scorecardresearch
डार्क मोड

नरेंद्र मोदी के वादे की पहली परीक्षा उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में होगी

प्रधानमंत्री पद के रास्ते में मोदी ने देश को तरक्की की राह पर डालने का वादा किया था और उस वादे की पहली परीक्षा पौराणिक शहर और उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में होगी.

अपडेटेड 30 जून , 2014

सवा पांच बजे हैं. सूरज की पहली किरणों ने अभी दशाश्वमेध घाट पर मंडराती मीनारों और गुंबदों को चूमा भी नहीं है, लेकिन वाराणसी के अनेक तिलिस्मी चेहरे गंगा के किनारे दिखाई देने लगे. सफेद दाढ़ी और भगवा वेशधारी साधु. सिल्क साडिय़ों में सुबह का रियाज करतीं महिला संगीतकार. चाय की चुस्कियों पर खबरों का तब्सरा करते लंबी दाढ़ी और मुगलिया टोपी पहने बुनकर. अपनी रंग-बिरंगी नावों को तैयार करते वे मल्लाह जिनकी आधा दर्जन यूरोपीय भाषाओं पर पकड़ है. काशी हिंदू विश्वविद्यालय में पहला व्याख्यान देने के लिए तत्पर प्रोफेसर. पिछली रात बनारस क्लब में दुकानदारी के नुक्तों पर गपबाजी करने वाले कारोबारी और दुनियाभर से उमड़े आमजन. इनमें से कुछ तीर्थाटन के लिए आए हैं तो कुछ दशकों पहले गंगा मैया की गोद में आए थे और कभी नहीं लौटे.
हरेक के पास अपनी कहानी है. इनमें से हरेक ने इस प्राचीन शहर को एक साथ लास्य और तांडव का उत्सव मनाते और लगातार छीजते देखा है. गंगा से नजर उठाकर देखें तो नावें, किनारे से झांकती प्राचीन इमारतों के छज्जे और वाराणसी का सत्य मुंह बाए खड़ा है.

यहां की समस्याएं अनंत हैं. ढहती इमारतें, बदरंग होते घाट. गड्ढों से भरी सड़कों पर तीन-तीन घंटे का ट्रैफिक जाम. हर रोज गंगा में बहता 30,000 करोड़ लीटर सीवेज. हर साल गंगा के घाटों पर जलती 30,000 लाशों की गंध और उनके विसर्जित अवशेष. हर वर्ग किलोमीटर में 2,400 लोगों की ठुंसी हुई आबादी. जबकि लखनऊ में यह अनुपात 1,800 और कानपुर में 1400 है. चीन से आए सस्ते नकली माल और गुजरात में काम के अच्छे हालात से मात खाते स्थानीय दस्तकारों की गरीबी और बदहाली. रस्मों और संस्कारों में रचे-बसे शहर में इतिहास को संजोने वाले संग्रहालयों और सांस्कृतिक केंद्रों के अभाव में, लावारिस और गुमनामी की धूल में मिटता इतिहास. एक जमाने में देवताओं का वास रही वाराणसी अब बदहाली के गर्त में है और इसे अगर युद्ध स्तर पर उबारने के प्रयास न किए गए तो भस्म हो जाएगी. स्थानीय निवासियों का मानना है कि इस प्राचीन नगरी का उद्धार स्थानीय  सांसद और देश के नए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होगा. वाराणसी की विरासत भले ही इतनी अनूठी हो कि उसे भारत का लघु रूप न माना जा सके, फिर भी उसका जीर्णोद्धार मोदी का वचन है.

देशभर में बहुमत पाने और वाराणसी में 3.37 लाख वोटों के अंतर से जीत हासिल करने के दो दिन बाद 18 मई को मोदी ने गंगा आरती के दौरान कहा था, ‘‘मैं बनारस को चमकाने आपके बीच आया हूं. जब भारत विश्व गुरु हुआ करता था तो बनारस भारत का गुरु था. हमें भारत की सफाई की शुरुआत बनारस से करनी होगी.’’ मोदी के मिशन भारत की शुरुआत मिशन वाराणसी से होती है. मोदी ने जब यह शपथ ले ही ली है तो विभिन्न आर्थिक वर्ग, धर्म और आयुवर्ग के बनारसियों ने वाराणसी के भौतिक और आध्यात्मिक विकास या उस भीतरी विकास के लिए मांगों की सूची तैयार कर ली है, जिसकी खोज में सदियों से विदेशी यहां आते रहे हैं. 2013 में न्यूयॉर्क से फुलब्राइट स्कॉलर के रूप में आयुर्वेद पढऩे काशी हिंदू विश्वविद्यालय पहुंचे 48 वर्षीय डॉक्टर भास्वति भट्टाचार्य का कहना है, ‘‘वे एक प्रतीक हैं जो हमें अपना माहौल बदलने की प्रेरणा दे सकते हैं. मोदी को इस शहर में श्सब चलता है’’ की सोच बदलनी होगी और राजनीति, नीति, शिक्षा, उद्यम और दैनिक जीवन में यथास्थिति का चक्र तोडऩा होगा, इसकी हमें बेहद जरूरत है. उनकी भूमिका ऐसे नेता की है जो लोगों को दिली इच्छा पूरी करने के लिए प्रेरित करे.’’

पहाड़-सी बड़ी इन अपेक्षाओं को पूरा करना मोदी की सबसे बड़ी चुनौती और शायद पहली स्पष्ट अग्निपरीक्षा है. वाराणसी उनके लिए कुरुक्षेत्र या पानीपत कुछ भी हो सकती है. बिल्डर दीपक बहल को लगता है कि दशकों की उपेक्षा के कारण शहर पूरी तरह चरमरा गया है. उनका कहना है, ‘‘आशाएं बहुत हैं. अगर मोदी बनारस की विरासत को अक्षुण्ण रखते हुए उसे बचा सकेंगे तो कुछ भी कर सकेंगे.’’

वाराणसी की तस्वीर बदलने वाले तीन बड़े काम हैं- घाटों का जीर्णोद्धार, रिंगरोड और नई सीवर प्रणाली का निर्माण. इन तीनों कामों पर कुल 1600 करोड़ रु. की लागत आएगी. यह रकम 2,800 करोड़ रु. की उस रकम के सामने बहुत छोटी है, जो उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार ने 12वीं क्लास पास करने वाले छात्रों को लैपटॉप बांटने पर खर्च की है. लेकिन ये काम पैसे की कमी या भूमि अधिग्रहण में रुकावट के कारण फंसे पड़े हैं.
बनारसी साड़ी बुनता एक बुनकर
(मशहूर बनारसी साड़ी बुनता एक बुनकर)
स्वर्ग की सीढ़ी
वाराणसी की समस्याएं ठीक उसी जगह से शुरू होती हैं, जहां मोदी ने भाषण दिया था. बनारस के ये घाट शहर का सांस्कृतिक और आर्थिक प्राण हैं. कुछ नदी में उतरती सीढिय़ां हैं तो कुछ उससे बड़े ढांचे हैं, लेकिन ये सब मिलकर उस धुरी का रूप लेते हैं जिस पर प्राचीन काशी नगरी विकसित हुई थी. राजघाट से अस्सी घाट तक गंगा किनारे के चौरासी घाटों में से हरेक की अपनी अलग पहचान है, लेकिन उन्हें जोडऩे वाली कथा शताब्दियों पहले कहीं गुम हो चुकी है.
कारोबार के हिसाब से यह शहर का सबसे जीता-जागता हिस्सा है. काशी विश्वनाथ मंदिर उसी शैव मत का गढ़ है, जिसका उल्लेख शताब्दियों से हिंदू ग्रंथों में मिलता है. इसी मंदिर के चारों तरफ  की गलियों में बनारसी साड़ी और लकड़ी के खिलौनों जैसे उद्योग और पान और ठंडाई जैसे स्थानीय स्वाद बसे हैं.
लेकिन पांच फुट चौड़ी खड़ंजे वाली इन भूलभुलैया गलियों में हर तरह का ट्रैफि क चलता है. इंसान, जानवर, दुपहिया, शव यात्राएं सबके सब फूल, इत्र, चाट, मिठाई, चंदन और बर्तन बेचती दुकानों के बीच में से अपनी राह तलाशते नजर आते हैं. इन गलियों  से गुजरने के लिए कचरे, गोबर और गंदे पानी में से रास्ता बनाना पड़ता है. यहां ‘‘जाई-दे’’ के ठेठ बनारसी अंदाज की कहावत है, ‘‘अगर सांड़ ने न पकड़ा तो संन्यासी पकड़ेगा.’’
16 साल पहले बनारस में आकर बसे पोलैंड के 32 वर्षीय योगानंद का कहना है, ‘‘मोदी को ये गलियां साफ करानी होंगी, लेकिन इनकी पहचान जिंदा रखनी होगी. विकसित होने का मतलब पश्चिम की नकल नहीं है. विकास समझदारी के साथ होना चाहिए और उस पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता.’’ संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से संस्कृत में पीएचडी कर रहे योगानंद का असली नाम स्कार्बिमिर रुसिंस्की है, लेकिन अब वे पुरानी पहचान बताने में झिझकते हैं. मोदी से योगानंद की पहली मांग है कि घाटों के आसपास के क्षेत्र में मोटर वाहन का प्रवेश वर्जित हो. उनका कहना है, ‘‘अगर आप चल नहीं सकते तो साइकिल या रिक्शा ले लें. इससे न सिर्फ गरीब को ताकत मिलेगी, बल्कि भीड़ और धुएं से भी मुक्ति मिल जाएगी.’’ उनकी दूसरी मांग वाराणसी को प्लास्टिक मुक्त करने की है. तीसरी मांग यह है कि घाटों पर कूड़ेदान रखे जाएं और पहरेदार खड़े किए जाएं जो लोगों को गंगा में कूड़ा फेंकने से रोकें.
जानी-मानी जीर्णोद्धार वास्तुशिल्पी आभा नारायण लांबा इन सुझावों से पूरी तरह सहमत हैं. उन्होंने शहर के नजारों में दिखने वाली भीड़ के बारे में अपनी राय देते हुए कहा, ‘‘अगर आप काशी विश्वनाथ के निकट घाटों की तरफ जाएं तो सड़कों पर बिजली के खंभों पर उलझे तार ही तार दिखाई देते हैं. उन्हें जमीन के नीचे डालना होगा. साइनबोर्ड के आकार-प्रकार का भी कोई नियम होना चाहिए.’’ राज्य सरकार ने इस पूरे इलाके में तार फिर से बिछाने के लिए तीन करोड़ रु. की योजना बनाई है, जिस पर अगले महीने से अमल होना है. एक और सुझाव यह है कि शहर का इतना बड़ा बुनकर उद्योग फालतू सामग्री से कपड़े के थैले बनाए. इससे उन्हें ज्यादा काम मिलेगा और शहर साफ रहेगा. ये सारी वे बातें हैं जो उस बात से मेल नहीं खातीं जिसे हम बनारसी मिजाज के तौर पर जानते हैं. लेकिन बदलाव तो समय का नियम है.
बनारस की भीड़ भरी तंग गलियों का नजारा
(बनारस की भीड़ भरी तंग गलियों का नजारा)
पत्थरों से रोमांस
लांबा का कहना है, ‘‘मुश्किल यह है कि केंद्र सरकार ने शहर के लिए जो योजना बनाई है वह जरूर द्विआयामी होगी, जिसे यहां नहीं अपनाया जा सकता, क्योंकि उसमें अवैध कब्जे जैसी समस्याओं को अनदेखा किया गया है. यहां जोर शहर गढऩे के बजाय गली गढऩे पर होना चाहिए.’’ इसका एक तरीका यह है कि हर ब्लॉक का फोटो मोन्टाज बनाया जाए और उसके आधार पर तय किया जाए कि किस गली में कौन-सी सामग्री लगाई जाएगी. यह ध्यान रखना होगा कि ऐसा पत्थर या भवन सामग्री चुनी जाए जो पहले लगी सामग्री से मेल खाए. इस ऐतिहासिक शहर का इस तरह जीर्णोद्धार करने से शहर की स्थानीय अर्थव्यवस्था  में भी जान पड़ सकती है, क्योंकि बहुत-सी पुरानी इमारतों में चुनार पत्थर लगा है, यह आजकल फैशन से बाहर है और जिसकी वजह से कारीगर बेकार हो गए हैं. इस तरह काम करने से उन दस्तकरों का कारोबार भी चल निकलेगा,जो पुराने शहर में महराबों, गलियारों और अहातों में नक्काशी किया करते थे.

2012 में वाराणसी को केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय और विश्व बैंक के संयुक्त धरोहर संरक्षण कार्यक्रम में शामिल किया गया, जिसमें इन सुझावों को अपनाया जा सकता था. इस कार्यक्रम में शहरी धरोहर संसाधन प्रबंधन को शहर के समग्र विकास से जोड़ा गया और 2012 में अहमदाबाद सेंटर फॉर एनवायरनमेंट प्लानिंग एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित तीन दिन के सम्मेलन में इस पर चर्चा हुई. अगले वर्ष वाराणसी नगर निगम में नवगठित धरोहर प्रकोष्ठ ने कुछ हिस्सों में धरोहर विकास के लिए विस्तृत योजना रिपोर्ट पेश की. संस्कृति, पुरातत्व और पर्यटन विभाग के प्रतिनिधियों ने दावा किया कि उनसे इसमें कोई सलाह नहीं ली गई. इन सबके बीच तालमेल के अभाव के कारण रिपोर्ट को अस्वीकार कर दिया गया.
बिल्डर दीपक बहल का सवाल है कि उसके बाद राज्य और केंद्र में आई सरकारों ने इस बारे में कुछ क्यों नहीं किया? ‘‘हमारे पूर्व सांसद मुरली मनोहर जोशी मोदी की अपनी पार्टी के कद्दावर नेता थे. वाराणसी जिले के पांच में से चार विधायक बीजेपी के हैं. उन्होंने या किसी अन्य अधिकारी ने इस शहर के लिए क्या किया है?’’

स्थानीय प्रशासन के एक सदस्य, वाराणसी के जिला अधिकारी प्रांजल यादव की गाहे-बगाहे तारीफ हो जाती है. 2006 बैच के आइएएस अधिकारी, आइआइटी ग्रेजुएट यादव ने पिछले एक साल में सड़कें चौड़ी करने और अवैध कब्जे हटाने का जो हौसला दिखाया, उसकी तारीफ हुई है. छावनी इलाके के पास अपने कार्यालय में यादव ने वाराणसी के विकास में बाधक कुछ मुख्य समस्याओं का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि शहर का सड़क नेटवर्क किस तरह कमजोर है. इसके अलावा बाकी शहरों की तरह इस शहर के पास बाहरी इलाकों में पांव फैलाने की गुंजाइश नहीं है.
वाराणसी जिले के विधायक
नए शहर की उम्मीद
एक बड़ा मसला यह है कि ट्रकों में माल का लदान और उतराई करने वाला ट्रांसपोर्ट नगर शहर की सीमा के भीतर है. यादव ने बताया, ‘‘2001 से इसे शहर के केंद्र से 70 किलोमीटर से भी दूर इलाहाबाद हाइवे पर ले जाने की योजना है, लेकिन जमीन का अधिग्रहण नहीं हो सका है.’’ इसके लिए जरूरी 82 हेक्टेयर जमीन में से 52 हेक्टेयर के लिए मुआवजा दिया जा चुका है, लेकिन बाकी 30 हेक्टेयर के मालिकों को सरकारी सौदा मंजूर नहीं है. इसके चलते 13 साल से काम रुका पड़ा है. इसी वजह से भारी ट्रक घंटों तक शहर में आने और जाने के रास्तों पर अड़े रहते हैं. कई बार तो शाम से लेकर देर सुबह तक जाम रहता है. स्थानीय निवासियों और कारोबारियों की बार-बार मांग के बावजूद वाराणसी में कोई रिंग रोड न होने से मुश्किल और बढ़ गई है. वाराणसी चार प्रमुख सड़कों से जुड़ा है- लखनऊ से एनएच-56, गाजीपुर से एनएच-29, इलाहाबाद से एनएच-2 और चंदौली के लिए राज्य का हाइवे. यादव का कहना है, ‘‘आज सबसे बड़ी जरूरत इन चारों सड़कों को जोडऩे की है ताकि ये शहर का आम रास्ता न बनें, लेकिन इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए जमीन लेने की लागत 900 करोड़ रु. है.’’
पिछली केंद्र सरकार ने एनएच-56 का नाम एनएच-29 करने और लखनऊ- वाराणसी तथा वाराणसी-गाजीपुर हाइवे को आपस में मिलाने का फैसला किया था. इस पर 7 महीनों में काम शुरू होगा. यादव के मुताबिक, ‘‘वाराणसी में जरूरी विकास के सभी कामों में से सबसे अहम काम रिंग रोड बनाने का है.’’
लेकिन उनके सामने भी कुछ समस्याएं हैं. 20 साल का नया मास्टर प्लान जो 2011 में तय हो जाना चाहिए था, अभी तक पूरा नहीं हुआ है. आशा है कि इसे इस साल बाद में पूरा कर लिया जाएगा. इसमें महत्वपूर्ण सड़कों के किनारे जमीन का मिला-जुला इस्तेमाल शामिल है ताकि खेती के लिए सीमित खाली जमीन पर शहर फैल सके. इसके अलावा काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पास नया हाइवे बनाने की योजना है ताकि विद्यार्थी और बाहर से आने वाले विद्वान आसानी से आ-जा सकें. इसमें भी जमीन के अधिग्रहण की समस्या है. लेकिन शहर को करीने से बसाना है तो इन समस्याओं से पार पाना होगा.
गंगा में मिलता गंदे पानी का खिड़किया नाला
(गंगा में मिलता गंदे पानी का खिड़किया नाला)
लापता  नदी
वाराणसी को तीन पाइप लाइन मिलनी थीं- एक पीने के पानी की, एक वर्षा के पानी की निकासी की और एक सीवेज की. हरेक पर करीब 400 करोड़ रु. की लागत आनी थी. शहर खोदा गया, सीवेज के पाइप डाले गए, लेकिन सीवेज साफ करने के संयंत्र के लिए जरूरी जमीन का अधिग्रहण नहीं हो सका. वाराणसी में पैदा होने वाले 40 करोड़ लीटर दैनिक (एमएलडी) सीवेज में से सिर्फ 100 एमएलडी साफ  हो पाता है. बाकी सीधा गंगा में जाता है.
गंगा प्रदूषण, टूटते किनारों और मैदानों में पहुंचने से पहले ही बहुत सारा पानी निकाल लिए जाने जैसी समस्याओं से जूझ रही है. काशी हिंदू विश्वविद्यालय में गंगा अनुसंधान केंद्र के अध्यक्ष रह चुके यू.के. चौधरी एक दशक से भी पहले से संसद को यह विश्वास दिलाने की कोशिश कर रहे हैं कि वाराणसी में अब गंगा का कोई अस्तित्व नहीं रह गया है. पवित्र गंगा जल का मूल गुण शहर में आने से पहले ही समाप्त हो जाता है. यहां तक पहुंचते-पहुंचते गंगा सिर्फ नाली भर रह जाती है क्योंकि उसका 90 फीसदी से अधिक पानी नरोरा और भीमगोडा बैराज में निकाल लिया जाता है.
पिछले 25 वर्ष में नदी को बचाने के लिए तरह-तरह की योजनाओं पर खर्च 20,000 करोड़ रु. से अधिक की रकम से कोई फायदा नहीं हुआ है. चौधरी का सवाल है, ‘‘किसी भी इलाज के लिए सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि कहां कितनी दवाई लगानी है. अगर घुटने में घाव हो तो कोहनी पर पट्टी बांधने से क्या हासिल होगा?’’
मोदी ने उमा भारती के नेतृत्व में गंगा पुनर्जीवन मंत्रालय बनाकर गंगा को प्राथमिकता दी है जिससे जीर्णोद्धार विज्ञानियों में फिर आशा जगी है. चौधरी का कहना है, ‘‘जब मोदी ने कहा कि उन्हें गंगा ने बुलाया है तो मेरे कानों को बहुत अच्छा लगा. मैंने दशकों तक इंतजार किया है कि कोई नेता इस नदी को बचाने की शपथ ले. देखें, वे क्या करते हैं.’’
प्रधानमंत्री जी  कुछ करें
उम्मीद का यह भाव समाज के हर वर्ग में है. वाराणसी के मध्यवर्ती इलाके में गैलेक्सी अस्पताल चलाने वाले न्यूरोसर्जन वी.डी. तिवारी चाहते हैं कि प्रधानमंत्री एक ज्ञान गंगा अनुसंधान संस्थान खोलें, जिसमें जेनेटिक इंजीनियरिंग से लेकर सांस्कृतिक पुनर्जीवन तक विभिन्न विषयों पर शोध हो और वाराणसी की ज्ञान की विरासत फिर जीवित हो जाए. पंडित छन्नूलाल मिश्र के जाने-माने शिष्य कमला शंकर हवाई गिटार पर शास्त्रीय धुनें बजाते हैं. वे चाहते हैं कि ऐसा सांस्कृतिक केंद्र बनाया जाए, जिसमें कलाकार और संगीतकार जमा हो सकें और अगली पीढ़ी को अपनी विरासत सौंप सकें. मदनपुरा निवासी अब्दुल मलिक अंसारी जैसे बुनकर, चीनी माल से टक्कर लेने और पाकिस्तान से व्यापार बढ़ाने के लिए सस्ती दर पर कच्चा माल चाहते हैं. पाकिस्तान में भारत के महीन बुने हुए कपड़े की बहुत मांग है.
इतनी मांगों के बोझ में दबे मोदी के सामने काम मुश्किल है. उन्हें न सिर्फ वाराणसी को आधुनिक शहर बनाना है बल्कि उसकी विरासत को कायम रखते हुए फिर से उसे विश्व की एक सांस्कृतिक और विद्वत राजधानी के रूप में स्थापित करना है. वाराणसी के निवासियों को आशा है कि उनका सांसद, प्रधानमंत्री के रूप में अपने दायित्वों में संतुलन रखते हुए उनका जीवन बदल देगा. वैसे भी काशी को शिव के त्रिशूल की नोक पर बसा माना जाता है और यहां तड़ित शक्ति भी सबसे अधिक मानी जाती है. धार्मिक मान्यता में जिस शहर के पास सबसे अधिक बिजली (तड़ित) हो, वहां बिजली की फुर्ती से काम होने की उम्मीद पालने में कोई खास बुराई नहीं है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 मई को अपने भाषण में वाराणसी से कहा था, ‘‘हमें बड़े काम करने के लिए छोटे कामों से शुरुआत करनी होगी. आपको पहली शपथ लेनी होगी कि आप इस शहर को गंदा नहीं होने देंगे. मेरे साथ काम करें, मैं आपकी हर इच्छा पूरी करूंगा.’’ मनमौजी बनारसी अपनी-अपनी आंकाक्षांओं की फेहरिस्त के साथ इंतजार कर रहे हैं और बाकी भारत की निगाहें उन पर लगी हैं. 


ADVERTISEMENT
Advertisement