
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश की शांत और सुरम्य वादियों के बीच स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, कैटरिंग ऐंड न्यूट्रिशन, कुफरी, शिमला (आइएचएम कुफरी) आज देश के अग्रणी हॉस्पिटैलिटी शिक्षण संस्थानों में शुमार है.
साल 2022 में रैंकिंग में पंद्रहवें स्थान पर रहा यह संस्थान साल 2026 में शीर्ष 10 में पहुंच गया है. अपने मनोहारी लोकेशन के अलावा आइएचएम कुफरी को इसकी एक्सपीरिएंशियल और सर्वांगीण विकास की लर्निंग पद्धति विशिष्ट बना देती है.
संस्थान ने आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और प्रैक्टिकल प्रशिक्षण पर काफी ध्यान दिया है. लगभग 12 विशिष्ट रसोईघरों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) आधारित उन्नत ओवन, इंडक्शन सिस्टम, तंदूर, बेकरी सुविधाएं तथा अन्य आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं.
इससे छात्रों को हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में अपनाई जा रही विश्वस्तरीय नवीनतम तकनीकों और कार्यप्रणालियों का प्रत्यक्ष अनुभव हासिल होता है. संस्थान के प्रिंसिपल डॉ. मुकुल डिमरी का कहना है, ''हमारा मकसद छात्रों में केवल तकनीकी ज्ञान और कौशल विकसित करना नहीं है, बल्कि ऐसे युवा प्रोफेशनल तैयार करना है जो समग्र एप्रोच के साथ इंडस्ट्री के लिए पूरी तरह तैयार रहें.’’

मशहूर शेफों के लाइव डेमो, हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के विशेषज्ञों के साथ संवाद और अग्रणी होटलों के विजिट के जरिए छात्रों को थ्योरी और प्रैक्टिकल के बीच की दूरी को पाटने में मदद मिलती है. दुबई स्थित एडीएनएच कैटरिंग के एग्जीक्यूटिव शेफ शॉन तथा हिमाचली व्यंजनों के प्रख्यात शेफ नंदलाल उन विशेषज्ञों में शामिल हैं जिन्होंने विशेष सत्रों के जरिए छात्रों का मार्गदर्शन किया है. यहां छात्रों के लिए थीम-बेस्ड इवेंट और आंत्रेप्रेन्योरशिप गतिविधियां भी आयोजित होती हैं.
जापानी कुजीन, तिब्बती फूड फेस्टिवल और थीम आधारित लंच आयोजन सरीखी गतिविधियों के माध्यम से छात्र फूड, कल्चर, प्रजेंटेशन और कस्टमर एक्सपीरिएंस की सीख हासिल करते हैं.
उद्योग जगत के साथ सशक्त जुड़ाव आइएचएम कुफरी की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक है.
संस्थान ने ताज थियोग (शिमला), लेमन ट्री होटल्स, रॉयल ऑर्किड होटल्स और आइटीसी होटल्स जैसे प्रतिष्ठित हॉस्पिटैलिटी ब्रांडों के साथ मजबूत संबंध स्थापित किए हैं. संयुक्त अरब अमीरात की प्रमुख हॉस्पिटैलिटी सेवा प्रदाता कंपनी एडीएनएचसी के साथ संस्थान का एक समझौता (एमओयू) भी है.
उस कंंपनी ने पिछले तीन वर्षों में संस्थान के करीब 150 छात्रों को नौकरी दी है. इसके अलावा कुवैत की अग्रणी कंपनी कउत फूड ग्रुुप्स ने भी संस्थान के छात्रों को रिक्रूट करना शुरू किया है. इसने इस साल करीब 21 छात्रों को नौकरी दी है. घरेलू स्तर पर यहां के छात्रों को प्लेसमेंट देने वालों में ओबेरॉय, मैरियट, ताज एंटरप्राइजेज लिमिटेड, रैडिसन एमबीडी, ली मेरिडियन और आइटीसी होटल्स सरीखे प्रमुख ब्रांड शामिल हैं.
उल्लेखनीय बात कि ये अवसर केवल डिग्री पाठ्यक्रम के छात्रों तक सीमित नहीं, बल्कि डिप्लोमा धारकों के लिए भी उपलब्ध हैं. डॉ. डिमरी के अनुसार, रिटेल भी छात्रों के लिए रोजगार के बड़े सेक्टर के रूप में उभर रहा है. रिटेल क्षेत्र में डोमिनोज, हल्दीराम और पिज्जा हट सरीखे फूड चेन प्रमुख नाम हैं.
आइएचएम कुफरी हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में उभरते नए रुझानों के साथ भी कदमताल कर रहा है. पोषण, स्वस्थ खानपान, मोटे अनाज (मिलेट्स) आधारित खाद्य पदार्थों, स्थानीय व्यंजनों, हाइजिन और सस्टेनेबिलिटी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
अन्य क्षेत्रों की तरह टेक्नोलॉजी के मामले में भी हॉस्पिटैलिटी सेक्टर बदलाव के दौर से गुजर रहा है. इसी को देखते हुए छात्रों को लेक्चर और इंडस्ट्री के विशेषज्ञों के साथ संवाद के जरिए ऑटोमेशन, रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) सरीखे समकालीन तकनीकों से परिचित कराया जाता है.
हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के नए दौर में दाखिल होने के साथ आइएचएम कुफरी भी खुद को परंपरा, नवाचार और इंडस्ट्री में सहभागिता के संगम के साथ आगे बढ़ा रहा है.
संस्थान का मानना है कि हॉस्पिटैलिटी एजुकेशन में सहृदयता, अनुशासन और मानवीय मूल्यों का भी समावेश होना चाहिए. ऐसे में इसका विजन केवल प्रोफेशनल तैयार करना नहीं, बल्कि बदलती दुनिया के हिसाब से जिम्मेदार युवाओं को गढ़ना भी है.
इंडिया टुडे के बेस्ट कॉलेज सर्वे 2026:
देशभर के 1,800 से अधिक संस्थानों की 14 प्रमुख स्ट्रीम्स में रैंकिंग, साथ में कोर्स, प्लेसमेंट और कैंपस लाइफ का विस्तृत विश्लेषण पढ़िए इंडिया टुडे के इस विशेषांक में. भारत के बेस्ट होटल मैनेजमेंट कॉलेज कौन-से हैं? पूरी लिस्ट देखने के लिए यहां क्लिक करें- https://bestcolleges.indiatoday.in/full-rankings

