scorecardresearch
डार्क मोड

खानपान आवभगत में अव्वल

भारत के बेस्ट कॉलेजः होटल मैनेजमेंट में आइएचएम पूसा है. इस संस्थान के लिए यह साल सर्विस इंडस्ट्री की जरूरतों के साथ कदमताल करते हुए टेक्नोलॉजी में नवाचारों का है

hotel management
आइएचएम पूसा
अपडेटेड 9 जुलाई , 2026

 इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आइएचएम) पूसा के लिए 2026 शांत लेकिन अहम बदलाव का साल बनकर उभर रहा है. इस साल यहां सब कुछ नए सिरे से गढ़ने के बजाय बुनियादी ढांचे और शिक्षा व्यवस्थाओं को काफी उन्नत बनाया जा रहा है.

हॉस्टल को नया रंग-रूप दिया जाने वाला है, और विभागों की प्रयोगशालाओं को ऊंचे दर्जे के उपकरण मिलने वाले हैं. एक खास बात नए अत्याधुनिक ट्रेनिंग रेस्तरां का विकास है, जहां छात्र रियल टाइम सर्विस ऑपरेशन का अनुभव ले पाएंगे.

 

 

उल्लेखनीय बदलाव यह है कि संस्थान आंत्रेप्रेन्योरशिप प्रमोशन इंक्यूबेशन सेंटर (ईपीआइसी) के माध्यम से उद्यमिता और भिन्न-भिन्न धाराओं के लोगों के साथ मिलकर काम करने के लिए जरूरी हुनर विकसित करने पर ध्यान दे रहा है. इससे ऑपरेशन और सर्विस डिजाइन से लेकर टिकाऊ उद्यमों और डिजिटल समाधानों तक हॉस्पिटैलिटी के विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार से जुड़ी सोच को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

टेक्नोलॉजी समूचे शिक्षण और प्रशिक्षण में केंद्रीय सूत्र बन रही है. एआइ को इंटरव्यू सिम्युलेशन और समूह चर्चाओं से लेकर व्यंजन सूची की योजना, कचरा प्रबंधन और ग्राहक के अनुभव की रूपरेखा बनाने तक विभिन्न शैक्षणिक अभ्यासों में गहराई से जोड़ा जाएगा.

छात्र डेटा से संचालित निर्णय लेने के टूल्स का कहीं ज्यादा व्यवस्थित अनुभव हासिल करने की उम्मीद भी कर सकते हैं. इनमें शोध और विश्लेषण परियोजनाओं के लिए एसपीएसएस (सामाजिक विज्ञानों के लिए सांख्यिकी पैकेज) का प्रशिक्षण भी शामिल है.

 

प्लेसमेंट की तैयारी में भी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जा रहा है. इसमें एआइ पर आधारित इंटरव्यू सिम्युलेशन, एप्टीट्यूड टेस्ट, सुव्यवस्थित पब्लिक स्पीकिंग और रोल-प्ले के मॉड्यूल प्लेसमेंट से पहले के प्रशिक्षण का हिस्सा होंगे.

संस्थान प्लेसमेंट के लिए हॉस्पिटैलिटी उद्योग के पारंपरिक नियोक्ताओं के अलावा दूसरों से भी मेलजोल बढ़ा रहा है, जिसमें करिअर की संभावनाएं बढ़ाने के लिए ज्यादा व्यापक सेवा क्षेत्रों को भागीदारी के लिए आमंत्रित किया जा रहा है. जेएनयू के अनुरूप व्यवस्था के तहत इंटर्नशिप को पहले ही उन्नत बनाया जा चुका है, जिसमें 17 सप्ताह की सुव्यवस्थित प्रशिक्षण अवधि में सभी मूल विभाग शामिल किए जाते हैं.

कैंपस के रहन-सहन को ज्यादा लोगों के सामने लाने के साथ-साथ मनमोहक और सुलभ बनाने के लिए संस्थान पॉडकास्ट तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों का और ज्यादा इस्तेमाल करेगा. कुल मिलाकर, आइएचएम पूसा में 2026 का साल नए लेबल जोड़ने के बारे में कम और हॉस्पिटैलिटी की पढ़ाई के तौर-तरीकों को उन्नत बनाने के बारे में ज्यादा होगा.

इससे संस्थान ज्यादा व्यावहारिक और डिजिटल बनेगा, साथ ही वैश्विक सेवा उद्योग की विकसित होती उम्मीदों से ज्यादा करीब से जुड़ा होगा. 

इंडिया टुडे के बेस्ट कॉलेज सर्वे 2026:

देशभर के 1,800 से अधिक संस्थानों की 14 प्रमुख स्ट्रीम्स में रैंकिंग, साथ में कोर्स, प्लेसमेंट और कैंपस लाइफ का विस्तृत विश्लेषण पढ़िए इंडिया टुडे के इस विशेषांक में. भारत के बेस्ट होटल मैनेजमेंट कॉलेज कौन-से हैं? पूरी लिस्ट देखने के लिए यहां क्लिक करें- https://bestcolleges.indiatoday.in/full-rankings 

ADVERTISEMENT
Advertisement