scorecardresearch
डार्क मोड

अपने आप में एक ब्रांड | मसाबा गुप्ता, 37 वर्ष | फैशन डिजाइनर | आंत्रप्रेन्योर और ऐक्ट्रेस, मुंबई

क्या है जो उन्हें बनाता है सिरमौर : उन्नीस साल की उम्र में 2009 में अपना फैशन लेबल हाउस ऑफ मसाबा लॉन्च किया; वर्ष 2020 में नेटफ्लिक्स पर मसाबा मसाबा सीरीज के साथ ऐक्टिंग में कदम रखा. फिर 2022 में ब्यूटी और वेलनेस ब्रांड लवचाइल्ड बाइ मसाबा लॉन्च किया. 2026 में मिलान में आरएलसी फैशन समिट के इंटरनेशनल पैनल में वे भारत की अकेली प्रतिनिधि थीं.

the entrepreneurs
मसाबा गुप्ता
अपडेटेड 24 अगस्त , 2026

दो भिन्न धार्मिक जातिगत समुदायों वाले, सेलिब्रिटी माता-पिता की संतान, समाज के आम चलन से विपरीत गैर-परंपरागत परिवार में पली-बढ़ीं मसाबा गुप्ता आमतौर पर हर सामान्य धारणा को चुनौती देती हैं.

वे कहती हैं, “मुझे नहीं लगता कि खास सहू‌िलयतों-सुविधाओं के बीच पले-बढ़े लोगों को ये सुविधाएं किसी चुनौती की तरह पेश करते हुए बात करनी चाहिए. दबाव भी एक प्रिविलेज है, और मैंने इसे हमेशा इसी नजरिए से देखा है.”

उन्हें एक ऐसी जिंदगी मिली जो किसी परीकथा के बजाए किसी धारावाहिक की तरह थी, इसके बावजूद मसाबा ने अपनी किस्मत खुद बनाने का फैसला किया. भारतीय अभिनेत्री नीना गुप्ता और वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर विवियन रिचर्ड्स की बेटी मसाबा मैक्सिमम सिटी यानी मुंबई में पलीं-बढ़ीं.

सफल होने की चाहत की प्रेरणा उनको शायद मुंबई से ही मिली. वे बताती हैं, “दुनिया के बारे में मेरी सीमित जानकारी ने इस विश्वास को और पक्का कर दिया कि कहीं नौकरी करने या सीखने के बजाए मुझे अपना ही कुछ बनाना चाहिए.

मैं बेसब्र थी, कुछ करने की चाहत थी; बहुत छोटी उम्र में ही खुद को साबित करने के लिए बहुत उत्सुक थी और बहुत निश्चित भी थी. शायद इसीलिए मैंने अपना लेबल लॉन्च करने का फैसला किया.”

उन्नीस की उम्र में उन्होंने अपना फैशन लेबल लॉन्च किया. उन्हीं के शब्दों में, “मुझे नहीं लगता कि यह ऐसी कोई चीज थी जो मेरे जेहन से निकली थी. काम ने मुझे ढूंढ़ा, न कि मैंने इसे.

लेकिन मैं जानती थी कि मैं कुछ ऐसा करना चाहती हूं जो लंबे समय तक चले. तब मुझे यह पता नहीं था कि मैं एक आंत्रप्रेन्योर बनना चाहती हूं, लेकिन मुझे यह पता था कि मैं एक ब्रांड बनाना चाहती हूं. ”

शुरू में उनकी मां ने ही सारा खर्च उठाया. वे मानती हैं कि कम उम्र में इस तरह के फैसलों का बहुत संबंध आर्थिक आजादी से होता है. उन्हें लगता है कि शुरू के सालों में शायद उन्हें थोड़ा हलके में लिया गया होगा क्योंकि लोग मानते हैं कि माता-पिता मशहूर होते हैं तो फायदे भी मिल जाते हैं.

लेकिन वे कहती हैं, “वक्त गुजरने के साथ लोग अच्छा काम करने वालों का सम्मान करते हैं. मैं लगातार 17 साल से इस ब्रांड को गढ़ती आ रही हूं और जब तक हो सकेगा, मैं इसे आगे बढ़ाती रहूंगी.”

उनके सफर की अहम उपलब्धियों में शामिल हैं: 2023 में करीना कपूर खान के साथ ब्राइडल कैंपेन, दोनों ने साथ ही ब्राइडल लाइन लॉन्च की; जिने‌िदन जिदान जब एक रियल एस्टेट इवेंट के लिए भारत आए तो उन्हें भारतीय परिधान पहनाना (“मुझे उनको भारतीय शेरवानी पहनाने का मौका मिला”);

2022 में आदित्य बिरला ग्रुप की ओर से हाउस ऑफ मसाबा का अधिग्रहण करना, जिसका मूल्य अभी 360 करोड़ रुपए है और जिसके देश भर में 20 रिटेल स्टोर हैं; लवचाइल्ड बाय मसाबा का लॉन्च; और मसाबा मसाबा में अभिनय (“यह बहुत ही सुकून देने वाला था क्योंकि मुझे ऐक्टिंग डेब्यू ठीक वैसा ही करने को मिला जैसा मैं चाहती थी.

बहुत कम लोगों को ऐसे शो में काम करने का मौका मिलता है जो उनके अपने नाम पर हो”). इन दिनों मसाबा दांपत्य जीवन और लगभग दो साल की बच्ची की वजह से काफी व्यस्त रहती हैं.

वे कहती हैं, “मैं भविष्य या अतीत के बारे में सोचकर समय बर्बाद नहीं करती. हाउस ऑफ मसाबा के लिए मैं ज्यादा लग्जरी और कम शोर-शराबा देखती हूं. हम अपने प्रोडक्ट्स और बेहतर बनाएंगे”

ADVERTISEMENT
Advertisement