scorecardresearch
डार्क मोड

सलमान खानः बगैर पटकथा का नायक

सलमान खान लंबे समय से 'सोने के दिल वाला बिगड़ैल शख्स' का किरदार जीते आए हैं. लेकिन वे भूल गए कि हर ट्रैजिक हीरो में कोई खतरनाक खामी जरूर होती है

अपडेटेड 11 मई , 2015
मायानगरी मुंबई के चार मंजिला सेशन कोर्ट के गलियारों में लोग दोपहर दो बजे से ही कतार लगाए खड़े थे. उनके सेलफोन कैमरा मोड में थे. वे अपने उस हीरो का इंतजार कर रहे थे जिसे कुछ ही मिनट पहले 2002 में हिट-ऐंड-रन (सड़क पर किसी को वाहन से टक्कर मारकर भाग जाना) मामले में पांच साल कैद की सजा सुनाई गई थी. झलक पाने को बेताब बच्चे को पीछे खींचती मां, पलक झपकते फ्रीलांस पत्रकार बने लोग, वकीलों के चोगों को धारण किए प्रशंसक, तमाम अन्य मामलों के मुवक्किल और यहां तक कि कोर्टरूम के सींखचों से झांकते कांस्टेबल—सबकी उंगलियां फोटो खींचने को बेताब थीं. लेकिन सजा के बाद इस नाटकीय दृश्यांतर में वे अवतरित नहीं हुए. 49 वर्षीय सलमान तब भी कोर्ट रूम संख्या 402 के कठघरे में, गर्दन झुकाए, कंधे लटकाए बैठे थे. अपने हाथों को देखते हुए वे उस फैसले की कॉपी का इंतजार कर रहे थे जिसमें उन्हें गैर इरादतन हत्या का दोषी करार दिया गया था.

अपने परिवार का सुरक्षा घेरा उनके चारों ओर था. सोहैल खान खिड़की से बाहर देख रहे थे. बहनोई अतुल अग्निहोत्री दीवार के सहारे टेक लगाकर खड़े छत को ताक रहे थे. बहन अलविरा विचारमग्न थी. वहां जुटे कांस्टेबलों ने भी हथकड़ी लगाने या घेराबंदी करने जैसा कोई नाटकीय काम नहीं किया था. कोई आंसू नहीं बहा रहा था. इस नायक के लिए कोई आदर्श न्याय नहीं था. कुछ ही क्षणों में मानो पटकथा बदल गई थी. सलमान की पेशानी पर बल थे, दरअसल फैसला इतनी सहजता से सुनाया गया था कि किसी को लगभग उसका अंदाजा ही नहीं हुआ. उन्होंने पहले चारों तरफ और फिर जज, डी.डब्ल्यू. देशपांडे की तरफ देखा. उस समय उन्हें आभास हुआ कि यह दृश्य किसी निर्माता या अभिनेता के काबू में नहीं था. पटकथा ने आखिरकार सलमान का साथ छोड़ दिया था. ो

पिछले साल इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में उनके पिता सलीम खान ने इस बात पर निराशा जताई थी कि दर्शक जय हो के अच्छे किरदार को नकार दे रहे हैं जिसके नायक जय अग्निहोत्री की भूमिका खुद सलमान ने निभाई थी. उस समय तक, सलमान अपने बीइंग ह्ड्ढयूमन फाउंडेशन के जरिए जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा सहायता देने और गरीब युवाओं को रोजगार देने के लिए ख्याति अर्जित कर चुके थे. परिवार के नजदीकी दोस्त और मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय के कुलपति जफर सरेशवाला बताते हैं कि परिवार की ओर से जरूरतमंद लोगों के लिए रोजाना 40 चेक जारी होते हैं. तब्बू और नादिरा बब्बर सरीखी दमदार अभिनेत्रियों ने ऐसी फिल्म में सक्रिय भूमिका निभाई जिसमें इस बात के अलावा कहने को और कुछ नहीं था कि वह सलमान की जिंदगी से गहरी जुड़ी थीं. सलीम ने कहा, "सलमान ने तय किया कि हर कोई वही करे जो वह करता रहा है." असली जिंदगी में उनकी मदद और उनकी फिल्मों के बीच के अंतर को धीरे-धीरे कम किया जा रहा था. सलमान अपनी छवि को ही अख्तियार करते जा रहे थे.

वह एक निजी सफर था जो 1989 में मैंने प्यार किया, बागी (1990) जो उन्होंने अपने पिता के साथ मिलकर लिखी थी, और पत्थर के फूल (1991) से शुरू हुआ. इनमें से हरेक में सलमान दोस्ती, बगावत और प्यार के लिए लडऩे वाले बने. जिसे गलत समझा गया, अपराध की राह पर धकेला गया, फिर उसने उस नायक की राह बनाई जो हर स्थिति में अपने हालात से पार पाता है. आम लोगों के लिए वह विजयी पौरुषत्व की छवि के रूप में उभरे. उन्होंने दो तरह की फिल्में की—रोमांटिक कॉमेडी और ऐक्शन थ्रिलर. कुल मिलाकर वे एक समूची पीढ़ी के लिए मर्दानगी को परिभाषित करने लगे. एनिमेशन फिल्मकार गीतांजलि राव ने एशिया सोसाइटी ऑन जेंडर में इसे कुछ इस तरह से व्यक्त किया, "सलमान युवाओं की ऐसी पीढ़ी के लिए मर्दानगी का प्रतीक बन गए जो अभिभावकों में मौजूद आदर्शों से कटे हुए हैं और वे एक वैकल्पिक आदर्श पुरुष की तलाश में हैं. यही वजह है कि बांद्रा में उनके घर के आगे पुरुष ज्यादा नजर आते हैं." एक के बाद एक फिल्म में शरारतों को क्षम्य माना जाता रहा, प्यार की जीत होती, धृष्टताओं को नजरअंदाज कर दिया जाता और अच्छाइयां किसी भी अपराध की गंभीरता को कम करने के लिए पर्याप्त होतीं. हेलेनः द लाइफ ऐंड टाइम्स ऑफ ऐन एच-बॉम्ब के लेखक जेरी पिंटो कहते हैं, "जब आप लंबे समय तक कानून से परे जाकर काम करने लगते हैं तो आप यह यकीन करने लगते हैं कि आप कानून से ऊपर हैं." पिंटो मानते हैं कि सलमान ऐसी संस्कृति को जन्म देने लगे जिसमें यह माना जाता था कि लड़के हमेशा लड़के ही रहेंगे और सभी गंदे बच्चों को माफ कर दिया जाना चाहिए. नब्बे के दशक के सलमान में शालीनता और परिपक्वता नहीं थी. वे अक्सर फोटोग्राफरों से हाथापाई करने लगते, जब सवाल पसंद नहीं आते तो इंटरव्यू छोड़कर उठ जाते और आम तौर पर बदतमीजी के लिए कुख्यात थे. पिंटो कहते हैं, "सलमान पात्रताओं और सुविधाओं की उस व्यापक संस्कृति का प्रतीक बन गए जिससे सैकड़ों हजारों युवा लड़के खुद को जोड़ते थे और उसकी नकल करना चाहते थे."

2002 में जब हादसा हुआ तब यह फॉर्मूला कारगर चल रहा था. सलमान अभिनेत्री ऐश्वर्य राय के साथ पींगें बढ़ा रहे थे, उस समय चरम पर चल रहे निर्देशक संजय लीला भंसाली के साथ काम कर रहे थे, और बॉलीवुड चोरी चोरी चुपके चुपके (2001) जैसी फिल्मों के अंडरवर्ल्ड से खतरों का सामना करने का दर्द झेल रहा था. वे जवान थे, भड़कीले थे, आग से खेल रहे थे और कामयाब भी हो रहे थे. हादसे की सुबह 27 सितंबर, 2002 को एक अखबार ने लेख छापा था जिसमें ऐश्वर्य से उनके रिश्तों में तल्खी का जिक्र किया गया था. इस लेख में ऐश्वर्य ने नशे में धुत सलमान के बारे में बताया था,; जो उनकी काम की जगह पर जा धमकता था और उसकी इच्छाओं को न मानने के लिए उन्हें फिल्मों ऐसे बॉयफ्रेंड के बारे में बताया जो कभी जवाब में न सुनना पसंद नहीं करता था से बाहर निकलवा देता था. ऐश्वर्य ने कहा कि वे यह सब इसलिए कह रही थीं क्योंकि इसका असर उनके करियर पर पड़ रहा था. उन्होंने कहा था, "बाकी लोग जो चाहे कहें उन्हें कहने दीजिए. लेकिन जो भी इससे जुड़े हैं, वे हकीकत जानते हैं, ईश्वर साक्षी है." उन्होंने ऐसे जिद्दी पुरुष का खाका खींचा था जिसको किसी नतीजे का कतई डर नहीं था.

इस बीच बाहरी तौर पर खान परिवार लगातार ज्यादा समावेशी होता दिखाई दे रहा था. सलीम खान की दो बीवियों में से एक प्रख्यात हेलेन हैं. अरबाज खान की पत्नी भी पूर्व ग्लैमर गर्ल मलाइका अरोड़ा हैं. लेकिन सूत्र बताते हैं कि कई मामलों में यह परिवार बेहद पारंपरिक भी था. आंतरिक रूप से यह परिवार ऐसी टेढ़ी चाल में चल रहा था जो किसी फिल्मी पटकथा में ही संभव या तार्किक लग सकती थी. खर्च और सारे फैसलों की कमान सलीम खान के हाथों में रहती थी. सूत्र इस बात की ओर भी इशारा करते हैं कि सलमान का बचपन असल जिंदगी में इतना मुश्किल और सख्त था कि वे परदे पर ठीक उसके उलट अत्यधिक-मर्दवादी छवि में खुद को ढालने लगे. खान परिवार हमेशा से बहुत दानी और उदार था और बांद्रा के पुराने बाशिंदे और फिल्म उद्योग के कई लोग उनकी मदद की कहानियां कहते नहीं थकते. उनके बारे में 'अच्छे लोग' हैं, कहा जाता और सलमान इस विरासत को बेहद गौरव से ढोते हैं. सरेशवाला कहते हैं, "खान परिवार की फितरत में ही यह नहीं है कि वे रुककर किसी की मदद न करें. इसीलिए मैं इन रिपोर्टों को सही नहीं मानता कि सलमान हादसे की जगह से भाग गए." हादसे के बाद परिवार के विरोधाभासों को लगातार सलमान ने ही शक्ल दी है और उन्हें ढोया भी है. उस हादसे की परिणति यह हुई कि सलमान की चाल पर लगाम लग गई. टेलीविजन शख्सियत और सलीम खान के दोस्त अमित खन्ना बताते हैं कि कैसे उस हादसे के बाद वे बदल गए. "उस समय वे एकदम अलग थे—भड़कीले, हठी और गैरजिम्मेदार. साफ था कि हादसे के बाद वे बदलने लगे. जिस सलमान को हम आज देखते हैं, वह 15 साल पहले वाला सलमान नहीं है."

अपनी कार के पहियों के नीचे बांद्रा की अमेरिकन एक्सप्रेस बेकरी के बाहर फुटपाथ पर सो रहे नुरुल्लाह महबूब शरीफ की जान जाने का बोझ साफ तौर पर उन पर बहुत तारी था. कुछ समय तक वे दिशाहीन रहे. दबी आवाज में यह चर्चा चलती रही कि उन पर किसी फिल्म को पूरा करने के लिए भरोसा नहीं किया जा सकता. अपनी सिनेमाई मौजूदगी से असली जिंदगी का तालमेल, यह यकीन कि वे असल जिंदगी में भी गलत समझे गए नायक हैं, धीरे-धीरे सामने लाया जा रहा था. जब 2004 में निर्देशक पुनीत इस्सर से गर्व के बारे में पूछा गया तो उन्होंने स्वीकार किया कि फिल्म के गलत समझे गए नायक का किरदार सलमान पर ही रचा गया था.

जैसे-जैसे अभियोग जड़ें पकड़ते गए, सलमान खुद को बड़े परदे पर ज्यादा जोश के साथ पेश करने लगे. वे बॉलीवुड के कथित सौ करोड़ रुपये के क्लब के संस्थापक और बादशाह भी बन गए. पार्टनर (2007), वांटेड (2009) और दबंग (2010) ने उन्हें ऐश्वर्य और हादसे के बाद की जड़ता से बाहर निकाला, और एक था टाइगर (2012) ने किसी फिल्म के लिए पहले ही दिन सबसे ज्यादा 32 करोड़ रु. कमाए. जाहिर था, तब तक सलमान पूरी तरह से 'सोने के दिल वाले परेशान और गलत समझे गए लड़के' का जीवन जीने लगे थे.

इस लेखिका को 2012 में दिए इंटरव्यू में उन्होंने माना था कि वे बिग बॉस की मेजबानी इसलिए करते रहे क्योंकि उनके लिए वह शीशे के घर में उनकी जिंदगी की नकल सरीखा था, जो हमेशा लोगों की पड़ताल के लिए खुला था. सलमान ने कहा, "मेरा बेडरूम मेरी अपनी जगह है लेकिन मेरी बैठक पूरी दुनिया की है." सलमान कहते थे कि उन्हें शो में मजा आता है क्योंकि वे दर्शकों को असली लोगों को देखने का मौका भी देना चाहते थे, सिर्फ उन लोगों को देखने का नहीं जिन्हें वे अपनी धारणाओं से गढ़ लिया करते हैं. जब किक (2014) आई और उसने 225.1 करोड़ रु. की कमाई करके एक था टाइगर को भी पीछे छोड़ दिया तो बड़े परदे पर सलमान की 'अच्छी' छवि को अमर किया जा रहा था.

फिल्म उद्योग के केंद्र के रूप में, जिसके लिए वे एक भरोसेमंद शर्तिया कमाऊ स्टार हैं, सलमान की छवि ही इस बात को स्पष्ट करती है कि उनकी सजा को लेकर लोग इतने गमजदा क्यों हैं. एक बार फैसला जेहन में उतर गया तो उलटे सलमान ही थे जो गवाह के कठघरे में बैठे हंसते, मजाक करते नजर आ रहे थे और गम में डूबे अपने परिवार का मनोबल बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे. नायक, परोपकारी के रूप में उनकी छवि इतनी गूढ़ हो चुकी है कि जरूरत के समय में भी वे संरक्षक संत की भूमिका निभा रहे थे.

खन्ना का कहना है कि बॉलीवुड की यह पीढ़ी यह मान लेने की गलती कर रही है कि सारी अच्छाइयां किसी अपराध को हल्का कर सकती हैं. "ऐसा नहीं हो सकता. ये दोनों दो अलग-अलग चीजें हैं." ज्यादातर घालमेल सलमान की परदे के सामने की और परदे के पीछे की जुड़ी हुई छवियों से पैदा होता है.

15 जून तक के लिए जमानत पर छूटे सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के आगे जमा भीड़ यह नहीं समझ पा रही थी कि उस पर अभिनेता सलमान की वजह से लाठियां बरसाई जा रही हैं या सलमान खान नाम के उस शख्स के लिए जिसने 13 साल पहले एक घातक भूल की थी. लोग एक बात भूल जाते हैं कि भले ही आप परदे की छवि को परदे के पीछे की छवि से मिला लें, लेकिन सभी ट्रैजेडी हीरो किसी न किसी घातक कमजोरी का शिकार होते हैं. इस मामले में क्या यह बात उनकी हेकड़ी थी?
ADVERTISEMENT
Advertisement