चीन की सरकार के मुखिया की हैसियत से प्रधानमंत्री ली केकियांग दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की बागडोर संभाले हुए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन यात्रा से पहले, ली ने इंडिया टुडे के संवाददाता अनंत कृष्णन को विशेष लिखित साक्षात्कार दिया. भारतीय मीडिया के साथ यह उनका पहला साक्षात्कार है, जिसमें दोनों देशों के बीच घनिष्ठ आर्थिक संबंधों के निर्माण के लिए उन्होंने अपनी दृष्टि की रूपरेखा प्रस्तुत की है. चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के पोलितब्यूरो की स्थायी समिति में राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरे नंबर के सदस्य की हैसियत रखने वाले ली कहते हैं कि भारत के साथ चीन के संबंधों में “ऐतिहासिक मौकों” की पूरी उम्मीद है और वे सीमा विवाद के शीघ्र समाधान का आह्वान करते हैं, जिसे वे “इतिहास की छोड़ी गई एक समस्या” कहते हैं. कुछ अंशः
प्रधानमंत्री का पदभार संभालने के बाद मई, 2013 में आपने अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए भारत को चुना था. आपकी इस पसंद की क्या वजह थी? उसके बाद से दोनों देशों के बीच संबंध जिस तरह से विकसित हुए हैं, क्या आप उससे संतुष्ट हैं?
दो साल पहले प्रधानमंत्री के रूप में अपनी पहली विदेश यात्रा के पहले पड़ाव के रूप में मैंने भारत का दौरा किया था. वह यात्रा मेरी स्मृति में अब भी ताजा है. चीन और भारत दुनिया के दो सबसे बड़े विकासशील देश और दो सबसे जीवंत उभरते हुए बाजार हैं. चीन-भारत के बढ़ते हुए संबंध न सिर्फ 2.5 अरब चीनियों और भारतीयों के कल्याण से जुड़े हैं, बल्कि एशिया की और व्यापक तौर पर दुनिया की शांति और समृद्धि के लिए भी महत्वपूर्ण हैं. मेरी उस यात्रा के दौरान भारतीय नेता और मैं इस बात पर सहमत हुए थे कि दोनों देशों को साझे विकास को हासिल करने के लिए, एशियाई सहयोग में नए कीर्तिमान और विश्व अर्थव्यवस्था के लिए एक नया इंजन बनाने के लिए हाथ मिलाने चाहिए.
पिछले साल के आम चुनाव के बाद एक नई भारत सरकार गठित हुई. मैं यह देखकर खुश हूं कि चीन-भारत संबंध और व्यावहारिक सहयोग ने ठोस गति बनाए रखी है और नई प्रगति भी की है. इससे पता चलता है कि चीन-भारत संबंधों के विकास को आम सहमति और दोनों देशों के विभिन्न वर्गों के बीच गहरा लोकप्रिय समर्थन हासिल है. चीन और भारत, दोनों के ही सामने अर्थव्यवस्था का विकास करने, सुधारों को गहरे ले जाने और लोगों के जीवन स्तर में सुधार करने का ऐतिहासिक लक्ष्य है. दोनों पक्षों के नेताओं के चिन्हित मार्ग पर तेजी से चलते हुए, चीन-भारत संबंध पर्याप्त वृद्धि के लिए ऐतिहासिक अवसर का लाभ उठा रहे हैं. मैं अपेक्षा करता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी की आगामी चीन यात्रा हमारी सामरिक और सहकारी साझेदारी को गहरा करेगी और हम दोनों देशों के शांतिपूर्ण, सहयोगी और समावेशी विकास के लक्ष्य की पूर्ति करेगी.
पद पर रहते हुए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रथम वर्ष को लेकर आपकी धारणा क्या है?
अपने पहले वर्ष में, प्रधानमंत्री मोदी ने सुधार और विकास को आगे बढ़ाने के अपने संकल्प और साहस का प्रदर्शन किया है. भारतीय अर्थव्यवस्था ने उल्लेखनीय गति पकड़ी है. भारत में पिछले एक साल से हो रहे घटनाक्रमों और परिवर्तनों को अंतरराष्ट्रीय समुदाय बारीकी से देखता आ रहा है. अंतरराष्ट्रीय निवेशकों ने “इंडिया अपॉर्च्यूनिटी” पर अपना ध्यान नए सिरे से केंद्रित किया है और भारत के विकास की संभावनाओं में आशा व्यक्त की है. मैं प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय सरकार को बधाई देना चाहता हूं. भारत की विकास उपलब्धियों से चीन खुश है. भारतीय अर्थव्यवस्था ऊंची विकास दर की ओर बढ़ रही है, जबकि चीन की अर्थव्यवस्था तेज गति से बदलाव और नवीनीकरण कर रही है. विकास की एक जैसी दृष्टि और महान आर्थिक पूरकता के साथ हमारे दोनों देश एक-दूसरे के विकास में मौके देख सकते हैं. अपनी विकास रणनीतियों के साथ तालमेल बैठाने के लिए, राजनैतिक विश्वास को मजबूत बनाने, पारस्परिक रूप से लाभप्रद सहयोग का विस्तार करने और परस्पर सीख और सहायता के जरिए एक साथ प्रगति करने के लिए चीन भारत के साथ काम करने के लिए तैयार है.
आर्थिक मोर्चे पर, पिछले कुछ वर्षों से संबंध धीमे रहे हैं और उनमें उछाल नहीं आ सका है. व्यापार में भारत का संसाधनों के निर्यात और चीन का मशीनरी के निर्यात में दबदबा रहा है. खरीद और बिक्री से परे नजदीकी आर्थिक संबंध और परस्पर निवेश बहुत धीमे से बढ़े हैं. आप इसकी क्या वजह मानते हैं?
चीन और भारत के बीच आर्थिक संबंध क्षेत्रों के एक व्यापक दायरे को कवर करते हैं. माल के परंपरागत व्यापार के अलावा, हम सेवाओं, पर्यटन, निवेश और वित्त क्षेत्रों में व्यापार करते हैं. मैं आपको कुछ उदाहरण देता हूं. चीनी कारोबारियों के भारत में निवेश में अब तेजी से वृद्धि हो रही है. दोनों पक्षों के बीच, बाकी चीजों के अलावा, रेलवे और औद्योगिक पार्कों पर सहयोग अब एक व्यापक संभावना के साथ हो रहा है. जहां तक मुझे पता है, 10 भारतीय बैंकों ने चीन में 13 शाखाओं की स्थापना की है, जो उनके चीनी समकक्षों की भारत में स्थापित शाखाओं से काफी अधिक हैं. भारतीय कंपनियों का चीन में व्यापक क्षेत्रों में निवेश है, जिसमें सॉफ्टवेयर, फार्मास्युटिकल, उच्च शिक्षा, लोहा और इस्पात, रसायन उद्योग और स्वच्छ ऊर्जा शामिल है. इस वजह से हम अपने आर्थिक संबंधों का आकलन करने में वस्तुओं के व्यापार को एकमात्र कसौटी के रूप में नहीं देखते हैं.
अगर हम सिर्फ माल के व्यापार पर नजर डालें, तो अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संकट के बाद दो साल तक कुछ गिरावट के बावजूद, द्विपक्षीय व्यापार की मात्रा पिछले वर्ष से फिर बढऩी शुरू हो गई है. इसमें साल दर साल 7.8 फीसदी की दर से वृद्धि हुई है और यह 70.6 अरब डॉलर पर पहुंच गया है. व्यापार संतुलन के प्रति भारत की चिंता को चीन समझता है और इसे गंभीरता से लेता है. हम चीन में बेची जा सकने योग्य वस्तुओं का भारत से आयात बढ़ाने के लिए कदम उठाना जारी रखने के लिए तैयार हैं और माल के व्यापार, सेवाओं के व्यापार, निवेश, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा पर्यटन क्षेत्रों सहित एक व्यापक दायरे में संतुलन की तलाश करना चाहते हैं. इस ढंग से, हम उम्मीद करते हैं कि हम द्विपक्षीय व्यापार में गतिशील संतुलन और टिकाऊ वृद्धि हासिल कर सकते हैं.
जैसा मैं देखता हूं, 2.5 अरब की संयुक्त जनसंख्या वाले दो देशों के लिहाज से, चीन और भारत के लिए, हमारा सहयोग अपने उपयुक्त पैमाने या स्तर से बहुत कम है. चीन और भारत के बीच सहयोग एक बहुत बड़ा खजाना है, जो अपनी तलाश किए जाने की प्रतीक्षा कर रहा है. हमें बहुत आशाएं और उम्मीदें हैं. प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान हम दोनों देशों के बीच व्यावहारिक सहयोग को गहरा बनाने के विषय पर आगे विचारों का आदान-प्रदान करेंगे. मुझे यकीन है कि हमारी संयुक्त कोशिशों के साथ, हमारे आर्थिक संबंध जल्द ही हाइस्पीड ट्रेन पर सवार हो जाएंगे, हमारे लोगों को लाभ देंगे और हमारे अपने-अपने राष्ट्रीय कायाकल्प की कोशिशों को शक्तिशाली बढ़ावा देंगे.
जब राष्ट्रपति शी जिनपिंग सितंबर में भारत दौरे पर आए थे, तब दोनों पक्ष बिजली कंपनियों और ऑटोमोबाइल्स पर ध्यान केंद्रित करने वाली चीनी कंपनियों के लिए दो औद्योगिक पार्क स्थापित करने पर राजी हुए थे. क्या भविष्य में, प्रमुख चीनी कंपनियां भारत को मात्र निर्यात के लिए एक बाजार के रूप में नहीं, बल्कि एक मैन्युफैक्चरिंग ठिकाने के रूप में भी देखेंगी? आगे चलकर इन औद्योगिक पार्कों से क्या हासिल हो सकता है, इस बारे में आप क्या सोचते हैं?
अपनी भारत यात्रा के दौरान राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत में औद्योगिक पार्कों पर सहयोग के मुद्दे पर भारतीय नेताओं के साथ महत्वपूर्ण समझौते पर पहुंचे थे. चीन और भारत क्रमशः दुनिया के प्रमुख मैन्युफैक्चरर और सेवा प्रदाता हैं. दोनों की कुछ विशिष्टताएं हैं, और इनके बूते दोनों अर्थव्यवस्थाओं के पास एक दूसरे के लिए काफी कुछ है. फिलहाल चीन की अर्थव्यवस्था मध्यम से उच्च स्तर की ओर बढ़ रही है, और कोशिशें की जा रही हैं कि विकास की गति मध्यम से उच्च बनाई रखी जाए. हम सुधारों में चौतरफा तेजी लाएंगे और दुनिया के लिए और अधिक खुलेंगे. अगले पांच साल में चीन का विदेशी निवेश 500 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा. भारत सरकार के मेक इन इंडिया और अन्य कार्यक्रमों का लक्ष्य सुधार और नवाचार को बढ़ावा देना, विनिर्माण के स्तर को ऊपर उठाना और अधिक विदेशी निवेश को आकर्षित करना है. ऐसी परिस्थितियों में, व्यावहारिक सहयोग को मजबूत बनाना दोनों पक्षों के लिए कहीं ज्यादा प्रासंगिक और कहीं ज्यादा उम्मीदों से भरा है.
चीनी कंपनियों ने भारत में दो औद्योगिक पार्क स्थापित करने का फैसला किया है, जो दोनों देशों के बीच व्यावहारिक सहयोग को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है. एक बहुत बड़े बाजार और समृद्ध मानव संसाधनों के साथ भारत में एक बड़ा मैन्युफैक्चरिंग देश बनने के लिए सभी आवश्यक स्थितियां मौजूद हैं. मैं उम्मीद करता हूं कि भारत चीन के कारोबारियों के लिए अधिक पसंदीदा नीतियां और निवेश सुविधाएं प्रदान करेगा, जिन असुविधाओं और कठिनाइयों से पाला पड़ सकता है, उन्हें उनसे उबरने में मदद करेगा ताकि औद्योगिक पार्क चीन-भारत व्यावहारिक सहयोग की प्रमुख परियोजनाओं के रूप में समय से पहले ठोस लाभ उपलब्ध करा सकें. हम चीन में भी भारतीय कंपनियों की अधिक-से-अधिक उपस्थिति का स्वागत करते हैं.
पिछले एक साल से, चीन सरकार ने मध्य एशिया के साथ जोड़ने वाली एक सिल्क रोड आर्थिक पट्टी और साथ-साथ दक्षिण पूर्व एशिया और हिंद महासागर क्षेत्र के साथ जोड़ने वाले समुद्री सिल्क मार्ग का निर्माण करने के लिए पहल शुरू की है. इस पट्टी और सड़क ढांचे के तहत चीन भारत के साथ किस तरह काम करना चाहता है?
चीन और भारत एशिया में दो सबसे बड़े देश हैं और दोनों क्षेत्र में प्रमुख महत्व के हैं. हम इस व्यापक क्षेत्र में सहयोग और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने की जिम्मेदारी उठा रहे हैं. यही वजह है कि 2013 में अपनी भारत यात्रा के दौरान, मैंने भारतीय पक्ष के साथ बांग्लादेश-चीन-भारत-म्यांमार आर्थिक कॉरिडोर (बीसीआइएम) के निर्माण की पहल का मामला उठाया, इस प्रस्ताव को क्वयांमार और बांग्लादेश से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है. पट्टी और मार्ग संबंधी पहल और साथ ही बीसीआइएम अकेले चीन के हितों की बजाए साझे विकास की सुविधा के लिए बनाई गई हैं.
वर्तमान में, चीन-भारत सहयोग रेलवे में, औद्योगिक पार्कों में और अन्य क्षेत्रों में जबरदस्त तरक्की कर रहा है. बीसीआइएम के लिए एक संयुक्त कार्य समूह स्थापित किया गया है और वह अच्छी तरह चल रहा है. भारत एशियाई बुनियादी ढांचा निवेश बैंक (एआइआइबी) के भावी संस्थापक सदस्यों के पहले समूह में शामिल था और भारत ने एआइआइबी के मुख्य वार्ताकारों की दूसरी बैठक की मेजबानी की है. यह बात इस तथ्य का दृढ़ता से समर्थन करती है कि चीन और भारत वास्तव में एक दूसरे के रणनीतिक साथी हैं, चाहे वह द्विपक्षीय स्तर पर हो या क्षेत्रीय स्तर पर. चीन पट्टी और मार्ग संबंधी पहल के संबंध में भारत के विचारों और सुझावों को सुनने के लिए तैयार है. चीन भारत की चिंताओं का पूरी तरह से सम्मान करेगा और उनका समाधान करेगा और दोनों देशों के बीच हितों की एकसारता की तलाश के लिए भारत के साथ काम करेगा, ऐसे सहयोग के रास्ते तलाशेगा, जिसमें दोनों की जीत होने वाला सहयोग हो और जो क्षेत्र में विकास और समृद्धि को संयुक्त रूप से बढ़ावा देगा.
भारत के साथ संबंधों के विकास को आप कैसे देखते हैं? पिछले दो दशकों से दोनों देश विवादों को परे रखने और अन्य क्षेत्रों में संबंधों को आगे बढ़ाने के देंग शियाओपिंग के सुझाए ढांचे पर चलने की कोशिश करते रहे हैं. यह तरीका कितना सफल रहा है? क्या आपको लगता है कि सीमा के सवाल जैसे लंबित विवाद को एक ही बार में हमेशा के लिए सुलझाने के लिए एक अधिक सक्रिय दृष्टिकोण अपनाने का समय आ गया है?
कुछ मुद्दों पर पड़ोसी देशों के बीच विभिन्न विचारों का अस्तित्व स्वाभाविक है. मैं इस बात पर जोर देना चाहता हूं कि चीन और भारत के लिए, द्विपक्षीय संबंधों की विशेषता दोस्ती और सहयोग से परिभाषित हो रही है. सहयोग की इच्छा और जरूरत मुझे दोनों ओर नजर आती है, और मैं विश्वास करता हूं कि हमारे साझा हित हमारी असहमतियों पर भारी पड़ते हैं.
इतने वर्षों में, हमारे दोनों देशों के नेता एक महत्वपूर्ण समझौते पर पहुंचे हैः यह कि दोनों देशों को सभी स्तरों पर और सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को अपग्रेड करने की जरूरत है, जबकि मतभेदों को बातचीत के जरिए और शांतिपूर्ण तरीकों से एक उचित, तर्कपूर्ण और एक-दूसरे को स्वीकार्य तरीके से सुलझाया जाना चाहिए, और यह कि मतभेदों को द्विपक्षीय संबंधों के समग्र विकास को प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए. इस समझौते से चीन-भारत संबंधों के दीर्घकालिक और स्थिर विकास को एक नया आधार मिला है. यह कहना उचित ही है कि चीन और भारत ने अद्वितीय संबंध विकसित किए हैं, जिसमें मतभेदों का उचित बंदोबस्त करने का प्रयास करते हुए, हमें अपनी दोस्ती और सहयोग को विकसित करने की अनुमति है.
सीमा का प्रश्न वह समस्या है, जो इतिहास से चली आ रही है, और यह द्विपक्षीय संबंधों में एक कठिन प्रश्न है. इस प्रश्न को जितनी जल्दी हो सके, सुलझाना एक ऐतिहासिक जिम्मेदारी है, जो दोनों सरकारों पर लागू होती है. यह दोनों देशों के लोगों की साझा आकांक्षाओं का भी प्रतिनिधित्व करती है. संयुक्त प्रयासों के बूते, पिछले 30 वर्ष और उससे भी अधिक समय में, सीमा वार्ता में प्रगति हुई है.
दोनों पक्षों ने सीमा के सवाल का समाधान करने के लिए एक रोडमैप तैयार किया है, उसके राजनैतिक मापदंडों और मार्गदर्शक सिद्धांतों पर समझौते पर हस्ताक्षर किए, और सार्थक तथा पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समायोजन के जरिए एकमुश्त निपटान के लिए महत्वपूर्ण समझौते पर पहुंचे. इस दौरान पूरे सीमा क्षेत्र पर शांति और स्थिरता रही है. यह दोनों पक्षों के लिए एक अहम उपलब्धि है. जो उपलब्धि हासिल की गई है, हमें उससे आगे बढ़ना चाहिए, और एक निष्पक्ष, उचित और परस्पर स्वीकार्य समाधान को प्राप्त करने की दृष्टि के साथ सीमा वार्ता प्रक्रिया को आगे ले जाने के लिए अथक मेहनत करनी चाहिए. जब तक यह नहीं सुलझता, दोनों पक्षों को सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए एक साथ काम करने की जरूरत है, ताकि हम सीमा प्रश्न के अंतिम निपटान के लिए एक सक्षम माहौल को बढ़ावा दे सकें और द्विपक्षीय संबंधों के समग्र विकास को बढ़ावा दे सकें.
मिस्टर देंग शियाओपिंग ने एक बार कहा था कि जब चीन और भारत विकसित हो जाएंगे, सिर्फ तभी वास्तविक एशियाई सदी हो सकती है. चीन-भारत संबंधों के स्थायी और स्थिर विकास को बनाए रखना दीर्घकाल में 2.5 अरब चीनी और भारतीय लोगों के मूलभूत हितों की पूर्ति करता है. मुझे विश्वास है कि दोनों देशों के नेतृत्व, सरकारों और दूरदर्शिता रखने वाले लोगों के संयुक्त प्रयासों से चीन और भारत राष्ट्रीय कायाकल्प की अपनी-अपनी तलाश में प्रगति करना जारी रखेंगे और एशियाई सदी के शीघ्र आगमन को गले लगा सकेंगे.
आप उभरती हुई विश्व व्यवस्था को कैसे देखते हैं? चीन अक्सर बहुध्रुवीय विश्व की आवश्यकता के बारे में बोलता रहा है. इस विषय पर चीन और भारत के बीच कितनी सहमति है? क्या विस्तारित सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य के रूप में भारत को शामिल किए जाने सहित संयुक्त राष्ट्र जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में, चीन भारत के लिए एक बड़ी भूमिका का समर्थन करेगा?
बहुध्रुवीय विश्व की दिशा में बढ़ना आज की दुनिया का प्रचलित रुझान है. सदी के अंत के बाद से, एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका में उभरते हुए बाजारों और विकासशील देशों की अंतरराष्ट्रीय स्थिति में विकास हुआ है, जिससे शक्ति का संतुलन अधिक संतुलित स्थिति की ओर बढ़ा है. एक बहुध्रुवीय विश्व को गढ़ने में चीन और भारत दो प्रमुख शक्तियां हैं, और साथ ही एशिया और दुनिया में आर्थिक विकास को गति देने वाले दो इंजन हैं.
चीन और भारत, दोनों उभरते बाजारों और विकासशील देशों के प्रतिनिधि होने के नाते, वैश्विक मामलों में ठोस समन्वय और सहयोग में लगे हुए हैं, जहां हमें समान चुनौतियों का सामना करना होता है और हमारे साझा व्यापक आम हित होते हैं. चीन-भारत संबंध द्विपक्षीय दायरे से बहुत परे जा चुके हैं और उनका क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व है. चीन और भारत की संयुक्त आबादी दुनिया की कुल आबादी की एक-तिहाई से अधिक है. जब हम एक सुर में बात करेंगे, तो दुनिया सुनेगी; जब हम हाथ मिलाएंगे, तो दुनिया ध्यान देगी. अपने स्वयं के विकास के माध्यम से एशिया और विश्व के आर्थिक विकास को बढ़ाते हुए, चीन और भारत संयुक्त राष्ट्र, ब्रिक्स, जी-20 और शंघाई सहयोग संगठन सहित बहुपक्षीय ढांचे के अंतर्गत सहयोग को सुदृढ़ करना जारी रख सकते हैं. इस ढंग से हम अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को अधिक न्यायपूर्ण और तर्कसंगत बना सकते हैं.
वैश्विक प्रभाव वाला एक प्रमुख एशियाई देश और ब्रिक्स का अहम सदस्य भारत, दक्षिण एशिया और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता और समृद्धि सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. प्रमुख विकासशील देश के रूप में अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत की भूमिका को चीन काफी महत्व देता है और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सहित संयुक्त राष्ट्र में बड़ी भूमिका निभाने की भारत की आकांक्षा का समर्थन करता है.
क्षेत्र में चीन और भारत के एक साथ काम करने पर आपके क्या विचार हैं? चीन में हाल ही में कई आतंकवादी हमले हुए हैं, और आतंकवाद के प्रसार पर भारत की लंबे समय से व्यक्त चिंता को देखते हुए, दोनों देश इस मुद्दे पर किस तरह से एक साथ काम कर सकते हैं?
चीन दक्षिण एशिया के देशों का सबसे बड़ा पड़ोसी है, और दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता का प्रभाव चीन की स्थिरता और विकास पर पड़ता है. दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता बनाए रखने और विकास और समृद्धि को बढ़ावा देने में चीन और भारत के साझा हित हैं. अफगानिस्तान में शांति और पुनर्निर्माण का समर्थन करने में और नेपाल में आपदा राहत और पुनर्निर्माण प्रयासों की सहायता में चीन और भारत के बीच अच्छा संवाद और समन्वय रहा है. क्षेत्र में शांति, स्थिरता और विकास को कायम रखने के प्रयासों और अधिक सकारात्मक ऊर्जा झोंकने में अपनी-अपनी शक्तियों के आधार पर दोनों देश सहयोग बढ़ा सकते हैं.
आतंकवाद, जिसके मूल कारण जटिल हैं, मानव जाति का साझा दुश्मन है. समस्या को सुलझाने में कठिन प्रयास और लंबा समय लगेगा. आतंकवाद का उन्मूलन करने और इस क्षेत्र में और विश्व में सुरक्षा और स्थिरता की रक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय में एकजुटता और मजबूत सहयोग की आवश्यकता होगी. चीन और भारत दोनों को आतंकवाद के संकट का सामना करना पड़ा है और इस वजह से दोनों के हित साझा हैं और दोनों को आतंकवाद से लड़ने में एक ही तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. चीन भारत के साथ आतंकवाद विरोधी सहयोग गहरा करने के लिए तैयार है, ताकि हमारे दोनों देशों के विकास और सुरक्षा के हितों की बेहतर रक्षा की जा सके.

