scorecardresearch
डार्क मोड

लव जेहाद: स्त्रियों के नाम पर सांप्रदायिक लामबंदी

हिंदुत्ववादी ताकतें काफी पहले से मुसलमान और उससे जुड़े मिथकों को हवा देती आई हैं. औरतों का मुद्दा ऐसा है जिससे जाति को परे रखकर हिंदुओं का लोमबंद किया जा सकता है.

अपडेटेड 9 सितंबर , 2014
लव जेहाद आंदोलन स्त्रियों के नाम पर सांप्रदायिक लामबंदी की ताजा कोशिश है. बतौर इतिहासकार मैं इसकी जड़ें औपनिवेशिक अतीत में भी देखती हूं. जब-जब सांप्रदायिक तनाव और दंगों का माहौल मजबूत हुआ है, तब-तब इस तरह के मिथक और प्रचार सामने आए हैं. इन प्रचारों में मुस्लिम पुरुष को विशेष रूप से एक अपहरणकर्ता के रूप में पेश किया गया है और एक ‘कामुक’ मुस्लिम की तस्वीर गढ़ी गई है.
मैंने 1920-30 के दशक में उत्तर प्रदेश में सांप्रदायिकता और यौनिकता में उभर रहे रिश्ते पर काम किया है. उस दौर में लव जेहाद शब्द का इस्तेमाल नहीं हुआ था लेकिन उस समय में भी कई हिंदू संगठनों—आर्य समाज, हिंदू महासभा आदि—के एक बड़े हिस्से ने मुस्लिम गुंडों के हिंदू महिलाओं के अपहरण और धर्म परिवर्तन की अनेक कहानियां प्रचारित कीं. उन्होंने भड़काऊ और लफ्फाजी भरे वक्तव्य दिए जिनमें मुसलमानों के हिंदू महिलाओं पर अत्याचार और व्यभिचार की अनगिनत कहानियां गढ़ी गईं. इन वक्तव्यों का ऐसा सैलाब आया कि हिंदू महिलाओं के साथ बलात्कार, आक्रामक व्यवहार, अपहरण, बहलाना-फुसलाना, धर्मांतरण और मुसलमान पुरुषों से जबरन हिंदू महिलाओं की शादियों की कहानियों की लंबी सूची बनती गई. अंतरधार्मिक विवाह, प्रेम, एक स्त्री का अपनी मर्जी से सहवास और धर्मांतरण को भी सामूहिक रूप से अपहरण और जबरन धर्मांतरण की श्रेणी में डाल दिया गया.

तब और अब के अभियान में कई और मुद्दे भी जुड़े हैं. हिंदू प्रचारकों को लगता है कि इससे हमारे समाज में जो जातीय भेदभाव हैं, उनको दरकिनार कर सकते हैं और हिंदू सामूहिकता को एकजुट कर सकते हैं. अगर हम गोरक्षा का मुद्दा लें तो यह दलितों को आकर्षित नहीं करेगा. लेकिन औरतों का मुद्दा ऐसा है जिससे जाति को परे रखकर सभी हिंदुओं को लामबंद किया जा सकता है. स्त्री का शरीर हिंदू प्रचारकों के लिए एक केंद्रीय चिन्ह बन जाता है. लव जेहाद और अपहरण आंदोलन, दोनों हिंदुओं की संख्या के सवाल से भी जुड़े हैं. बार-बार कहा जाता है कि हिंदू महिलाएं मुसलमान पुरुषों से विवाह कर रही हैं और मुसलमानों की संख्या बढ़ा रही हैं. विभिन्न सर्वेक्षण इस बात को पूरी तरह खारिज कर चुके हैं. असल में हिंदू प्रचारवादी इस तरह के अभियानों के जरिए हिंदू महिला के प्रजनन पर भी नियंतत्रण करना चाहते हैं.

मेरा मानना है कि हर बलात्कार या जबरन धर्मांतरण की छानबीन होनी चाहिए और अपराधियों को दंडित किया जाना चाहिए. लेकिन समस्या उस वक्त पैदा होती है जब हम अलग-अलग घटनाओं को एक ही चश्मे से देखने लगते हैं, जब हम प्यार, रोमांस और हर अंतरधर्मी विवाह को जबरन धर्मांतरण के नजरिए से जांचने लगते हैं. गौर तलब है कि 1920-30 के दशक में कई ऐसे मामले सामने आए जिनमें स्त्रियों ने अपनी मर्जी से मुसलमान पुरुषों के साथ विवाह किया. इनमें विशेष तौर पर वे स्त्रियां थीं जो हिंदू समाज के हाशिए पर थीं, जैसे विधवाएं, दलित स्त्रियां और कुछ वेश्याएं भी. तब हिंदुओं में विधवा विवाह नाममात्र का था. ऐसे में कई विधवाओं ने मुसलमानों से विवाह रचाया. इनकी जानकारी हमें उस समय की पुलिस और सीआइडी रिपोर्टों से भी मिलती है.

यह भी कितना विरोधाभासी है कि हिंदुत्ववादी प्रचार में हिंदू स्त्री जब मुसलमान पुरुष से विवाह करती है तो उसे अपहरण के तौर पर पेश किया जाता है. जब मुसलमान स्त्री हिंदू पुरुष के साथ विवाह करती है, तो उसे प्रेम की संज्ञा दी जाती है. औपनिवेशिक उत्तर प्रदेश में भी ऐसी कई कहानियां-उपन्यास लिखे गए, जिनमें ऐसे हिंदू पुरुषों को अद्भुत नायक के रूप में पेश किया गया जो किसी मुसलमान स्त्री से प्यार करने में सफल होता था. एक मशहूर उपन्यास शिवाजी व रोशनआरा इस समय प्रकाशित हुआ, जिसे अप्रमाणित सूत्रों के हवाले से ऐतिहासिक बताया गया. इसमें मराठा परंपरा का रंग भरकर दर्शाया गया कि शिवाजी ने औरंगजेब की बहन रोशनआरा का दिल जीता. उससे विवाह रचाया, जो ऐतिहासिक तथ्य नहीं है.

लव जेहाद जैसे आंदोलन हिंदू स्त्री की सुरक्षा करने के नाम पर असल में उसकी यौनिकता, उसकी इच्छा और उसकी स्वतंत्र पहचान पर नियंत्रण लगाना चाहते हैं. साथ ही वे अकसर हिंदू स्त्री को ऐसे दर्शाते हैं जैसे वह आसानी से फुसला ली जा सकती है. उसका अपना वजूद, अपनी कोई इच्छा हो सकती है, या वह खुद अंतरधार्मिक प्रेम और विवाह का कदम उठा सकती है—इस सोच को दरकिनार कर दिया जाता है. मुझे इसके पीछे एक भय भी नजर आता है क्योंकि औरतें अब खुद अपने फैसले ले रही हैं.

नफरत फैलाने वाले अभियानों की एक अन्य विशेषता होती है—एक ही बात का दोहराव, जिससे वह लोगों के सामान्य ज्ञान में शुमार हो जाए. लव जेहाद आंदोलन में ऐसा झूठा दोहराव बहुत नजर आता है, जिससे सांप्रदायिकता मजबूत होती है. लव जेहाद में कई नई चीजें भी शामिल हुई हैं, जिसमें मुसलमानों के खिलाफ उछाली गई नई शब्दावली भी है—आतंकवाद और आतंकवादी मुसलमान, मुस्लिम सांप्रदायिकता, आक्रामक मुस्लिम नौजवान, विदेशी फंड और अंतरराष्ट्रीय साजिश.

इस तरह के दुष्प्रचार से सांप्रदायिक माहौल में तो इजाफा हुआ है, लेकिन यह भी सच है कि महिलाओं ने अंतरधार्मिक प्रेम और विवाह के जरिए सांप्रदायिक लामबंदी की कोशिशों में भी सेंध लगाई है. आंबेडकर ने कहा था कि अंतरजातीय विवाह जातिवाद को खत्म कर सकता है. मेरा मानना है कि अंतरधार्मिक विवाह, धार्मिक पहचान को कमजोर कर सकता है. महिलाओं ने अपने स्तर पर इस तरह के सांप्रदायिक प्रचारों पर कई बार कान नहीं धरा है. जो महिलाएं अंतरधार्मिक विवाह करती हैं, वे कहीं-न-कहीं सामुदायिक और सांप्रदायिक किलेबंदी में सेंध लगाती हैं. रोमांस और प्यार इस तरह के प्रचार को ध्वस्त कर सकता है.

लेखिका दिल्ली यूनिवर्सिटी के इतिहास विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर हैं
ADVERTISEMENT
Advertisement