आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव असमंजस में हैं. रामपुर की सांसद और अभिनेत्री जयाप्रदा ने उनसे अपनी आने वाली भोजपुरी फिल्म में छोटी-सी भूमिका निभाने के लिए कहा है. लेकिन लालू ऐसे समय में फिल्म में काम करने को लेकर दुविधा में नजर आ रहे हैं, जब वे बिहार में अपनी पार्टी को दोबारा खड़ी करने की कोशिशों में जी-जान से जुटे हैं.
फिल्म में राखी सावंत का एक आइटम नंबर होने की भी खबर है. इस फिल्म के साथ रुपहले परदे पर जयाप्रदा की वापसी होगी क्योंकि मुलायम सिंह यादव के खिलाफ अमर सिंह की बगावत का समर्थन करने के बाद उन्हें यह एहसास हो गया है कि उनका राजनैतिक कॅरियर अब ढलान पर है.
लेकिन क्या दूसरे यादव महाशय उन पर कृपा करेंगे? सुनने में तो यही आ रहा है कि रामपुर की सांसद के साथ क्रेडिट साझा करने में लालू की दिलचस्पी नहीं है.

