scorecardresearch
डार्क मोड

छोटा कदम, बड़ा इरादा

मर्सिडीज अपनी फ्लैगशिप कार का मिड-लाइफ फेसलिफ्ट किया ताकि इसका दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली लग्जरी सेडान के तौर पर जलवा बरकरार रखा जा सके. हमने जर्मनी जाकर इसे ड्राइव किया.

Auto special first drive & ride cars
मर्सिडीज बेंज एस-क्लॉस
अपडेटेड 16 जुलाई , 2026

आमतौर पर मिड-लाइफ फेसलिफ्ट सिर्फ कॉस्मेटिक बदलावों से आगे जाते हैं, लेकिन मर्सिडीज का यह दावा कि कार 50 फीसद नई हो गई है और इसमें 2,700 से ज्यादा पार्ट्स बदले गए हैं या नए हैं, यह बताता है कि कंपनी ने इस फेसलिफ्ट को गंभीरता से लिया है. उसने बॉडीशेल बदले बिना कार में जितना संभव था, उतना बदलाव किया है.

कार के फ्रंट में बड़े इल्यूमिनेटेड ग्रिल और नए हेडलैंप के साथ कई आकर्षक कॉस्मेटिक बदलाव दिखते हैं. लेकिन सबसे बड़ा बदलाव थ्री-पॉइंटेड स्टार के अलग-अलग रूपों की ओर बढ़ना है. स्टारी ग्रिल नई बैटरी इलेक्ट्रिक गाड़ियों से ली गई है जबकि टेल लैंप सिग्नेचर हेडलैंप में भी झलकता है और यह ई-क्लास के टेल लैंप से प्रेरित है. बाहरी हिस्से में व्हील डिजाइन बदले गए हैं और एडवांस्ड असिस्टेंस फीचर्स के लिए फ्रंट फेंडर्स पर नया कैमरा दिया गया है.

इंटीरियर ज्यादातर नया है, और सॉफ्टवेयर भी काफी हद तक नया है. अंदर इन्फोटेनमेंट सिस्टम की स्क्रीन एस-क्लास में पहली बार आई है, जिसमें पहले की दो के बजाय तीन स्क्रीन हैं. 12.3 इंच पैसेंजर स्क्रीन और 14.4 इंच सेंट्रल स्क्रीन एक ही ग्लास पैनल के पीछे हैं, जबकि इंस्ट्रूमेंट पैनल अलग 12.3 इंच फ्लोटिंग डिस्प्ले है.

सबसे बड़ा बदलाव वह सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर है, जो इन डिस्प्ले को चलाता है. यह एनविडिया ड्राइव हाइपेरियन आर्किटेक्चर से संचालित है, जिससे भविष्य में ऑटोनॉमस ड्राइविंग सक्षम करने के लिए कार को कई अपग्रेड देने लायक पर्याप्त कंप्यूटिंग पावर होगी. यूजर इंटरफेस में अब चैटजीपीटी, माइक्रोसॉफ्ट बिंग और गूगल जेमिनी के नए संस्करण शामिल हैं.

दस 10 बाहरी कैमरों, पांच रडार और 12 अल्ट्रासोनिक सेंसरों के साथ एस-क्लास पार्किंग स्पॉट तक पहुंचने से पहले ही उसे पहचान सकती है. यह पार्किंग की निशानदेही न होने वाली जगहों में भी खुद पार्क हो सकती है, चाहे वहां लाइनें हों या न हों, जगह घास से ढकी हो या पेड़ों के बीच हो. यह पहले की तुलना में दोगुनी रफ्तार से खुद पार्क भी हो सकती है.

सभी इंजन अपग्रेड किए गए हैं. टॉप-ऑफ-द-लाइन वी8 के मामले में यह महामारी के बाद किसी इंटरनल कम्बशन इंजन पर किया गया शायद सबसे बड़ा काम है. लाइन-अप इनलाइन-सिक्स सिलेंडर पेट्रोल और डीजल इंजन के ईवीओ संस्करणों से शुरू होती है. सभी इंजन माइल्ड हाइब्रिड हैं. इसके अलावा प्लग-इन हाइब्रिड के दो संस्करण भी हैं, जो इनलाइन-सिक्स से चलते हैं और 100 किमी की इलेक्ट्रिक-ओनली रेंज देते हैं.

इसके अलावा, आखिरकार किसी ने फोन रखने की जगह को सही ढंग से समझा है. अब ड्राइवर और पैसेंजर, दोनों की पहुंच में दो चार्जिंग पैड हैं. स्टीयरिंग व्हील भी ज्यादा स्पर्श-सुखद महसूस होता है. पीछे की सीटों पर बैठे यात्रियों के लिए साझा टैबलेट के बजाए हर व्यक्ति को अलग कंट्रोलर मिलता है, जो हटाए जा सकने वाले स्मार्टफोन जैसे डिवाइस के रूप में है. पीछे के यात्रियों की स्क्रीन भी बड़ी हैं और उनमें इंटीग्रेटेड वेबकैम दिया गया है.

पूरा क्लाइमेट कंट्रोल सिस्टम इलेक्ट्रॉनिक हो गया है. अब वेंट इलेक्ट्रिकली खुलते और बंद होते हैं. इसमें कई सेटिंग्स हैं, जिनमें वेंट और एयर फ्लो प्रीसेट के हिसाब से खुद एडजस्ट हो जाते हैं.

एयरमैटिक सस्पेंशन सिस्टम अब इंटेलिजेंट है और रियर व्हील स्टीयरिंग सिस्टम से पिछले पहिए 10 डिग्री तक मुड़ सकते हैं. इससे यू-टर्न आसान हो जाते हैं और टर्निंग सर्कल घट जाता है. कार चलाने में ज्यादा हल्की महसूस होती है. इसका सबसे अलग एहसास बहुत खराब सड़कों और स्पीड ब्रेकरों से निबटने में होता है.

सभी इंजन वेरिएंट बिना किसी तनाव के 250 किमी प्रति घंटा की टॉप स्पीड तक पहुंच जाते हैं, यहां तक प्लग-इन हाइब्रिड भी. भारत में लॉन्च होने वाली 450ई में कुल 435 बीएचपी पावर और 680 एनएम पीक टॉर्क मिलेगा. यह 5.7 सेकंड में 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेगी.

अब इसमें 27.8 केडब्ल्यूएच बैटरी पैक है, जिससे कार सिर्फ बिजली पर 108 किमी तक चल सकती है और 140 किमी प्रति घंटा की टॉप स्पीड हासिल कर सकती है. प्लग-इन हाइब्रिड की कमी यह है कि बूट स्पेस पर असर पड़ता है, क्योंकि बूट का फ्लोर ऊपर उठ जाता है.

कुल मिलाकर, कार क्रांतिकारी भले न हो, लेकिन हर चीज में पहले से बेहतर है. मर्सिडीज ने भविष्य के लिए निर्माण का आर्किटेक्चर ठीक से तैयार कर लिया है.

मर्सिडीज बेंज एस-क्लॉस
इंजन
: 2,999 सीसी, सिक्स सिलेंडर, पेट्रोल प्लग इन हाइब्रिड
अधिकतम पावर: 435 बीएचपी
पीक टॉर्क: 680 एनएम
गियरबॉक्स: 9-स्पीड एटी
व्हीलबेस: 3,106 एमएम
लंबाईXऊंचाईXचौड़ाई: 5,194X1,921&1,503 मिमी
फ्यूल टैंक: 67 लीटर
0-100 किलोमीटर: 5.7 सेकंड
टॉप स्पीड: 250 किमी/घंटा
एक्स-शोरूम कीमत: घोषणा बाकी
 

ADVERTISEMENT
Advertisement