उस रात की कहानी उतनी सीधी भी नहीं है, जितनी वन विभाग के अधिकारी बताने की कोशिश कर रहे हैं. गुरुवार 23 अप्रैल की सुबह बराही रेंज के जंगल में शारदा नहर के पास उस बाघ का शव बहता हुआ मिला. यह नहर पीलीभीत टाइगर रिजर्व के दक्षिणी-पूर्वी छोर के पास से बहती है. हालांकि वन विभाग ने दावा किया कि बाघ की मौत फेफड़ों में पानी भरने के कारण हुई थी, लेकिन पीलीभीत के माधवटांडा कस्बे से 'शारदा कैनाल बाइफरकेशन" की ओर जाने वाले रास्ते पर नहर में जिस तरह उसका शव फंसा मिला, वह कुछ और ही कहानी बयान कर रहा था. उसकी गर्दन पर घाव के निशान थे. पिछले पंजे की गद्दी में चोट लगी थी और शरीर पर घिसटने के कई निशान थे. ये सारे निशान शिकारियों के चंगुल से बच निकलने की कहानी बयान कर रहे थे. वरना इंसान के सिवा जंगल में और कौन-सा ऐसा जानवर है, जो बाघ को इस कदर जिंदगी की चुनौती देता.
वह निरीह पशु तो हार गया, लेकिन उसकी मौत शिवालिक की तराई में खड़े पीलीभीत के जंगलों में शिकारियों-तस्करों के गठजोड़ के बीच अपने अस्तित्व की जंग लड़ रहे बाघों की कहानी बताती है. पिछले चार साल के दौरान पूरे देश में बाघों की संख्या में जहां तकरीबन 30 फीसदी का इजाफा हुआ है, वहीं पीलीभीत उत्तर प्रदेश का इकलौता ऐसा वन्य क्षेत्र है, जहां इनकी संख्या में इतनी ही कमी आई है. 2010 की गणना के अनुसार, पीलीभीत वन्य क्षेत्र में बाघों की संख्या 36 से 38 थी, लेकिन चार साल बाद ये घटकर सिर्फ 28 रह गए हैं. यह कमजोर सरकारी निगरानी का ही नतीजा है कि पिछले तीन साल के दौरान पीलीभीत में आठ बाघ बेमौत मारे गए हैं. यही वजह है कि तमाम कोशिशों के बावजूद उत्तर प्रदेश में बाघों की संख्या 2010 से 2014 के बीच 118 से घटकर 117 रह गई है.
हालांकि इससे पहले 2006 में 109 बाघों वाले प्रदेश में चार साल के भीतर इनकी संख्या बढ़ाकर 118 हो गई थी. लेकिन अब इस गिरावट से प्रदेश में बाघ संरक्षण की कोशिशों को धक्का पहुंचा है. यूपी में दुधवा नेशनल पार्क, कतर्नियाघाट वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी, किशनपुर सेंक्चुरी, बिजनौर वन्य क्षेत्र, उत्तरी और दक्षिणी खीरी वन्य क्षेत्र में इनकी संख्या बढ़ी है, लेकिन पीलीभीत के जंगलों में बाघों की आबादी में आई कमी ने अन्य क्षेत्रों में बढ़ी संक्चया को ढक दिया है. पीलीभीत टाइगर रिजर्व में सरकारी उपेक्षा और लापरवाही के चलते साल के पेड़ों के झुरमुट में पलने वाली बाघ, तेंदुआ, जंगली बिल्ली और हिरण समेत वन्यजीवों की कुल 325 प्रजातियों पर खतरा मंडरा रहा है.
शिकारियों की सैरगाह
पीलीभीत टाइगर रिजर्व का इलाका शिकारियों और तस्करों के लिए आकर्षक और फायदेमंद है. यहां के एक किनारे पर बहने वाली शारदा नदी के खास बहाव के कारण बड़े-बड़े भूभाग द्वीप में तब्दील हो जाते हैं. यहां न तो सरकारी अमला जा सकता हैं और न ही ग्रामीण. यही इलाके शिकारियों के लिए अनुकूल होते हैं. ऐसे ही इलाके में मौजूद पीलीभीत के थाना क्षेत्र हजारा से कई बार अवैध शिकारियों और तस्करों को दबोचा गया है.
शारदा नदी के दक्षिणी हिस्से में जंगल है. उत्तर में नेपाल है. नेपाल के रास्ते चीन के अंतरराष्ट्रीय बाजार में वन्यजीवों की तस्करी बहुत आसानी से की जा सकती है. पीलीभीत के जंगलों में बसने वाले गद्दी जाति के लोग बाघ के शिकार में निपुण होते हैं. शिकार के लिए वे एक खास किस्म के जहर एंडोसल्फान का उपयोग करते हैं. हल्के आसमानी रंग वाले इस जहर में कोई गंध और स्वाद नहीं होता. इसके शरीर में जाते ही बाघ के पेट में भीषण जलन होती है. वह पानी की ओर भागता है. इस बीच अगर वह मैदान में ढेर हो गया तो शिकारी उसे झपट लेते हैं. नदी किनारे मरने पर कई बार बाघ दूसरे लोगों की नजर में भी आ जाता है, जहां से शिकारियों के लिए उसके शव को कब्जे में लेना संभव नहीं होता.
इसके बाद शुरू होता है वन विभाग की लीपापोती का सिलसिला, जो अपना पीछा छुड़ाने के लिए बिना किसी ठोस प्रमाण के यह साबित करने में जुट जाता है कि बाघ की स्वाभाविक मौत हुई है. पिछले तीन वर्ष से पीलीभीत में शिकारियों की निगरानी कर रहे एसटीएफ के एडिशनल पुलिस अधीक्षक अरविंद चतुर्वेदी प्रश्न करते हैं, ''इन जंगलों में बाघ किसी नाले या नहर के किनारे ही क्यों मरे पाए जा रहे हैं? वे मैदान में क्यों नहीं मिलते?"
वनकर्मियों की मिलीभगत
2011 और 2013 में बिजनौर के जंगलों में तस्करों के गैंग से बाघ की आधा दर्जन खाल बरामद हुई. पकड़े गए लोगों से दुधवा नेशनल पार्क के भीतर शिकारियों का गिरोह सक्रिय होने की सूचना मिली थी, लेकिन इस पार्क के अंदर या इससे संबंधित कोई भी कड़ी एसटीएफ के हाथ नहीं लगी. चतुर्वेदी कहते हैं, ''दुधवा नेशनल पार्क की तक्रतीश के दौरान ही एसटीएफ को पीलीभीत में बाघ के शिकार के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी."
तफ्तीश चल ही रही थी कि इसी साल फरवरी में नेपाल पुलिस ने अपनी जानकारी के आधार पर अलग-अलग मामलों में दो भारतीयों को पकड़ा, जिनसे बाघ की खाल बरामद हुई थी. पकड़े गए आरोपियों ने नेपाल पुलिस को पीलीभीत के लोगों के नाम बताए, जिन्होंने उन्हें बाघ की खाल बेचने को दी थी. ये वही नाम थे, जो पहले से चर्चा में थे. कड़ी-से-कड़ी मिलाकर एसटीएफ और वन विभाग के संयुक्त ऑपरेशन में हजारा थाना क्षेत्र के फरियाद और उसके भाई मुश्ताक समेत कई लोगों को पकड़ा गया. इनके पास से बाघ की हड्डियां और नाखून भी मिले.
एसटीएफ ने इन तस्करों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा रखे थे, जिनसे पता चला था कि कुछ वनकर्मियों से इनकी लगातार बात होती है. पिछले दिनों एसटीएफ, वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में सामने आया था कि वन दारोगा शिवपाल और वनरक्षक सियाराम की शिकारियों के साथ बातचीत होती थी. पीलीभीत में वन्यजीवों के संरक्षण के लिए काम कर रहे एक्टिविस्ट टी.एच. खान कहते हैं, ''वनकर्मियों की मिलीभगत के बगैर इस रिजर्व में शिकार नहीं हो सकता. लेकिन विभाग अभी तक ऐसे कर्मचारियों पर कोई प्रभावी अंकुश नहीं लगा पाया है."
चरमराया निगरानी तंत्र
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में फॉरेस्ट गार्ड के पद पर तैनात 48 वर्षीय रमेशचंद्र भट्ट की महोफ रेंज के अंतर्गत चूका-एक और चूका-दो बीट की जिम्मेदारी है. हालांकि इनके सहयोग के लिए चार वाचक कर्मचारियों को लगाया गया है. बावजूद इसके कुल 3,300 हेक्टेयर में फैले वन में टाइगर की निगरानी करना भट्ट के सामर्थ्य से बाहर हो रहा है. यह तकलीफ उन सभी 30 गार्डों की है, जो एक साथ दो-दो बीट का जिम्मा संभाल रहे हैं.
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में फॉरेस्ट गार्ड के 60 पद हैं, लेकिन तैनात केवल 30 ही हैं. यही कारण है कि एक फॉरेस्ट गार्ड पर दो से तीन बीटों की जिम्मेदारी है. इसी तरह टाइगर रिजर्व के कुल 23 सेक्शन में रेंज अफसरों के सहयोग के लिए 50 फॉरेस्टर के पद हैं, लेकिन इनमें भी 22 काम कर रहे हैं. एक फॉरेस्टर बताते हैं, ''अवैध गतिविधियों की निगरानी की बजाए फॉरेस्टर से बाबू का काम लिया जा रहा है. कोर्ट में लंबित पड़े मामलों में पैरवी करने के साथ रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी भी उनके ऊपर है."
टाइगर रिजर्व में निगरानी तंत्र किस कदर चरमराया हुआ है, इसकी बानगी यह है कि यहां पर कुल 15 ड्राइवरों के पद पर महज एक की ही तैनाती है. अधिकारी अवैध ढंग से "ट्रैक्टर क्लीनर" से अपनी गाड़िया चलवा रहे हैं. इसी वजह से पीलीभीत टाइगर रिजर्व में शिकारी और तस्करों में पकड़े जाने का खौफ नहीं है. इन आरोपों को नकारते हुए पीलीभीत टाइगर रिजर्व के प्रभारी अधिकारी कैलाश प्रकाश कहते हैं, ''शिकारियों से निबटने के लिए वनकर्मियों को अत्याधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है. मुखबिरों के जरिए इनकी कड़ी निगरानी की जा रही है."
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के प्रभारी अधिकारी के कार्यालय के बाहर पहुंचते ही सफेद चारदीवारी पर लाल-हरे रंग में छपे नारे बरबस आपका ध्यान खींच लेंगे. सबसे बड़ा है धर्म अपना, वन्यजीवों की रक्षा करना, आओ सुंदर देश बनाएं, वन्य जीवों को हम बचाएं. लेकिन शायद इन नारों से वन विभाग ने ही कोई सबक नहीं लिया है. टाइगर रिजर्व के हालात तो यही बयान कर रहे हैं.

