्तीय वर्ष में 12.5 लाख रु. खर्च करेगा. इस पर भारत की दो सबसे बड़ी हिट फिल्मों 3 इडियट्स और पीके के निर्माता और एफटीआइआइ से निर्देशन में ग्रेजुएट विधु विनोद चोपड़ा कहते हैं, ''बेहद शुक्रिया, लेकिन हम वह सारा धन लौटा दे रहे हैं जो सरकार हमारे ऊपर खर्च करती है. मैं यह बात गारंटी के साथ कह सकता हूं कि सरकार फिल्म इंस्टीट्यूट पर उसकी तुलना में बहुत कम धन खर्च कर रही है, जो फिल्म उद्योग उसे कमाकर दे रहा है.''
चोपड़ा कहते हैं कि फिल्में मुनाफे से कहीं आगे की बात हैं. सिनेमा में 'देश की विचारधारा को बदलने' और 'दर्शकों को सोचने के लिए मजबूर करने' की ताकत है. एफटीआइआइ ने कई नामचीन फिल्मकार और तकनीशियन तैयार किए हैं, जिनमें फिल्मकार, एफटीआइआइ के संपादन में स्नातक और इस समय एफटीआइआइ सोसाइटी के सदस्य राजकुमार हीरानी, ऑस्कर विजेता साउंड डिजाइनर रसूल पूकुट्टी, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता राजकुमार राव और सिनेमैटोग्राफर-निर्देशक अविनाश अरुण शामिल हैं जिनकी मराठी फिल्म किल्ला ने 2014 के बर्लिनेल उत्सव में क्रिस्टल बीयर जीता था और काफी वाहवाही भी लूटी थी.

यहां के पूर्व छात्र और फिल्मकार श्रीराम राघवन ने वर्ष 2001 की गीताकृष्णन समिति की उस रिपोर्ट पर फिर से कोई विचार करने की संभावना को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें सरकारी संसाधनों से चल रहे कॉलेजों के निजीकरण और एफटीआइआइ के मामले में तो उसे फिल्म इंडस्ट्री को सौंपने की सिफारिश की गई थी. राघवन कहते हैं, ''फिल्म इंडस्ट्री सिर्फ 'बॉलीवुड' नहीं है. देश भर के छात्र यहां सिनेमा सीखने आते हैं. यह वह जगह है, जो पैसा कमाने के दबाव के बगैर लोगों को प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करती है.''

कैंपस के सबसे लोकप्रिय अड्डे—बरगद का विशाल पेड़ जिसे 'विज्डम ट्री' कहा जाता है—के नीचे एक कंक्रीट का साइनपोस्ट हड़ताल के दिनों की संख्या का हिसाब रख रहा है. छात्रों को एहसास हो रहा है कि उनकी लड़ाई लंबी चलने वाली है और वे उसके लिए जमे हैं. छात्रों की संस्था की सदस्य 28 वर्षीया यशस्वी मिश्र कहती हैं, ''वैसे तो हम हर व्यक्ति की व्यक्तिगत राजनैतिक विचारधारा का सम्मान करते हैं, लेकिन इन लोगों ने छात्रों में फिल्म निर्माण का कौशल डालने के साथ-साथ श्राष्ट्रवादी भावनाएं'' डालने की भी बात कही है. उनकी राजनैतिक प्रतिबद्धताएं खुलकर सामने आ रही हैं.''

छात्रों के समर्थन में अभिनेत्री पल्लवी जोशी और फिल्मकार जाह्नु बरुआ पहले ही एफटीआइआइ सोसाइटी से इस्तीफा दे चुके हैं. उनके इस कदम ने विरोध करने वाले छात्रों का मनोबल बढ़ाने का काम किया है. फिलहाल तो रस्साकशी जारी है.

ADVERTISEMENT
Advertisement